मुंबई, वैश्विक बाजार के कमजाेर रुख से हतोत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा बिकवाली से आज शेयर बाजार आधे प्रतिशत से अधिक की गिरावट पर रहा।बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 371.83 अंक अर्थात 0.60 प्रतिशत का गोता लगाकर 61560.64 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 104.75 अंक यानी 0.57 प्रतिशत टूटकर 18181.75 अंक पर आ गया। हालांकि इस दौरान बीएसई का मिडकैप 0.16 प्रतिशत उतरकर 26,329.62 अंक जबकि स्मॉलकैप 0.25 प्रतिशत की तेजी लेकर 29,874.47 अंक पर पहुंच गया।इस दौरान बीएसई में कुल 3625 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1782 में बिकवाली जबकि 1706 में लिवाली हुई वहीं 137 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी में 35 कंपनियां गिरावट जबकि शेष 15 में तेजी रही।बीएसई में एफएमसीजी, ऑटो और इंडस्ट्रियल्स की 0.17 प्रतिशत तक की तेजी को छोड़कर शेष समूहों में गिरावट का रुख रहा। इस दौरान कमोडिटीज 0.32, सीडी 0.30, ऊर्जा 0.37, वित्तीय सेवाएं 0.57, हेल्थकेयर 0.15, आईटी 0.79, दूरसंचार 0.57, यूटिलिटीज 0.82, बैंकिंग 0.55, कैपिटल गुड्स 0.05, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.63, धातु 0.96, तेल एवं गैस 0.60, पावर 0.72, रियल्टी 1.29 और टेक समूह के शेयर 0.89 प्रतिशत गिर गए।अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.04, जर्मनी का डैक्स 0.34, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.58 और जापान का निक्केई 0.84 प्रतिशत चढ़ गया जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 2.09 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.21 प्रतिशत लुढ़क गया।शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 61,932.32 अंक पर सपाट खुला लेकिन लिवाली की बदौलत थोड़ी देर बाद ही 61,979.94 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बिकवाली होने से यह दोपहर बाद 61,340.10 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। अंत में पिछले दिवस के 61,932.47 अंक के मुकाबले 0.60 प्रतिशत लुढ़ककर 61,560.64 अंक पर रहा।इसी तरह निफ्टी भी 18,300.45 अंक पर सपाट खुला और सत्र के दौरान 18,309.00 अंक के उच्चतम जबकि 18,115.35 अंक के निचले स्तर पर भी रहा। अंत में पिछले सत्र के 18,286.50 अंक की तुलना में 0.57 प्रतिशत टूटकर 18,181.75 अंक पर आ गया।इस दौरान सेंसेक्स की नुकसान उठाने वाली प्रमुख कंपनियों में कोटक बैंक 1.80, एचसीएल टेक 1.50, टीसीएस 1.47, इंफोसिस 1.32, टाटा स्टील 1.26, विप्रो 1.11, टाटा मोटर्स 1.06, आईसीआईसीआई बैंक 0.77, एनटीपीसी 0.76, पावरग्रिड 0.67, रिलायंस 0.61, एचडीएफसी 0.60, एचडीएफसी बैंक 0.49, एलटी 0.33 और एक्सिस बैंक 0.32 प्रतिशत शामिल रही। वहीं, इंडसइंड बैंक 1.27, आईटीसी 0.87, भारती एयरटेल 0.68, मारुति 0.56, अल्ट्रासिमको 0.29, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.12 और एसबीआई ने 0.05 प्रतिशत का मुनाफा कमाया।
कोलार सिक्स लेन रोड निर्माण: बिना नोटिस दिए रहवासियों के निर्माण तोड़ने के लिए चिह्नित मकानों का मामला
चूनाभट्टी में तोड़फोड़ पर हाईकोर्ट की रोक
कलेक्टर को जांच कमेटी बनाने के निर्देश
भोपाल, मप्र हाईकोर्ट ने कोलार रोड स्थित चूनाभट्टी के रहवासियों के स्वामित्व की जांच करने कलेक्टर को एक कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं।
इस कमेटी में लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग के अलावा नगर निगम के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। जस्टिस विशाल मिश्रा की अवकाश कालीन एकलपीठ ने अगले 10 दिन तक याचिकाकर्ताओं के मकान व निर्माण तोड़ने पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कमेटी को निर्देश दिए याचिकाकर्ताओं के दस्तावेजों का अवलोकन कर उनके अभ्यावेदन का जल्द निराकरण करें। गौरतलब है कि चूना भट्टी निवासी बसंत कुमार जोशी समेत 8 रहवासियों ने इस मामले में याचिका दायर की है। याचिकाकताओं की ओर से अधिवक्ता योगेश मोहन तिवारी, आरसी शर्मा और प्रवीण सेन ने बताया कि सिक्स लेन के लिए बिना नोटिस दिए रहवासियों के निर्माण तोड़ने के लिए चिह्नित कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग ने सड़क चौड़ीकरण का काम निजी कंपनी को सौंपा है।
रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखकर नीति बना रही है सरकार: मोदी
दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार युवाओं को रोजगार की प्राथमिकता को ध्यान में रखकर नीति तैयार कर रही है। मोदी ने सोमवार को यहां वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राष्ट्रीय रोजगार मेले को संबोधित किया तथा विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में करीब 71000 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने कहा ,“ पिछले नौ वर्षों के दौरान रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नीतियों का निर्माण किया है। आधुनिक अवसंरचना के क्षेत्र में पहल हो, ग्रामीण विकास हो या जीवन की बुनियादी जरूरतों का विस्तार हो सरकार की प्रत्येक नीति युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रही है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले नाै वर्षों में, सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी है और इसे तेज़, पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाया है। भर्ती प्रक्रिया में आने वाली कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्मचारी चयन बोर्ड, नई भर्तियों में मोटे तौर पर 15से 18 महीने का समय लेता था, जबकि आज इसमें केवल छह से आठ महीने लगते हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती को ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिये सरल बनाया गया है, जिसके लिए दस्तावेजों के स्व-सत्यापन का प्रावधान भी किया गया है।
प्रधानमंत्री ने आज की तारीख के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि नौ साल पहले इसी दिन, अर्थात, 16 मई को लोकसभा चुनाव के परिणाम घोषित किए गए थे। प्रधानमंत्री ने कहा ,“ सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ शुरू हुई यह यात्रा, एक विकसित भारत के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज सिक्किम का स्थापना दिवस भी है।“
मोदी ने बताया कि पिछले नौ साल में सरकार ने पूंजीगत व्यय और बुनियादी सुविधाओं पर करीब 34 लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस साल के बजट में भी पूंजीगत व्यय के लिए 10 लाख करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इस धनराशि के परिणामस्वरूप नए राजमार्ग, नए हवाई अड्डे, नए रेल मार्ग, पुल जैसी अवसंरचनाओं का निर्माण हो रहा है। इससे देश में रोजगार के विभिन्न नए अवसरों का सृजन हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में, नौकरियों के स्वरूप में अत्यधिक बदलाव देखा गया है, जहां देश के युवाओं के लिए नए क्षेत्र उभरकर सामने आये हैं। उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार इन नए क्षेत्रों को निरंतर समर्थन प्रदान कर रही है। देश में चल रही स्टार्टअप क्रांति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि स्टार्टअप्स की संख्या 2014 के पहले के 100 से बढ़कर आज एक लाख से अधिक हो गई है, जिनसे 10 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।पहले की तुलना में लोगों के जीवन को आसान बनाने वाले तकनीकी विकास पर प्रकाश डालते हुए, प्रधानमंत्री ने ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं का उदाहरण दिया, जो शहरों के लिए जीवन रेखा बन गई है।प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में, सरकार ने मुद्रा योजना के तहत 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए हैं, जिससे नागरिकों को नए व्यवसाय स्थापित करने, टैक्सी खरीदने या अपने मौजूदा प्रतिष्ठानों का विस्तार करने में मदद मिली है।रोजगार मेला देश भर में 45 स्थानों पर आयोजित किया गया । नई नियुक्तियां देश भर में ग्रामीण डाक सेवक, डाक निरीक्षक, वाणिज्यिक-सह-टिकट लिपिक, कनिष्ठ लिपिक-सह-टाइपिस्ट, कनिष्ठ लेखा लिपिक, रेल लाइन देखभाल कर्मी, सहायक अनुभाग अधिकारी, अवर श्रेणी लिपिक, उप मंडल अधिकारी, कर सहायक, सहायक प्रवर्तन अधिकारी, निरीक्षक, नर्सिंग अधिकारी, सहायक सुरक्षा अधिकारी, फायरमैन, सहायक लेखा अधिकारी, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी, मंडल लेखाकार, लेखा परीक्षक, कांस्टेबल, हेड कांस्टेबल, सहायक कमांडेंट, प्रधानाचार्य, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक, सहायक रजिस्ट्रार, सहायक प्रोफेसर जैसे विभिन्न पदों पर की गई है।
सलकनपुर में 29 से 31 मई तक देवी लोक महोत्सव (salkanpur devi lok)
भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश की पवित्र धरती पर सदैव माँ की कृपा रही है। उज्जैन में भगवान शिव के आशीर्वाद से श्रीमहाकाल लोक विकसित हुआ। अब सीहोर जिले के सलकनपुर में देवी लोक का निर्माण किया जाएगा। आगामी 31 मई को भूमि-पूजन एवं शिला-पूजन कार्यक्रम होने जा रहा है। देवी लोक के निर्माण में जन-जन का योगदान हो, इस उद्देश्य से ग्रामों से ईंट/शिला संकलन का कार्य प्रारंभ हो रहा है, जो माँ के चरणों में अर्पित की जाएंगी। श्रद्धालुओं का यह उत्साह और देवी लोक निर्माण के लिए बना वातावरण मैया की कृपा से ही संभव हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास में ग्राम और नगर स्तरीय आयोजन समितियों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने देवी लोक महोत्सव के पूर्व ग्रामों से शिलाएँ एकत्र करने के लिए रथ यात्रा रवाना की। एकत्र शिलाओं का उपयोग देवी लोक के निर्माण के लिए किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने सिर पर देवी जी की चरण पादुका रख कर रथ यात्रा के वाहन को सौंपी। मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान ने भी यात्रा के लिए चरण पादुकाएँ प्रदान की। मुख्यमंत्री चौहान ने देवी लोक महोत्सव की डीपी और पोस्टर का अनावरण किया। लघु फिल्म के माध्यम से देवी लोक निर्माण के प्रकल्प का विवरण दिया गया।
अनेक सुविधाओं से युक्त होगा सलकनपुर का देवी लोक
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में सलकनपुर में निर्मित होने वाले देवी लोक का धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रहेगा। राजधानी भोपाल से नजदीक होने से इस प्रमुख आराधना स्थल में पहुँचने वालों की संख्या लाखों में होती है। अनेक जिलों से श्रद्धालु पद यात्रा करते हुए प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण स्थान सलकनपुर पहुँचते हैं। यहाँ अनेक पर्यटक सुविधाएँ विकसित की गई हैं। देवी लोक के निर्माण से इन सुविधाओं में वृद्धि होगी और श्रद्धालु मैया के दर्शन के साथ ही विभिन्न सुविधाओं का उपयोग करते हुए यहाँ कुछ समय व्यतीत कर सकेंगे। इस आस्था केन्द्र तक पहुँचने के लिए सीढ़ियों का मार्ग, सड़क मार्ग, रोप-वे आदि उपलब्ध है। देवी लोक के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं के निवास, खान-पान से जुड़ी सुविधाओं में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सिद्ध क्षेत्र सलकनपुर में मूल मंदिर यथावत रहेगा। मैया के नवरूप भी रहेंगे। यही नहीं 64 योगिनी और दुकानों के निर्माण के साथ अन्य व्यवस्थाओं से इस क्षेत्र का महत्व बढ़ेगा।
शिला एकत्रीकरण, चुनरी यात्राएँ, महिला और पुरूषों की भजन स्पर्धा
मुख्यमंत्री चौहान ने देवी लोक महोत्सव के लिए 28, 29 एवं 30 मई को होने वाले ग्राम और नगर स्तरीय कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। मुख्य कार्यक्रम 31 मई के पूर्व 28 मई को सभी ग्रामों में शिला एवं चुनरी यात्रा निकाली जाएंगी। ‘मेरी घर की मिट्टी माँ के चरणों में अर्पित’ करने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रत्येक घर से ईंट/शिला के संकलन का कार्य होगा। सोमवार-29 मई को रंगोली प्रतियोगिताएँ होंगी। इसी दिन माता के श्रंगार के लिए भी प्रतियोगिता होगी। महिला एवं पुरूष भजन मंडल भजनों की प्रस्तुति देंगे। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को एक लाख 51 हजार, एक लाख और 51 हजार रूपए की राशि दी जाएगी। महिलाओं की भजन प्रतियोगिता 29 मई और पुरूषों की 30 मई को होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 मई के कार्यक्रम में नगर स्तरीय शिला और चुनरी यात्रा के साथ ही यात्रा मार्ग में अलग-अलग समाज और संस्थाएँ स्वागत करेंगे। सलकनपुर में 31 मई को मुख्य कार्यक्रम में भूमि-पूजन एवं शिला-पूजन के साथ धर्मगुरूओं तथा कथावाचकों का सम्मान होगा। वैदिक रीति से स्वस्ति-गान और मंत्रोच्चार भी होगा। आतिशबाजी और भजनों के साथ माता जी की चुनरी, शिला, कलश यात्रा का स्वागत किया जायेगा। रेहटी नगर समिति के सौजन्य से गरबा नृत्य की प्रस्तुति भी होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रमों को अद्भुत स्वरूप देने के लिए आयोजन समितियों से सक्रिय भूमिका की अपेक्षा की।
सांसद रमाकांत भार्गव ने कहा कि 17 से 28 मई तक चरण पादुकाओं के पूजन और उन्हें ग्राम-ग्राम ले जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। ग्रामों के मंदिर से पवित्र मिट्टी मुख्य कार्यक्रम के लिए समर्पित की जाएगी। साथ ही चुनरियाँ भी प्रदान की जाएंगी। इसके लिए ग्राम चौपाल में आयोजन समितियों द्वारा जन-जन की भागीदारी पर चर्चा कर आवश्यक तैयारी भी की जाए। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला बारेला, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, कार्तिकेय चौहान, कलेक्टर सीहोर प्रवीण सिंह सहित विभिन्न धर्माचार्य, पुजारी, पंडा, ग्राम और नगर स्तरीय आयोजन समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। संचालन महेश उपाध्याय ने किया। सम्मेलन का शुभारंभ विजयासन माता को नमन एवं आरती के साथ हुआ।
भारतीय संस्कृति में विवाह केवल समझौता नहीं, आत्माओं का पवित्र बंधन : मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में विवाह केवल समझौता नहीं, दो आत्माओं का पवित्र बंधन और दो परिवारों का मिलन भी है। उन्होंने 75 नव दम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे अपने आचरण और व्यवहार से सबका हृदय जीते। हमारी बेटियाँ नए घर (सुसराल) में जाएंगी, वे हमेशा सुखी रहें। उन्होंने कहा कि “मामा की दुआएँ लेती जा- जा तुझको सुखी संसार मिले।”
मुख्यमंत्री चौहान रायसेन जिले की जनपद पंचायत बाड़ी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। पूर्व मंत्री रामपाल सिंह उपस्थित थे। सांसद विदिशा रमाकांत भार्गव, स्थानीय विधायक और जन-प्रतिनिधि वर्चुअली जुड़े।
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में जून माह से गरीब और मध्यमवर्गीय पात्र बहनों के खाते में हर माह एक हजार रूपए की राशि डाली जाएगी।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 3 वर्षीय बजट एवं वित्तीय प्रावधानों की प्रशासकीय स्वीकृति
अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आय सीमा अब 8 लाख रूपये
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक ने मुख्यमंत्री की घोषणा के परिपालन में ‘अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए वार्षिक आय सीमा 6 लाख से बढ़ा कर 8 लाख रूपये करने की सहमति प्रदान की। आय सीमा में वृद्धि से अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने के व्यापक अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना-2023 के 3 वर्षीय बजट एवं वित्तीय प्रावधानों के (वित्तीय वर्ष 2023-24 से वित्तीय वर्ष 2025-26 तक) अंतर्गत 41 हजार 923 करोड़ रूपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की।
शासन संधारित मंदिरों की कृषि भूमियों के प्रबंधन के आदेश का अनुसमर्थन
मंत्रि-परिषद ने शासन संधारित मंदिरों की कृषि भूमियों के प्रबंधन के संबंध में 22 अप्रैल, 2023 को जारी विभागीय आदेश का अनुसमर्थन किया। आदेश अनुसार जिन शासन संधारित मंदिरों के पास 10 एकड़ तक कृषि भूमि संलग्न है, उनसे होने वाली आय का उपयोग पुजारी स्वयं के लिये कर सकेंगे। ऐसे शासन संधारित मंदिर, जिनमें 10 एकड़ से अधिक कृषि भूमि संलग्न है, से होने वाली आय का उपयोग पुजारी स्वयं के लिए कर सकेंगे। शेष कृषि भूमियों को जिला कलेक्टर को सूचित करते हुए पारदर्शी प्रक्रिया अपना कर कृषि प्रयोजन के लिये नीलामी कर सकेंगे। नीलामी से प्राप्त होने वाली आय मंदिर के खाते में जमा करायी जायेगी।
10 लाख 80 हजार टन रसायनिक उर्वरकों का अग्रिम भण्डारण 31 मई तक
मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में रसायनिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो के दृष्टिगत वर्ष 2023-24 के लिए अग्रिम भण्डारण एक फरवरी से 31 मई की अवधि में 10 लाख 80 हजार टन मात्रा किए जाने का निर्णय लिया गया। उल्लेखनीय है कि रसायनिक उर्वरकों (यूरिया, डीएपी, काम्प्लेक्स एवं पोटाश) की अग्रिम भण्डारण योजना में राज्य में डीएपी, कॉम्प्लेक्स, पोटाश एवं यूरिया उर्वरकों की व्यवस्था के लिये मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ को राज्य नोडल एजेंसी घोषित किया गया है।
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कंप्यूटराईजेशन के लिए 145 करोड़ रूपये की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय द्वारा लागू की गई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के कंप्यूटराईजेशन के लिए केन्द्र प्रायोजित परियोजना में प्रदेश की 4534 पैक्स का कंप्यूटराईजेशन कराये जाने की स्वीकृति दी गई। इस योजना का अनुमोदन सूचना प्रौद्योगिकी आधारित परियोजनाओं की समीक्षा एवं अनुमोदन के लिये मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित साधिकार समिति की बैठक में 10 फरवरी 2023 को किया गया था। साधिकार समिति की अनुशंसा अनुसार परियोजना के क्रियान्वयन के लिये सहकारिता विभाग को अधिकृत किया गया है।
परियोजना में आवश्यक हार्डवेयर का क्रय GeM पोर्टल से केन्द्र सरकार द्वारा जारी GFR 2017 एवं अन्य निर्देश अनुसार किये जाने की अनुमति दी गई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा भारतनेट योजना अनुसार प्रदेश की 4534 पैक्स के मुख्यालयों पर ऑप्टिकल फाइबर आधारित इंटरनेट कनेक्टिविटी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जायेगी। परियोजना के लिये अनुमानित व्यय राशि 145 करोड़ रूपये, जिसमें केन्द्रांश का 87 करोड़ रूपये और राज्यांश के 58 करोड़ रूपये शामिल है, की स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना के आगामी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्णय लेने के लिए साधिकार समिति अधिकृत की गयी है।
बाल सरंक्षण योजना “मिशन वात्सल्य” को सभी जिलों में संचालित करने की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने केन्द्र सरकार द्वारा समेकित बाल-सरंक्षण योजना “मिशन वात्सल्य” को नवीन नार्म्स अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की। केन्द्र सरकार द्वारा समेकित बाल-सरंक्षण योजना “मिशन वात्सल्य” नवीन नार्म्स अनुसार वर्ष 2023-24 से आगामी वर्षों के लिये संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की। वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक समेकित बाल-संरक्षण योजना “मिशन वात्सल्य” में स्वीकृत 676 संविदा पदों को प्रतिवर्ष 3 प्रतिशत मानदेय वृद्धि के साथ और 394 नियमित पदों को निरन्तर किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
मध्यप्रदेश रेत (खनन, परिवहन, भण्डारण एवं व्यापार) नियम-2019 में संशोधन का अनुमोदन
मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश रेत (खनन, परिवहन, भण्डारण एवं व्यापार) नियम-2019 में संशोधन का अनुमोदन किया गया। प्रदेश में 44 जिलों के रेत समूहों का “ई-निविदा” के स्थान पर “ई-निविदा-सह-नीलामी” प्रक्रिया द्वारा समूहवार ठेके से निर्वर्तन किया जायेगा। ठेके की अवधि, अनुबंध दिनांक से 3 वर्ष (दो अतिरिक्त वर्ष हेतु विस्तारणीय) निर्धारित किये जायेंगे। राज्य खनिज निगम द्वारा वैधानिक अनुमतियाँ (माइनिंग प्लान / पर्यावरण अनुमति / जलवायु सम्मति आदि) प्राप्त की जायेंगी। निविदा में सफल एम.डी.ओ. (माईन्स डेवलपर कम ऑपरेटर), कलेक्टर एवं निगम के बीच त्रि-पक्षीय अनुबंध का निष्पादन किया जायेगा। ठेका राशि की देयता त्रैमासिक के स्थान पर मासिक किश्त के रूप में और ठेका राशि में 10 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि प्रति वर्ष जुलाई के स्थान पर ठेका संचालन का 1 वर्ष पूर्ण होने पर की जायेगी।
सखवार के रूप में प्रभावी नेतृत्व भाजपा के साथ आया : शर्मा
भोपाल,16 मई/ भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि अब तक कांग्रेस में रहे वरिष्ठ नेता सत्यप्रकाश सखवार के रूप में समाज का एक प्रभावी नेतृत्व आज भाजपा के साथ आया है। श्री शर्मा ने अपने बयान में कहा कि श्री सखवार बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी विधायक दल के नेता रहे हैं। उन्होंने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा हर गरीब के जीवन को बदलने का काम कर रही है।
कोलकाता एनआईए की टीम पहुंची खंडवा
खंडवा, 16 मई / मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में आज राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कार्यवाही से हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार एनआईए कोलकाता की टीम ने खंडवा पुलिस के साथ शहर के क्षेत्र खानशाहवली इलाके में एक मकान को घेर करकर उसमें छापा मारा। ये अब्दुल रक़ीब कुरैशी नाम के व्यक्ति का मकान बता जा रहा है, जिसे संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में एनआईए कोलकाता ने जनवरी माह में गिरफ़्तार किया था। उस पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के साथ ही कई गंभीर आरोप थे। उसके संपर्क सिमी और आईएसआईएस से भी जुड़े होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
WTC फाइनल से पहले कई नियमों में बदलाव
WTC फाइनल से पहले कई नियमों में बदलाव
ICC ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले से पहले कई बड़े और विवादित नियमों को बदलने का फैसला किया है। सौरव गांगुली की अध्यक्षता वाली आईसीसी क्रिकेट कमिटी ने इन नियमों के बदलाव पर मुहर लगाई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अब सॉफ्ट सिग्नल को हमेशा के लिए हटाया जा रहा है। इसके अलावा भी आईसीसी ने दो और बड़े बदलाव किए हैं। यह नियम जून 2023 से लागू हो जाएंगे। आईसीसी सॉफ्ट सिग्नल रूल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से हटाएगी, जो कि 7 जून से लेकर 11 जून तक लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा। आईसीसी क्रिकेट कमिटी ने इस बारे में दोनों टीमों को सूचित कर दिया है।
आईसीसी के नियम के मुताबिक सॉफ्ट सिग्नल वो स्थिति होती है, जहां अंपायर, दूसरे फील्ड अंपायर से बात करता है और थर्ड अंपायर को रेफर करने से पहले खुद फैसला सुनाता है। अगर थर्ड अंपायर किसी फैसले पर न पहुंच पाए तो फील्ड अंपायर का फैसला ही माना जाता है। इसे लेकर कई बार क्रिकेटर्स नाराजगी जता चुके हैं। जाहिर कर चुके हैं। इस सॉफ्ट सिग्नल रूल को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से हटाने का फैसला लिया गया है। दिया जाएगा।
राजधानी दिल्ली में ‘वॉकिंग टुवर्ड्स इंक्लूजन’ पद यात्रा का आयोजन
राजधानी दिल्ली में ‘वॉकिंग टुवर्ड्स इंक्लूजन’ पद यात्रा का आयोजन
G20 के आधिकारिक कार्यकारी समूह C20 के अन्तर्गत सोमवार राजधानी दिल्ली में भारतीय विद्या भवन से कर्तव्य पथ तक ‘वॉकिंग टूवर्ड्स इनक्लूजन’ के नाम से एक पद यात्रा निकाली गई। G20 (G20 Summit India) के आधिकारिक कार्यकारी समूह C20 की ‘विविधता, समावेश, आपसी सम्मान’ कार्यसमिति के अन्तर्गत इसका आयोजन इंटरनेशनल सेंटर फॉर कल्चरल स्टडीज, भारतीय विद्या भवन एवं कर्मा फाउंडेशन ने किया। इस कार्यक्रम में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की विश्वव्यापी भावना पर बल देते हुए एक समावेशी समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
विभिन्न वर्गों के लोग शामिल
G20 अध्यक्षता के चलते भारत इस साल देश भर में कई कार्यक्रमों की मेजबानी कर रहा है। इसी के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी थीं। मीनाक्षी लेखी का स्वागत प्रोफेसर शशि बाला, जागरण न्यू मीडिया के सीईओ भरत गुप्ता, सौरभ गोयल, ज्योति शाह मिश्रा, पायल कौल और ध्वनि जैन ने किया।













