देश की न्यायिक व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगा एक जुलाई

कृष्णमोहन झा

आज एक जुलाई है। यह तारीख भारतीय लोकतांत्रिक और न्यायिक व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी। आज से ही देश में पुराने आपराधिक कानून को समाप्त करके नए आपराधिक कानूनों को लागू किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहले देश की संसद में इसका मसौदा पेश किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इसकी एक एक बात को सांसदों के समक्ष रखा। सदन ने जब इसे पास कर दिया, उसके बाद देश में यह कानून लागू होने जा रहा है।

पुराने आपराधिक कानूनों को निरस्त करना और नए कानूनों को अपनाना देश की वर्तमान वास्तविकताओं को दर्शाता है। भारतीय लोकाचार और संस्कृति को प्रतिबिंबित करने के लिए इन कानूनों का नाम बदला गया। जैसे कि भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 – पुरातन ब्रिटिश औपनिवेशिक युग से प्रस्थान का प्रतीक है, जिसमें सजा पर न्याय पर जोर दिया जाता है।

भारत सरकार ने जो तीन नए कानून भारतीय न्याय संहिता, 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक, 2023 बनाए हैं, इसका उद्देश्य राष्ट्र की अद्वितीय सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान की रक्षा करना तथा उसे पुष्ट करना है। अंग्रेज़ों द्वारा बनाए गए और अंग्रेज़ी संसद द्वारा पारित किए गए इंडियन पीनल कोड, 1860, क्रिमिनल प्रोसीजर कोड (1898), 1973 और इंडियन एवीडेंस एक्ट, 1872 कानूनों को सरकार ने समाप्त कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 15 अगस्त को देश के सामने रखे गए पांच प्रण में से एक प्रण यह भी था कि गुलामी की सभी निशानियों को समाप्त करना। आज के ये तीनों विधेयक एक प्रकार से मोदी के इस एक प्रण की अनुपालना करने वाले हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आजादी से पहले के बनाए गए कानून को निरस्त करके उसे नए सुधारों के साथ देश में लागू करने का मन बनाया है।

भारतीय न्याय संहिता विधेयक-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता विधेयक-2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक, 2023 को लेकर राज्यसभा में हुई चर्चा के बाद केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि हम इन पर अगस्त, 2019 से ही विचार-विमर्श, चर्चा, सलाह कर रहे थे। सिर्फ कानूनों के नाम नहीं बदले हैं, बल्कि इनके उद्देश्य के अंदर आमूलचूल परिवर्तन किया गया है। इन तीनों कानून का उद्देश्य दंड देने का नहीं है, बल्कि न्याय देने का है, इनमें न्याय का विचार है।  हमारे भारतीय विचार में न्याय एक प्रकार से अंब्रेला टर्म है। ‘न्याय’ शब्द में गुनाह करने वाला और विक्टिम, जिसको गुनाह के कारण भुगतना पड़ा है, दोनों को समाहित करके न्याय की एक संपूर्ण कल्पना है।

कई लोग सवाल उठाते हैं कि जब देश में कानून है, तो इन नये कानून की जरूरत क्या है? ऐसे लोगों को जवाब देते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि ऐसे लोगों को ‘स्वराज’ का मतलब ही मालूम नहीं है।  ‘स्वराज’ का मतलब ‘स्वशासन’ से नहीं होता है। ‘स्व’ शब्द सिर्फ ‘शासन’ से जुड़ा हुआ नहीं है। ‘स्वराज’ मतलब – ‘स्वधर्म’ को जो आगे बढ़ाए, वह ‘स्वराज’ है, ‘स्वभाषा’ को जो आगे बढ़ाए, वह ‘स्वराज’ है, ‘स्वसंस्कृति’ को जो आगे बढ़ाए, वह ‘स्वराज’ है और ‘स्वशासन’ को जो प्रस्थापित करे, वह ‘स्वराज’ है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने शासन परिवर्तन की लड़ाई नहीं लड़ी थी। महात्मा गांधी ने ‘स्वराज’ की लड़ाई लड़ी थी और आज तक आप 75 सालों में से करीब-करीब 60 साल तक सत्ता में बैठे, लेकिन ‘स्व’ को जागृत करने का काम नहीं किया। 2014 से नरेन्द्र मोदी ने इस देश की महान आत्मा को, ‘स्व’ को जागृत करने का काम किया है और वही आज भारत के उत्थान का कारण बना है।

इससे पहले 11 अगस्त,2023  को लोकसभा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री, अमित शाह ने भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023 लोकसभा में पेश किए था। अमित शाह के अनुसार, कानून में कुल 313 बदलाव किए गए हैं, जो भारत के क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में एक आमूलचूल परिवर्तन लाएंगे और किसी को भी अधिकतम 3 वर्षों में न्याय मिल सकेगा। खासतौर से इस कानून में महिलाओं और बच्चो का विशेष ध्यान रखा गया है, अपराधियों को सज़ा मिले ये सुनिश्चित किया गया है और पुलिस अपने अधिकारों का दुरुपयोग ना कर सके, ऐसे प्रावधान भी किए गए हैं। एक तरफ राजद्रोह जैसे कानूनों को निरस्त किया गया है, दूसरी ओर धोखा देकर महिला का शोषण करने और मॉब लिंचिग जैसे जघन्य अपराधों के लिए दंड का प्रावधान और संगठित अपराधों और आतंकवाद पर नकेल कसने का काम भी किया है। अमित शाह ने सदन में आश्वस्त किया कि 1860 से 2023 तक अंग्रेज़ी संसद द्वारा बनाए गए कानूनों के आधार पर इस देश का क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम चलता रहा। अब इन तीनों कानूनों की जगह भारतीय आत्मा के साथ ये तीन कानून स्थापित होंगे जिससे हमारे क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में बहुत बड़ा परिवर्तन आएगा।

15 अक्टूबर, 2022 को प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी ने विधि मंत्रियों और विधि सचिवों के अखिल भारतीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा था कि हमारे जैसे विकासशील देश में एक स्वस्थ समाज के लिए और आत्मविश्वास से भरे समाज के लिए एक भरोसेमंद और त्वरित न्याय व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया।  हर समाज में न्याय व्यवस्था और विभिन्न प्रक्रियाएं व परंपराएं समय अवधि की जरूरतों के अनुसार विकसित हो रही हैं। जब न्याय मिलता दिखाई देता है, तो संवैधानिक संस्थाओं के प्रति देशवासियों का भरोसा मजबूत होता है और जब न्याय मिलता है, तो आम आदमी का भरोसा बढ़ जाता है।
प्रधानमंत्री ने कहा था कि न्याय देने में देरी सबसे बड़ी चुनौती है और न्यायपालिका इस दिशा में पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। वैकल्पिक विवाद समाधान के तंत्र पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि यह लंबे समय से भारत के गांवों में बेहतर रूप में उपयोग में लाया गया है और अब इसे राज्य स्तर पर प्रचारित किया जा सकता है। हमें यह समझना होगा कि इसे राज्यों में स्थानीय स्तर पर न्यायिक व्यवस्था का हिस्सा कैसे बनाया जाए।

भारत के आपराधिक कानूनों में इन नए संशोधनों का उद्देश्य न्यायिक प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, और आधुनिक बनाना है। ये सुधार न्यायिक प्रक्रिया को तेज और अधिक न्यायसंगत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नए आपराधिक कानूनों के तहत, यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी नागरिकों को न्याय मिले और अपराधियों को उचित दंड मिले। इन सुधारों का उद्देश्य समाज में कानून और व्यवस्था को बनाए रखना और अपराधों को कम करना है।

नोट – लेखक वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक हैं।

पर्यावरण संरक्षण के लिए मध्यप्रदेश सरकार प्रदेशभर में पांच करोड़ पौधे रोपने जा रही है – डॉ. मोहन यादव

भोपाल : सोमवार, जुलाई 1, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम का हर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत सभी कार्यकर्ताओं को एक पेड़ लगाने का आह्वान किया है, इस अभियान का पर्यावरण संरक्षण में विशेष योगदान होगा। मध्यप्रदेश में आने वाले दिनों में साढ़े पांच करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें इंदौर में 51 लाख और भोपाल में 12 लाख पौधे रोपे जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना में मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री का ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान पर्यावरण संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा।मध्यप्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ता मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘मन की बात‘‘ कार्यक्रम को आज मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी 64523 बूथों पर सुना। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में बूथ स्तर पर पौधरोपण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा के बागमुगालिया मिसरोद मंडल के बूथ क्रमांक 302 स्थित विवेकानंद सामुदायिक भवन परिसर में “मन की बात“ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को सुना और पौधा रोपा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने पन्ना जिले के पन्ना नगर मंडल के वार्ड क्रमांक 25 के बूथ क्रमांक 211 में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व स्थानीयजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की “मन की बात“ कार्यक्रम को सुना और पौधरोपण किया। वहीं भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भोपाल मध्य विधानसभा के शाहपुरा मंडल के वार्ड क्रमांक 51 के बूथ क्रमांक 240 में “मन की बात“ कार्यक्रम सुनकर पौधरोपण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदेश भर में साढ़े पांच करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान के तहत भोपाल में 6 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर एक दिन में 12 लाख पौधे रोपेंगे। वहीं 7 से 14 जुलाई के मध्य इंदौर में 51 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही प्रदेश भर में पौधरोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान जन सहयोग से सफल होगा। आज मन की बात कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर बात की है। केंद्र सरकार के गठन के बाद पहले मन के बात कार्यक्रम को लेकर मैं कार्यक्रम की मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देता हूं। नरेन्द्र मोदी ने जब से प्रधानमंत्री पद का दाइत्व संभाला है, उसके बाद से कई नवाचार किये हैं। विविधताओं से भरे देश को एक साथ लाने और नवाचार के माध्यम से सकारात्मक विचार लाने में मन की बात कार्यक्रम की विशेष भूमिका है। आज हम सबने भी देखा है कि देश के बाहर भी योग कैसा होता है विदेशों में संस्कृत में भी लोग बात करते हैं तो संस्कृत को प्रोत्साहन देने का काम भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाता है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ जो अभियान का आह्वान किया है, वह मां को सम्मान देने के साथ पर्यावरण संरक्षण में क्रांति लाने का कार्य करेगा। आज भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी बूथों पर प्रधानमंत्री जी की मन की बात कार्यक्रम को सुना है और पौधरोपण भी किया है। मैं प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्तओं का आह्वान करता हूं कि जन सहयोग से एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सभी पौधरोपण करें। इस अभियान में जनता की सहभागिता भी होगी। प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू हुए ‘‘एक पेड़ मां के नाम‘‘ अभियान पर्यावरण संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा। मां के प्रति सम्मान व्यक्त करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान को शुरू करने के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

रविवार को मध्यप्रदेश के सभी बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम में उनके विचारों को सुना। भाजपा के सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने बूथों पर जाकर कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ मन की बात कार्यक्रम को सुना है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर पौधरोपण भी किया है। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, पन्ना में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व मंत्री व विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष ब्रजेंद्र मिश्रा एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सतानंद गौतम ने प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम सुना और पौधरोपण किया।

बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की ऐतिहासिक विजय में महत्वपूर्ण भूमिका, हर क्षेत्र का होगा विकास – विष्णुदत्त शर्मा

खजुराहो : सोमवार, जुलाई 1, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को खजुराहो लोकसभा के गुन्नौर और पवई विधानसभा के मतदाता और कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं ने भाजपा को तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से लोकसभा चुनाव में विजय दिलाई है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जाति के आधार पर लोगों को बांटकर देश में विष घोलने का कार्य किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पन्ना जिले के ग्राम बराछ और बिलघाड़ी पहुंचकर मतदाताओं को सम्मानित किया और भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम व मेहनत से भाजपा को यह ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार की उपलब्धियों और देश की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अटूट विश्वास से तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत मिला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश की आजादी के बाद नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले गैर कांग्रेसी पहले राजनेता हैं। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री के प्रति देश की जनता के अटूट विश्वास, प्रेम और आशीर्वाद से ही संभव हो सकी है। विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण के लिए पिछले दस वर्षों में देश के अंदर जो कार्य किया है व मध्यप्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने जो कार्य किए हैं उसकी वजह से मध्यप्रदेश में भाजपा ने सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर एक नया इतिहास बनाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने मध्यप्रदेश में सभी सीटें जीतने का जो इतिहास बनाया है, इसके पीछे भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, लगन व परिश्रम है। भाजपा के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर घर-घर संपर्क किया और भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को बताईं, इसी का परिणाम है लोकसभा में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी करारी हार को देखते हुए चुनाव अभियान शुरू होने से पहले ही मध्यप्रदेश सहित देशभर में कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने देश की जनता को जातियों में बांटकर समाज में विष घोलने का कार्य किया है। कांग्रेस हमेशा से छल-कपट की राजनीति करती आई है। इस लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने झूठ बोला कि भाजपा को 400 सीटों पर विजय मिल जाएगी तो भाजपा सरकार संविधान बदल देगी। लोगों को जातियों में बांटकर समाज में जिस तरह से कांग्रेस पार्टी ने विष घोलने का कार्य किया है, जिसे सभ्य समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा। देश की जनता कांग्रेस को इस कृत्य के लिए कभी माफ नहीं करेगी। मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस की इस षड्यंत्रकारी राजनीति को नहीं चलने दिया और प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपना बूथ सबसे मजबूत और बूथ जीतने के संकल्प को लेकर कार्य किया है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश की 29 सीटों पर पार्टी को प्रचण्ड विजय मिली है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रत्येक बूथ पर पार्टी प्रत्याशी बनकर चुनाव लड़ा है और आज यह ऐतिहासिक दिन आया है। हर बूथ पर कार्यकर्ताओं ने जो अथक मेहनत व परिश्रम से पार्टी को विजय दिलाई है, उसकी आज देशभर में प्रशंसा हो रही है। मध्यप्रदेश की जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर इतना विश्वास ही है कि किसी भी अन्य पार्टी को कोई मौका नहीं दिया। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा पर कार्य करती है। आप सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का मैं एक बार फिर हृदय से आभार प्रकट करता हूं और अभिनंदन करता हूं। भाजपा के हर कार्यकर्ता का पूरा सम्मान रखा जाएगा और खजुराहो लोकसभा सहित समूचे मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र का समुचित विकास किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राजेश वर्मा, प्रहलाद लोधी, जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश चतुर्वेदी, सतानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मीनाराजे परमार, पूर्व विधायक गौरेलाल अहिरवार, फुंदर चौधरी, शिवदयाल बागरी सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश में अंतर्राज्यीय सीमाओं पर संचालित परिवहन जाँच चौकियों का संचालन आज से बंद

भोपाल : सोमवार, जुलाई 1, 2024/ राज्य शासन द्वारा अंतर्राज्यीय सीमाओं पर संचालित परिवहन जाँच चौकियों का संचालन एक जुलाई से बंद होने के आदेश जारी किये गये हैं। जारी आदेश में राज्य में अंतर्राज्यीय सीमाओं पर संचालित परिवहन जाँच चौकियों के स्थान पर गुजरात जैसी व्यवस्था लागू की जाये और रोड सेफ्टी एण्ड इंफोर्समेंट चेकिंग प्वाइंट की व्यवस्था की कार्रवाई प्रारंभ की जाये।।

सचिव, परिवहन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मोटरयान अधिनियम के तहत प्रथम चरण में 45 चेक प्वाइंट बनाये जायें। चेक प्वाइंट के संचालन के लिये उपकरणों आदि की व्यवस्था में लगने वाले समय को दृष्टिगत रखते हुए जिला परिवहन कार्यालयों के प्रवर्तन अमले एवं गृह विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये होमगार्ड्स को शामिल किया जाये। मोबाइल यूनिट के माध्यम से पारदर्शिता के साथ रोड सेफ्टी एवं राज्य के राजस्व को दृष्टिगत रखते हुए चेक प्वाइंट्स पर की जाने वाली कार्रवाई प्रारंभ की जाये। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि चेक प्वाइंट के संचालन की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण की जाये।

पानी की एक-एक बूंद का मध्यप्रदेश और राजस्थान में उपयोग होगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : सोमवार, जुलाई 1, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावना के अनुरूप आज चंबल-पार्वती-कालीसिंध की जल-धाराओं का मध्यप्रदेश और राजस्थान के लिए उपयोग का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। दोनों राज्यों के बीच परियोजना के क्रियान्वयन के लिए एमओयू हुआ है। इस समझौते के कारण ही मुरैना, ग्वालियर,श्योपुर, राजगढ़ सहित 13 जिलों में पेयजल और सिंचाई की सुविधाएं बढ़ाई जा सकेंगी। पानी की एक-एक बूंद का राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में उपयोग होगा, जिससे दोनों राज्यों के विकास में नई इबारत लिखी जायेगी। यह 72 हजार करोड़ रूपये की योजना है। यह दिन मध्यप्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह नवाचार भी है साथ ही हमारे देश की संघीय भावना का प्रकटीकरण भी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में पार्वती-कालीसिंध-चम्बल अंतर्राज्यीय नदी लिंक परियोजना के क्रियान्व्यन के लिए संयुक्त पहल के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्वती-कालीसिंध-चम्बल अंतर्राज्यीय नदी लिंक परियोजना के कार्यान्व्यन के लिए संयुक्त पहल का कुशाभऊ ठाकरे सभागार में दीप प्रज्जवलित कर एवं नदियों के पवित्र जल को कलश में समाहित किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्यों के हित होते हैं, लेकिन देश हित से बड़ा कोई हित नहीं हो सकता है। प्रधानमंत्री मोदी की भावना के अनुरूप यह कार्य हुआ है। उनकी मूल भावना यही है कि लगातार राज्य अपनी समस्याओं का हल निकालें। विशेष रूप से जल के बटवारे के मामलो को सुलझाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश और राजस्थान को भरपूर राशि दे रहे हैं। दोनों राज्यों के बीच जल समस्या के हल से पर्यटन के क्षेत्र में भी विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। विशेष रूप से चंबल, श्योपुर और रणथंभोर में पर्यटन की संभावना अधिक है। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने रेगिस्तान में भी पर्यटन को विकसित कर दिया है। हमारे यहां धार्मिक पर्यटन की बड़ी संभावना है। भगवान श्रीकृष्ण का पाथेय बने, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से ओंकारेश्वर-महाकालेश्वर मध्यप्रदेश में ही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। खनिज सम्पदा के लिए भी हम एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे। आयुर्वेद की संभावना मध्यप्रदेश-राजस्थान में है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में भी एक दूसरे का सहयोग करेंगे। अफीम की खेती का लाभ किसानों को दिलाने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि वन्य जीवों की सुरक्षा दोनों राज्य मिलकर करेंगे। पर्यटन और रोजगार आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान की इस योजना को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी की भावना को मूर्तरूप देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हमारी साझा नीति दोनों प्रदेशों को आगे बढ़ाने की है। इस परियोजना के पूरा होने से दोनों प्रदेशों की उन्नति होगी । राज्य और केंद्र मिलकर इस परियोजना को आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में वर्तमान में स्थिति बदली है। पहले सीमित संसाधन थे। राजस्थान के 13 जिले और इतने ही जिले मध्यप्रदेश के इस परियोजना से लाभ प्राप्त करेंगे। इस योजना से दोनों प्रदेशों को लाभ होगा साथ ही आपसी रिश्ते भी सुदृढ़ होंगे। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इसके अतिरिक्त कुछ योजनाएं मध्यप्रदेश और राजस्थान दोनों मिलकर आगे बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण राजस्थान में भी आए थे। राजस्थान और मध्यप्रदेश के अंदर खाटू श्याम से महाकाल तक कॉरीडोर बनाने के प्रयास होंगे। इससे राजस्थान- मध्यप्रदेश के अंदर पर्यटक और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी। स्थापत्य कला को भी देखने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में श्रीअन्न (मोटा अनाज) को बढ़ावा देने के प्रयास होंगे। इन योजनाओं से जल का स्तर बढ़ेगा। किसानों को लाभ पहुंचेगा। पीने का पानी भी नागरिकों को मिलेगा। रणथंभोर से टाइगर मध्यप्रदेश आ जाते हैं। इसी तरह मध्यप्रदेश से चीते राजस्थान में पहुंच जाते हैं। वन्य-प्राणियों के संरक्षण और पर्यटन के लिए योजना बनाई जाएगी।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना मध्यप्रदेश के लिए बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव के प्रयासों से यह सौगात पूरी होगी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल का संकल्प अब पूरा होने जा रहा है। वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर में सिंचाई का लक्ष्य है। इस परियोजना से लगभग 4 लाख हेक्टयर में सिंचाई होगी। राजस्थान में 2 लाख 80 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि परियोयजना से रोजगार के द्वार खुलेंगे।

कार्यक्रम में महापौर मालती राय, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, राजस्थान के अपर मुख्य सचिव अभय कुमार, जन प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के मध्य सहयोग के बिन्दु – पर्यटन क्षेत्रों का संयुक्त विकास। श्री कृष्ण पाथेय कृष्ण गमन पथ निर्माण। खाटू-श्याम जी, नाथद्वारा, उज्जैन, ओंकारेश्वर के मध्य वन्दे भारत ट्रेन/ इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया जाए। राजस्थान मध्यप्रदेश की खनन नीति को अपना कर राजस्व में वृद्धि कर सकता है। बजरी का प्रयोग बंद कर स्टोन डस्ट और एम सैण्ड के उपयोग को बढ़ावा। आयुर्वेद/आयुष/ पंचकर्म पर्यटन को बढ़ावा देने के संयुक्त प्रयास। मध्यप्रदेश पर्यटन की होटल आऊटसोर्सिंग पॉलिसी को राजस्थान अपना सकता है। अफीम/डोडा चूरा से जुड़े अपराधियों का डेटा बेस साझा किया जाए एवं नीलामी पॉलिसी में एकरूपता लाई जाए। दोनों राज्यों की सीमा पर स्थित मेडिकल कॉलेज की स्थिति/ दूरी का युक्ति युक्तकरण किया जाए। कूनो से लगे राजस्थान के वन क्षेत्रों को मिलाकर एक संयुक्त बड़ा राष्ट्रीय पार्क बनाया जाए।

 

 

भारतीय न्याय प्रणाली को अंग्रेजों के बनाए कानून से मिली मुक्ति, न्याय केंद्रित हैं तीनों नए आपराधिक कानून, आज से होंगे लागू

भोपाल : सोमवार, जुलाई 1, 2024/ देशभर में आज (1 जुलाई) से भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की जगह भारतीय न्याय संहिता (BNS),क्रिमिनल प्रोसीजर कोड की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और एविडेंस एक्ट की जगह भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) लागू हो चुका है। नए कानूनों के लागू होने को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस भी पूरी तरह तैयार है। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन तीनों कानूनों का उद्देश्य विभिन्न अपराधों और उनकी सजाओं को परिभाषित कर देश में आपराधिक न्याय प्रणाली को पूरी तरह से बदलना है। नए कानून लागू होने से भारत की न्याय प्रणाली आईपीसी के तहत अंग्रेजों द्वारा बनाए गए औपनिवेशिक कानूनों से मुक्त हो चुकी है। इस संबंध में रविवार शाम पुलिस मुख्‍यालय भोपाल में प्रेस कॉंफ्रेंस आयोजित की गई जिसमें एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जयदीप प्रसाद ने विस्‍तृत जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि ये कानून दंड नहीं बल्कि न्‍याय केन्द्रित है।

देशभर में आज (1 जुलाई) से लागू नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। इस अवसर पर प्रदेश के सभी पुलिस थाना क्षेत्रों और जिला मुख्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर नए कानूनों का क्रियान्वयन किया जाएगा। जिले के कार्यक्रम में वहां के पुलिस अधीक्षक, जनप्रतिनिधि सहित जिले के बुद्धिजीवी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। कुछ स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने ढोल-नगाड़े से भी स्वागत की तैयारी की है। थाना क्षेत्र में किसी भी उपयुक्त जगह पर कार्यक्रम होगा। इसमें सेवानिवृत पुलिस अधिकारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजन को नए कानूनों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नए कानूनों के संबंध में प्रदेशभर में 60 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया है। उन्हें बदलावों के संबंध में बताया गया है। इसके अतिरिक्त सॉफ्टवेयर में किस तरह से एंट्री की जानी है, साक्ष्य कैसे एकत्र किए जाने हैं, इन सभी बिंदुओं के बारे में भी पुलिसकर्मियों को जानकारी दी गई है। प्रदेश पुलिस ने 31 हजार से अधिक विवेचकों को प्रशिक्षित किया है। इसके साथ ही सीसीटीएनएस में भी नए कानूनों से संबंधित बदलाव कर लिए गए हैं, जो 30 जून की रात 12 बजे से प्रभावी हो चुके हैं। सभी जिलों में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) का संचालन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भी बताया गया है कि वह दैनिक रिपोर्ट सीसीटीएनएस में किस तरह अंकित करें।

नए कानूनों में महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के लिए सख्त सजा के प्रावधान किए गए हैं। प्रस्तावित भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 में पहला अध्याय अब महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध से संबंधित सजा के प्रावधानों से संंबंधित है। इन प्रावधानों के अनुसार जहां बच्चों से अपराध करवाना व उन्हें आपराधिक कृत्य में शामिल करना दंडनीय अपराध होगा वहीं नाबालिग बच्चों की खरीद-फरोख्त जघन्य अपराधों में शामिल की जाएगी। नाबालिग से गैंगरेप किए जाने पर आजीवन कारावास या मृत्युदंड का प्रावधान है। नए कानूनों के अनुसार पीड़ित का अभिभावक की उपस्थिति में ही बयान दर्ज किया जा सकेगा। इसी प्रकार नए कानूनों में महिला अपराधों के संबंध में अत्यंत सख्ती बरती गई है। इसके तहत महिला से गैंगरेप में 20 साल की सजा और आजीवन कारावास, यौन संबंध के लिए झूठे वादे करना या पहचान छिपाना भी अब अपराध होगा। साथ ही पीड़िता के घर पर महिला अधिकारी की मौजूदगी में ही बयान दर्ज करने का भी प्रावधान है। इस प्रकार नए कानून में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध घटित करने वालों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कड़ी सजा के प्रावधान हैं।

अदालतों में पेश और स्वीकार्य साक्ष्य में इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल रिकॉर्ड, ईमेल, सर्वर लॉग, कंप्यूटर, स्मार्टफोन, लैपटॉप, एसएमएस, वेबसाइट, स्थानीय साक्ष्य, मेल, उपकरणों के मैजेस को शामिल किया गया है। केस डायरी, एफआईआर, आरोप पत्र और फैसले सहित सभी रिकॉर्ड का डिजिटलीकरण किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल रिकॉर्ड का कानूनी प्रभाव, वैधता और प्रवर्तनीयता कागजी रिकॉर्ड के समान ही होगी। अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये भी न्यायालयों में पेशी हो सकेगी। अब 60 दिन के भीतर आरोप तय होंगे और मुकदमा समाप्त होने के 45 दिन में निर्णय देना होगा। वहीं सिविल सेवकों के खिलाफ मामलों में 120 दिन में निर्णय अनिवार्य होगा। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के अंतर्गत मामलों की तय समय में जांच, सुनवाई और बहस पूरी होने के 30 दिन के भीतर फैसला देने का प्रावधान है। इसी प्रकार छोटे और कम गंभीर मामलों के लिए समरी ट्रायल अनिवार्य होगा। नए कानूनों में पहली बार अपराध पर हिरासत अवधि कम रखी जाने व एक तिहाई सजा पूरी करने पर जमानत का प्रावधान है। साथ ही किसी भी शिकायतकर्ता को 90 दिन में जांच रिपोर्ट देना अनिवार्य होगा और गिरफ्तार व्यक्ति की जानकारी भी सार्वजनिक करनी होगी।

ई-एफआईआर के मामले में फरियादी को तीन दिन के भीतर थाने पहुंचकर एफआईआर की कॉपी पर साइन करने होंगे। नए बदलावों के तहत जीरो एफआईआर को कानूनी तौर पर अनिवार्य कर दिया है। फरियादी को एफआईआर, बयान से जुड़े दस्तावेज भी दिए जाने का प्रावधान किया गया है। फरियादी चाहे तो पुलिस द्वारा आरोपी से हुई पूछताछ के बिंदु भी ले सकता है। यानी वे पेनड्राइव में अपने बयान की कॉपी ले सकेंगे। इस प्रकार नए कानूनों में आमजन को बहुत सारे लाभ प्रदान किए गए हैं।

 

अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुआ तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था

जम्मू : रविवार, जून 30, 2024/ अमरनाथ यात्रा के पहले दिन कल कड़ी सुरक्षा के बीच 13 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने दक्षिण कश्मीर हिमालय में अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन किए। अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का तीसरा जत्था आज रविवार सुबह जम्मू से सुरक्षा काफिले में घाटी के लिए रवाना हुआ। 6619 यात्रियों का तीसरा जत्था 319 वाहनों के दो सुरक्षा काफिले में जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुए।

6619 यात्रियों में से 3,838 यात्री सुबह 4 बजे वाहनों में सवार होकर पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना जबकि 2,781 यात्री सुबह 4.30 बजे वाहनों में सवार होकर बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए। दोनों काफिलों को सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षा प्रदान की जा रही है। इस जत्थे में 5 हजार 143 पुरुष, 1 हजार 141 महिलाएं, 18 बच्चे, 241 साधु और 76 साध्वी शामिल हैं। इसके साथ ही जम्मू आधार शिविर से अमरनाथ गुफा के लिए रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 15 हजार 251 हो गई है।

इस वर्ष की यात्रा के दौरान 7000 से अधिक सेवादार स्वयंसेवक तीर्थयात्रियों की सेवा कर रहे हैं। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने 3 जुलाई से अतिरिक्त ट्रेनें जोड़ने का फैसला किया है। दोनों मार्गों पर तीर्थयात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

इससे पहले पीएम मोदी आज रविवार को मन की बात के 111 वें एपिसोड में अमरनाथ यात्रा पर गए सभी श्रद्धालुओं को अपनी शुभकामनाएं दी उन्होंने बाबा बर्फानी से सबके कल्याण के लिए प्रार्थना की और आशा की कि सभी सुरक्षित पूर्वक अपनी यात्रा सम्मन्न करें।

 

 

 

विधायक भगवानदास सबनानी ने किया स्कूल का निरीक्षण

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शा.नवीन प्राथमिक शाला रोशनपुरा में कल विधायक भगवानदास सबनानी द्वारा निरीक्षण किया गया। सबनानी ने शिक्षा विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ स्कूल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सामुदायिक भवन में चल रहे शासकीय नवीन प्राथमिक शाला रोशनपुरा की जर्जर हालत देखकर विधायक द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी अंजनी त्रिपाठी डीपीसी ओ.पी शर्मा एवं नगर निगम के अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव, शिशुबिंदु सिंह, राजीव सक्सेना को तत्काल स्कूल की स्थिति में सुधार कर बारिश के मद्देनजर स्कूल की मरम्मत प्राथमिकता से करने या स्कूल को अन्य भवन में स्थानांतरित करने के लिए निर्देशित किया, उन्होंने स्कूल के पास हुए अतिक्रमण हटाने को लेकर भी निर्देश दिये।

इस मौके पर क्षेत्र का भ्रमण कर जनता की समस्याओं के निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के समय क्षेत्र की जनता और पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे! भाजपा जिला उपाध्यक्ष शंकर मकोरिया,जिला सह कार्यालय मंत्री राजू अनेजा, ज़ोन अध्यक्ष आरती अनेजा, मण्डल अध्यक्ष पारस नरवरिया,श्रीमती आशा रामोसी,सरोज बाथम, राजमंगल कश्यप, मोहन राठौर, सुरेंद्र राठौर आदि उपस्थित रहे।

नर्सिंग घोटाले में संलिप्त दोषी मंत्री और अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रहीं है बीजेपी सरकार : युवा कांग्रेस

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ मध्यप्रदेश का बहुचर्चित नर्सिंग घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस लगातार प्रदेश-भर में प्रदर्शन कर रहीं है, इसी क्रम में रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के राजीव गांधी सभागार में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह यादव ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने मध्यप्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में नर्सिंग कालेज महाघोटाले की वजह से लाखों नर्सिंग छात्र छात्राओं का भविष्य अधर में लटका हुआ हैं।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह ने कहा कि तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के कार्यकाल में इतने बड़े घोटाले को अंजाम दिया गया है, और वो आज भी मंत्री पद पर बने हुए हैं। मुख्यमंत्री को तुरंत ऐसे दागी मंत्री को बर्खास्त करने की अनुशंसा करनी चाहिए।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान, तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा आयुक्त निशांत बरबड़े समेत विभाग के उन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी तुरंत निलंबित करने एवं उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है, जिन्होंने इस प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की है।

मितेंद्र दर्शन सिंह ने नर्सिंग काउंसिल के दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति और रजिस्ट्रार को तुरंत पद से हटाने की भी मांग की है।

मितेन्द्र दर्शन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में परचूनी की दुकान की तरह फर्जी नर्सिंग कालेज खोल दिए गए हैं जिसके कारण प्रदेश के लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। ऐसे फर्जी कालेजों पर सरकार को अध्यादेश लाना चाहिए और दोषियों पर कठोर कार्यवाही करके पर्ची वाले मुख्यमंत्री को नजीर पेश करनी चाहिए।

मितेन्द्र दर्शन सिंह ने कहा कि ऐसे फर्जी कालेज, जो जांच में अपात्र पाए गए हैं वहां पढ़ रहे छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए अन्य पात्र कालेजों में स्थानांतरण करने की व्यवस्था बनाने की भी मांग सरकार से की है।

मितेंद्र दर्शन सिंह ने कहा कि मप्र में शासकीय नर्सिंग कालेजों में 2022 में प्रवेश के लिए प्री-नर्सिंग सिलेक्शन टेस्ट (पीएनसीटी) की परीक्षा जुलाई 2023 में आयोजित करवाई गई थी, जिसमें 66 हजार विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, लेकिन आजतक उसका परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया गया है, वहीं शासकीय नर्सिंग कालेजों से पढ़ाई करने वाले छात्राओं को पढ़ाई के बाद नियम अनुसार शासकीय नौकरी दी जाना थी। लेकिन 18 महीने बीतने के बाद भी उनको ज्वाइनिंग नहीं दी गई। सभी तरफ से छात्र छात्राएं परेशान हैं। इस पर भी सरकार को प्राथमिकता से ध्यान देने की मांग की है।

 

गड़बड़ी रोकने इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों पर लगेंगे पेपर स्टॉम्प – खाद्य मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत

भोपाल : रविवार, जून 30, 2024/ इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों पर सत्यापन पश्चात उसमें किसी भी प्रकार की हेराफेरी न हो एवं तौल उपकरण की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने के उदेश्य से तौल उपकरणों के मुद्रांकन में पेपर सील का उपयोग किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों पर सत्यापन स्टाम्प लगाये जाने के लिये पूर्व प्रक्रिया के साथ-साथ पेपर सील का भी उपयोग किया जाएगा। पेपर स्टॉम्प बनाये जाने के लिये ऐसी पेपर सामग्री का उपयोग किया जाएगा जो आसानी से कटे-फटे नहीं एवं पानी या तेल लगने पर खराब न हो। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण पर चिपकाने वाले पेपर स्टॉम्प का उपयोग किया जायेगा।

मंत्री राजपूत ने बताया है कि पेपर स्टॉम्प को तौल उपकरण पर चिपकाने के लिये ऐसा गोंद इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे पेपर स्टॉम्प एक बार तौल उपकरण पर चिपकाने के पश्चात् बिना कटे-फटे न निकल सके। इसके अलावा प्रत्येक पेपर स्टाम्प पर मध्यप्रदेश शासन का लोगो अंकित किया जाएगा।

विभाग द्वारा इस नवाचार को अपनाने के लिए मंत्री राजपूत के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों की एक 5 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति ने इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्रों पर पेपर स्टॉम्प लगाये जाने की अनुशंसा की है।

मंत्री राजपूत ने बताया कि प्रदेश के व्यापारियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों का निरंतर उपयोग किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों पर मुद्रांकन के लिये उपयोग में लाई जाने वाली सत्यापन प्लेट में एकरूपता नहीं है। मुद्रांकन के लिए उपयोग में लाई जाने वाली सत्यापन प्लेट के निर्धारित प्रारूप नहीं होने से इसकी प्रमाणिकता निर्धारित करना संभव नहीं है।

बाजार में उपलब्ध एवं अनुज्ञप्तिधारकों द्वारा छपाई जाने वाली सत्यापन प्लेटों में कोई भी निगरानी तंत्र न होने से बडे स्तर पर विभागीय राजस्व की चोरी होने और नकली मुद्राओं के द्वारा स्टॉम्प करने की संभावना हमेशा बनी रहती है। राज्य के बाहर से आने वाले तौल यंत्रों के और राज्य के भीतर निर्मित होने वाले तौल उपकरणों पर लगी स्टॉम्प को पहचानना संभव नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरणों पर स्टॉम्प लगाने एवं सीलिंग का मुख्य उद्देश्य तौल उपकरणों की प्रमाणिकता को बनाये रखना और सत्यापन पश्चात उसमें किसी भी प्रकार की हेराफेरी को रोकना है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...