जबलपुर, 28 जून/ पश्चिम मध्य रेल, जबलपुर मण्डल के जबलपुर-इटारसी रेलखण्ड पर करेली-नरसिंहपुर स्टेशन के बीच
बालू रेवा ब्रिज के खतरे की स्थिति में होने के कारण कुछ गाड़ियों को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है। मंडल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये इस मार्ग से होकर चलने वाली कुछ गाड़ियों को इटारसी से मार्ग परिवर्तित कर वाया भोपाल-बीना-कटनी होकर चलाया जा रहा है तथा कुछ गाड़ियों को शार्ट टर्मिनेट/ओरिजनेट किया गया है।
ब्रिज पर खतरे के कारण कुछ रेल गाड़ियों के मार्ग परिवर्तित
कार्रवाई के डर से वैचारिक मतभेद वाले लोग भी कर रहे गलबहियां : शिवराज
भोपाल, 28 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विपक्षी दलों की एकजुटता पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का भ्रष्टाचारियों को दंड देने का संकल्प है और ऐसे में कार्रवाई के डर से वैचारिक मतभेद वाले लोग भी आपस में गलबहियां कर रहे हैं। श्री चौहान ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है, एक भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ने का। भाजपा सरकारों का भी ये संकल्प है। ऐसे में बड़े घोटाले वाले कार्रवाई के डर से एकत्रित हो रहे हैं। इनमें कोई वैचारिक एकता नहीं है। ये सब अलग अलग राज्यों में बुरी तरह लड़ रहे हैं। वैचारिक दुश्मनों को सामने जेल दिखाई दे रही है, इसलिए गलबहियां कर रहे हैं। उन्हें पता है कि गड़बड़ करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छोड़ेंगे नहीं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी गड़बड़ करने वाले नहीं बचेंगे। कांग्रेस केवल झूठ की राजनीति करती है।
उनकी गारंटी सिर्फ झूठ की है। भ्रष्टाचार, महिलाओं के अपमान, नौजवानों को ठगने, किसानों को छलने और धोखे की
गारंटी है। ऐसी गारंटी वाले जनता की नजरों से उतर गए हैं।
नहीं बदलेगा दीनदयाल रसोई का नाम : शिवराज
भोपाल, 28 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में चलने वाली दीनदयाल रसोई के
नाम में कोई परिवर्तन नहीं होगा। श्री चौहान ने अपने बयान में कहा कि ये रसोई दीनदयाल रसोई ही रहेगी, नाम में कोई
परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इसके नाम के परिवर्तन का प्रस्ताव था, लेकिन परिवर्तन का कोई सवाल नहीं है। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में व्यवसाय एवं श्रम कार्यो हेतु ग्रामीण क्षेत्रों से गरीब परिवारों के आगमन को देखते हुए सभी जिला
मुख्यालयों और 6 धार्मिक नगरी मैहर, अमरकंटक, महेश्वर, ओंकारेश्वर, चित्रकूट एवं ओरछा में ‘दीनदयाल अन्त्योदय रसोई योजना’ का संचालन होता है।
मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्राप्त होने पर शिवराज ने दी बधाई
भोपाल, 28 जून/ मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरस्कार प्राप्त होने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बधाई दी है। श्री चौहान ने कैबिनेट की बैठक शुरु होने के पूर्व अपने संबोधन मे कहा कि यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। पहले प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार लिया और अब मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय जल पुरस्कार मिला है।
उन्होंने कहा कि ये सभी के लिए गर्व और गौरव का विषय है। बढ़ती हुई सिंचाई की क्षमता, पानी की एक बूंद का
हम बेहतर उपयोग कैसे कर सकते हैं उसके प्रयास कर रहे हैं। कैनाल इरीगेशन के साथ प्रेशराइज्ड पाइप से सिंचाई की
परियोजना बनाएंगे क्योंकि उतने ही पानी में लगभग पौने दो गुना सिंचाई हो जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरचनाओं
का मध्यप्रदेश में सरकार ने जाल बिछाया है, उसके लिए भारत सरकार ने ये पुरस्कार दिया है। उन्होंने इसके लिए मंत्री
तुलसी सिलावट, ग्रामीण विकास मंत्रालय, नर्मदा घाटी समेत सभी विभागों और पूरी टीम को बधाई दी।
हेयर स्टाइलिस्ट जिसका जादू पूरे बॉलीवुड में चलता है, उसकी प्रेरणा का स्रोत क्या है?
आइये जानते है इस सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट से, जिसका नाम हॉलीवुड और बॉलीवुड सितारों जैसे दीपिका पादुकोण, अनुष्का शर्मा, करीना कपूर, प्रियंका चोपड़ा, जेसिका अल्बा, रॉबर्ट डाउनी जूनियर और बहुत से सितारों के बीच चमकता है। यह उत्साही स्टाइलिस्ट एक शांतिपूर्ण ध्यान अभ्यास को अपनी प्रेरणा और असीमित ऊर्जा का श्रेय देता है, जिसका वह रोजाना अभ्यास करता है।
गैब्रियल जॉर्जीऊ ने चमक-दमक और ग्लैमर की दुनिया में अपने लिए एक नाम बनाया है। वोग इंडिया द्वारा “बेस्ट हेयरस्टाइलिस्ट” के रूप में सम्मानित किए जाने से, सितारों को भव्य रेड कारपेट लुक्स के लिए तैयार करने, और दीपिका पादुकोण के शानदार हेयरस्टाइल्स का प्रदर्शन, इस जोशीले कलाकार ने यह सब किया है। उनके द्वारा अनुष्का शर्मा की शादी के लिए बनाए हेयरस्टाइल खासे चर्चा में रहे।
जॉर्जियो ने अपना अधिकांश बचपन ऑस्ट्रेलिया और ग्रीस में बिताया। उन्होंने लंदन में टोनी एंड गाइ एकेडमी ऑफ हेयर से शिक्षा ली। इसके बाद मेलबोर्न के फ्लैगस्टाफ कॉलेज में पीरियड मेकअप, कॉस्टयूम, विग और बालों का भी अध्ययन किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया से लेकर एथेंस, लंदन से लेकर एल.ए. और इसके बाद 2008 में मायानगरी मुंबई में कदम रखा।
भारत का हेयर स्टाइलिंग परिवेश जॉर्जियो को निश्चित ही बहुत अनोखा लगा। “मुझे लगा जैसे समय में पीछे जा कर मैं सौंदर्यशास्त्र और हेयरस्टाइल्स के 80 के दशक में चला गया हूँ,” वे कहते हैं, ” उदाहरण के लिए बालों का टेक्सचर वाला स्टाइल कभी पत्रिकाओं में या सेलिब्रिटीज में नहीं देखा गया था। युवा अभिनेत्रियां कुछ नया प्रयोग करना चाहती थीं और हॉलीवुड सितारों की तरह दिखना चाहती थीं। ”
बॉलीवुड की हर तारिका जिसके साथ उन्होंने काम किया, अपना दीवाना बना लिया। टेक्सचर और स्ट्रक्चर का संयोजन करने वाले उनके प्रतिष्ठित स्टाइल ने उन्हें सबसे अधिक मांग वाले हेयर स्टाइलिस्ट में से एक बना दिया है।
किसी के लिए इतना कल्पनाशील और उत्साही होने, और साथ ही इतना सकारात्मक और शांत होने के लिए, निश्चित ही कोई “गुप्त” शक्ति होनी चाहिए जो मदद कर रही हो। यह पूछे जाने पर कि वह क्या है जो उन्हें इतनी सफलता के बाद भी स्थिर रखता है, उन्होंने कहा कि इसका श्रेय वे फालुन दाफा ध्यान अभ्यास को देते हैं जिसका वे रोज अभ्यास करते हैं।
जॉर्जीउ ने 2002 में ऑस्ट्रेलिया में फालुन दाफा के अभ्यास को सीखा। “मैं इस बात से आकर्षित हुआ कि यह मन और शरीर दोनों का अभ्यास है, और यह सत्य, करुणा और सहनशीलता के व्यापक सिद्धांतों पर आधारित है, और यह नि:शुल्क है।”
“मैं हमेशा से मानता था कि अच्छाई और ज्ञान ह्रदय से दिया जाता है, आप उसे खरीद नहीं सकते। मैं इस कहावत में भी विश्वास करता हूं कि जब शिष्य तैयार होगा तो शिक्षक स्वयं प्रकट होगा। हमारे पास सब कुछ किसी कारण से आता है और मुझे लगा कि मुझे इसे आजमाना चाहिए।”
वे कहते हैं, “व्यक्तिगत रूप से मुझमें निरंतर सुधार हुआ है। मैं न केवल बेहद स्वस्थ हो गया हूं, बल्कि बहुत फुर्तीला और सकारात्मक महसूस करता हूं। मैं मुश्किल परिस्थितियों को भी संयम से संभाल पाता हूं। ”
फालुन दाफा की शुरुआत 1992 में चीन में हुई और इसकी शिक्षाओं और स्वास्थ्य लाभों के कारण यह बहुत लोकप्रिय हो गया। अकेले चीन में 7 से 10 करोड़ लोग इस प्रणाली का अभ्यास कर रहे थे। चीनी कम्युनिस्ट शासन के पूर्व नेता, जियांग जेमिन ने इसकी बढ़ती लोकप्रियता से चिंतित होकर, 20 जुलाई, 1999 को इस शांतिपूर्ण अभ्यास पर अवैध रूप से प्रतिबंध लगा दिया और इसके अभ्यासियों पर क्रूर दमन शुरू कर दिया, जो आज तक जारी है। दूसरी ओर, फालुन दाफा का अभ्यास भारत सहित दुनिया भर के 114 से अधिक देशों में किया जा रहा है।
जब जॉर्जीऊ ने पहली बार चीन में चल रहे दमन के बारे में सुना तो वे हैरान रह गए। वे कहते हैं, “मैं यह नहीं समझ सकता कि कैसे कोई सरकार इतने अच्छे अभ्यास का दमन कर सकती है जो पारंपरिक संस्कृति से जुड़ा है और समाज के लिए इतना लाभकारी है।”
अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद, गैब्रियल फालुन दाफा अभ्यास के लिए इच्छुक लोगों को सिखाने के लिए समय निकालते हैं। इसके साथ ही वे लोगों को चीन में फालुन दाफा अभ्यासियों पर हो रहे क्रूर दमन के बारे में बताना नहीं भूलते। इसमें कोई संदेह नहीं कि गैब्रियल हमारे लिए एक रोल मॉडल हैं जो आज के भौतिकवादी जगत में एक सफल कैरियर और आध्यात्मिक जीवनशैली दोनों का संतुलन कर पा रहे हैं।
यदि आप फालुन दाफा अभ्यास सीखने के इच्छुक हैं, तो आप www.falaundafa.org या www.falundafainfia.org पर विवरण देख सकते हैं।
भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान निरंतर जारी, मोहगांव सुनारी में भाजपा नेता राजू नरोटे एव दिनेशकांत मालवी ने घर घर पहुंचकर लोगो को बताई केंद्र सरकार की उपलब्धियां
छिंदवाड़ा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर जिला भाजपा द्वारा शहर सहित ग्रामीण इलाको में महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, इस दौरान भाजपा नेता कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगो से संपर्क कर केंद्र सरकार की उपब्धियों के बारे में बताने के साथ चलाई जा रही जनकल्याण कारी योजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान कर रहे है, इसी क्रम में रविवार को वरिष्ट भाजपा नेता पूर्व जिला महामंत्री राजू नरोटे एव भाजपा नेता दिनेशकांत मालवी ने ग्राम मोहगांव, सुनारी में जनसंपर्क किया और केन्द्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यो एवं गरीब कल्याण योजनाओं के साथ ही पिछले 9 वर्षे में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती सांख, देश का चहुंओर विकास एवं विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों की जानकारी नागरिकों को दी एवं केन्द्र सरकार द्वारा किए गए कार्यो से संबंधित पत्रक घर-घर पहुंचकर वितरित किए, साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना, इस दौरान क्षेत्र के भाजपा नेता कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रमुख रूप से रमाकांत पटेल, वीरेन्द्र कुशवाहा, हेमराज पटेल, झनकलाल बजोलिया, नन्दु कुशवाहा, शिवनंदन पटेल, देवन सिंह, राधेश्याम पटेल, भारत बजोलिया उपस्थित रहे ।
प्रधानमंत्री मोदी को शिवराज ने दी विदाई
भोपाल, 27 जून/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भोपाल एयरपोर्ट स्थित एयर कार्गो टर्मिनल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
ने भावभीनी विदाई दी। केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के अध्यक्ष
शैतान सिंह पाल, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष माखन सिंह चौहान, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ,मध्य प्रदेश पर्यटन विकास
निगम के पूर्व अध्यक्ष तपन भौमिक और अन्य जन-प्रतिनिधियों सहित मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक
सुधीर सक्सेना और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आत्मीय विदाई दी। प्रधानमंत्री श्री मोदी 5 वंदे भारत ट्रेनों के शुभारंभ
के लिए भोपाल आये थे।
वंदे भारत ट्रेनों की सौगात के लिए मोदी का आभार- शिवराज
भोपाल, 27 जून/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदेश को प्रदान की गई दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात के लिए
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका आभार माना है। श्री चौहान ने अपने ट्वीट में लिखा है कि भोपाल-जबलपुर और
भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस प्रारंभ करना, मध्यप्रदेश के विकास का एक और सोपान है। देश की विकास यात्रा में पूरा भारत प्रधानमंत्री श्री मोदी का सहयात्री है। वंदे भारत एक्सप्रेस नए भारत के सपनों को नई गति देगी।
अलग रंग में मोदी, समूचा विपक्ष रहा निशाने पर
भोपाल, 27 जून/ लगभग सप्ताह भर की विदेश यात्रा से लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी लोकसभा चुनाव के साथ ही पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का प्रचार का आगाज करते हुए न केवल चुनावों के मुद्दे स्पष्ट किए, बल्कि समान नागरिक संहिता से लेकर कर्जमाफी और विपक्ष की एकजुटता तक के मुद्दों पर समूचे विपक्ष को एक-एक कर निशाने पर ले लिया। आज एकदम अलग रंग में दिखे श्री मोदी चुनावों के पूर्व पार्टी के 10 लाख से भी ज्यादा बूथों और 12 हजार मंडलों पर जुटे भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं को डिजिटल रैली के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। भाजपा के ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत देश भर से चयनित होकर भोपाल आए लगभग तीन हजार बूथ कार्यकर्ताओं को आमने-सामने संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को सीख दी कि वे सारे मतभेद भुला कर सिर्फ ‘कमल’ निशान पर ध्यान केंद्रित रखें। आयोजन में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी उपस्थित रहे।
शेमारू टीवी पर 03 जुलाई से प्रसारित होगा रामायण
मुंबई, 27 जून/ लोकप्रिय सीरियल रामायण का प्रसारण शेमारू टीवी पर 03 जुलाई से किया जायेगा। महाकाव्य पौराणिक ग्रंथ रामायण पर आधारित रामायण का निर्देशन रामानंद सागर ने किया था।रामायण में दीपिका चिखलिया ने सीता और अरुण गोविल ने राम की भूमिका निभाई। अन्य कलाकारों में लक्ष्मण के रूप में सुनील लहरी, मंथरा के रूप में ललिता पवार, रावण के रूप में अरविंद त्रिवेदी और हनुमान के रूप में दारा सिंह शामिल थे।
दर्शकों कि मांग पर शेमारू टीवी एक बार फिर रामानंद सागर की रामायण को टेलीविजन स्क्रीन पर लेकर आ रहें हैं।
‘रामायण’ शेमारू टीवी पर 3 जुलाई से सोमवार से रविवार शाम 7:30 बजे प्रसारित होगी।














