जम्मू और कश्मीर से आतंकवाद के सफाये के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी – अमित शाह

नई दिल्ली : सोमवार, जून 17, 2024/ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जम्मू और कश्मीर में सुरक्षा परिदृश्य पर कल नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे,केन्द्रीय गृह सचिव, निदेशक, आसूचना ब्यूरो, सेनाध्यक्ष (नामित) लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs)के महानिदेशक, जम्मू और कश्मीर के मुख्य सचिव एवंपुलिस महानिदेशक सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने एजेंसियों को जम्मू में एरिया डॉमिनेशन प्लान और ज़ीरो टेरर प्लान के माध्यम से कश्मीर घाटी में हासिल की गई सफलताओं को दोहराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इनोवेटिव तरीकों से आतंकियों पर कार्यवाही कर एक मिसाल बनाने के लिए कटिबद्ध है। गृह मंत्री ने सभी एजेंसियों को मिशन मोड में काम करने और समन्वित तरीके से त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर बल दिया। अमित शाह ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई निर्णायक दौर में है।

अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के बीच निर्बाध समन्वय पर जोर देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और उनकी सुरक्षा चिंताओं पर ध्यान देने पर ज़ोर दिया। गृह मंत्री ने स्थानीय खुफिया नेटवर्क को मजबूत करने, सुरंगों का पता लगाने और ड्रोन का मुकाबला करने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को भारत सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए गृह मंत्री ने कहा, जम्मू और कश्मीर से आतंकवाद के सफाये के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत सरकार के प्रयासों से कश्मीर घाटी में आतंकी घटनाओं में महत्वपूर्ण कमी के साथ-साथ बड़े पैमाने पर सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।उन्होंने कहा कि कश्मीर में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटकों का आना वहांकानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार को दिखाता है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने जम्मू और कश्मीर में रिकॉर्ड मतदान के साथ लोकसभा चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जम्मू और कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की।

 

प्रदेश में हरियाली अमावस्या तक साढ़े 5 करोड़ पौधे रोपित करने का लक्ष्य

उज्जैन : सोमवार, जून 17, 2024/ वर्षाकाल में हरियाली अमावस्या तक प्रदेश में कुल साढ़े 5 करोड़ पौधे रोपित किये जायेंगे। यह बात मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कल गंगा दशमी के अवसर पर दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के समापन अवसर पर रामघाट पर आयोजित समारोह में कही। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, यात्रा संयोजक महन्त रामेश्वरदास महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, रमेश मेंदोला, महापौर मुकेश टटवाल, महापौर इन्दौर पुष्यमित्र भार्गव, सभापति कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमला कुंवर, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, मां शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के अध्यक्ष नरेश शर्मा, संभागायुक्त संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, निदेशक महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ श्रीराम तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि जल संरचनाओं के संरक्षण का संकल्प साकार हो रहा है। हमारा उद्देश्य है कि प्रदेश की नदियां एवं जलाशय और अन्य जल स्त्रोत संरक्षित होकर प्रदूषणमुक्त रहें। प्रदेश में चले जल गंगा संवर्धन अभियान में 5 जून से आज तक 28 करोड़ लागत से शहरी क्षेत्र में 2700 से अधिक एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 26 करोड़ रुपये लागत से 2300 से अधिक संरचनाओं का निर्माण एवं जीर्णोद्धार हुआ है। उज्जैन के शहरी क्षेत्र की जल संरचना का भी सुधार कार्य हुआ है, जिसके बाद वह सुन्दर नजर आयेगी। प्रदेश में 212 नदियों का संरक्षण करने का संकल्प लिया गया है, जिसमें उद्गम से लेकर अन्तिम छोर तक संरक्षण का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जल संरचनाओं के निकट पौधरोपण किया जायेगा। ग्वालियर के लोगों की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के नागरिकों ने जन-सहभागिता कर जल संरचना का उद्धार किया है। अब इस संरचना में पांच करोड़ लीटर जल संग्रहण होने की संभावना है। इसी तरह सागर के ताल के सम्बन्ध में भी उन्होंने अवगत कराया।

वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने कहा कि उज्जैन का सिंहस्थ विश्व में अपना स्थान रखता है। सिंहस्थ के लिये 20 हजार करोड़ रुपये लागत से खंडवा, उज्जैन सहित अन्य नगरों में कार्य कराये जायेंगे। देवालयों से हमें आशीर्वाद और जीवन में संस्कार मिलते हैं। संकल्पों की सिद्धि भी देवालयों से प्राप्त होती है और आनन्द की अनुभूति भी होती है। देवालयों के संरक्षण और मरम्मत के कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि इन्दौर की महारानी माता अहिल्या ने पूरे देश में देवालयों का निर्माण कराया। एक महिला शासिका होकर उन्होंने मन्दिर बनवाये। इसी तरह उन्होंने गोंडवाना राज्य की रानी दुर्गावती की वीरता के किस्से भी सुनाये। इस मौके पर उन्होंने बताया कि प्रदेश में पीएमश्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरूआत हुई है। आयुष्मान कार्डधारी एवं जिसकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है, को भी हवाई एम्बुलेंस की सेवा नि:शुल्क देने की योजना से मुख्यमंत्री ने अवगत कराया। हवाई एम्बुलेंस की सेवा सभी के लिये रहेगी। आयुष्मान कार्डधारी के अलावा अन्य इस सेवा का उपयोग शुल्क का भुगतान कर सकते हैं।

इस अवसर पर प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गंगा दशहरा पर्व को भव्य, पावन और अलौकिक रूप प्रदान किया हैं। रामघाट पर चारों ओर एक नई आभा नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जल संरचनाओं के संरक्षण का अद्भुत कार्य किया गया। हमारे पुरातात्विक और ऐतिहासिक धरोहर सहजने और संवारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण दिवस पर सभी से आव्हान किया कि अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगायें। इस प्रकार पूरे देश में 140 करोड़ पौधे लगेंगे। इंदौर ने भी वृहद स्तर पर 51 लाख से अधिक पौधरोपण करने के लक्ष्य निर्धारित किया हैं। उज्जैन भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर अपने क्षेत्र को हरियाली से आच्छादित करने की योजना बनायें, ताकि आने वाले सिंहस्थ में श्रद्धालु लगाये गये पेड़ों की छाया में बैठ सकेंगे। उन्होंने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में कार्य करने के लिये साधुवाद दिया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा मध्य प्रदेश में पहली बार सैटेलाइट मैपिंग के साथ उज्जैन की नदियों के वैज्ञानिक विश्लेषण पर आधारित ग्रंथ ‘शिप्रा अमरता का आह्वान’ लेखक निदेशक महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ श्रीराम तिवारी, शिप्रा अमृतसम्भवा, सदानीरा (जल का उत्सव) पुस्तकों एवं हैदराबाद के भरत चौधरी की सदानीरा-अंबुनी ऑडियो- वीडियो सीडी का विमोचन किया गया। समाचार पत्र दैनिक भास्कर की वैभवशाली उज्जैन के महाकाल की गौरव गाथा पुस्तक का भी विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गंगा दशहरा पर्व पर सपत्नीक मां शिप्रा की विधि विधान से पूजन-अर्चन कर आरती की और मां शिप्रा के रामघाट पर दोनों तटों से 350- 350 फीट की 2 चुनरी ओढ़ाई। इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। इस अवसर पर मां शिप्रा के जयकारों से पावन रामघाट गुंजायमान हो रहा था। पूजा-अर्चना पं.गौरव उपाध्याय द्वारा कराई गई। पंडित गौरव उपाध्याय और उनके दल द्वारा मुख्यमंत्री डॉ यादव को रामचरित मानस एवं बाबा महाकाल का चित्र भेंट किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस अवसर पर कीर्तन एवं हरिकथा के माध्यम से श्रीनाथ परम्परा के प्रचार-प्रसार के अद्वितीय प्रयासों के लिए संत बालकृष्ण वासुदेव नाथ ढोली बुवा महाराज का सम्मान किया गया। इसी तरह ग्राम निनौरा की सीताबाई, जिन्होंने जल को संरक्षित करने के उद्देश्य से अपनी स्वयं की पांच बीघा भूमि बेचकर ग्राम निनोरा में शिप्रा नदी किनारे घाट निर्माण कार्य किया, जिन्हें मंच से सम्मानित किया गया। इसी तरह शिप्रा मैया एवं मानव सेवा करने के लिए दीपक कहार को भी सम्मानित किया गया।

 

प्रदेश में लोक और शास्त्रीय कलाओं का समृद्ध कोष : मंगुभाई पटेल

भोपाल : सोमवार, जून 17, 2024/ राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि मध्यप्रदेश कला-संस्कृति से समृद्ध प्रदेश है। भोपाल कला संस्कृति और गंगा-जमुनी तहज़ीब की नगरी है। यहाँ लोक कलाओं से लेकर शास्त्रीय कलाओं का बहुत ही समृद्ध कोष है। कलांजलि महाकला उत्सव जैसे आयोजन कला अभिव्यक्ति के साथ समाज और संस्कृति के रचनात्मक और सृजनात्मक पक्ष को प्रतिबिम्बित करने का अवसर देते है।

राज्यपाल पटेल रविन्द्र भवन में आयोजित कलांजलि महाकला उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में भोपाल शहर के विद्वान कलाकारों को मंच से सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रख्यात भरतनाट्यम गुरू पद्मश्री मनु मास्टर और ध्रुपद गायक पद्मश्री उन्मुक्त गुन्डेचा मौजूद थे।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि कलाएं हमारे अंदर के उत्कृष्ट गुणों से हमारा साक्षात्कार कराती है। जीव-जगत-प्रकृति और मातृभूमि के प्रति प्रेम एवं कर्तव्य का भाव जगाती है। हम सभी को आत्मिक आनंद प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि भौतिकवादी और डिजिटल दुनिया में शास्त्रीय नृत्य, संगीत, चित्रकला जैसी ललित कलाएं ही मन की कोमल भावनाओं के लिए ऑक्सीजन का काम करती हैं।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के उत्कर्ष में आर्थिक, राजनैतिक और सामरिक विकास के साथ सांस्कृतिक समृद्धि भी बहुत जरूरी होती है। कलाओं के परिचय, प्रदर्शन और महत्व के प्रचार-प्रसार से वर्तमान और भावी पीढ़ी देश की समृद्ध प्राचीन सांस्कृतिक विरासतों से परिचित होती है। उन्होंने युवा कलाकारों को शास्त्रीय कला के महत्व और मूल्य बोध से परिचित कराने के कलांजलि संस्था के उद्देश्य एवं नन्ही प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। पटेल ने कहा कि शास्त्रीय कलाओं और कलाकारों से सजा यह कला महासंगम भारत देश की समृद्ध कला संस्कृति के संरक्षण और संर्वधन की मिसाल बने। उन्होंने भोपालवासियों से अपील की है कि उत्सव में आए कलाकारों, कला के साधकों और कला चिन्तकों को अपनी उपस्थिति से उत्साहपूर्ण समर्थन और प्रोत्साहन दें।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन और नटराज प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर किया। उन्होंने संस्थान की गतिविधियों पर आधारित प्रकाशन वाङ्मय का लोकार्पण किया। पटेल का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन कलांजलि संस्था के अध्यक्ष प्रदीप कृष्णन ने दिया। पद्मश्री मनु मास्टर ने गुरू शिष्य परम्परा की महानता और महत्ता पर प्रकाश डाला। ध्रुपद गायक उन्मुक्त गुंडेचा ने संस्था के 25 वर्षों के आयोजन प्रयासों की सराहना की। आभार संस्था की महासचिव अनु जॉनसन ने व्यक्त किया।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के तेरह निर्वाचित सदस्यों को विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र ने दिलाई शपथ

लखनऊ : शनिवार, जून 15, 2024/ उत्तर प्रदेश विधान परिषद के तेरह निर्वाचित सदस्यों को विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र ने शपथ दिलाई। विधान परिषद की ये सीटें मई में खाली हुई थीं। शपथ लेने वाले सदस्यों में भाजपा के अशोक कटियार, डॉ. महेन्द्र सिंह, विजय बहादुर पाठक और आशीष पटेल, मोहित बेनीवाल, धर्मेन्द्र सिंह, संतोश सिंह, राष्ट्रीय लोकदल के योगेश चैधरी, अपना दल सोनेलाल के आशीष पटेल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विच्छेलाल राम समेत सपा के शाह आलम, किरण पाल कश्यप और बलराम यादव शामिल रहे।

अंशकालीन, ग्राम पंचायत कर्मचारी सहित लाखों कर्मचारी अब भी न्यूनतम वेतन से वंचित: जीतू पटवारी

भोपाल : शनिवार, जून 15, 2024/ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि स्कूल शिक्षा, जनजातीय विभाग के तहत ग्राम पंचायतों के चौकीदार, भृत्य, पंप आपरेटर, स्कूलों, छात्रावासों के अंशकालीनकर्मी, योग प्रशिक्षक, मोबिलाईजर सहित प्रदेश के लाखों अल्पवेतनभोगी कर्मचारी सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के चलते न्यूनतम वेतन के दायरे से बाहर हैं जो न्यूनतम वेतन 2000 से 5000 रूपये में 15 से 20 साल से नौकरी कर रहे हैं। उक्त संबंध में न्यूनतम वेतन सलाहकार परिषद के श्रमायुक्त भोपाल की अनुशंसानुसार प्रदेश के समस्त कलेक्टरों को पत्र लिखकर निराकरण करने की मांग भी की गई, लेकिन सरकार द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश में विगत 15-20 साल से चतुर्थ श्रेणी के पदों पर सरकार द्वारा भर्ती नहीं की गई है। सभी विभागों में चतुर्थ श्रेणी के लाखों पद रिक्त हैं, इन पदों पर अंशकालीन, अस्थाई, आउटसोर्स, ठेका कर्मचारी काम करते हैं। ये कर्मचारी गरीब, मजदूर एवं कमजोर परिवारों से आते हैं, इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन भी नहीं मिलता, जिस कारण वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। देश के संविधान के भाग 4 राज्य की नीति के निदेशक, कण्डिका 43 में राज्य द्वारा कर्मकारों के लिए उनके शिष्ट जीवन स्तर को दृष्टिगत रखते हुए मजदूरी निर्धारित करने का प्रावधान है, जिसके अंतर्गत न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, 1948 देश में प्रभावशील है। इस अधिनियम में राज्य सरकारों द्वारा अपने प्रदेशों में नियोजन वार न्यूनतम मजदूरी निर्धारित करने की शक्ति भी उन्हें प्रदत्त है।

पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश में अक्टूबर 2014 में लागू की गईं पुनरीक्षित न्यूनतम मजदूरी दरों का पुनः पुनरीक्षण पांच वर्ष के अंदर अक्टूबर 2019 तक किया जाना अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत अनिवार्य था, लेकिन यह बहु प्रतीक्षित पुनरीक्षित न्यूनतम मजदूरी दरें दस वर्ष में 1 अप्रैल 2024 से राज्य सरकार लागू की गईं जिसके तहत अकुशलक को 11800/- रूपये, अर्धकुशल को 12796/- कुशल को 14519/- और उच्च कुशल को 16144/- रूपयें मासिक वेतन देने का प्रावधान किया गया है। किंतु प्रदेश के ग्राम पंचायतों के चौकीदार, भृत्य, पंप आपरेटर, स्कूलों, छात्रावासों के अंशकालीनकर्मी, योग प्रशिक्षकों को उक्त वेतन नहीं मिला रहा है, जिससे उनमें व्यापक स्तर पर आक्रोश व्याप्त है।

पटवारी ने कहा कि कम वेतन मिलने से पूरे प्रदेश में श्रमिक आक्रोशित होकर नियोजन स्थलों में आंदोलन पर उतर आए है। पीथमपुर, मालनपुर, रतलाम, खरगौन, मंडीदीप तथा प्रदेश के अन्य कई स्थानों पर काम बंद कर गतिरोध की स्थिति निर्मित हुई है। ज्ञात हुआ है कि मालनपुर में श्रमिकों द्वारा चक्काजाम भी किया गया। जिससे आवागमन बाधित हुआ तथा आमजन कई घंटों तक परेशान हुए। इससे सरकारी दफ्तरों में संविदा में लगे कर्मियों में भी उथल पुथल जारी है।

पटवारी ने कहा कि न्यूनतम वेतन को लेकर कर्मचारियों के हित में याचिकाकर्ताओं द्वारा प्रदेश में क्षेत्रवार न्यूनतम मजदूरी पुनरीक्षित कर निर्धारित नहीं करने का मुद्दा भी उठाया गया है। लेकिन यह मामला न तो न्यूनतम मजदूरी सलाहकार परिषद के विचार हेतु लाया गया और न ही सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी के संबंध में प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर आपत्तियां आमंत्रित करने पर उठाया गया। ऐसे में सरकार द्वारा पुनरीक्षित दरों के संबंध में अंतिम अधिसूचना जारी करने के उपरांत क्षेत्र वार न्यूनतम मजदूरी दरों के निर्धारण का सवाल उठाना न तो व्यावहारिक है और न ही विधिसम्मत है।

पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश पिछड़ा और आदिवासी बाहुल्य तथा कल्याणकारी राज्य होने के कारण प्रदेश में क्षेत्रवार मजदूरी दरों का निर्धारण नहीं कर पूरे राज्य के सभी श्रमिकों के लिए एक समान न्यूनतम मजदूरी दरें लागू करने का निर्णय लिया गया था, जिस पर आगे कोई कार्यवाही नहीं हुई। प्रदेश के लाखों श्रमिक परिवारों का जीवन निर्वाह राज्य सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से होता है और वर्तमान विकट महंगाई के दौर में इन कर्मियों की लगभग 75 रूपये प्रतिदिन मजदूरी कम हो जाने से श्रमिक परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है हुआ है कि अंतिम पंक्ति के लोगों को देय अधिसूचित न्यूनतम मजदूरी रोकी गई। फलस्वरूप श्रमिक तथा उद्योग जगत में असमंजस, अनिश्चय तथा उहापोह की स्थिति व्याप्त हो गयी जो बेहद चिंताजनक है। वस्तुतः श्रमिकों से संबंधित न्यूनतम मजदूरी तथा अन्य विषय त्रिपक्षीय समितियों यथा म.प्र. श्रम सलाहकार परिषद तथा न्यूनतम मजदूरी सलाहकार परिषद एवं अन्य सलाहकार समितियों में विचारोपरांत हल किये जाने की विधिमान्य प्रक्रिया है, सरकार उक्त प्रक्रिया पर अपनाकर श्रमिकों के साथ तत्काल न्याय करें।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस आउटसोर्स प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा द्वारा ग्राम पंचायतों के चौकीदार, भृत्य, पंप आपरेटर, स्कूलों, छात्रावासों के अंशकालीनकर्मी, योग प्रशिक्षक, मोबिलाईजर सहित प्रदेश के लाखों अल्पवेतनभोगी कर्मचारी सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में 16 जून को प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन राजधानी भोपाल में आयोजित किया गया है।

 

 

 

मिश्रा की कुशल रणनीति से मंडला संसदीय सीट पर भाजपा को मिली बड़ी जीत

मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित लोकसभा सीट मंडला में भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद से ही यह चर्चा होने लगी है कि आखिर किन वजहों से कांग्रेस चुनाव जीत नहीं पाई पूरे देश में चर्चा का विषय बनी इस संसदीय सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता फग्गन सिंह कुलस्ते भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे। वहीं पर कांग्रेस के प्रत्याशी के तौर पर मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओंकार सिंह मरकाम चुनाव लड़ रहे थे। तमाम मीडिया रिपोर्ट में यह बताया जा रहा था कि फग्गन सिंह कुलस्ते की हार पक्की है साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता भी इस सीट को लेकर सशंकित के नजर आ रहे थे। यह पहला अवसर है जब भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा की 8 विधानसभा क्षेत्र में से पांच विधानसभा सीटों में जीत हासिल की है इस जीत के कई हकदार हैं इनमें एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष और वर्तमान में मंडला संसदीय क्षेत्र के लोकसभा प्रभारी प्रफुल्ल मिश्रा का नाम लिया जा रहा है अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले प्रफुल्ल मिश्रा स्वदेशी जागरण मंच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संघ के विविध संगठन के साथ ही ही सरस्वती शिशु मंदिर के संचालक मंडल के सदस्य भी रहे हैं। नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव से शिक्षा ग्रहण करने वाले प्रफुल्ल मिश्रा का इस क्षेत्र में काफी गहरी पकड़ है इस क्षेत्र की जनता से वे निरंतर सम्पर्क में बने थे,प्रफुल्ल अखिल भारतीय विद्यार्थी विद्यार्थी परिषद में कार्य के दौरान वर्तमान भाजपा अध्यक्ष वी. डी.शर्मा और वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव से अच्छा संपर्क रहा है प्रदेश में हुए नगरीय निकाय चुनाव में नगर पंचायत निवास की जवाबदारी सौंपी थी जिसमें उन्होंने पार्टी को जीत दिलवाई थी। इसी वजह से इन्हें पार्टी ने लोकसभा चुनाव प्रभारी बनाया था। प्रफुल मिश्रा लम्बे समय तक मंडला जनपद के उपाध्यक्ष भी रहे है राजनैतिक अनुभवों के चलते उन्होंने संसदीय क्षेत्र में हुई बड़े नेताओं की चुनावी सभा जैसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई राष्ट्रीय नेताओं और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों की सभा का सफलता पूर्वक आयोजन करवाया है।

गोटेगांव, केवलारी ,मंडला डिंडोरी ,बिछिया, निवास इन विधानसभा क्षेत्र में इन्होंने सतत संपर्क अभियान चलाकर कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया, इतना ही नहीं क्षेत्र के हिसाब से बड़े नेताओं की भूमिका भी तय करी संसदीय क्षेत्र में होने वाले बड़े आयोजनों में भी इन्होंने बारीकी से अध्ययन करते हुए किस नेता की कहां आवश्यकता है उस हिसाब से कार्यक्रम तय कराया उसका ही परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी ने इस कड़े मुकाबले को 104000 से अधिक वोटो से जीत में तब्दील किया। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच में ही रहा विगत चुनावों में गोगपा की सशक्त भूमिका रही है और और वो हमेशा 1.25 लाख से अधिक वोट लेने में सफल रहती थी जिसका नुकसान सदेव कांग्रेस को रहा है लेकिन इस चुनाव में वह केवल 30 हजार वोट लेने में सफल रही और कांग्रेस को इस बात का बड़ा लाभ मिला,ऐसी स्थिति में भी भाजपा को विजय मिलना पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि है।

यह लोकसभा सीट चर्चा में इसलिए भी आ गई थी कि विधानसभा चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते विधानसभा चुनाव में अपने निकटतम प्रत्याशी चेन सिंह से 12000 से अधिक मतों से चुनाव की हार गए थे ,विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद लोकसभा चुनाव टिकट पुनः कुलस्ते को मिलने की वजह से कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी कमजोर था और पूर्ण समर्पण के साथ वे मैदान पर नहीं उतर पाए थे। उन्हें मोटिवेट करके प्रफुल्ल मिश्रा ने स्थानीय एवं प्रदेश संगठन को विश्वास में लेकर जीत की योजना तैयार की| मिश्रा 19 अप्रैल को हुए मतदान के बाद से ही यह बताने लगे थे कि इस सीट में भाजपा के प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते की जीत 75 हजार से 1 लाख 25 हजार वोटो के बीच ही होगी। यह उन्होंने मीडिया के साथियों और अपने वरिष्ठ नेताओं को भी बताया था। प्रफुल्ल मिश्रा इस जीत का श्रेय स्वयं नहीं लेना चाहते उनका कहना है कि यह एक सामूहिक प्रयास का ही परिणाम है कि हम इस विषम परिस्थितियों में भी चुनाव जीत गए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं प्रदेश, के लोकप्रिय मुख्यमंत्री मोहन यादव,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा को जीत का श्रेय दिया है। उन्होंने कहा है कि इस जीत में पूरा संगठन जी जान से लगा और हमने जीत हासिल किया है प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया कि इस चुनाव में विपक्ष ने काफी दुष्प्रचार किया इतना ही नहीं सोशल मीडिया में भी भ्रामक खबरें प्रसारित की लेकिन उनके तमाम तरह के प्रयास असफल रहे और हमारी रणनीति सफल हुई है।

नोट – लेखक राजनैतिक विश्लेषक है।

 

नरेन्द्र सिंह तोमर: अहंकार और आडंबर से दूर लोकप्रिय राजनेता

कृष्णमोहन झा

मप्र विधानसभा के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आज अपने यशस्वी जीवन के 68 वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। मेरा उनसे परिचय लगभग एक दशक पुराना है। इन दस वर्षों में मैंने उन्हें सत्ता और संगठन में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते देखा है। उनके पास पद कोई भी रहा हो, लेकिन वे हमेशा ही सहज बने रहे , आडंबर और अहंकार से कोसों दूर , केवल अपने काम से काम रखने वाले। अपने चार दशक लंबे राजनीतिक जीवन में , नरेन्द्र सिंह तोमर के मन में कभी भी सत्ता और संगठन में किसी बड़े पद की लालसा नहीं रही , न ही वे कभी किसी महत्वपूर्ण पद की दौड़ में शामिल रहे लेकिन उनके कर्मठ व्यक्तित्व और विलक्षण सूझ-बूझ के कारण हमेशा ही उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से नवाजे जाने का सिलसिला वर्षों से जारी है।यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि नरेन्द्र सिंह तोमर ऐसी शख्सियत के मालिक हैं जो जिस कुर्सी पर बैठते हैं उस कुर्सी का महत्व बढ़ जाता है। थोड़े ही समय में नरेन्द्र सिंह तोमर उस आसंदी की पहचान बन जाते हैं। उनका जुनून, जज्बा और समर्पण देखकर मंजिल स्वयंमेव उनके नजदीक चली आती है परन्तु हमेशा चलते रहने में विश्वास रखने वाले तोमर मंजिल पर पहुंच कर भी कभी रुकते नहीं , मंजिल से भी आगे का सफर तय करने के लिए कोई वे फिर रास्ता खोज ही लेते हैं। सुगम रास्तों पर चलना उनके स्वभाव में नहीं है और पथरीली रास्ते उन्हें विचलित नहीं कर पाते। नरेन्द्र सिंह तोमर के स्वभाव की इसी विशेषता के कारण राजनीतिक नेताओं की भीड़ में उनका चेहरा अलग दिखाई देता है । लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की दृष्टि में ‘नरेंद्र सिंह तोमर जमीन से जुड़े हुए लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं जिन्होंने संगठन और सरकार , दोनों ही स्तर पर, अपने अथक परिश्रम, समर्पण और निष्ठा से सफलता और सम्मान अर्जित किया है।’

नरेन्द्र सिंह तोमर जब महाविद्यालयीन छात्र थे तभी उनके अंदर छिपे नेतृत्व के गुण उजागर होने लगे थे। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत पार्षद का चुनाव जीतकर की और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी विलक्षण राजनीतिक सूझ-बूझ, अद्भुत संगठन क्षमता और अप्रतिम नेतृत्व कौशल ने पार्टी में उनके लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां तय करने में महती भूमिका निभाई। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के रूप में, वे राज्य के दो विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार विजय सुनिश्चित करने में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दाहिने हाथ साबित हुए। राजनीति के पंडित भी यह मानते हैं कि प्रदेश की राजनीति में भाजपा को शिखर की ऊंचाईयों तक पहुंचाने में शिवराज सिंह चौहान और नरेंद्र सिंह तोमर की जोड़ी का सबसे बड़ा योगदान रहा है।

नरेन्द्र सिंह तोमर ने अब तक भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष , राज्य सरकार में जनसंपर्क मंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्र की मोदी सरकार के लगातार दो कार्यकालों में महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री पद की जिम्मेदारी को कुशलता पूर्वक निभाते हुए हर जगह पर अपनी एक अलग छवि बनाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्वासपात्र मंत्री के रूप में उन्होंने जो गौरव अर्जित किया वह ‌उनके राजनीतिक जीवन की उल्लेखनीय उपलब्धि है और उससे भी बड़ी बात यह है कि अपने चार दशक से अधिक के राजनीतिक सफर में इतनी सारी उपलब्धियों के बावजूद वे आज भी उतने ही सहज सरल हैं जितने कि अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत में दिखाई देते थे। केंद्र में मोदी सरकार के गठन के बाद लगभग एक दशक तक राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय रहकर उन्होंने एक बार फिर मध्यप्रदेश की राजनीति में वापसी की है और अब वे मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष की आसंदी पर बैठ कर ‘पंच परमेश्वर’की भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं। तोमर अपनी इस पारी की शुरुआत में ही यह संदेश दे दिया था कि वे राज्य विधानसभा में लीक से हटकर कुछ नया करने के इच्छुक हैं।उनकी इस पहल का सत्ता पक्ष और विपक्ष द्वारा स्वागत किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में पहली बार चुनकर आए सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे उन्हें सदन में अपने विचार व्यक्त करने के लिए पर्याप्त समय प्रदान करेंगे। इसमें कोई संदेह नहीं कि नरेन्द्र सिंह तोमर विधानसभा की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव लाने की जो पहल की है वह राज्य विधानसभा में नये युग की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त करेगी। इसके संकेत भी नवनिर्वाचित विधानसभा के शुरुआती सत्र में मिल चुके हैं।

तोमर अपने यशस्वी जीवन की सुदीर्घ राजनीतिक यात्रा में उन सभी आकाशीय ऊंचाईयों को स्पर्श करने में सफल हुए हैं जो राजनीति के क्षेत्र में वर्षों तक सक्रिय रहने के बाद भी अनेकानेक राजनेताओं के लिए दुस्वप्न बनी रहती है। त्याग, सेवा और समर्पण से भरा उनका आदर्श राजनीतिक सफर निःसंदेह आज के राजनीतिक वातावरण में उस प्रकाश पुंज की तरह हैं जो नयी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं की राह को आलोकित कर उन्हे राष्ट्र के प्रति तन मन धन अर्पित के लिए प्रेरित करने में समर्थ है। तोमर कभी यश अर्जन के अभिलाषी नहीं रहे लेकिन उनकी गणना उन राजनेताओं की अग्रिम पंक्ति में प्रमुखता से की जाती है जो अपार यश अर्जन के बाद भी हमेशा सहज सरल और विनम्रता की प्रतिमूर्ति बने रहे हैं। मैंने उनकी धीर गंभीर छवि में कभी अपने अग्रज तो कभी घनिष्ठ मित्र के दर्शन किए हैं।इस नाते उनके आदर्श व्यक्तित्व और कृतित्व की सारी विशेषताओं को शब्दों की सीमा में बांधना मेरे लिए संभव नहीं है। उनके यशस्वी जीवन के 67 वें वसंत पूरे होने के शुभ अवसर पर मैं उन्हें अपनी ओर से हार्दिक बधाई और अनंत शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं।

नोट – लेखक एवं राजनैतिक विश्लेषक है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल करेंगे “पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा” का शुभारंभ

भोपाल : बुधवार, जून 12, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पर्यटन गंतव्यों तक कनेक्टिविटी बेहतर करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही “पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा” का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल गुरुवार को सुबह 9 बजे राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भोपाल से जबलपुर जाने वाली पहली फ्लाइट का शुभारंभ करेंगे। यह फ्लाइट भोपाल से जबलपुर होकर रीवा जाएगी, वहां से सिंगरौली लैंड होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल एयरपोर्ट पर शुरू किये जा रहे टिकिट बुकिंग काउंटर का भी शुभारंभ कर यात्रियों को बोर्डिंग पास प्रदान करेंगे।

राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति एवं प्रबंध संचालक म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के शिव शेखर शुक्ला, प्रबंध संचालक पर्यटन विकास निगम डॉ. इलैयाराजा टी, अपर प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड बिदिशा मुखर्जी की गरिमामय उपस्थिति रहेंगी।

“पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा” के तहत प्रदेश के आठ शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, ग्वालियर, सिंगरौली और खजुराहो को हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ा जाएगा। “पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा” का संचालन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा लोक निजी भागीदारी (पीपीपी) के आधार पर मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड (फ्लायओला) द्वारा किया जा रहा है।

 

चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली

विजयबाड़ा : बुधवार, जून 12, 2024/ तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख नारा चंद्रबाबू नायडू ने आज कृष्णा जिले के केसरपल्ली आईटी पार्क में आंध्र प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने उन्हें पद और गोपनीयता की दिलाई। नायडू के साथ जन सेना पार्टी के तीन और भारतीय जनता पार्टी के एक सदस्य सहित 24 नवनिर्वाचित विधायकों ने मंत्रिपरिषद में मंत्री पद की शपथ ली है। इनमें जन सेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण, तेलुगु देशम पार्टी महासचिव नारा लोकेश और वरिष्ठ भाजपा नेता सत्य कुमार यादव शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी किशन रेड्डी, केंद्रीय मंत्री और एनडीए सहयोगी चिराग पासवान, रामदास अठावले, अनुप्रिया पटेल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एनवी रमणा, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एस पनीरसेल्वम और चिरंजीवी तथा रजनीकांत जैसे फिल्‍मी सितारे भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में सिंगापुर, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और फ्रांस के राजनयिक भी सम्मिलित हुए।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “आंध्र प्रदेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। एन. चन्द्रबाबू नायडू गारू को मुख्यमंत्री बनने पर और सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले अन्य सभी लोगों को भी बधाई। तेदेपा, जनसेना और भाजपा सरकार आंध्र प्रदेश को गौरव की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और राज्य के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि बतौर सीएम चंद्रबाबू नायडू का यह चौथा कार्यकाल है। चन्द्रबाबू के साथ पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

 

24 जून से शुरू होगा 18वीं लोकसभा का पहला सत्र, राज्यसभा का सत्र भी 27 जून से

नई दिल्ली : बुधवार, जून 12, 2024/ 18वीं लोकसभा का पहला सत्र इस महीने की 24 तारीख से शुरू होगा। इस सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों की शपथ, अध्यक्ष का चुनाव, राष्ट्रपति का अभिभाषण और चर्चा होगी। जबकि राज्यसभा के 264वें सत्र की शुरुआत भी इस महीने की 27 तारीख को होगी। आगामी संसद सत्र अगले महीने की 3 तारीख को समाप्त होगा।

केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है देश की जनता निर्णय ले चुकी है और अब देश की सेवा के लिए कार्य करना हमारा कर्तव्य है। रिजिजू ने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को पूरा करने की चर्चा के लिए संसद एक आदर्श मंच है।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...