दिल्ली / भुवनेश्वर 20 जून/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह , ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अवसर पर लोगों को बधाई दी। श्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, “’रथ यात्रा की सभी को बधाई। भगवान जगन्नाथ की दिव्य यात्रा हमारे जीवन को स्वास्थ्य, खुशी और आध्यात्मिक समृद्धि से भर दे।”
श्री शाह ने ट्वीट किया , “’श्री जगन्नाथ रथयात्रा सनातन संस्कृति का बहुत बड़ा पर्व है जिसे देश के करोड़ों भक्त श्रद्धा से मनाते हैं। , रथ यात्रा का त्योहार सभी के जीवन में शांति और समृद्धि लाता है। जगन्नाथ रथयात्रा की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।” ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अपने बधाई संदेश में कहा , “पवित्र रथ यात्रा के शुभ अवसर पर सभी को मेरी शुभकामनाएं। प्रभु का आशीर्वाद और आपके सहयोग से विकास का आशीर्वाद नये ओडिशा का मार्ग प्रशस्त करे। जय जयजगन्नाथ।” मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के मंगल एवं कल्याण के पवित्र उत्सव ‘रथयात्रा’ पर सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा, “प्रभु की कृपा हर घर-आंगन में अनवरत बरसती रहे तथा सुख, समृद्धि, आनंद और शुभता व शुभत्व के दीप प्रदीप्त रहें, हर मुख पर मुस्कान हो, यही प्रार्थना है।” हिन्दू कैलेंडर के मुताबिक प्रत्येक वर्ष आषाढ़ माह के पहले पखवाड़े के दूसरे दिन रथयात्रा का पर्व मनाया जाता है। इस दिन ‘ब्रह्मांड के भगवान’ कहे जाने वाले भगवान जगन्नाथ को सुंदर रथों पर मंदिर से बाहर ले जाया जाता है। पारिवारिक समरसता को समुचित आदर प्रश्रय देने तथा भाई बहन के निर्मल संबंध को प्रकट करते उन्हें स्नेहबंधन से बांधे जगन्नाथजी का श्री विग्रह अनूठा है। बड़े भाई बलराम को ही नहीं छोटी बहन सुभद्रा को भी अपने साथ रख पारिवारिक समरसता और विश्वबंधुत्व का संदेश देता उनका आचरण यही दर्शाता है।
मोदी , शाह और पटनायक ने जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव पर लोगों को दी बधाई
भारत की भूमिका व्यापक तथा बड़ी होनी चाहिए : मोदी
दिल्ली 20 जून/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि विश्व में भारत की स्थिति और कद को देखते हुए उसकी भूमिका व्यापक तथा बड़ी होनी चाहिए। श्री मोदी ने अमेरिका और मिस्र की यात्रा पर रवाना होने से पहले वॉल स्ट्रीट जनरल को दिये साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका और भारत के नेताओं के बीच परस्पर भरोसा बढा है और दोनों देशों के संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा , “भारत को किसी को उसके स्थान से हटाना नहीं चाहता है। हम चाहते हैं कि भारत को दुनिया में उसका उचित स्थान मिले। भारत की भूमिका बड़ी तथा व्यापक होनी चाहिए। आज के युग में दुनिया परस्पर जुड़ी हुई है और एक दूसरे पर पहले से कहीं अधिक निर्भर है। मजबूत आपूर्ति व्यवस्था बनाने के लिए आपूर्ति श्रंखला में और विविधता लाये जाने की जरूरत है।” चीन के साथ संबंधों को सामान्य बनाये जाने से संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा “सीमा पर शांति तथा मैत्री का माहौल जरूरी है। हमारा मजबूती से मानना है कि सभी की संप्रभुता और प्रादेशिक अखंडता का सम्मान होना चाहिए, नियमों का पालन होना चाहिए तथा मतभेद और विवादों का शांतिपूर्ण समाधान होना चाहिए।” उन्होंने जोर दिया कि भारत अपनी संप्रभुता और सम्मान की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार तथा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी देशों को अंतर्राष्ट्रीय कानूनों और अन्य देशों की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए। विवादों का समाधान कूटनीति तथा संवाद से होना चाहिए। उन्होंने कहा ,“कुछ लोगों का कहना है कि हम तटस्थ हैं लेकिन हम तटस्थ नहीं हैं। हम शांति के पक्षधर हैं। ” उन्होंने कहा कि दुनिया को पूरा भरोसा है कि भारत की प्राथमिकता शांति ही है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के बारे में पूछे गये सवाल के जवाब में श्री मोदी ने कहा कि परिषद की मौजूदा सदस्यता का आंकलन होना चाहिए और दूनिया से पूछा जाना चाहिए कि क्या वह चाहती है कि भारत को इसमें जगह मिले। उन्होंने कहा कि भारत टकरावों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए वह सभी प्रयास करेगा जो वह कर सकता है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंन कहा ,“ मैं आजाद भारत में जन्म लेने वाला देश का पहला प्रधानमंत्री हूं और इसीलिए मेरे विचार , व्यवहार , मैं क्या कहता हूं , क्या करता हूं, वे मेरे देश की परंपराओं से प्रभावित तथा प्रेरित हैं । मुझे इससे ताकत मिलती है। मैं दुनिया के समक्ष अपने देश को वैसा ही पेश करता हूं जैसा मेरा देश है और अपने आप को भी वैसे ही पेश करता हूं जैसा मैं हूं। ”
शिवराज ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की दी बधाई
भोपाल, 20 जून/ राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को आज उनके जन्मदिन पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है। श्री चौहान ने ट्वीट कर कहा ‘नारी सशक्तिकरण की प्रतीक महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी आपको जन्मदिन की आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ जी का आशीर्वाद आप पर सदैव बना रहे, आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों, यही मंगलकामना करता हूँ।’
धर्मांतरण का कुचक्र नहीं चलने देंगे, ऐसा सबक देंगे जो पूरा देश याद रखेगा : शिवराज
भोपाल, 20 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण का कुचक्र नहीं चलने दिया जाएगा और ऐसे असामाजिक तत्वों को ऐसा सबक सिखाएंगे कि पूरा देश याद रखेगा। श्री चौहान ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि अगर कोई भी गड़बड़ करेगा, तो ऐसा सबक सिखाएंगे कि पूरा देश याद रखेगा। हम प्रदेश में धर्मांतरण का कुचक्र नहीं चलने देंगे। गुंडागर्दी और दादागिरी नहीं चलने दी जाएगी। ऐसे असामाजिक तत्वों और गुंडों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। प्रदेश की राजधानी भोपाल का एक वीडियो साेशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक एक युवक के गले में पट्टा डालकर उसे कुत्ते की तरह भौंकने पर मजबूर कर रहे थे। वीडियो के अंत में पीड़ित युवक ये कहते हुए भी सुनाई दे रहा था कि उसे छोड़ दिया जाए और वो ‘मियां भाई’ बनने के लिए तैयार है। इसके बाद इस वीडियो के तार कथित तौर पर धर्मांतरण से भी जुड़ गए थे। इस वीडियो के संज्ञान में आते ही कल मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पुलिस कमिश्नर भोपाल और कलेक्टर भोपाल को सख्त निर्देश दिए कि अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर नजीर पेश की जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं तीनों अपराधियों के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई भी करते हुए अतिक्रमण तोड़ दिया गया। मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
शिवराज ने जगन्नाथ रथयात्रा की दी बधाई
भोपाल, 20 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के मंगल व कल्याण के पवित्र उत्सव ‘रथयात्रा’ के शुभारंभ की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री चौहान ने कहा कि प्रभु की कृपा हर घर-आंगन में अनवरत बरसती रहे तथा सुख, समृद्धि, आनंद और शुभता व शुभत्व के दीप प्रदीप्त रहें, हर मुख पर मुस्कान हो, यही प्रार्थना है।
आत्मनिर्भरता दर्शाई बीते नौ वर्षों ने : शिवराज
भोपाल, 20 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि केंद्र सरकार के पिछले नौ वर्ष आत्मनिर्भरता एवं नवाचार को समर्पित रहे। श्री चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्पों का ही परिणाम है, जो कभी अन्य देशों पर निर्भर रहने वाला भारत आज विश्व के कई देशों के लिए प्रेरणास्रोत बना है। भारत सरकार की पहल मेक इन इंडिया के मंत्र से भारत विश्वभर में आज दो हजार 600 करोड़ रुपये से अधिक के खिलौने निर्यात कर रहा है। साथ ही विगत 9 वर्षों में 23 गुना से अधिक अर्थात 16 हजार करोड़ रुपए के रक्षा उत्पादों का भी निर्यात हुआ है।
दो बच्चों की गड्ढे में डूबने से मौत मुरैना
20 जून/ मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक ईंट भट्टे पर काम कर रहे मजदूरों के दो बच्चों की आज गड्ढे में डूबने से मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि अम्बाह थाना क्षेत्र में ग्राम भटपुरा स्थित एक ईंट भट्ठा पर काम करने वाले मजदूरों के दो बच्चे निशांत (09) और बालिका परी (08) वहां खेल रहे थे और खेलते खेलते दोनों बच्चे भट्टा परिसर में एक गड्ढे में भरे पानी में डूब गए, जिससे उनकी डूबने से मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
ग्रीष्मकालीन स्कूल: कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं 1 जुलाई से, 6 वीं से 12 वीं तक की कक्षा 20 से सुबह की शिफ्ट में जून से
मध्यप्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद अब स्कूलों में कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ होंगी। कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक की कक्षा 20 जून से 30 जून तक सुबह की शिफ्ट में लगेंगी।
मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधि तेज, भोपाल में दिखाई देगा असर
भोपाल। प्रदेश में प्री मानसूनी गतिविधि तेज हो गई है। राजधानी भोपाल में इसका सबसे तेज दिखाई दिया। पिछले 24 घंटे
के दौरान रतलाम में 4.6 और दतिया में 3.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को 25 जिलों में
बारिश का अनुमान जताया है।
इन जिलों में दिखेगा बिपरजॉय का असर
मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जून को पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकांश स्थानों में बारिश हो सकती है। पश्चिम उत्तर मध्य प्रदेश के में भारी बारिश होने की भी आसार है। वहीं, विपरजॉय तूफान का असर प्रदेश के भोपाल, उज्जैन, चंबल और ग्वालियर संभाग में देखने को मिलेगा। राजगढ़, रायसेन, भोपाल, विदिशा, सीहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, श्योपुर, उज्जैन, शाजापुर, देवास, आगर मालवा, रतलाम, नीमच और मंदसौर में भी तूफान के कारण बारिश होने का अनुमान है।
पब्लिक डिमांड पर ‘रामायण’ की सीता दीपिका चिखलिया ने शेयर किया वीडियो
मुंबई, 19 जून/ सीरियल ‘रामायण’ में मां सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया ने पब्लिक डिमांड पर अपना
एक वीडियो शेयर किया है। दीपिका चिखलिया ने रामानंद सागर के सीरियल ‘रामायण’में मां सीता का किरदार निभाया था, जिसे लोगों ने बेहद पसंद किया। दीपिका चिखलिया को लोग आज भी सीता के रूप जानते हैं। ओम राउत निर्देशित फिल्म ‘आदिपुरुष’ इन दिनों विवादों में है। फिल्म के डायलॉग्स, वीएफएक्स और कई सींस पर लोग आपत्ति जता रहे हैं। इस फिल्म में राम और सीता का किरदार प्रभास और कृति सैनन ने निभाया है, जबकि रावण, सैफ अली खान बने हैं। दीपिका ने भारी डिमांड पर अपना पुराना वीडियो शेयर किया है।अपने थ्रोबैक वीडियो में दीपिका माता सीता के रूप में दिखाई दे रही हैं। वीडियो को शेयर करते हुए दीपिका ने कैप्शन में लिखा,यह पोस्ट पब्लिक डिमांड पर है। सीता का किरदार निभाने के बाद जो प्यार मुझे लोगों से मिला, मैं उसके लिए हमेशा शुक्रगुजार रहूंगी। इससे ज्यादा मैं कुछ और नहीं मांग सकती हूं।














