केंद्र ने सभी सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों को केरल में भूस्‍खलन से प्रभावित हुए लोगों की हर संभव सहायता करने के दिए निर्देश

सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों को केरल में भूस्‍खलन से प्रभावित हुए लोगों की हर संभव सहायता करने का निर्देश दिया है, जिससे बीमा दावों का तेजी से निपटान सुनिश्चित हो और पूरा भुगतान किया जा सके। वित्‍त मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय जीवन बीमा निगम को प्रधानमंत्री जीवन ज्‍योति बीमा योजना के अंतर्गत नामित बीमा धारकों को तेजी से भुगतान करने को कहा गया है। मंत्रालय ने कहा है कि इस संबंध में त्‍वरित गति से कार्य करने के लिए आवश्‍यक दस्‍तावेजी प्रक्रिया में राहत भी दी गई है।

बीमा कंपनियों ने इस सिलसिले में प्रयास करने शुरू कर दिए हैं और वे भूस्‍खलन से सबसे ज्‍यादा प्रभावित होने वाले जिलों वायनाड, पलक्‍कड, कोझीकोड तथा त्रिशूर में विभिन्‍न माध्‍यमों से अपने बीमा धारकों की जानकारी हासिल कर रही हैं। इन क्षेत्रों में सबसे ज्‍यादा भुगतान के दावे किए गए हैं।

सार्वजनिक बीमा परिषद, बीमा कंपनियों के सहयोग से यह सुनिश्चित करेगी कि दावों का निपटान शीघ्रता से सुनिश्चित हो और जल्‍दी से जल्‍दी भुगतान किया जा सके। इस संबंध में एक पोर्टल शुरू किया जाएगा, जो दिन-प्रतिदिन हुए कार्य की जानकारी उपलब्‍ध कराएगा। मंत्रालय ने कहा है कि केन्‍द्र् सरकार इस आपदा से प्रभावित होने वाले लोगों की सहायता के लिए वचनबद्ध है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि और उन्‍हें बिना किसी देरी तथा परेशानी के सभी आवश्‍यक सुविधाएं उपलब्‍ध कराई जाएंगी।

मध्यप्रदेश को मिला Best Emerging State in Organ Donation केटेगरी का राष्ट्रीय पुरस्कार

मध्यप्रदेश को अंगदान प्रथा को बढ़ावा देने के लिए ‘बेस्ट इमर्जिंग स्टेट’ का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कल डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, दिल्ली में आयोजित 14वें भारतीय अंगदान दिवस समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया। इंदौर सांसद शंकर लालवानी, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण पिथोड़े और महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, इंदौर के डीन डॉ. संजय दीक्षित ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. विनोद कुमार पॉल भी उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश में 60 ब्रेन डैड कैडेवरिक दान सफलतापूर्वक पूरे हुए हैं, जो अंगदान में एक नया बेंचमार्क है। वर्ष 2018 में महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, इंदौर में राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) की स्थापना हुई थी। इसी वर्ष इंदौर जिले को अंगदान के क्षेत्र में ‘बेस्ट इमर्जिंग डिस्ट्रिक्ट’ का पुरस्कार प्राप्त हुआ था। अंगदान और प्रत्यारोपण में उत्कृष्ट कार्य के लिए SOTTO, मध्यप्रदेश को वर्ष 2019 में ‘बेस्ट SOTTO अवार्ड’ भी मिल चुका है।

उल्लेखनीय है कि अंगदान के बारे में जागरूकता बढ़ाने, अंगदान से जुड़े मिथकों और गलत धारणाओं को दूर करने और नागरिकों को मृत्यु के बाद अंगदान और ऊतकदान के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 2010 से प्रतिवर्ष 3 अगस्त को भारतीय अंगदान दिवस मनाया जाता है।

मां के दूध का कोई विकल्प नहीं : राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल

लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि माँ के दूध का कोई विकल्प नहीं है। इससे नवजात को आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। जन्म के 1 घंटे के भीतर शिशु को मां का दूध पिलाना सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। इसके लिए लोगों को जागरूक करने के प्रयास सतत होते रहने चाहिए। राज्य मंत्री पटेल डॉ कैलाशनाथ काटजू हॉस्पिटल भोपाल में स्तनपान जागरूकता एवं पोषण आहार परामर्श कार्यक्रम में शामिल हुए।

राज्य मंत्री पटेल ने चालित खाद्य प्रयोगशाला का अवलोकन किया गया। इस प्रयोगशाला में खाने में मिलावट की जांच सरल विधियों से किए जाने की जानकारी दी जाती है। चलित प्रयोगशाला में विभिन्न खाद्य पदार्थों, पेय पदार्थों, मसाले इत्यादि में मिलावट की जांच करने के सरल घरेलू तरीके भी बताए जाते हैं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें घर में उपलब्ध खाद्य पदार्थों जैसे चना, मूंगफली, नारियल,बेसन इत्यादि से पौष्टिक व्यंजन बनाने के तरीके बताए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल द्वारा मिलेट्स आधारित फूड्स प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को पौष्टिक मिलेट्स व्यंजनों की जानकारी दी गयी। राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि श्री अन्न के दैनिक जीवन में उपयोग को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद उपयोगी है।

वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ शिशु रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ शीला भंबल ने कहा कि जन्म के 1 घंटे के भीतर दूध से निकलने वाला कोलस्ट्रम नामक तत्व बच्चों के लिए पहले प्राकृतिक टीके का काम करता है। छह माह तक के बच्चे को सिर्फ और सिर्फ मां के दूध की जरूरत होती है। इस दौरान पानी की भी जरूरत नहीं है। वरिष्ठ न्यूट्रीशनिस्ट डॉ अमिता सिंह ने बताया कि प्रसवकाल एवं प्रसव पश्चात पोषक भोजन के लिए बेसन या चने की रोटी, हरी सब्जी, अमरूद, आंवला का उपयोग करना चाहिए। लोहे के बर्तन में बना खाना आयरन का अच्छा स्रोत है। प्रसव काल में आयरन के अब्जॉर्प्शन को बढ़ाने के लिए खट्टी चीजों के इस्तेमाल को प्राथमिकता देनी चाहिए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि 1 से 7 अगस्त की अवधि में स्तनपान के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य संस्थाओं में स्तनपान की विधि, मां और शिशु को होने वाले लाभ सहित पोषण आहार संबंधी परामर्श दिए जा रहे हैं। सभी प्रसव केंद्रों पर शिशु जन्म के 1 घंटे के भीतर उसे मां का पहला पीला गाढ़ा दूध पिलवाना सुनिश्चित करवाया जा रहा है। कार्यक्रम में हितग्राहियों ने अपने अनुभव भी साझा किए।

 

बहनों के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। प्रदेश की जनता और बहनों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का एक अलग ही आनंद है। बहनों ने आज जिस स्नेह से उन्हें राखी बांधी है, उसे वह भूल नहीं सकेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल रक्षाबंधन एवं श्रावण उत्सव में नरसिंहपुर के कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित लाड़ली बहनों के आभार सह उपहार कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लाड़ली बहनों को राज्य सरकार प्रतिमाह 1250 रुपये की राशि दे रही है, जिसका उपयोग बहनें अपने परिवार को चलाने के लिए करती हैं। इस बार रक्षाबंधन के अवसर पर 10 तारीख को लाड़ली बहना योजना की राशि के साथ उन्हें 250 रुपये अलग से दिये जायेंगे। यह राशि प्रदेश की 1.29 करोड़ बहनों के बैंक खातों में अंतरित की जायेगी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व सभी त्यौहारों से बड़ा है, जो भाई- बहन के अटूट प्रेम को प्रदर्शित करता है। आज यहां नरसिंहपुर की बहनों के बीच पहुंचकर जो स्नेह मुझे मिला है, ऐसा लगता है कि आज मैंने सभी त्यौहार मना लिये। यह त्यौहार हमारी सनातन संस्कृति का एक अभिन्न अंग है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि उपज मंडी नरसिंहपुर में आयोजित लाड़ली बहनों के आभार सह उपहार कार्यक्रम में 151.13 करोड़ रुपये की लागत से 12 निर्माण कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन व शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को लाड़ली बहनों ने वृहद राखी भेंट की और उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने नरसिंहपुर की खुली जेल परिसर में आम का पौधा रोपा। जेल विभाग के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कई जन्मों के पुण्य के बाद भाग्य अच्छा हो, तो मनुष्य इस पृथ्वी पर जन्म लेता है और सौभाग्य अच्छा रहा, तो वह भारत में जन्म लेता है। भगवान के भक्ति के पुण्य से मध्यप्रदेश में तथा साधना की पराकाष्ठा से वह नर्मदा किनारे जन्म लेता है। हमारी संस्कृति है जियो और जीने दो। हमारी संस्कृति सर्वे भवंतु सुखिन:-सर्वे संतु निरामया, यही संस्कृति हमें एक-दूसरे एवं प्रकृति से जोड़ती है। चराचर जगत में हमारी समरसता के कारण ही भारत की अलग पहचान है, जहां सदैव संस्कार पूजे जाते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद द्वारा अमेरिका में दिये भाई- बहनों के संबोधन का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में समानता का भाव है। जहां दुनिया में व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की आवश्यकता होती है, लेकिन हमारे यहां यह कार्य संस्कार करते हैं। पुलिस तो गुंडे- बदमाशों को नियंत्रित करने के लिए चाहिये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की बेहतर शिक्षा के लिए नई शिक्षा नीति के तहत नरसिंहपुर सहित प्रदेश के हर जिले में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज खोले गये हैं। उन्होंने कहा कि खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को केन्द्र सरकार 6 हजार रुपये तथा राज्य सरकार भी 6 हजार रुपये दे रही है, जिससे किसान खाद- बीज, बिजली, पानी आदि की पूर्ति कर सके। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार की छात्रवृत्तियां चालू रहेंगी, जिससे विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें। प्रदेश में संचालित सभी कल्याणकारी योजनाएँ निरंतर चलती रहेगी, कोई भी योजना बंद नहीं की जायेगी। युवाओं को सीखो- कमाओ योजना में इंटरशिप में हिस्सेदारी दी जायेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं, धान के बोनस की तरह अब दुग्ध उत्पादक किसानों को भी बोनस राशि दी जायेगी। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए जो भी लागत आयेगी, वह स्वीकृत की जायेगी। मुख्यमंत्री ने विगत दिवस जिले के गाडरवारा विधानसभा के सांईखेड़ा विकासखंड के ग्राम रम्पुरा में अतिवर्षा से मकान ढहने से मृत व्यक्तियों को 4-4 लाख और घायलों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सावन की झड़ी की भांति विकास के लिए प्रदेश के मुखिया का आशीर्वाद प्रदेश को मिलता रहे। उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उनके आगमन पर बधाई व शुभकामनायें दी। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, सांसद चौधरी दर्शन सिंह ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ज़िला प्रशासन के विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

 

वर्ष 2024-25 के लिए 31 जुलाई तक रिकॉर्ड सात करोड़ 28 लाख आयकर रिटर्न दाखिल किए गए

आकलन वर्ष 2024-25 के लिए 31 जुलाई तक रिकॉर्ड सात करोड़ 28 लाख आयकर रिटर्न दाखिल किए गए हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि यह पिछले आकलन वर्ष की तुलना में 7 दशमलव 5 प्रतिशत अधिक है। इस वर्ष बडी संख्‍या में आयकर रिटर्न भरने वालों ने नई कर व्यवस्था को चुना है। 5 करोड 27 लाख रिटर्न नई कर व्यवस्था में और 2 करोड एक लाख पुरानी कर व्यवस्था में भरे गए। लगभग 72 प्रतिशत करदाताओं ने नई कर व्यवस्था को और 28 प्रतिशत ने पुरानी कर व्यवस्था को चुना।

इस वर्ष 31 जुलाई को एक ही दिन में 69 लाख 92 हजार से अधिक रिटर्न भरे गए। इस वर्ष 31 जुलाई तक 58 लाख 57 हजार लोगों ने पहली बार रिटर्न दाखिल किया। सोशल मीडिया पर करदाताओं को शीघ्र रिटर्न भरने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाए गए थे।

वायनाड में भारतीय नौसेना का बचाव और राहत अभियान जारी

केरल के वायनाड में खराब मौसम और कठिन इलाके के बीच भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में भारतीय नौसेना का बचाव और राहत अभियान जारी है। राहत प्रयासों को बढ़ाने और आपदा से प्रभावित स्थानीय समुदाय की मदद करने के लिए आईएनएस ज़मोरिन से अतिरिक्त कर्मियों, भंडार, संसाधनों और आवश्यक आपूर्ति मंगाया गया। फिलहाल, जारी बचाव कार्यों में 78 नौसेना कर्मी शामिल हैं। चूरलमाला और मुंडक्कई क्षेत्र के कई स्थानों पर नौ सेना कर्मियों की टीमों को तैनात किया गया है जो आपदा राहत बलों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य कर रहे हैं। आपदा से प्रभावित लोगों को जरूरी सामग्री और खाने-पीने की चीजों की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए एक टीम को नदी के पास तैनात किया गया है, जबकि अन्य टीमों को जीवित बचे लोगों की तलाश, मलबा हटाने और शवों की बरामदगी के लिए तैनात किया गया है। घायलों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए चूरलमाला में एक चिकित्सा चौकी स्थापित की गई है।

चूरलमाला और मुंडक्कई के बीच नदी पर दोनों इलाकों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण बेली ब्रिज बनाने में भारतीय सेना के प्रयासों में तेजी लाने के लिए 03 अधिकारियों और 30 नाविकों की एक टीम जुटी है। 01 अगस्त 24 को भूस्खलन से चूरलमाला और मुंडक्कई अलग हो गए थे। यह पुल दोनों इलाकों के बीच भारी मशीनरी और एम्बुलेंस की आवाजाही को सक्षम करता है।

02 अगस्त 24 को, भारतीय नौसेना के एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) आईएनएस गरुड़ ने कालीकट से जीवित बचे लोगों के लिए प्रभावित क्षेत्रों की हवाई निगरानी की और शवों का पता लगाया। इस हेलीकॉप्टर ने बचाव उपकरणों के साथ 12 राज्य पुलिस कर्मियों को आपदा क्षेत्र में पहुंचाया, जो सड़क मार्ग से काफी मुश्किल था। कम दृश्यता और चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति में पहाड़ी इलाके में उड़ान भरी गई।

भारतीय नौसेना फंसे हुए लोगों को शीघ्र निकालने, बुनियादी सुविधाओं और चिकित्सा सहायता का प्रावधान सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है।

जिसके हाथ में तिरंगा हो वो हमारा है, उसका हाथ ओर साथ नहीं छोड़ेंगे- रामेश्वर शर्मा

14 अगस्त को अखंड भारत स्मृति दिवस पर विशाल तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे

प्रतिवर्ष की भांति 14 अगस्त को कर्मश्री संस्था निकालेगी विशाल तिरंगा यात्रा, अखण्ड भारत के संकल्प के साथ हजारों लोग शामिल होंगे

भोपाल। निरंतर अपने सांस्कृतिक और रचनात्मक आयोजनों हेतु सक्रिय भोपाल की कर्मश्री संस्था द्वारा 14 अगस्त को अखंड भारत स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा को लेकर संस्था के अध्यक्ष और भोपाल की हुजूर विधानसभा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने रविवार को कर्मश्री से जुड़े सभी लोगों के साथ बैठक कर आयोजन संबंधी विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर-घर तिरंगा अभियान के तारतम्य में इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। ज्ञात हो कि विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा प्रतिवर्ष अखंड भारत के संकल्प के साथ 14 अगस्त को विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। पिछले वर्ष इस यात्रा में 25 हजार से अधिक नागरिकों से सहभागिता की थी। इस साल इससे डेढ़ गुना अधिक लोगों के सम्मिलित होने की संभावना है। यात्रा हुजूर के मुखर्जी नगर कोलार से संत हिरदाराम नगर तक निकाली जाती है। जिसमें हजारों लोग हाथों में तिरंगा लहराते हुए चलते हैं। रविवार को मानस भवन में भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 1500 कार्यकर्ताओं ने बैठक में सहभागिता कर भारत की इस विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा की।

Karmshree

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि – सैकड़ों वर्षों तक परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़ी भारत माता की आजादी के लिए हजारों संघर्ष हुए। वर्षों तक चले इन संघर्षों में लाखों लोगों ने अपनी जान की कीमत चुकाई है। उनके बलिदान के परिणामस्वरूप हमारी भारत माता स्वाधीन हुईं। लेकिन स्वाधीनता के साथ माँ भारती को एक दंश भी मिला। तत्कालीन नेताओं की गलतियों के कारण भारत दो हिस्सों में बट गया और अपने वीरों के बलिदान से मिली यह स्वतंत्रता अधूरी सी रह गई। 14 अगस्त 1947 तक भारत अपनी आजादी के उल्लास में डूबा था लेकिन अगली ही सुबह वह अपने बटवारे के क्षोब में डूब गया। आजादी के इतने वर्षों बाद भी अखंड भारत की स्मृतियाँ आज भी हमें चैन से नहीं बैठने देती। इसलिए हर वर्ष 14 अगस्त को हम अखंड भारत स्मृति दिवस मनाते हैं। और केवल दिवस ही नहीं मनाते बल्कि कर्मश्री के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों के मन में अखंड भारत के संकल्प को और प्रबल करते हैं। इसी लक्ष्य के साथ हम पुनः 2024 की विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन करने जा रहे हैं। इस बार यह यात्रा इतनी विशाल होगी कि भोपाल से निकली अखंड भारत की आवाज पूरे देश के दिलों में गूंजेगी।

उन्होंने आगे कहा कि – शहर में भारी बारिश के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में आप सभी देश भक्तों की उपस्थिति ने बता दिया है कि हमारे लिए देश पहले है और यह तिरंगा यात्रा और भी भव्य और ऐतिहासिक होने वाली है। माननीय मोदी जी ने पुनः हर-घर तिरंगा फहराने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज़ादी के बाद पहली बार यह अवसर देश के नागरिकों को दिया कि वह अपने घर पर तिरंगा लगा सकते हैं। इसलिए हर घर तिरंगा पहुँचे यह हमारा संकल्प होना चाहिए।

इस बार प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव जी हमारी तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे हैं। आइए अपने मुखिया के नेतृत्व में राष्ट्र उत्सव को धूमधाम से मनाएं। देश के लिए देश भक्त अपनी जान तक दे देते हैं, हमे तो बस राष्ट्र जागरण के लिए जुटना है। यात्रा तो बस 1 घंटे की है पर इसका संदेश बहुत बड़ा है इसलिए भोपाल के हर क्षेत्र के देश भक्तों को जोड़ना है। मेरा वादा है कि जिसके हाथ में तिरंगा होगा वो सदैव हमारा है, उसका हाथ और साथ हम कभी नहीं छोड़ेंगे। याद रखें हम मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च भले न न जा पाएं, कोई बात नहीं। पर तिरंगे को नमन करना नहीं भूलना है। जहां है जैसे हैं, वैसे ही तिरंगे का सम्मान करना है। श्री शर्मा ने अंत में कहा कि – भीषण बारिश के बाद भी तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए जुटे आप सभी लोगों की राष्ट्रभक्ति प्रणम्य है, आप सभी का आभार।

प्रदेश की लाड़ली बहनों को 10 अगस्त को मिलेगा राखी का उपहार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहनों के सशक्तिकरण के लिये सरकार संकल्पित होकर काम कर रही है। रक्षाबंधन प्रेम, स्नेह और बंधुत्व का त्यौहार है। रोजगार के अवसरों में बहनों को प्राथमिकता दी जायेगी। आगामी 10 अगस्त को सभी लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1250 रूपये तथा रक्षाबंधन के उपहार के रूप में 250 रूपये अतिरिक्त दिये जायेंगे। यहां बहनों ने विशाल राखी बांधकर राखी के पहले ही मुझे रक्षाबंधन का आनंद दे दिया है। प्रदेश में पूरे सावन हम रक्षाबंधन का त्यौहार मनायेंगे। बहनों का स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हर जिले में उत्सव आयोजित किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव दमोह जिले के जबेरा में लाड़ली बहना उत्सव सह उपहार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबेरा को नगर परिषद बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने दमोह जिले के प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत तेंदूखेड़ा जामूनखेड़ा अजितपुर से अभाना पाटन मार्ग पर 4.5 करोड़ की लागत से उच्च स्तरीय पुल का सिंगल क्लिक के माध्यम से लोकार्पण किया। विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। जबेरा मंडी परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान अंतर्गत सप्तपर्णी का पौधा रोपा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखण्ड क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है। केन-बेतवा सिंचाई परियोजना के माध्यम से दमोह जिले की व्यारमा नदी को जोड़कर सम्पूर्ण क्षेत्र को पानी से लबालब किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण क्षेत्र में आनंद की वर्षा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि परियोजना के लिये मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश को 45-45 हजार करोड़ रूपये मिलेंगे। परियोजना से सम्पूर्ण बुंदेलखण्ड के जिलों में पानी लाकर क्षेत्र के लोगों की जिंदगी बदलने का एक बड़ा अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि सिंचाई योजना से फसल की आमदनी दोगुनी से ज्यादा होने वाली हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि अपनी जमीन मत बेचना, आने वाले 2 माह के अंदर इस परियोजना का भूमि-पूजन किया जायेगा, आने वाला कल हमारा हैं, उससे आपकी जिंदगी बदलेगी। उन्होंने कहा कि हम बुंदेखण्ड पंजाब और हरियाणा से आगे निकल जायेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर में सितम्बर माह में इन्वेस्टर मीट होगी। प्रदेश के सभी जिलों को साधन संपन्न बनाने के प्रयास जारी है, प्रत्येक जिले में उद्योग धंधों का जाल बिछाया जायेगा, जिसमें बहनों को भी रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और लाड़ली बहनों को उपहार दिये। इसके पूर्व रक्षाबंधन की थीम पर सावन उत्सव पर केन्द्रित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिसर में किये गये साज-सज्जा युक्त झूलों के पास जाकर लाड़ली बहनों को झूला झुलाया। लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को वृहद राखी भेंट की और राखी बांधी। बहनों ने मुख्यमंत्री को आभार पाती भेंट कर शुभकामनाएँ दी।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आज विपरीत परिस्थितियों के बाद भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव आप सबके बीच में आए हैं, हम उनका हृदय से धन्यवाद आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज सावन में पानी की झड़ी लगी हुई है और भगवान आपके लिए आशीर्वाद स्वरुप भरपूर बारिश कर रहे हैं। श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव आप सभी को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

संस्कृति, पर्यटन धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. यादव हम सभी के बीच में आये, मुख्यमंत्री लाड़ली बहनों, स्व-सहायता समूह की बहनों के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं यह पूरा कार्यक्रम रक्षाबंधन का कार्यक्रम है। महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार के जो प्रयास है उसके लिए लाड़ली बहनों से राखी बंधवाने का कार्यक्रम भी रहेगा। उन्हें सम्मान देने का और 1250 रूपये की राशि लाड़ली बहनों के खाते में सरकार डाल ही रही है। इस रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री 250 रूपये रक्षाबंधन का तोहफा लाड़ली बहनों को देने वाले हैं। उनका हम जबेरा विधानसभा की धरती पर स्वागत और अभिनंदन करते हैं।

पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा कि कैन बेतवा लिंक परियोजना के माध्यम से हटा की व्यारमा नदी पर डेम बना दिया जाए। जिससे हटा शहर तथा संपूर्ण दमोह में पानी की समस्या खत्म होगी और पूरी जमीन सिंचित होगी।

सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश के लिए एक शुभंकर सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने आते ही 29 लोकसभा सीटों में से 29 लोकसभा सीट जीती। उन्होंने प्रधानमंत्री एंबुलेंस सेवा शुरू कर प्रदेशवासियों को अच्छी से अच्छी स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने की पहल शुरू की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री उद्यम क्रान्ति योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन कर बेटियों का सम्मान किया। साथ ही बाल सखा सुदामा प्रसंग सुनाने वाली सीएम राइज स्कूल दमोह की छात्राओं को पुरूस्कृत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयंत कुमार मलैया, विधायक उमादेवी खटीक, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।

किशोर कुमार की जन्मस्मृति में “यह शाम मस्तानी” पर गूंजेंगे सुप्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन – अरुणिता कांजीलाल के सुर

मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की जन्मस्मृति के अवसर पर आज ”ये शाम मस्तानी” कार्यक्रम का आयोजन होगा। संचालक संस्कृति एन.पी. नामदेव ने बताया कि महान गायक किशोर कुमार को स्वरांजलि देने के उद्येश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन -अरुणिता कांजीलाल की संगीतमय प्रस्तुति होगी, जो किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों के साथ-साथ अपने गीतों की प्रस्तुति भी देंगे।

संस्कृति विभाग ने युवाओं को कला अनुशासनों से जोड़ने और मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एक नवाचार भी किया है। जिसके तहत भोपाल के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के बैण्ड का इंटर कॉलेज/यूनिवर्सिटी बैण्ड कॉम्पीटिशन किया गया था। जिसमें एल.एन.सी.टी. यूनिवर्सिटी का ”आगाज”, बी.एस.एस.एस. कॉलेज का ”परिन्दे” और हमीदिया कॉलेज का ”नमन द रॉकर्स” बैण्ड का चयन किया गया है। ये तीनों बैण्ड भी कार्यक्रम में किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति अपने बैण्ड के साथ देंगे। कार्यक्रम सायं 6:30 बजे से प्रारम्भ होगा। कार्यक्रम में प्रवेश, नि:शुल्क प्रवेश पत्र द्वारा दिया जाएगा। इसके अलावा रसिक श्रोताओं के लिए रवीन्द्र भवन परिसर स्थित अंजनी सभागार में एल.ई.डी. की व्यवस्था भी की गई है। जिसके माध्यम से वे सांगितिक प्रस्तुतियों का आनंद उठा सकेंगे।

 

भारत ‘विश्व बंधु’ के रूप में वैश्विक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केन्द्र (एनएएससी) परिसर में कृषि अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (आईसीएई) का उद्घाटन किया। इस वर्ष के सम्मेलन का विषय “ट्रांसफॉर्मेशन टुवर्ड्स सस्‍टेनेबल एग्री फूड सिस्‍टम्‍स” है। इसका उद्देश्य वैश्विक चुनौतियों जैसे जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण, बढ़ती उत्पादन लागत और द्वंद को ध्‍यान में रखते हुए टिकाऊ कृषि की तरफ तत्काल ध्‍यान देना है। इस सम्मेलन में लगभग 75 देशों के लगभग 1,000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि कृषि अर्थशास्त्रियों का अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन (आईसीएई) 65 वर्षों के बाद भारत में हो रहा है। उन्होंने भारत के 120 मिलियन किसानों, 30 मिलियन से अधिक महिला किसानों, 30 मिलियन मछुआरों और 80 मिलियन पशुपालकों की ओर से सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आप उस भूमि पर हैं, जहां 500 मिलियन से अधिक पशुधन हैं। मैं आपका कृषि और पशु-प्रेमी देश भारत में स्वागत करता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जितना प्राचीन है, उतनी ही प्राचीन कृषि और खाद्यान्न को लेकर हमारी मान्यताएं और हमारे अनुभव हैं। उन्होंने भारतीय कृषि परंपरा में विज्ञान और तर्क को दी गई प्राथमिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने खाद्यान्न के औषधीय गुणों के पीछे संपूर्ण विज्ञान के अस्तित्व का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने समृद्ध विरासत पर आधारित कृषि पर लगभग 2000 साल पुराने ग्रंथ ‘कृषि पाराशर’ का जिक्र करते हुए इस बात पर जोर दिया कि कृषि हजारों साल पुराने इस दृष्टिकोण की नींव पर विकसित हुई है। प्रधानमंत्री ने भारत में कृषि अनुसंधान और शिक्षा की एक मजबूत प्रणाली की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, “आईसीएआर खुद 100 से अधिक शोध संस्थानों का दावा करता है।” उन्होंने आगे बताया कि कृषि शिक्षा के लिए 500 से अधिक कॉलेज और 700 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्र हैं।

भारत में कृषि नियोजन में सभी छह मौसमों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने 15 कृषि-जलवायु क्षेत्रों की विशिष्ट विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में लगभग सौ किलोमीटर की यात्रा करने पर कृषि उपज में बदलाव आता है। प्रधानमंत्री ने कहा, “चाहे वह ज़मीन पर खेती हो, हिमालय में, रेगिस्तान में, पानी की कमी वाले क्षेत्रों में या तटीय क्षेत्रों में, यह विविधता वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है और भारत को दुनिया में उम्मीद की किरण दिखाई देती है।”

65 साल पहले भारत में आयोजित कृषि अर्थशास्त्रियों के पिछले अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत एक नया स्वतंत्र राष्ट्र था, जिसने भारत की खाद्य सुरक्षा और कृषि के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय बनाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत खाद्य अधिशेष वाला देश है, दूध, दालों और मसालों का सबसे बड़ा उत्पादक है, और खाद्यान्न, फल, सब्जियां, कपास, चीनी, चाय और मत्स्य पालन का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है। उन्होंने उस समय को याद किया जब भारत की खाद्य सुरक्षा दुनिया के लिए चिंता का विषय थी, जबकि आज भारत वैश्विक खाद्य और पोषण सुरक्षा के लिए समाधान प्रदान कर रहा है। इसलिए, प्रधानमंत्री ने कहा कि खाद्य प्रणाली परिवर्तन पर चर्चा के लिए भारत का अनुभव मूल्यवान है और इससे वैश्विक दक्षिण को लाभ मिलना निश्चित है।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विश्व बंधु’ के रूप में वैश्विक कल्याण के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने वैश्विक कल्याण के लिए भारत के दृष्टिकोण को याद किया और ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’, ‘मिशन लाइफ’ और ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य’ सहित विभिन्न मंचों पर भारत द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न मंत्रों का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मनुष्यों, पौधों और जानवरों के स्वास्थ्य को अलग-अलग नहीं देखने के भारत के दृष्टिकोण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “टिकाऊ कृषि और खाद्य प्रणालियों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के समग्र दृष्टिकोण के तहत ही किया जा सकता है।”

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि भारत की आर्थिक नीतियों के केन्‍द्र में कृषि है। उन्होंने कहा कि भारत के 90 प्रतिशत छोटे किसान, जिनके पास बहुत कम ज़मीन है, भारत की खाद्य सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने बताया कि एशिया के कई विकासशील देशों में भी ऐसी ही स्थिति है, जिसके लिए भारत का मॉडल उपयुक्त है। प्राकृतिक खेती का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में रसायन मुक्त प्राकृतिक खेती को बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने के सकारात्मक परिणाम देखे जा सकते हैं। उन्होंने इस साल के बजट में टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल खेती पर बड़े पैमाने पर ध्यान देने के साथ-साथ भारत के किसानों को समर्थन देने के लिए एक संपूर्ण इकोसिस्‍टम विकसित करने का भी उल्लेख किया। जलवायु-अनुकूल फसलों से संबंधित अनुसंधान और विकास पर सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में किसानों को लगभग उन्नीस सौ नई जलवायु-अनुकूल किस्में सौंपी गई हैं। उन्होंने भारत में चावल की किस्मों का उदाहरण दिया, जिन्हें पारंपरिक किस्मों की तुलना में 25 प्रतिशत कम पानी की आवश्यकता होती है और काले चावल के सुपरफूड के रूप में उभरने का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “मणिपुर, असम और मेघालय का काला चावल अपने औषधीय गुणों के कारण पसंदीदा विकल्प है।” उन्होंने कहा कि भारत विश्व समुदाय के साथ इससे संबंधित अपने अनुभव साझा करने के लिए भी उतना ही उत्सुक है।

प्रधानमंत्री ने जल की कमी और जलवायु परिवर्तन के साथ-साथ पोषण संबंधी चुनौतियों की गंभीरता को भी स्वीकार किया। उन्होंने श्री अन्न, मिलेट को एक समाधान के रूप में प्रस्तुत किया, क्योंकि यह सुपरफूड ‘न्यूनतम पानी और अधिकतम उत्पादन’ की गुणवत्ता रखता है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की मोटे अनाज की टोकरी को दुनिया के साथ साझा करने की इच्छा व्यक्त की और पिछले वर्ष को अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष के रूप में मनाए जाने का उल्लेख किया।

कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, सौर ऊर्जा खेती के कारण किसानों को ऊर्जा प्रदाता बनने, डिजिटल कृषि बाजार यानी ई-नाम, किसान क्रेडिट कार्ड और पीएम फसल बीमा योजना के बारे में बात की। उन्होंने पारंपरिक किसानों से लेकर कृषि स्टार्टअप्स, प्राकृतिक खेती से लेकर फार्मस्टे और फार्म-टू-टेबल तक कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के औपचारिकीकरण पर भी बात की। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में 90 लाख हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के अंतर्गत लाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे कृषि और पर्यावरण दोनों को लाभ हो रहा है

भारत में कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के लाभ उठाने पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि का उल्लेख किया, जिसके तहत एक क्लिक पर 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए जाते हैं, और डिजिटल फसल सर्वेक्षण के लिए एक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा है जो किसानों को वास्तविक समय की जानकारी प्रदान करता है और उन्हें डेटा-आधारित निर्णय लेने में सक्षम बनाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस पहल से करोड़ों किसानों को लाभ होगा और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने भूमि के डिजिटलीकरण के लिए एक बड़े अभियान का भी जिक्र किया, जिसके तहत किसानों को उनकी भूमि के लिए एक डिजिटल पहचान संख्या दी जाएगी, और खेती में ड्रोन को बढ़ावा दिया जाएगा, जहां ‘ड्रोन दीदियों’ को ड्रोन संचालित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इन कदमों से न केवल भारत के किसानों को लाभ होगा, बल्कि वैश्विक खाद्य सुरक्षा भी मजबूत होगी।

अपने संबोधन का समापन करते हुए प्रधानमंत्री ने बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति का उल्लेख किया और विश्वास व्यक्त किया कि अगले पांच दिन दुनिया को टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों से जोड़ने के तरीकों के साक्षी बनेंगे। उन्होंने कहा, “हम एक-दूसरे से सीखेंगे और एक-दूसरे को सिखाएंगे।”

इस अवसर पर केन्‍द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर रमेश चंद, सम्मेलन के अध्यक्ष प्रोफेसर मतीन कैम और डेयर के सचिव तथा आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक मौजूद थे।

अंतर्राष्ट्रीय कृषि अर्थशास्त्री संघ द्वारा आयोजित त्रिवार्षिक सम्मेलन 02 से 07 अगस्त 2024 तक आयोजित किया जा रहा है और यह 65 वर्षों के बाद भारत में हो रहा है।

इस वर्ष के सम्मेलन का विषय “ट्रांसफॉर्मेशन टुवर्ड्स सस्‍टेनेबल एग्री फूड सिस्‍टम्‍स” है। इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का क्षरण, बढ़ती उत्पादन लागत और द्वंद जैसी वैश्विक चुनौतियों को ध्‍यान में रखते हुए टिकाऊ कृषि की तरफ तत्काल ध्‍यान देना है। इस सम्मेलन में वैश्विक कृषि चुनौतियों के प्रति भारत के सक्रिय दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला जाएगा और देश के कृषि अनुसंधान और नीतिगत प्रगति को प्रदर्शित किया जाएगा।

आईसीएई 2024 मंच युवा शोधकर्ताओं एवं अग्रणी पेशेवरों को अपना काम प्रस्तुत करने और वैश्विक साथियों के साथ नेटवर्क बनाने की अनुमति देता है। इसका उद्देश्य अनुसंधान संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच साझेदारी को मजबूत करना, राष्ट्रीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर नीति निर्माण को प्रभावित करना और डिजिटल कृषि एवं टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों में प्रगति सहित भारत की कृषि प्रगति को प्रदर्शित करना है। सम्मेलन में लगभग 75 देशों के लगभग 1,000 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...