पांच जून पर्यावरण दिवस से गंगा दशमी तक जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए चलेगा अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल : रविवार, मई 26, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि 5 जून पर्यावरण दिवस से गंगा दशमी पर्व तक जलस्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए संपूर्ण प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा। दस दिन की अवधि में हर जिले में जल के स्रोतों, जैसे नदी, कुएं, तालाब, बावड़ियों आदि को स्वच्छ रखने और आवश्यकता होने पर उनके गहरीकरण के लिए गतिविधियां संचालित की जाएंगी। यह कार्य जनसहभागिता से से होगा। इससे जल स्रोतों के प्रति सामाजिक चेतना जागृत करने और जनसामान्य का जल स्रोतों से जीवंत संबंध विकसित करने में मदद मिलेगी। गंगा दशमी पर्व माँ गंगा का अवतरण दिवस है और माँ गंगा से ही भारतीय संस्कृति विश्व में जानी जाती है। शहरी औऱ ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान का नेतृत्व जनप्रतिनिधि करेंगे और जिला कलेक्टर गतिविधियों का समन्वय करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया के लिए जारी संदेश में यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी सामाजिक, शासकीय, अशासकीय संस्थाओं, जनअभियान परिषद से जुड़े संगठनों से अभियान में शामिल होने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनसहभगिता से जल संरचनाओं का चयन किया जाए और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सघन जनजागृति के कार्यक्रम चलाये जाएं। इससे भविष्य के लिए जल संरक्षण के संबंध में कार्य योजना बनाने में मदद मिलेगी। इस अवधि में होने वाले धार्मिक मान्यताओं के कार्यक्रम जैसे उज्जैन की क्षिप्रा परिक्रमा, चुनरी उत्सव, नर्मदा जी के किनारे होने वाले धार्मिक कार्यक्रम भी पूरी श्रद्धा के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 212 से अधिक नदियां हैं, पेयजल की आपूर्ति में नदियां, बावड़ियां, कुएँ व तालाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, “जल ही जीवन है” केवल स्लोगन नहीं है, यह जल स्रोतों की हमारे जीवन में भूमिका से स्पष्ट होता है। हमारी यह पीढ़ी इन जल संरचनाओं की महत्ता से परिचित हो, हमारा संबंध जल संरचनाओं से अधिक प्रगाढ़ हो, यही इस अभियान का उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभियान के दौरान नदियों और तालाबों से गाद या खाद के रूप में निकलने वाली मिट्टी, किसानों को खेतों में उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

जल संरचनाओं पर किये गये अतिक्रमणों को जिला प्रशासन द्वारा मुक्त हटाया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के संबंध में अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रारंभिक रूप से यह अभियान 5 से 15 जून तक चलाया जाएगा। इसके बाद अभियान की अवधि बढ़ाई जा सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आशा है कि इस वर्ष पर्यावरण दिवस से गंगा दशमी तक सबकी सहभगिता के साथ पेयजल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रभावी कार्य होंगे जो हमें गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान करेंगे।

नमामि गंगे परियोजना के नाम से आरंभ हो रहे जलस्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के विशेष अभियान के लिए ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय क्षेत्र में नगरीय विकास एवं आवास, नोडल विभाग होंगे। जल संरचनाओं के चयन और उन्नयन कार्य में जीआईएस तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इन स्थलों की मोबाइल एप के माध्यम से जियो -टैगिंग की जाएगी। सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जल संरचनाओं के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जल संरचनाओं के किनारों पर अतिक्रमण रोकने के लिए फेंसिंग के रूप में वृक्षारोपण करने जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा और जल संरचनाओं के किनारों पर बफर जोन तैयार कर उन्हें हरित क्षेत्र या पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। जल संरचनाओं में मिलने वाले गंदे पानी के नाले-नालियों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत डायवर्जन उपरांत शोधित कर जल संरचनाओं में छोड़ा जाएगा।

राज्य शासन द्वारा अमृत 2.0 योजना के तहत जल संरचनाओं के उन्नयन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत नदी, झील, तालाब, कुओं, बावड़ी आदि के पुनर्जीवीकरण/ संरक्षण व संरचनाओं के उन्नयन का कार्य स्थानीय सामाजिक, प्रशासकीय संस्थाओं के साथ मिलकर जनभागीदारी से कराए जाएंगे। प्रयास होगा कि जल संरचनाओं का उपयोग जल प्रदाय अथवा पर्यटन, भू-जल संरक्षण, मत्स्य पालन अथवा सिंघाड़े के उत्पादन के लिए भी किया जा सके। रिहायसी इलाकों में बंद पड़े रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की साफ-सफाई कर उनके पुन: उपयोग के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। निकायों को नाले-नालियों की साफ-सफाई, वाटर ड्रेनिंग मैनेजमेंट, घाट निर्माण, वृक्षारोपण जैसी गतिविधियों के संबंध में भी विस्तृत निर्देश दिए गए हैं।

 

वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट का पदभार संभाला

नई दिल्ली : रविवार, मई 26, 2024/ कल वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह नेवाइस एडमिरल अजय कोचर से राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट का पदभार ग्रहण किया। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (खड़गवासला) के पूर्व छात्र रहे गुरचरण सिंह को 01 जुलाई 1990 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था।

उन्होंने समुद्र और तट दोनों पर कई पदों पर कार्य किया।एक तोपखाने और मिसाइल विशेषज्ञ के रूप में,उन्होंने भारतीय नौसेना के जहाज रंजीत और प्रहार पर काम किया है। उन्हें तीन स्वदेशी निर्मित युद्धपोतों के कमीशनिंग क्रू का हिस्सा होने का गौरव प्राप्त है,आइएनएस ब्रह्मपुत्र/ गनरी ऑफिसर के रूप में, आइएनएसशिवालिक/ कार्यकारी अधिकारी के रूप में, और आइएनएसकोच्चि/ कमांडिंग ऑफिसर के रूप में। उन्होंने आइएनएसविद्युत और आइएनएसखुखरी की कमान भी संभाली है। वे आइएनएसद्रोणाचार्य (गनरी स्कूल) में प्रशिक्षक और गोवा के नेवल वॉर कॉलेज के डिप्टी कमांडेंट रह चुके हैं। उनके स्टाफ कार्यकाल में कार्मिक निदेशालय/ एनएचक्यू कार्मिक के सहायक प्रमुख, नौसेना खुफिया निदेशालय/ एनएचक्यूऔर भारतीय नौसेना वर्क-अप टीम में नियुक्तियाँ शामिल हैं।

29 नवंबर 2022 को उन्होंने पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग का पदभार संभाला। इस कार्यकाल के दौरान, बेड़े ने ‘ऑर्डनेंस ऑन टारगेट’ मिशन पर मारक केन्द्रीयता के साथ परिचालन तैयारियों के उच्चतम उत्साह को बनाए रखा। 15 जनवरी 2024 को वाइस एडमिरल के पद पर पदोन्नत होने पर, फ्लैग ऑफिसर को नियंत्रक कार्मिक सेवा के रूप में नियुक्त किया गया, जिसमें कर्मियों और नौसेना समुदाय की कार्य स्थिति में सुधार के लिए विभिन्न पहल की गईं।

उन्हें अपने बैच में ‘प्रारंभिक प्रशिक्षण के दौरान समग्र योग्यता क्रम में प्रथम स्थान’ प्राप्त करने के लिए एडमिरल कटारी ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। उनकी कमान के तहत, आइएनएसखुखरी को दिसंबर 2011 में समग्र परिचालन प्रभावशीलता और एंटी-पायरेसी ऑपरेशन के सफल संचालन के लिए चीफ ऑफ नेवल स्टाफ ‘यूनिट प्रशस्ति पत्र’ से सम्मानित किया गया था। उन्हें एफओसी-इन-सी कमेंडेशन (2002), नौसेना पदक (2020) और अति विशिष्ट सेवा पदक (2024) से भी सम्मानित किया गया है।

उनकी शैक्षणिक योग्यताओं में एमएससी और एमफिल (रक्षा और सामरिक अध्ययन) शामिल हैं। डीएसएससी वेलिंगटन में स्टाफ कोर्स, नेवल वॉर कॉलेज में उच्च कमान और भारत में एनडीसी पाठ्यक्रमों के अलावा, उन्होंने नेशनल इंटेलिजेंस यूनिवर्सिटी (एनआईयू), वाशिंगटन में समुद्री खुफिया पाठ्यक्रम और स्टॉकहोम, स्वीडन में संयुक्त राष्ट्र स्टाफ ऑफिसर्स कोर्स (यूएनएसओसी) में भाग लिया है।

वाइस एडमिरल गुरचरण सिंह के नेतृत्व में, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी को परिचालन, प्रशिक्षण और मानव संसाधन प्रबंधन के सभी क्षेत्रों में उनके विशाल अनुभव और ज्ञान से काफी लाभ मिलेगा।

 

भारतीय नौसेना पोत आईएनएस किल्टन द्वारा मुरा, ब्रुनेई की यात्रा

नई दिल्ली : रविवार, मई 26, 2024/ भारतीय नौसेना का पोत किल्टन कल ब्रुनेई के मुरा पहुंचा और रॉयल ब्रुनेई नौसेना ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह यात्रा दक्षिण चीन सागर में भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े की परिचालन तैनाती का एक हिस्सा है। यह यात्रा दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच मित्रता और सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए तैयार है।

भारतीय नौसेना के इस पोत किल्टन की यह यात्रा परस्पर उस पेशेवर बातचीत, खेल सम्बन्धों, सामाजिक आदान-प्रदान और सामुदायिक आउटरीच पर केंद्रित है, जो दोनों देशों और नौसेनाओं के साझा मूल्यों को प्रदर्शित करती है। यह यात्रा भारतीय नौसेना और रॉयल ब्रुनेई नौसेना के बीच समुद्र में समुद्री साझेदारी अभ्यास के साथ समाप्त होगी। दोनों नौसेनाएं सामरिक कौशल को आगे बढ़ाएंगी जो पारस्परिक श्रेष्ठता और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी।

आईएनएस किल्टन चार पी 28 पनडुब्बी रोधी युद्धपोतों (एंटी-सबमरीन वारफेयर-एएसडब्ल्यू) की कार्वेट में से तीसरा है जिसे स्वदेशी रूप से गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआईएसई), कोलकाता द्वारा डिजाइन और निर्मित किया गया है।

 

रक्त परीक्षण शिविर का दीप प्रज्वलन के साथ भव्य शुभारंभ

राघौगढ़ : शनिवार, मई 25, 2024/ दिगंबर जैन समाज राघौगढ़ एवं जैन मिलन परिवार राघौगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में रक्त परीक्षण शिविर का दो दिवसीय आयोजन दिनांक 25 एवं 26 में को विद्यासागर भवन में किया जा रहा है। इस रक्त परीक्षण शिविर में डॉक्टर लाल पैथ लैब्स ग्रुप का सहयोग रहा है । शिविर का भव्य शुभारंभ जैन आचार्य विद्यासागर महाराज के चित्र के समक्ष दीव प्रचलन से हुआ। दीप प्रज्वलन भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कुमार जैन ने किया।

सभी का स्वागत जैन मिलन के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जैन एवं मंत्री विकास कुमार जैन ने किया शाखा मंत्री विकास कुमार जैन ने बताया दो दिवसीय शिविर में महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण निशुल्क किया जा रहा है। पुरुषों का डायबिटीज परीक्षण कोलेस्ट्रॉल परीक्षण एवं हीमोग्लोबिन परीक्षण मात्र ₹10 प्रत्येक में किया जा रहा है। रक्त की अन्य जांचों के लिए भी न्यूनतम शुल्क निर्धारित किया गया है ।दिनांक 25 में को कुल 85 लोगों के रक्त को संग्रहित कर परीक्षण के लिए भेजा गया है। यह शिविर प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:00 तक आयोजित किया गया है। जांच रिपोर्ट सभी को दोपहर बाद उनके मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी ।

डा लाल पैथ लैब्स ग्रुप के लोकेन्द्र सक्सैना, शिवानी श्रीवास्तव, मीनल एवं शुभम ने रक्त संग्रह कर परीक्षण हेतु भेजने सेवा में प्रदान की। इस अवसर पर जैन समाज राघोगढ़ के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन, जैन मिलन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुभाष चंद्र चौधरी, पूर्व पार्षद संजीव कुमार जैन, जैन मिलन के वरिष्ठ सदस्य अनिल कुमार जैन बलियत, मुकेश कुमार जैन अन्ना, विनय कुमार जैन बिल्डिंग मटेरियल, युवा जैन मिलन के हर्ष जैन, जैन समाज ट्रस्ट कमेटी के सदस्य संतोष कुमार जैन, संजय कुमार जैन गावरी वाले, विजय कुमार रावत, अंशुल जैन, राजीव जैन नानू, अरिहंत जैन, अतीत जैन, संस्कार जैन, राजेश जैन चौधरी भोला,महिला जैन मिलन की संरक्षिका वीरांगना विजय देवी जैन, कोषाध्यक्ष वीरांगना कुशल जैन, वीरांगना अरुणा जैन, वीरांगना सविता जैन आदि उपस्थित थे।

साइबर असुरक्षा से निपटना : एक परस्पर जुड़ी दुनिया में लचीलेपन का निर्माण

नई दिल्ली : शनिवार, मई 25, 2024/ नई दिल्ली में सीएससी और यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन द्वारा संयुक्त रूप से साइबर सुरक्षा कॉन्क्लेव का कल आयोजन किया गया। इसके तहत साइबर सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण रणनीतियों पर चर्चा की गई।

साइबर सुरक्षा एक गंभीर और संवेदनशील मामला है। दुनिया भर में हर साल डेटा में सेंध बढ़ने के साथ साइबर खतरे तेजी से बढ़ रहे हैं। आईटी सेवा प्रदाताओं की ओर से साइबर सुरक्षा उल्लंघन के मामले हर दिन बढ़ रहे हैं। कंपनियों को अपने ग्राहकों को बनाए रखने के लिए एक मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचा बनाए रखना महत्वपूर्ण है। डेटा सुरक्षा में किसी भी तरह का सेंध व्यापार में भारी नुकसान के साथ विश्वास और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाता है।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस कृष्णन ने कहा, “सीएससी तकनीक की पहुंच बढ़ाने और अंतिम छोर तक सूचना साझा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सुरक्षा सिर्फ़ सिस्टम की बात नहीं है, बल्कि व्यवहार, ज्ञान और आदतों की बात भी है। हमारे प्रमुख जोखिमों में से एक अंतिम उपयोगकर्ता है जो साइबर सुरक्षा के महत्व को अनदेखा कर अक्सर पिन नंबर साझा करता है और असुरक्षा को बढ़ाता है।”

एस कृष्णन ने कहा, “सीएससी और यूएसआई के बीच साझेदारी दो अलग-अलग दुनियाओं को जोड़ती है, जिससे हमारा डिजिटल परिदृश्य बेहतर होता है। डिजिटलीकरण न केवल उत्पादकता बढ़ाता है बल्कि डेटा को केंद्रीकृत भी करता है, जिससे एक मजबूत डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलता है। धोखाधड़ी का शिकार होने से बचने के लिए सभी को साइबर जोखिमों के बारे में जागरूक होना बहुत ज़रूरी है। व्यवहार और मनोवृत्ति संबंधी आदतों मे सुधार करके, हम प्रभावी रूप से जागरूकता फैला सकते हैं। इस सम्मेलन के माध्यम से, हमारा लक्ष्य नए उपायों को सीखना है जिन्हें लागू करके एमईआईटीवाई साइबर सुरक्षा रणनीतियों को मजबूत कर सकता है।”

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करते हुए, सीएससी एसपीवी के एमडी और सीईओ संजय राकेश, ने कहा, “सीएससी साइबर सुरक्षा कॉन्क्लेव 2024 में, हम सीएससी जैसी उपयोगकर्ता एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा की व्यापक श्रेणियों पर जोर देते हैं। हमें अधिक साइबर लचीला बनने और लागत प्रभावी विकल्पों की खोज करने का प्रयास करना चाहिए। यह सम्मेलन हमें मजबूत डेटा प्रबंधन और साइबर खतरों और चोरी को रोकने की रणनीतियों पर केंद्रित, साइबर सुरक्षा में सुधार के तरीकों पर चर्चा करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। एक साइबर थिंक टैंक विकसित करके, हमारा उद्देश्य अभिनव समाधानों को बढ़ावा देना और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल साइबर प्रणाली बनाना है। हम साइबर सुरक्षा की दिशा में अपने प्रयासों का नेतृत्व करने और एक सुसंगत साइबर सुरक्षा प्रणाली विकसित करने की दिशा में काम करने के लिए एक छोटा, समर्पित समूह स्थापित करेंगे।”

“उभरते साइबर खतरे, रुझान और समाधान” विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। चर्चा में मुख्य वक्ता थे: मेजर जनरल (डॉ) पवन आनंद, (सेवानिवृत्त); मेजर विनीत कुमार, संस्थापक साइबर पीस फाउंडेशन; कर्नल राहुल मोदगिल, सीआईएसओ, ईपीएफओ; मीटीई; के वरिष्ठ निदेशक (सेवानिवृत्त), राकेश माहेश्वरी, प्रमुख-समाधान वास्तुकार-सार्वजनिक क्षेत्र भारत और सार्क, श्री हीरल शर्मा, सीआईएसओ, रक्षा और विमानन, फोर्टिनेट और अनुराग चंद्रा।

इस अवसर पर साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सीएससी और यूएसआई के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

“कार्यक्रम के दौरान अन्य प्रमुख वक्ताओं में शामिल थे: बिजनेस हेड – साइबर सुरक्षा, मिटकैट एडवाइजरी, इंदर चौधरी, सर्ट-आईएन वैज्ञानिक ‘एफ’, आशुतोष बहुगुणा, राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा विद्वान, सीओई, पश्चिम बंगाल सरकार, कौशिक हलदर, फोर्टीनेट ​​सॉल्यूशन आर्किटेक्ट, रोहित भूरानी, सरकारी और पीएसयू बिजनेस- चेकपॉइंट, निदेशक, विकास अवस्थी, सीनियर प्रिंसिपल कंसल्टेंट- ट्रेंडमाइक्रो, अंकित गुगलानी। ”

साइबर सुरक्षा हमेशा से ही सीएससी के एजेंडे में एक प्राथमिक विषय रहा है। इसने दुनिया भर की अग्रणी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ मिलकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में साइबर रक्षक कार्यक्रम शुरू किया है। इस साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण पहल ने महिलाओं को नई प्रौद्योगिकी कौशल से लैस कर उन्हें साइबर सुरक्षा राजदूत के रूप में उभरने में मदद की है।

कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) डिजिटल इंडिया मिशन का एक अभिन्न अंग हैं। वे देश भर के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में डिजिटल इंडिया सेवाओं की डिलीवरी के लिए एक्सेस पॉइंट हैं और डिजिटल इंडिया के विज़न और डिजिटल और वित्तीय रूप से समावेशी समाज के लिए सरकार के जनादेश को पूरा करने में योगदान करते हैं। सीएससी बेहतर शासन पर केंद्रित, भारत में ई-सेवाओं तक पहुँच के लिए सहायता प्रदान करते हैं। आवश्यक सरकारी और सार्वजनिक उपयोगिता सेवाएँ प्रदान करने के अलावा, सीएससी कई सामाजिक कल्याण योजनाएँ, वित्तीय सेवाएँ, शैक्षिक पाठ्यक्रम, कौशल विकास पाठ्यक्रम, स्वास्थ्य सेवा, कृषि सेवाएँ और डिजिटल साक्षरता भी प्रदान करते हैं।

विकसित भारत बनने की दिशा में कला और संस्कृति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी – केंद्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन

नई दिल्ली : शनिवार, मई 25, 2024/ केंद्रीय संस्कृति सचिव गोविंद मोहन ने कहा है कि विकसित भारत बनने की दिशा में कला और संस्कृति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। नई दिल्ली में इंडिया हैबिटेट सेंटर में चार दिवसीय समागम कला उत्‍सव का उद्घाटन करते हुए मोहन ने समाज में कला की भूमिका और इसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होंने इस क्षेत्र में स्टार्ट-अप पर भी चर्चा की। समागम कला उत्सव 2024 में कला प्रदर्शनियाँ, फिल्म स्क्रीनिंग और कार्यशालाएँ शामिल हैं। उत्‍सव में देश भर के 46 कलाकारों की कलात्मक अभिव्यक्तियों और तकनीकों का प्रदर्शन होगा। महोत्सव का समापन सोमवार को होगा।

एनटीपीसी ने नेशनल फिनाले पावर क्विज 2024 और मेधा प्रतियोगिता 2024 का सफलतापूर्वक समापन किया

नई दिल्ली : शनिवार, मई 25, 2024/ एनटीपीसी ने बड़े गर्व के साथ पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (पीएमआई), नोएडा में नेशनल फिनाले पावर क्विज 2024 और मेधा प्रतियोगिता 2024 की मेजबानी की, जिसमें कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच सीखने, ज्ञान साझा करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की समृद्ध यात्रा का जश्न मनाया गया।

इन स्पर्धाओं में कुल 1,820 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें 570 टीमों ने पावर क्विज 2024 में और 1,250 टीमों ने मेधा प्रतियोगिता 2024 में हिस्सा लिया।

47 दिनों तक चली इस पावर क्विज का उद्देश्य ऊर्जा क्षेत्र में विकास के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों के बीच सीखने और ज्ञान साझा करने का माहौल तैयार करना है।

एनटीपीसी पावर क्विज़ 2024 के उद्घाटन संस्करण के विजेता एनटीपीसी तेलंगाना से प्राग सूद और एनटीपीसी रामागुंडम से हरमीत बग्गा हैं।

मेधा प्रतियोगिता 2024, चार अलग-अलग श्रेणियों में क्विज़ शामिल किया गया: जूनियर (कक्षा IV से VI), मिडल (कक्षा VII से IX), सीनियर (कक्षा X से XII), और कर्मचारी (पति-पत्नी सहित)। परियोजना और क्षेत्रीय स्तरों पर प्रारंभिक दौर के माध्यम से टीमों का चयन किया गया था।

मेधा प्रतियोगिता 2024 के फाइनल राउंड के विजेता पीयूवीएनएल से नील गोस्वामी और अव्यान गर्ग, ईआर 1 (जूनियर), विंध्याचल से ऋषभ राज और ईशान स्नेही, एनआर (मिडल), विंध्याचल से तन्मय वर्मा और शौर्य दीप, एनआर (सीनियर) और उत्तर कर्णपुरा, ईआर 1 (कर्मचारी) श्रेणी से अरिंदम धर और सत्य रंजन महापात्र हैं।

ग्रैंड फिनाले कार्यक्रमों में कार्यकारी निदेशक (एचआर), सी. कुमार, जीएम (एचआर-ऑपरेशन), वी. जयनारायणन और जीएम (पीएमआई), एस.के. मजूमदार उपस्थित थे। दोनों क्विज का संचालन मेसर्स ग्रेसेल्स के प्रतिष्ठित क्विजमास्टर गौतम बोस ने किया।

शैक्षणिक संस्थाओं में कौशल उन्नयन और रोजगारमूलक पाठ्यक्रम आरंभ हों – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल : शनिवार, मई 25, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्तर पर शालाओं से विद्यार्थियों को जोड़े रखने और सकल नामांकन अनुपात का उच्च स्तर बनाए रखने के लिए कौशल आधारित पाठ्यक्रम आरंभ करना आवश्यक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति की व्यवस्था अनुसार इस स्तर के विद्यार्थियों को क्षेत्र की आवश्यकतानुसार रेडीमेड गारमेंट, हॉर्टिकल्चर, कृषि आधारित कौशल और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शैक्षणिक संस्थानों में सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। मंत्रालय में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव वीरा राणा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरूण शमी, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा संजय गोयल, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य विभाग डॉ. ई. रमेश कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सकल नामांकन अनुपात में वृद्धि के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों तथा शिक्षकों के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाए। जनजातीय जिलों के छात्रावासों के वार्डन को पढ़ाने के कार्य में लगाया जाए और हॉस्टल व्यवस्था के संचालन के लिए प्रशासक संवर्ग विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में एक ही छात्रावास में सभी वर्ग के विद्यार्थियों के एक साथ रहने की व्यवस्था करने पर भी विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को मिलने वाली छात्रवृत्ति में किसी भी स्थिति में विलंब न हो।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पढ़ाई में विद्यार्थियों की रूचि बढ़ाने के लिए शाला स्तर पर संवाद कार्यक्रम, विज्ञान मेले, विज्ञान यात्राएं और आओ-सीखो-जानो जैसी गतिविधियां संचालित करना आवश्यक है। स्कूल शिक्षा विभाग, मैपकॉस्ट, संस्कृति, पुरातत्व, पर्यटन विभागों के साथ मिलकर यह गतिविधियां संचालित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महाविद्यालयीन स्तर पर कृषि और फॉरेंसिक साईंस जैसे विषय प्रदेश की अधिक से अधिक संस्थाओं में आरंभ किए जाएं। स्नातक स्तर पर कृषि विज्ञान के अध्ययन से क्षेत्रीय कृषकों और उनके खेतों को भी व्यवहारिक अनुभव के लिए जोड़ा जाए। जिन जिलों में हवाई पट्टियां हैं, वहां विश्वविद्यालयों और पॉयलेट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के समन्वय से पॉयलेट ट्रेनिंग का प्रशिक्षण भी आरंभ किया जा सकता है। पैरामेडिकल से संबंधित रोजगारमूलक पाठ्यक्रम भी विश्वविद्यालयों द्वारा संचालित किए जाएं और शारीरिक शिक्षा व खेल गतिविधियों को कोर्स में सम्मिलित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाएं अपने यहाँ दीक्षांत समारोह, वार्षिक उत्सव, प्रदेश व प्रदेश के बाहर की यात्राएं और विषय-विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की पॉलिटेक्निक संस्थाओं की ग्रेडिंग कर उनकी वास्तविक स्थिति का आंकलन किया जाए और उनके उन्न्यन की दिशा में सार्थक प्रयास हों। परम्परागत पाठ्यक्रमों के साथ-साथ वर्तमान की आवश्यकता के अनुसार पाठ्यक्रम आरंभ किए जाएं। प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में भविष्य की माँग और चुनौतियों के अनुसार अध्ययन, शोध व प्रशिक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इंजीनियरिंग महाविद्यालयों को समन्वित रूप से डीम्ड विश्वविद्यालय बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएं, स्वशासी स्वरूप होने से यह महाविद्यालय आत्मनिर्भर भी बनेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 5 से 15 जून तक पेयजल संवर्धन अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत पेयजल स्त्रोतों की स्वच्छता, साफ-सफाई के लिए गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश के समस्त शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों को इन गतिविधियों से जोड़ा जाए।

एयर मार्शल नागेश कपूर ने एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ ट्रेनिंग कमांड का पदभार ग्रहण किया

नई दिल्ली : गुरूवार, मई 2, 2024/ एयर मार्शल नागेश कपूर ने कल प्रशिक्षण कमान (टीसी) में एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) का पदभार ग्रहण किया। एयर मार्शल एन कपूर को 6 दिसंबर, 1986 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। वे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उनके पास एक योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और फाइटर कॉम्बैट लीडर के रूप में 3400 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है।

एयर मार्शल ने अपने शानदार करियर के दौरान कई फील्ड और स्टाफ पदों पर काम किया है। उन्होंने परिचालन कार्यकाल के दौरान केंद्रीय क्षेत्र में एक लड़ाकू स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, पश्चिमी क्षेत्र में एक फ्लाइंग बेस के स्टेशन कमांडर और एक प्रमुख एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग पद की जिम्मेदारियों को संभाला है। इसके अलावा उन्होंने वायु सेना अकादमी में मुख्य प्रशिक्षक (उड़ान) और प्रतिष्ठित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज- वेलिंगटन में निर्देशन स्टाफ के रूप में अपना निर्देशात्मक कार्यकाल पूरा किया है। एयर मार्शल नागेश कपूर ने वायु सेना अकादमी में अपने कार्यकाल के दौरान भारतीय वायु सेना में पीसी-7 एमके आईएल विमान को शामिल करने और परिचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने डिफेंस अटैची, पाकिस्तान के रूप में एक राजनयिक कार्यभार को भी संभाला है। उनकी स्टाफ नियुक्तियों में वायु सेना मुख्यालय में सहायक वायु सेना परिचालन (रणनीति), दक्षिण पश्चिमी वायु कमान में एयर डिफेंस कमांडर और केंद्रीय वायु कमान मुख्यालय में सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर शामिल हैं। उन्होंने मौजूदा पदभार को संभालने से पहले वायु सेना मुख्यालय में एयर ऑफिसर-इन-चार्ज पर्सनेल (कार्मिक) के रूप में कार्य किया है।

एयर मार्शल नागेश कपूर उनकी सराहनीय सेवा के लिए साल 2008 में वायु सेना पदक और 2022 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।

अंतराष्ट्रीय स्तर पर आईटी कंपनियां खोलने की दिशा में होंगे प्रयास – आलोक शर्मा

भोपाल : गुरूवार, मई 2, 2024/ हमारा भोपाल, भारत के मध्य में बसा है। भोपाल के आसपास काफी लैंड बैंक है। यहां आधुनिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। युवा प्रतिभाओं के सपने पल्लवित हो सकें यह जनप्रतिनिधि के तौर पर जिम्मेदारी है। हमने निश्चय किया है कि भोपाल को प्रदेश का आईटी सिटी बनाएंगे। यह कहना है भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा का। वे बुधवार को दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में जनसपंर्क के दौरान स्वागत के लिए उमड़े जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भोपाल को आईटी क्षेत्र में चर्चित पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, बैंगलोर की तर्ज पर डेवलप करने का प्रयास करेंगे। यहां अंतराष्ट्रीय स्तर की बड़ी आईटी कंपनियां अपनी शाखा खोलें इस दिशा में प्रयास करूंगा। इससे बड़े शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ेगी साथ ही युवाओं को अपने शहर में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। आईटी कंपनियां आने से एक पूरा इको सिस्टम डेवलप होगा। शहर में प्रॉपर्टी के रेट बढ़ेंगे, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट तेजी से बढ़ेगा, साथ ही बड़ी आईटी कंपनीज के काम को करने के लिए बहुत सी आईटी एंसेलरीज भी सेटअप होंगी, जिससे भोपाल का विकास तेजी से होगा। स्टार्टअप्स शुरू करने वाले युवाओं को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। क्योंकि वे खुद नौकरी के लिए भटकते बल्कि अन्य कई लोगों को रोजगार देने का काम करते हैं। हम इस दिशा में काम करेंगे।

प्रत्याशी आलोक शर्मा ने कहा कि वे सांसद बनकर घर बैठने वाले नहीं हैं। जनता जनार्दन की अपेक्षाओं को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोडूंगा। आवागमन सुविधाओं में बढोत्तरी के ठोस प्रयास करूंगा। खासतौर पर भोपाल से बड़े शहरों के लिए फ्लाइट्स की कनेक्टिविटी सुदृढ़ हो इस पर जोर दूंगा। आईटी क्षेत्र के नौकरीपेशा युवाओं की सुविधा के लिए बड़े शहरों के लिए ट्रेन सुविधाओं में विस्तार देने का प्रयास करूंगा।

मंच लगाकर किया स्वागत दक्षिण पश्चिम विधानसभा में विधायक भगवान दास सबनानी के साथ प्रचार करने पहुंचे प्रत्याशी आलोक शर्मा के स्वागत के लिए जनता और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह मंच लगाए थे। कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। मंच से पुष्पवर्षा की गई। महिलाओं ने तिलक लगाकर आरती उतारी तो युवाओं ने आतिशबाजी कर स्वागत किया। शिवाजी नगर में हाथों में मोदी की तस्वीर और सिर पर मंगल कलश रखकर महिलाओं ने सांसद प्रत्याशी आलोक शर्मा का स्वागत किया। अबकी बार 400 पार और हर हर मोदी घर घर मोदी के नारे भी लगाए।

इन क्षेत्रों में किया जनसंपर्क प्रत्याशी आलोक शर्मा ने काली मंदिर चुना भट्टी से जनसंपर्क शुरु कर श्रीगार्डन, डीजे टावर, बुद्ध विहार, कोलार तिराहा, हर्षवर्धन नगर, सांई बाबा मंदिर, पंचशील नगर, जैन धर्मशाला, डीसी चौराहा, काली मंदिर बंगाली कॉलोनी, सरदार पटेल स्कूल, नर्मदा भवन, दुर्गा भवन, अर्जुन नगर, सरस्वती स्कूल के पास से होते हुए मांचना कॉलोनी, पांच नंबर स्टॉप, ऋषि नगर, रवि शंकर नगर, श्याम नगर, नूतन मार्केट, पंचायत भवन, 60 क्वार्टर, 88 ब्लॉक, आकांक्षा भवन के पास से होते हुए सेकंड स्टॉप, महाराष्ट्र भवन, शिवनगर, गोकुलधाम, सीआई होम्स, माता मंदिर होते हुए बाल विहार, शिव शक्ति मंदिर, सुनहरी बाग, सरस्वती नगर, ईडब्ल्यूएस कालोनी, जवाहर चौक, ओम नगर, बिरला मंदिर, भीम नगर, वल्लभ भवन, सतपुड़ा भवन से होते हुए न्यू मार्केट क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...