प्रदेश की बहनों को राखी के पहले ही मिल गया है रक्षाबंधन का उपहार : उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पहले ही लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन का उपहार दे दिया है। लाड़ली बहना योजना की प्रत्येक बहन के खाते में 1250 रुपए की मासिक राशि के साथ रक्षाबंधन के लिए 250 रुपए की अतिरिक्त राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण और विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, स्वनिधि योजना, युवा उद्यमी योजना सहित अन्य योजनाएं इस बात का प्रमाण हैं। लाड़ली बहना योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है साथ ही आर्थिक आत्मनिर्भरता मिली है।रीवा के नगर निगम टाउनहाल में लाड़ली बहना उत्सव में उप मुख्यमंत्री शुक्ल को लाड़ली बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर स्नेह और आशीर्वाद दिया।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। रीवा जिले की लाड़ली बहना योजना की 4 लाख 10 हज़ार बहनों के खाते में मासिक किश्त तथा 250 रुपए रक्षाबंधन के उपहार के रूप में अंतरित हुए है। समारोह में श्योपुर जिले के विजयपुर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों के खाते में 1 हज़ार 897 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना हितग्राहियों के खाते में 52 करोड़ रुपए तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों के खाते में 332 करोड़ रुपए वर्चुअल माध्यम से अंतरित किए।

उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराता है तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। हमारा तिरंगा देश की आजादी और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। जिले भर में 11 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि हर नागरिक अपने घर में शान से तिरंगा लहराए। अपने घरों में तिरंगा लहराकर राष्ट्र वंदना और आजादी के पर्व में अपनी सहभागिता निभाएं। अपने घर में तिरंगा लहराकर अपना और देश का सम्मान बढ़ाएं। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने की सभी को शपथ दिलायी।

उप-मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। उप मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान में नगर निगम परिसर के थ्रीआर पार्क में पौधे रोपित किए। जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य गीता माझी, नगर निगम के अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं।

 

 

मॉरीशस में विश्व रंग 2024 का होना एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक घटना है–महामहिम राष्ट्रपति, पृथ्वीराज सिंह रूपन जी.सी.एस.के. मॉरीशस गणराज्य

विश्व रंग 2024 के अंतर्गत रबीन्द्रनाथ टैगोर, संस्थान, मॉरीशस में रबीन्द्रनाथ टैगोर की मूर्ति का अनावरण महामहिम पृथ्वीराज सिंह रूपन जी.सी.एस.के. मॉरीशस गणराज्य के राष्ट्रपति के करकमलों से किया गया। उल्लेखनीय है की गुरुदेव की मूर्ति की स्थापना संतोष चौबे, निदेशक, विश्व रंग एवं कुलाधिपति, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, (भोपाल, भारत) के द्वारा भेंट स्वरूप मॉरीशस में की गई है।

महामहिम राष्ट्रपति, पृथ्वीराज सिंह रूपन जी.सी.एस.के. मॉरीशस गणराज्य ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि मॉरीशस में ‘विश्व रंग’ का होना और गुरुदेव की मूर्ति की स्थापना अपने आप में एक ऐतिहासिक घटना है। भारत और मॉरीशस की एक साझा संस्कृति है। विश्व रंग हमारी साझा संस्कृति को ओर अधिक मजबूती प्रदान करेगा। इस अविस्मरणीय कार्य के लिए रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (भारत) के कुलाधिपति संतोष चौबे जी के प्रति मैं बहुत हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ व्यक्त करता हूँ।

इस अवसर पर महामहिम पृथ्वीराज सिंह रूपन जी.सी.एस.के. मॉरीशस गणराज्य के राष्ट्रपति द्वारा गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर की चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। गुरुदेव की चित्रकला की यह प्रदर्शनी भी रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (भोपाल, भारत) द्वारा मॉरीशस स्थित रबीन्द्रनाथ टैगोर संस्थान को भेंट की गई।

माननीया उप- प्रधानमंत्री लीलादेवी दुकन ने कहा कि बहुत ही गर्व की बात है, कि भारतीय संस्कृति-वैश्विक मंच ‘विश्व रंग’ टैगोर अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव का भोपाल (भारत) से मॉरीशस की रचनात्मक यात्रा दोनों देशों के साहित्यिक, सांस्कृतिक और भाषा शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

इस अवसर पर पृथ्वीराज सिंह रूपन जी.सी.एस.के. मॉरीशस गणराज्य के राष्ट्रपति, माननीया उपप्रधानमंत्री लीलादेवी दुकन और विश्व रंग के निदेशक संतोष चौबे की गरिमामय उपस्थिति में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (भारत) तथा महात्मा गांधी संस्थान, मॉरीशस के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैडिंग पर हस्ताक्षर किये गये। डॉ. विजय सिंह, कुलसचिव, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (भारत) तथा डॉ. राजकुमार रामपरताब, महानिदेशक, महात्मा गांधी संस्थान, मॉरीशस ने संयुक्त रूप से मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैडिंग पर हस्ताक्षर किये।

इस अवसर पर विश्व रंग की अवधारणा पर संतोष चौबे ने विस्तार से प्रकाश डाला। इन्द्रदत्त राम, अध्यक्ष, महात्मा गांधी संस्थान एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर संस्थान, मॉरीशस ने भी अपने विचार व्यक्त किये। धन्यवाद ज्ञापन करमलाल मांतादिन (मॉरीशस) द्वारा किया गया। समारोह का संचालन डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, कुलाधिपति, स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय (भारत), एवं विनय उपाध्याय, निदेशक टैगोर विश्व कला एवं संस्कृति केंद्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर मॉरीशस सरकार के कई गणमान्य मंत्रीगण एवं वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में हिंदी प्रेमी और साहित्य प्रेमियों ने रचनात्मक भागीदारी की।

जयति चक्रवर्ती ने रबीन्द्र संगीत से बांधा समां

विश्व रंग, मॉरीशस के अवसर पर सुप्रसिद्ध बांग्ला गायिका (कोलकाता, पश्चिम बंगाल) ने रबीन्द्र संगीत के सुमधुर बांग्ला गीतों और उन्हीं पर केन्द्रित हिंदी फिल्मों के गीतों की अद्भुत प्रस्तुतियों से मॉरीशस की ढलती शाम को एक अलग ही शमां बांधा।

विश्व रंग, मॉरीशस 2024 के दूसरे दिन आयोजित वैचारिक सत्रों की झलकियाँ…

प्रेमचंद सभागार
प्रात: मंगलाचरण में कोलकाता, भारत के चर्चित कलाकार सुब्रतो सेन, नीलांकुश दत्ता और ऋतुपर्णा बैनर्जी ने एकतारा पर रबीन्द्रनाथ टैगोर के संगीत की मधुर धुनों से मंगलमय वातावरण निर्मित कर दिया।

प्रेमचंद सभागार
‘स्मरण: अभिमन्यु अनत- विश्व साहित्य चेतना के रचनाकार’ विषय पर आयोजित सत्र का संचालन विश्व रंग के सह-निदेशक एवं वरिष्ठ कवि लीलाधर मंडलोई ने किया। वरिष्ठ कवि डॉ. जितेन्द्र श्रीवास्तव (दिल्ली, भारत) ने किया विषय प्रवर्तन। डॉ. वेदप्रकाश सिंह (जापान), डॉ. संयुक्ता भोवन रामसारा (मॉरीशस), और युवा आलोचक अच्युतानंद मिश्र (केरल, भारत) ने अपने विचार व्यक्त किये।।

समानांतर सत्र
प्रेमचंद सभागार
अंतरराष्ट्रीय कविता पाठ का सत्र भारत के वरिष्ठ कवि अरुण कमल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस सत्र में संतोष चौबे, जितेन्द्र श्रीवास्तव, बलराम गुमास्ता, नीलेश रघुवंशी, सविता भार्गव ने कविता पाठ किया। सत्र का संचालन जितेन्द्र श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

अभिमन्यु अनत सभागार
‘विश्व के देशों में हिंदी : स्थिति और संभावनाएँ (नई पीढ़ी के संदर्भ में) विषय पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ रचनाकार एवं विचारक मनोज श्रीवास्तव द्वारा की गई। इस सत्र में डॉ. आरती लोकेश (यू.ए.ई), डॉ. कृष्ण कुमार झा (मॉरीशस), डॉ. वीर बहादुर महतो (नेपाल) ने विचार व्यक्त किए। डॉ. जवाहर कर्नावट ने सत्र का संचालन किया।

वनमाली सभागार
हिंदी में विज्ञान लेखन– चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ’ विषय पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता विश्व रंग के निदेशक संतोष चौबे द्वारा की गई। सत्र में बीज वक्तव्य वरिष्ठ विज्ञान लेखक देवेन्द्र मेवाड़ी ने दिया। निस्पर के युवा वैज्ञानिक एवं रचनाकार डॉ. मनीष मोहन गोरे, इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए के सह संपादक एवं युवा कवि मोहन सगोरिया, वरिष्ठ विज्ञान लेखक डॉ. कृष्ण कुमार मिश्र ने विचार व्यक्त किये।

प्रेमचंद सभागार
‘हिंदी की विश्व चेतना और साहित्य’ पर वरिष्ठ कवि, विचारक नंदकिशोर आचार्य की अध्यक्षता में सत्र आयोजित किया गया। सत्र में मॉरिशस के वरिष्ठ रचनाकार रामदेव धुरंधर,वरिष्ठ कथाकार अल्पना मिश्र, युवा आलोचक अच्युतानंद मिश्र, डॉ. नवीन लोहनी ने अपने विचार रखे। सत्र का संचालन वरिष्ठ कवि एवं विश्व रंग के सह निदेशक लीलाधर मंडलोई ने किया।

अभिमन्यु अनत सभागार
‘हिंदी का वैश्विक प्रसार और जनसंचार माध्यम’ सत्र वरिष्ठ संपादक, रचनाकार ओम थानवी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस सत्र में वरिष्ठ पत्रकार प्रियदर्शन, रमा शर्मा (जापान), शिप्रा शिल्पी (जर्मनी), डॉ. शशि दुकन (मॉरीशस), डॉ. शालिनी वर्मा (कतर), अपर्णा वत्स (आस्ट्रेलिया), इन्द्रजीत शर्मा (अमेरिका), डॉ. जवाहर कर्नावट (भारत) ने अपने विचार व्यक्त किए। सत्र का संचालन अभिजीत गुप्ता (केन्या) ने किया।

वनमाली सभागार
‘भोजपुरी भाषा एवं साहित्य के विविध आयाम’
यह सत्र वरिष्ठ रचनाकार, हिंदी संगठन, मॉरीशस के अध्यक्ष श्री उदय नारायण गंगू की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। भोजपुरी भाषा एवं साहित्य के विविध आयामों पर वरिष्ठ कवि राम तिवारी (बेहरीन), अरविंद बिसेसर (मॉरीशस), आशुतोष (भारत), मदरांचल घिसादुबे (सूरीनाम) ने विचार रखें।

प्रेमचंद सभागार
‘अंतरराष्ट्रीय कथा विमर्श’ सत्र का आयोजन वरिष्ठ कथाकार, वनमाली सृजन पीठ भोपाल के अध्यक्ष एवं वनमाली कथा के प्रधान संपादक मुकेश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। सत्र का संचालन युवा कथाकार एवं वनमाली कथा पत्रिका के संपादक कुणाल सिंह ने किया। कथा विमर्श में वरिष्ठ कथाकार एवं संपादक अखिलेश (लखनऊ, उत्तर प्रदेश, भारत), युवा कथाकार आशुतोष (सागर, मध्यप्रदेश, भारत), कल्पना लालजी (मॉरीशस),
जमना बीनी (अरुणाचलप्रदेश, भारत) ने रचनात्मक विचार विमर्श किया।

अभिमन्यु अनत सभा कक्ष
‘हिंदी शिक्षण में नवाचार और वैश्विक संदर्भ में प्रौद्योगिकी का प्रयोग’ विषय पर आयोजित सत्र की अध्यक्षता साहित्य अकादमी, नईदिल्ली, भारत की उपाध्यक्ष डॉ. कुमुद शर्मा ने की। सत्र का संचालन प्रो. अमिताभ सक्सेना (भोपाल, भारत) ने किया। इस वैचारिक सत्र में डॉ. विजय मल्होत्रा (नईदिल्ली, भारत), हिमानी शर्मा (न्यूजीलैंड), बालेंदु दाधीच (नईदिल्ली, भारत), डॉ. वेदप्रकाश सिंह (जापान), गुलशन सुखलाल (मॉरीशस), अतिला कोतलावल(श्रीलंका), डॉ. अंजली चिंतामणि (मॉरीशस) ने विचार–विमर्श किया।

वनमाली सभागार
लेखक से मिलिए – इस सत्र में डाॅ.रामदेव धुरंधर (मॉरीशस के सुप्रसिद्ध उपन्यासकार) और प्रहलाद रामशरण (मॉरीशस के प्रख्यात साहित्यकार) से डॉ. अलका धनपत (मॉरीशस) ने उनके साहित्य सृजन के विभिन्न पहलुओं पर रचनात्मक बातचीत की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने बाँधीं स्नेहिल राखियाँ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने माथे पर रोली-चंदन के टीके लगाए और कलाई पर स्नेहिल राखियाँ बाँधीं। सभी बहनों ने उनकी दीर्घ आयु के लिए कामना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी बहनों को उपहार भेंट किए। साथ ही कहा कि राज्यसरकार उनके हर सुख-दुख में सदैव सहभागी रहेगी। सरकार प्रदेश भर की बहनों के सशक्तिकरण में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। यह सुनकर सभी लाड़ली बहनें अभीभूत हो गईं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को ग्वालियर प्रवास पर पहुँचे थे। इसी दौरान राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रक्षासूत्र बाँधे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह की कलाइयों पर भी ग्वालियर की लाड़ली बहनों ने राखियाँ बाँधीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने लाड़ली बहनों को उपहार भेंट किए।

इस मौके पर संभाग आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार सहित विनोद शर्मा, दीपक शर्मा, हरीश मेवाफरोश, अनिल सांखला सहित अन्य जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।

पवित्र सावन के महीने में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखियाँ बांधने के लिये विमानतल पर ग्वालियर जिले की लाड़ली बहना योजना की 10 हितग्राही बहनें पहुँची थीं। इनमें हेमलता जैन, कल्पना राठौर, शशि माहौर, शोभा तोमर, पूनम कुशवाह, पूनम परिहार, बबीता श्रीवास्तव, साधना राठौर, कृष्णा बाथम व कुसुम तोमर शामिल थीं।

हर काम प्रभात झा ने पूरे समर्पण से किया : डॉ. मोहन यादव

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रभात झा के देवलोकगमन पर ग्वालियर नगर के कैंसर अस्पताल परिसर स्थित स्व. शीतला सहाय सभागार में शनिवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरुण जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद , विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ नेता कप्तानसिंह सोलंकी, वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया, प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल सहित वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश सरकार के मंत्रियों व पार्टी पदाधिकारियों ने स्व. प्रभात झा का स्मरण करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के शोक संदेश का वाचन सांसद भारतसिंह कुशवाह ने किया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रभात झा के जाने से सिर्फ एक परिवार प्रभावित नहीं हुआ है, बल्कि ऐसे अनेक परिवार हैं, जो प्रभात झा के न रहने से प्रभावित हुए हैं। हम सभी उन्हें याद करते हैं और उनकी आत्मिक शांति की कामना करते हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरुण जैन ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय प्रभात झा का हम सभी से बहुत निकट का संपर्क एवं मित्रवत संबंध रहा है। वह पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करते थे और उनकी लेखनी में एक अलग प्रकार की ताकत थी, उनकी लेखनी हृदय को प्रभावित करती थी। वह अध्ययन करते थे और तर्कों के साथ लिखते थे, जो सभी को प्रभावित करता था। 1985 में संघ के 60 वर्ष पूर्ण हुए थे, तब ’स्वदेश’ में ‘संघ इनकी दृष्टि से‘ एक कॉलम छपता था, जिसमें महापुरुषों, संतों एवं संघ से संबंधित सामग्री होती थी। जिसका शब्दांकन प्रभात झा करते थे। उन्होंने सामाजिक जीवन में अनेक युवाओं को अपने साथ जोड़कर एकजुट किया। उस समय भी जबकि तकनीक इतनी विकसित नहीं थी, तब भी अपने संपर्कों को सहेजने एवं समय पर उपयोग करने की कला उनमें थी। वह केवल राजनीति के लिए नहीं, बल्कि ध्येय के लिए काम करते थे और देश के लिए समर्पित रहे। ऐसे प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्व. प्रभात झा का स्मरण करते हुए कहा कि उनसे मेरा संबंध विद्यार्थी जीवन से रहा है और ऐसा लगता नहीं है कि प्रभात झा अब हमारे बीच नहीं हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वो एक अभिभावक की तरह मेरी चिंता करते थे और पूछते थे कि कोई परेशानी तो नहीं है, अगर मेरे लायक कोई काम हो तो बताना। अनेकों भूमिकाओं में स्व. प्रभात झा को काम करते हुए देखा। चाहे वो मंडल अध्यक्षों से मिलने का अभियान हो, जन्मदिन पर पत्र लिखने का अभियान हो या फिर पार्टी के कार्यक्रमों का तुरंत समाचार बनाकर देना हो, हर काम प्रभात जी ने पूरे समर्पण से किया। दुनिया में आने के बाद यहां से जाने का क्रम बाबा महाकाल ही तय करते हैं, लेकिन संगठन के विचार से जुड़कर काम करना और हर कार्यकर्ता की चिंता करना, उसके लिए अपना सर्वस्व देना हम सभी के लिए स्मरणीय रहेगा। हम सभी उनके जीवन से पाथेय ग्रहण करेंगे। बाबा महाकाल से कामना करता हूं कि प्रभात झा को मोक्ष प्रदान करें।

स्व. प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज भी ये विश्वास नहीं होता है कि प्रभात झा हमारे बीच नहीं हैं। ग्वालियर में विद्यार्थी परिषद के काम से और ’स्वदेश’ में समाचारों को लेकर मेरा उनसे मिलना होता था। एक व्यक्ति को, एक कार्यकर्ता को किसी तरह से तैयार किया जाता है, निखारा जाता है, यह प्रभात झा जी से सीखा जा सकता है। प्रभात झा जी का पूरा जीवन सादगी से भरा रहा और उनका जीवन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए एक आदर्श था। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में स्व. प्रभात झा के कार्यकाल को पार्टी कार्यकर्ता आज भी याद करते हैं। उन्होंने यह प्रमाणित किया कि साधन, संसाधन व्यक्तित्व के सामने बहुत छोटी चीज होते हैं। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने देशभर में ख्याति अर्जित की। वो एक कुशल वक्ता थे और जब राज्यसभा में बोलते थे, तो कम्युनिस्ट सांसद तक उनकी बात को बड़े ध्यान से सुनते थे। हमारा प्रयास होगा कि प्रभात जी के विचारों को हम जमीन पर उतारें। प्रदेश के लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मैं स्व. प्रभात जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

श्रद्धांजलि सभा में स्व. प्रभात झा का स्मरण करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि इस दुनिया से जाना नियति है, लेकिन समय से पूर्व जाना वेदना का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः हर व्यक्ति अपनी कंफर्ट जोन में रहकर काम करना पसंद करता है, लेकिन प्रभात झा जी अनकंफरटेबल भी नहीं, बल्कि डेंजर जोन में काम करना पसंद करते थे। भारतीय जनता पार्टी में उनसे मेरा परिचय करीब 30 वर्ष पहले हुआ था और वो हमेशा यही करते थे कि जो काम कोई नहीं कर पा रहा हो, वो काम मुझे दे दो। जब उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था, तब भी वो कहते थे मैं बिलकुल ठीक हूं, काम बताइये। लोकसभा चुनाव में भी अत्यंत कठिन माने जा रहे क्षेत्रों में उन्होंने समन्वय का काम किया। उनका पूरा जीवन संघर्षों से भरा रहा और वे पार्टी के काम के लिए भी ऐसा क्षेत्र चुनते थे, जहां संघर्ष हो। ऐसे प्रभात जी अब हमारे बीच नहीं हैं, मैं उनके श्रीचरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने श्रद्वांजलि सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमने कभी सोचा भी नहीं था कि इतनी जल्दी प्रभात झा को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए एकत्रित होना पड़ेगा। लेकिन यह विधि का विधान है, प्रभु के आगे किसी की भी नहीं चलती। स्वर्गीय प्रभात झा संकल्प के धनी थे। वह अभाव में भी सफलतापूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करते थे। युवा मोर्चा के अध्यक्ष के दौरान उन्होंने मुझे साईकिल से अनेक स्थनों पर लेजाकर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने स्वदेश अखबार से पत्रकारिता प्रारंभ की। पत्रकारिता के दौरान वह रात को एक-दो बजे से पहले कभी नहीं सोते थे, क्योकि वह कहते थे अगर शहर में कोई घटना घट जाए, तो वह किसी अखबार में न छपे लेकिन स्वदेश अखबार में जरूर छपना चाहिए। ऐसे अनेक उदाहरण प्रभात झा के समय के हैं। हम सबको समाचार-पत्र में प्रभात झा ने आज क्या लिखा है, उसकी उत्सुकता रहती थी। मीडिया से जुड़े होने के कारण वह पार्टी के मीडिया प्रभारी बने। जब मैं विधायक था तो कभी-कभी उनका फोन आता था, कई विषय दे देते थे कि यह विषय इन पर काम करेंगे तो अपनी भूमिका ठीक होगी। उन्होंने कहा कि एक बड़ी लंबी यात्रा ग्वालियर के एक मोहल्ले से लेकर भोपाल और दिल्ली तक उनके साथ रहा। आज वह हम सबके मध्य नहीं है उनका अनुकरणीय जीवन, उनकी निष्ठा, विचार के प्रति उनका समर्पण और उनका संगठन कौशल हम सब लोगों के सामने हैं। मैं परब्रह्म परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें और हम सभी परिजनों को यह महान दुख बर्दाश्त करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति ओम।

भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि मेरा और स्वर्गीय प्रभात जी का एक गुरु और शिष्य का सम्बन्ध था जिसे उन्होंने जीवन भर निभाया। प्रभात जी के जीवन में अनेक सधर्षों के जूझकर जमीन से लेकर शिखर पर पहुचे। वह जुझारू, कर्मठ, कुशल संगठनकर्ता और राजनेता थे। पार्टी के विभिन्न पदों में रहते हुए उन्होंने अपनी योग्यता का लोहा मनवाया। उन्होंने अपने कर्म के माध्यम से अपनी योग्यता सिद्ध की। वह एक सफल इंसान थे, जिस क्षेत्र में गए उन्होंने अपनी सफलता अर्जित की और इसलिए मैं जब उनके जीवन पर नजर डालता हूं और विचार करता हूं तो उनके अंदर वह सभी गुण थे, जो एक सफल और श्रेष्ठ व्यक्ति में होने चाहिए। वे अपने कार्य के प्रति हमेशा समर्पित थे। भाजपा के अंदर राष्ट्र प्रथम और पार्टी दूसरे स्थान पर है। हम सब चाहते हैं कि अवसर मिले तो विधायक, मंत्री व मुख्यमंत्री बनें। सफल होने के लिए व्यक्ति के जीवन में समर्पण बहुत जरूरी होता है, प्रभात झा के जीवन में समर्पण कूट-कूट कर भरा हुआ था। वे कभी अभाव में भी रहे, ऐसा उन्होंने कभी अपने व्यवहार व जीवन में झलकने नहीं दिया। वे स्वदेश में पत्रकार थे, पत्रकार रहने के दौरान कई बार समाचार एकत्रित करने के लिए घूमते रहते थे। वे जब जिस भी दायित्व में रहे, उस कार्य के लिए परिश्रम की पराराष्ठा करते थे। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने इतने कार्य किया हैं कि वे हमेशा याद किए जाएंगे। वे आज भले हम लोगों के बीच नहीं हैं, लेकिन उनके कार्य, उनके विचार हमेशा हम लोगों के साथ रहेंगे। प्रभात जी को प्रभात बनाने में सबसे बड़ा योगदान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का है। संघ ऐसी पाठशाला है जिसके अंदर मनुष्य के व्यक्तित्व का विकास होता है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि स्व. प्रभात झा बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे। उनके व्यक्तित्व को एक पहचान में नहीं बाधा जा सकता है। वे जिससे मिलते थे, उसे अपना बना लेते थे। उसका कारण यह था कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का संस्पर्श मिला। मेरा तो उनसे 47 वर्ष पुराना संबंध है। वे पद पर रहें, या न रहें, उनकी सक्रियता हमेशा बनी रही। बहुत कम लोगों को मालूम हैं कि प्रभात झा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में एक वर्ष के लिए महानगर कार्यालय मंत्री थे, जब मैं ग्वालियर महानगर अध्यक्ष था। मेरे उनसे कई रिश्ते थे। पहले वे मुझे बड़ा भाई मानते थे, भाई साहब कहते थे। फिर अयोध्या में रहने वाले मेरे गुरू से गुरू दीक्षा ले ली तो गुरूभाई भी हो गए। मैं और प्रभात जी 9 वर्ष तक एक ही ट्रेन से साथ में अयोध्या गए हैं। वे एक विचारधारा को लेकर जीने वाले व्यक्ति थे।

प्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि मैं जब युवा मोर्चा में कार्य कर रहा था, तब ग्वालियर में स्व. प्रभात झा के संपर्क में आया। इसके बाद से लगातार उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमें मिलता रहा। भाजपा के हजारों हजार कार्यकर्ताओं को उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके मार्गदर्शन करने की जो ताकत थी उसका अनुभव भाजपा का हर कार्यकर्ता करता है, मैं भी उन कार्यकर्ताओं में से एक हूं। स्वर्गीय प्रभात झा के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें श्रेष्ठ स्थान अपने चरणों में दें।

श्रद्धांजलि सभा को प्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश राजौरिया, स्वदेश समाचार पत्र के समूह संपादक अतुल तारे, मध्यप्रदेश के अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक खेडकर, कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने भी संबोधित कर स्वर्गीय प्रभात झा के संस्मरण सुनायें। श्रद्धांजलि सभा का संचालन ग्वालियर नगर जिला अध्यक्ष अभय चौधरी ने किया। शोकाकुल परिवार की तरफ से स्वर्गीय प्रभात झा के पुत्र तुष्मुल झा उपस्थित रहे।

इस दौरान अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीधर पराडकर, मप्र शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व मंत्री माया सिंह, संभाग प्रभारी विजय दुबे, पार्टी के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, जिला प्रभारी अरूण चतुर्वेदी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, वरिष्ठ नेता शैलेंद्र बरूआ, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वेदप्रकाश शर्मा, कमल माखीजानी, सुमन शर्मा, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, रमेश अग्रवाल, कमलापत आर्य, घनश्याम पिरौनिया, विपिन दीक्षित, उदय अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा एवं कृष्णकांता तोमर सहित विभिन्‍न समाज संगठनों के पदाधिकारी एवं ग्‍वालियर के गणमान्‍य नागरिकों के साथ बडी संख्‍या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल राज्य स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा का करेंगे शुभारंभ सुभाष नगर खेल मैदान से

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आहृवान पर ‘‘हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा कल राज्य स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा का सुभाष नगर खेल मैदान भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुभारंभ किया जावेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग करेंगें। इस भव्य तिरंगा यात्रा में लगभग 5000 खिलाड़ी और स्कूली बच्चों प्रतिभागिता करेंगें। तिरंगा यात्रा प्रातः 9 बजे से सुभाष चंद्र बोस मैदान से प्रारंभ होकर सुभाष नगर, अशोक विहार, परिहार चौराहा से होते हुये नेहरू चौराहा (न्यू अशोका गार्डन) पर समाप्त होगी। कार्यक्रम में पुलिस बैंड, साइकिल ग्रुप और स्केटर्स भी शामिल होंगें।

राज्य स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा में विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलम्पियन विवेक सागर एवं ऐश्वर्य प्रताप सिंह सहभागिता करेंगें। ओलम्पियन ऐश्वर्य और ओलम्पियन विवेक सागर प्रदेश के युवाओं के प्रेरणा स्रोत है।

‘‘हर घर तिरंगा अभियान के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भोपाल के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवार जनों को तिरंगा यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व सम्मानित किया जावेगा। राष्ट्र भक्ति की भावना के साथ सभी की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जावेगी।

‘‘हर घर तिरंगा अभियान को प्रदेश के कोने-कोने में ले जाने के लिए खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के सभी खेल अधिकारियों चर्चा की। उन्होंने प्रदेश के सभी 313 ब्लॉकों में ‘‘हर घर तिरंगा अभियान को पहुंचाने के लिए निर्देश दिये। मंत्री सारंग ने बताया भोपाल में भी खेल और युवा कल्याण विभाग, म.प्र. द्वारा 02 कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम की शुरूआत कल यानि दिनांक 12 अगस्त 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भव्य तिरंगा यात्रा का आयेाजन सुभाष नगर खेल मैदान पर किया जावेगा। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2024 को बडी झील पर तिरंगा लहराकर देश प्रेम की भावना को जागृत किया जावेगा। उन्होंने युवाओं और आम जन को इस अभियान से जोड़ने का आहृवान किया है।

 

 

भारत की सबसे विशाल तिरंगा यात्रा भोपाल में ….#harghartiranga

33 से 35 हजार वाहन, 65-70 हजार लोगों के साथ मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल

विधायक रामेश्वर शर्मा का परंपरागत आयोजन

हर घर तिरंगा अभियान

हर मन में देशभक्ति जगाना है, अखंड भारत बनाना है – विधायक रामेश्वर

भोपाल । लगातार अपने रचनात्मक आयोजनों के लिए चर्चित भोपाल की हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को भारतवर्ष की विशाल तिरंगा यात्रा आयोजित करने जा रहे हैं। यह तिरंगा यात्रा ‘‘कर्मश्री’’ संस्था के तत्वाधान में आयोजित की जाएगी जिसमें भोपाल सहित क्षेत्र के 65 से 70 हजार देशभक्त नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। अखंड भारत स्मृति दिवस पर भारत की अखंडता के संकल्प के साथ रामेश्वर शर्मा द्वारा आयोजित इस यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सम्मिलित होंगे। यात्रा कोलार के मदर टेरेसा स्कूल से प्रारंभ होकर बैरागढ़ के दीनदयाल उपाध्याय मंडी भैंसाखेड़ी तक जाएगी। 30 किमी के इस रूट पर सैकड़ों मंचों के माध्यम से भोपाल की जनता द्वारा तिरंगा थामे राष्ट्रप्रेमियों का पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया जाएगा।

 

अब तक 33 हजार वाहनों का पंजियन हुआ

भारत की विशाल तिरंगा यात्रा में शामिल होने के आयोजक संस्था कर्मश्री द्वारा वाहनों का पंजीयन किया गया है। संस्था अध्यक्ष विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि अब तक 33 हजार से अधिक दोपहिया वाहनों का यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीयन किया जा चुका है। पंजीयन अभी भी जारी है और प्रतिदिन पंजीयन कराने के लिए लोग आगे आ रहे हैं। एक दोपहिया पर दो लोग सवार होंगे इस तरह से दोपहिया वाहनों मे सवार लगभग 65 से 70 हजार लोगों के इस तिरंगा यात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।

500 स्वागत मंच सजेंगे, समाज का हर वर्ग करेगा स्वागत

कर्मश्री की तिरंगा यात्रा मुख्यमंत्री मोहन यादव की मुख्य उपस्थिति में कोलार के मदर टेरेसा स्कूल से प्रस्थान कर बैरागढ़ तक जाएगी। 30 किलोमीटर के इस मार्ग में 500 से अधिक स्वागत मंच बनाए जा रहे हैं। इन स्वागत मंचों पर समाज का हर वर्ग यात्रा के स्वागत के लिए उपस्थित होगा। आम नागरिक, व्यापारी, नौकरीपेशा, युवा, बुजुर्ग, महिला, चिकित्सक, वकील, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और स्टॉफ, विभिन्न जनसंगठन, कर्मचारी संगठन, सामाजिक संगठन आदि तिरंगा यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर मौजूद रहेंगे।

अनूठी अपील: फूलों के बजाए तिरंगा हाथों में लेकर स्वागत करें

आयोजक संस्था द्वारा स्वागत करने वालें नागरिकों और संगठनों से अनूठी अपील की गई है। संस्था अध्यक्ष विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि सभी से अपील की गई है कि तिरंगा यात्रा का स्वागत फूलों से करने के बजाए हाथो में तिरंगा लेकर, तिरंगा लहराते हुए करें। इससे तिरंगा यात्रा के वाहन सवारों के साथ साथ पूरे यात्रा मार्ग में लाखों हाथों में तिरंगा लहराएगा। इससे तिरंगे की शान भी बढ़ेगी और नई पीढ़ी के मन में राष्ट्रभक्ति का सागर भी हिलोंरे मारेगा।

‘‘कर्मश्री’’ का परम्परागत आयोजन

ज्ञात हो कि संस्था ‘‘कर्मश्री’’ के तत्वावधान में पिछले 10 से अधिक वर्षों से विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा अखंड भारत के संकल्प के साथ प्रतिवर्ष विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। 14 अगस्त को होने वाली इस यात्रा में हजारों लोग हर वर्ष सम्मिलित होकर तिरंगा लहराते हैं। पिछले वर्ष लगभग 25 हजार वाहनों ने रिकार्ड सहभागिता दर्ज कराते हुए अखंड भारत का संकल्प दोहराया था। इस वर्ष 33 से 35 हजार वाहनों पर सवार 65-70 हजार नागरिकों के सम्मिलित होने की संभावना है।

महापुरुषों की जीवंत झांकी भी सजेगी

तिरंगा यात्रा में महापुरुषों की जीवंत झांकियां भी निकलेंगी। शहीदों और क्रांतिकारियों के वेश में सजे युवा आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

हर मन में देशभक्ति जगाना है, अखंड भारत बनाना है – विधायक रामेश्वर

इस विशाल तिरंगा यात्रा के आयोजक विधायक रामेश्वर शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि – आजादी के 70 सालों के बाद आज देश को एक ऐसा प्रधानसेवक मिला है जिसके एक आह्वान पर पूरा देश एकजुट हो जाता है और वह जो आग्रह करते हैं उसे पूरा करने में जुट जाता है। उन्होने हर घर तिरंगा अभियान का आहवान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को ऐसा जनसेवक मिला है जिससे देश की करोड़ों-करोड़ जनता का हर अरमान पूरा हो रहा है। देश में द्रुत गति से विकास हो रहा है, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, भारत माँ का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ रहा है और देश के युवा, महिला, किसान, गरीब का सम्मान बढ़ रहा है। देश हर मोर्चे पर विश्व गगन पर छा रहा है। हर नागरिक खुश है, संतुष्ट है। बस एक टीस करोड़ों भारतीयों के मन में हैं और वह है भारत विभाजन की टीस। उन्होंने आगे कहा कि – जब देश विभाजित हुआ तो न केवल जमीन बटी, बल्कि भारत माँ का आंचल भी बट गया था। भारती के कितने लाल काल के गाल में समा गए थे। वह दुःख कभी भूलने वाला नहीं है। उसी दुःख और पीड़ा की स्मृति 14 अगस्त बार-बार कराता है। हर 14 अगस्त को अखंड भारत का वह सपना हमारी स्मृतियों में कौंधता है जिसे हम अपने सीने में दबाएं हैं। और इंतजार कर रहे हैं कि एक दिन वह अवसर जरूर आएगा जब भगत सिंह और हेमू कालानी की जन्मभूमि पर तिरंगा लहराएगा। इसी संकल्प के साथ हम हर साल तिरंगा यात्रा निकालते हैं। यात्रा का उद्देष्य है कि हर नागरिक के मन में देशभक्ति जगाना है और एक अखंड भारत बनाने का संकल्प है ।

पुलिस बैंड के लिए पत्र लिखकर आग्रह किया

विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय आयोजन है। इसमें 14 अगस्त को भोपाल का हर नागरिक प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से शामिल होगा। ऐसी देशभक्तिपूर्ण यात्रा का स्वागत भोपाल का हर नागरिक, हर वर्ग करेगा। अतः इसमे पुलिस बैंड के शामिल होता है तो यह एक अच्छा कदम होगा। इसके लिए पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर आग्रह किया गया है।

इतिहास गवाह है, बहनों के रक्षासूत्र ने संभाली बिगड़ते संबंधों की डोर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्यौहार की श्रेष्ठता इसी बात से समझी जा सकती है कि अतीत में बहनों के रक्षासूत्र ने बिगड़ते संबंधों की डोर संभाली और हथियार डलवा कर युद्धों को भी समाप्त करवा दिया। बहनों के सम्मान में आज पूरे प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्थानों पर रक्षाबंधन का कार्यक्रम मनाते हुए बहनों को उनके खातों में 1500 की राशि हस्तांतरित की जा रही है। भाई-बहन का त्यौहार सर्वोत्तम टीकमगढ़ में हम किसी बात की कमी नहीं होने देंगे। राज्य सरकार किसी भी योजना को बंद नहीं करेगी और लाड़ली बहनों के लिए लगातार कार्य करती रहेगी। आज एक करोड़ 39 लाख लाड़ली बहनों को 1250 रुपए प्रतिमाह मिलने के साथ 250 रुपए की उपहार राशि भी प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीकमगढ़ “एक पेड़ मां के नाम अभियान” में पुलिस परेड ग्राउंड पर कटहल का पौधा रोपा। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता-राहुल सिंह, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों के साथ लाड़ले भाइयों के लिए भी योजना बना रही है। इसमें प्रदेश में जिसके अंतर्गत स्थापित होने वाले उद्योगों में उन्हें रोजगार के अवसर मिलेंगे। मध्य प्रदेश में युवाओं की क्षमता और योग्यता में कमी नहीं है। उन्हें अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश जाने के लिये प्रदेश में रिजनल इन्वेस्टर समिट की जा रही है। इसी श्रृंखला में ग्वालियर और सागर में भी इन्वेस्टर समिट होगी। इसके परिणाम स्वरूप प्रदेश के अलग अलग अंचलों में विभिन्न उद्योग लगेंगे। इन उद्योगों के माध्यम से हमारी लाड़ली बहने और भाइयों को रोजगार मिलेगा और आर्थिक रूप से समृद्ध बनेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीमा पर जवान और खेत पर किसान को सम्मान देने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जा रहा है। जवानों के लिये आधुनिक हथियार और सुविधाएँ एवं किसानों के लिये किसान सम्मान निधि दी जा रही है। किसानों के हित में प्रदेश सरकार भी किसान सम्मान निधि के साथ किसान कल्याण योजना की राशि को प्रदान करना जारी रखेगी। किसानों के घर में पैसा जाएगा तो न केवल किसान परिवार का बच्चा बल्कि संपूर्ण देश समृद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार सूर्य देवता अपने तेज से प्रकाश फैलाते हैं, उसी प्रकार किसान भाई अपने पसीने से अपनी जमीन को सींचते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके द्वारा म.प्र. और उ.प्र. को मिलाकर एक लाख करोड़ रुपए की लागत से केन-बेतवा अन्तर्राज्यीय लिंक परियोजना को मूर्त दिया जा रहा है, जिसका शिलान्यास शीघ्र होगा। इस परियोजना से बुंदेलखंड के हर किसान के हर खेत तक पानी पहुंचेगा और बरसों की सूखे की समस्या होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टीकमगढ़ में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज खुलेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का बजट अभी साढे तीन लाख करोड़ रुपए का है और आने वाले 5 वर्षों में हम इसे 7 लाख करोड़ रुपए तक कर देंगे। सरकार हर वर्ग की बेहतरी और उत्थान के लिए दृढ़ संकल्पित है। पशु पालकों आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी राज्य सरकार कार्य कर रही है, शीघ्र ही दुग्ध-उत्पादन पर बोनस देने का कार्य भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बहनों के बीच में रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव पर्व मनाकर मुझे आनंद की अनुभूति हुई। बहनों के प्यार के लिए दुनिया तरसती है, यह प्यार पाकर मेरा जीवन धन्य हुआ है। टीकमगढ़ जिला कुंडेश्वर महादेव, बगाज माता एवं विंध्यवासिनी माई के आशीर्वाद से निरंतर प्रगति और विकास पथ पर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोग मृत्य भोज और शादी समारोह में बड़ा खर्चा करने से बचें। इन कार्यो में कर्ज लेकर या अचल सम्पत्ति बेचकर भी पैसा लगाया जाता है, ऐसी स्थिति से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। इस प्रकार की गतिविधियों को हतोत्साहित कर जमा पूंजी बचाई जा सकती है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज टीकमगढ़ आकर हमारी लाड़ली बहनों का जो उत्साहवर्धन किया है उसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में रजिस्ट्री के समय नामांतरण की जो प्रक्रिया प्रारंभ की गई है इससे प्रदेश की जनता को बड़ी सुविधा मिली है।

मध्यप्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव हर वर्ग, हर समाज के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में तीवृ गति से विकास हो रहा है। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया, विधायक हरिशंकर खटीक, अनिल जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता-राहुल सिंह, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्‍न योजनाओं के हितग्राहियों को 3 करोड़ 36 लाख 60 हजार 262 रूपये एवं आजीविका मिशन में 184 स्व-सहायता समूहों को तीन करोड़ बारह लाख रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगवानी बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मोनिया दोहों के साथ नृत्य की सुंदर प्रस्तुति के साथ हुई। डॉ. यादव स्वयं भी मोनिया नृत्य में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव में ला़डली बहनों ने बुंदेली बधाई गायन से किया। मुख्यमंत्री ने अपनी प्यारी भांजियों को सावन का झूला झुलाया। बहनों ने अपने प्यारे भैया के लिये सावन गीत गाये। मुख्यमंत्री ने बहनों द्वारा सजाए गए पोषण मटके का अवलोकन किया। लाड़ली बहनों के लाडले भैया ने सेल्फी भी ली। बहनों ने बुन्देलखण्ड के विशेष व्यजंन भी बनाये। बहनों ने भैया को गुजियाँ खिलाई, अभिनंदन पत्र भी किया भेंट।

सावन के पर्व में बहनों ने अपने भैया मुख्यमंत्री डॉ. यादव की हथेली पर ॐ की मेहंदी लगाकर आरती की और कलाई में राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को सुहाग चिन्ह सहित उपहार भेंट किये। उन्होंने बहनों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभागों की प्रदर्शिनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में बांस के उत्पाद देखे साथ ही महिला उद्यमियों से राखी भी बंधवाई। प्रदर्शनी में गुड़ का लड्डू खाया, अन्वेषण हस्त-चलित मूंगफली छीलने का यंत्र का अवलोकन कर उसे चला कर देखा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीतल की मूर्ति देखी और मुर्तिकार से चर्चा की। साथ ही सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी भी ली।

 

हर विभाग में तलाशी जायें स्किल डेवलपमेंट की संभावनाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क भोपाल के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समय-सीमा में कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट का दायरा बहुत विस्तृत है। हर कॉलेज में स्किल डेवलपमेंट के कोर्स संचालित किये जाने चाहिए। रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को जोड़ा जाये। विद्वानों का मार्गदर्शन लेकर स्किल डेवलपमेंट के कार्य किये जायें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मंत्रालय में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा कर विभागीय निर्देश दे रहे थे। बैठक में कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, मुख्य सचिव वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कम जमीन से ज्यादा उपज प्राप्त करने का कार्य भी स्किल डेवलपमेंट ही है। आमदनी बढ़ाने के लिए स्किल डेवलपमेंट जरूरी है। हर विभाग में स्किल डेवलपमेंट का प्लान बने। अपने-अपने क्षेत्र में संभावनाएं तलाशी जायें। पशुधन से दूध-उत्पादन, नस्ल सुधार, दूध से बने उत्पादों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हों। प्रदेश में कुल 956 आईटीआई संचालित हैं। हर विकासखण्ड में आईटीआई संचालित होना चाहिए। कोई भी विकासखण्ड बगैर आईटीआई के न रहे। आईटीआई के विद्यार्थियों को अधिकाधिक संख्या में रोजगार और प्लेसमेंट हो। हॉर्टीकल्चर से बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिलों में जिस तरह के औद्योगिक क्षेत्र हैं, उसके अनुरूप विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाये। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूह के द्वारा बनाये जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को टेक्सटाइल उद्योग से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा। उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग में विभिन्न भाषाओं का ज्ञान दिया जाये। स्किल डेवलपमेंट के प्रमोशन कार्यक्रम हों। टूरिज्म में रोजगार बढ़ाने का कार्य करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों में कृषि एवं उद्यानिकी के विषय प्रारंभ किये जायें। स्किल डेवलपमेंट में जुगाड़ कार्यक्रम शुरू करें। यह कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए उपयोगी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्लोबल स्किल पार्क की कल्पना को साकार करने के लिए समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समीक्षा बैठक में निर्देशित किया कि निजी क्षेत्र और समाज को जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाये जायें। नए पाठ्यक्रमों में स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी जाये। वन विभाग में जीवों की प्रजातियों के संरक्षण की ट्रेनिंग दी जाये। किंग कोबरा की प्रजाति को संरक्षित करने का कार्य करें। स्नेक रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षण भी दें। स्किल डेवलपमेंट बोर्ड को रोजगार दिलाने की ट्रेनिंग दी जाएं। बोर्ड की नियमित बैठक आयोजित कराई जाये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में विभिन्न प्रकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार संबंधी जानकारी की बुकलेट्स का विमोचन भी किया।

 

राज्यसभा सांसद अरुण सिंह और अध्यक्ष केवीआईसी मनोज कुमार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की

राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के साथ खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई), भारत सरकार के अध्यक्ष मनोज कुमार ने नई दिल्ली के कनॉट प्लेस के बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित खादी ग्रामशिल्पा लाउंज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वजों, चरखों और वस्त्रों के स्पेशल बिक्री केंद्र का भी शुभारंभ किया गया।

इस कार्यक्रम में बोलते हुए राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने देशवासियों से अपील की कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी लोग अपने घरों पर खादी के बने राष्ट्रीय ध्वजों को फहराये ताकि केवीआईसी से जुड़े कारीगरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केवीआईसी ग्रामीण भारत के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी का परिणाम है कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार वित्त वर्ष 2023-24 में केवीआईसी के उत्पादों की बिक्री 1 लाख 55 हजार करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है।

अध्यक्ष केवीआईसी मनोज कुमार ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के अमृतकाल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विरासत खादी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ब्रांड शक्ति से केवीआईसी ने नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को भारतवर्ष के घर-घर तक पहुंचाने के लिए केवीआईसी पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा, हर घर खादी’ अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत देशभर के खादी स्टोर पर खादी/पॉलीवस्त्र से बने 3X2 फीट के राष्ट्रीय ध्वज 198 रुपये के मूल्य पर उपलब्ध हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत की नयी खादी ‘विकसित भारत की गारंटी’ बन गई है।

हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करते हुए अध्यक्ष केवीआईसी मनोज कुमार ने कहा कि पूज्य बापू की विरासत खादी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और एमएसएमई मंत्रालय के मार्गदर्शन में खादी क्रांति के माध्यम से विकसित भारत अभियान को गांव-गांव में नयी शक्ति दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने खादी को बढ़ावा देने के लिए देश-विदेश के हर मंच से आह्वान किया। उन्होंने जब-जब मन की बात में लोगों से खादी खरीदने की अपील की, खादी की बिक्री में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज हुई। हाल ही में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात के 112वें संस्करण में देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा यात्रा अभियान से जुड़ने के साथ-साथ खादी के वस्त्र खरीदने की अपील की है। अपनी अपील में उन्होंने कहा, “आपके पास भांति-भांति के वस्त्र होंगे और आपने अब तक अगर खादी के वस्त्र नहीं खरीदे तो इस साल से शुरू कर दें। अगस्त का महीना आ ही गया है। ये आजादी मिलने का महीना है। क्रांति का महीना है। इससे बढ़िया अवसर और क्या होगा, खादी खरीदने के लिए।” अध्यक्ष केवीआईसी ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील खादी कारीगरों के लिए संजीवनी है, क्योंकि उनकी ब्रांडशक्ति से पिछले 10 वर्षों में खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री में पांच गुना और उत्पादन में चार गुना वृद्धि हुई है। पहली बार इस क्षेत्र में 10.17 लाख नए रोजगार सृजित हुए हैं। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री की अपील से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 7.25 करोड़ रुपये के खादी के राष्ट्रीय ध्वजों की बिक्री हुई थी।

अध्यक्ष केवीआईसी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुसार ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ निर्माण के लिए गांव-गांव तक ‘खादी ग्राम स्वराज अभियान’ को सशक्त करने लिए केवीआईसी देशभर में कुटीर उद्योगों को बढ़ावा दे रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज बनाने वाले खादी के कारीगरों को अतिरिक्त आय की प्राप्त हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 10 वर्षों में ‘नये भारत की नयी खादी’ ने ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ को नयी दिशा दी है। खादी का उत्पादन और बिक्री बढ़ने से ग्रामीण भारत के कारीगर आर्थिक रूप से समृद्ध हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ मंत्र ने खादी को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाया है।

केवीआईसी के कनॉट प्लेस स्थित खादी ग्रामशिल्पा लाउंज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वजों के साथ ही खादी के कुर्ते, छोटे-बड़े चरखे बिक्री के लिए रखे गये हैं। इस कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्रालय के संयुक्त सचिव विपुल गोयल और केवीआईसी के अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

यूपीआई के जरिए भुगतान की सीमा एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये

आरबीआई ने यूपीआई उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। रिजर्व बैंक ने यूपीआई के जरिए कर भुगतान करने की सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने गुरुवार को मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय द्विमासिक बैठक में लिए गए फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि यूपीआई अपनी सहज सुविधाओं से भुगतान का सबसे पसंदीदा तरीका बन गया है। उन्होंने कहा कि एमपीसी ने यूपीआई के जरिए भुगतान की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। फिलहाल यूपीआई के लिए कर भुगतान की सीमा एक लाख रुपये है।

एमपीसी बैठक के बाद यहां आयोजित प्रेस को संबोधित करते हुए शक्तिकांत दास ने कहा कि विभिन्न उपयोग-मामलों के आधार पर रिजर्व बैंक ने पूंजी बाजार, आईपीओ अभिदान, ऋण संग्रह, बीमा, चिकित्सकीय और शैक्षिक सेवाओं आदि जैसी कुछ श्रेणियों के लिए सीमाओं की समीक्षा की है और उन्हें बढ़ाया है। दास ने मौद्रिक नीति समिति के फैसलों को बताते हुए कहा कि चेक क्लीयरेंस सिर्फ कुछ घंटों में करने के लिए कदम उठाने का प्रस्ताव है।

आरबीआई गवर्नर ने दास कहा कि चूंकि प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कर भुगतान सामान्य, नियमित तथा उच्च मूल्य के हैं। इसलिए यूपीआई के जरिए कर भुगतान की सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख प्रति लेनदेन करने का निर्णय एमपीसी की बैठक में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवश्यक निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। रिजर्व बैंक गवर्नर ने बताया कि अनधिकृत कंपनियों की जांच के लिए डिजिटल ऋण देने वाले एप के सार्वजनिक तौर पर आंकड़े तैयार करने का भी प्रस्ताव है।

उल्लेखनीय है कि आरबीआई के अनुसार यूपीआई का उपयोगकर्ता आधार 42.4 करोड़ पर पहुंच गया है। यूपीआई में ‘डेलिगेटेड पेमेंट्स’ शुरू करने के प्रस्ताव से देशभर में डिजिटल भुगतान की पहुंच और उपयोग में वृद्धि होने की उम्मीद है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...