मुरैना, 02 मई (वार्ता) एक समय में दस्युओं के चलते चहुंओर कुख्यात रहे मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के मुरैना स्थित बीहड़ अब पर्यटकोंं को लुभाने जा रहे हैं। मुरैना जिला प्रशासन पर्यटकों के लिये ‘बीहड़ सफारी’ शुरु करने जा रहा है। यहां स्थित चंबल के अनेकों घाटों पर पर्यटक स्थानीय संस्कृति का लुत्फ उठा सकेंगे। पर्यटक चंबल की तलहटी की रेत और बीहड़ों का आनंद उठा सकें, प्रशासन इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। बीहड़ सफारी में सन राइज व सनसेट पाइंट भी बनाये जा रहे हैं।
झूला झूलते समय आग में गिरने से दो बच्चे झुलसे
दमोह, 02 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हरदुआ में झूला झूलते समय आग में गिरने से दो मासूम बच्चे झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के तेजगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम हरदुआ निवासी अर्जुन सिंह की पत्नी स्वाति कल शाम पानी भरने गई हुयी थी तथा घर में कोई नहीं था। इसी बीच घर में साड़ी से बने हुए झूले में चार वर्षीय पल्लवी और चार माह का प्रॉन्स झूला झूल रहे थे। तभी अचानक झूला झूलते समय अनियंत्रित होने से समीप ही बने चूल्हे में जल रही आग में गिर गए जिससे दोनों बच्चे झुलस गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर दोनों मासूम बच्चों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
स्टारडम से बतौर निर्देशक डेब्यू करेंगे आर्यन खान
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड के किंग खान शाहरूख खान के पुत्र आर्यन खान वेब सीरीज ‘स्टारडम’ से बतौर निर्देशक डेब्यू करने जा रहे हैं। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान लेखन और निर्देशन में कदम रखने जा रहे हैं। चर्चा है कि रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के प्रोडक्शन तले बनने जा रही आर्यन खान के डायरेक्टोरियल प्रोजेक्ट का नाम ‘स्टारडम ‘ होगा जो फिल्म इंडस्ट्री की पृष्ठभूमि पर सेट होगी। बताया जा रहा है कि आर्यन खान की वेब सीरीज ‘स्टारडम’ 06 एपिसोड वाली वेब सीरीज होगी। यह सीरीज फिलहाल अपने प्रोडक्शन फेज में है और इसके इसी साल फ्लोर्स पर जाने की उम्मीद है।आर्यन खान ने हाल ही में एक एड फिल्म शूट की है जिसमें उन्हें अपने पिता शाहरुख खान को निर्देशित करने का मौका मिला है।
सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान 100 करोड़ में शामिल
मुंबई, 02 मई (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गयी है। सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ ईद के अवसर पर 21 अप्रैल को प्रदर्शित हुयी थी। किसी का भाई किसी की जान ने पहले सप्ताह में करीब 93 करोड़ की कमाई की थी। किसी का भाई किसी की जान ने 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। गौरतलब है कि फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ का निर्देशन फरहाद सामजी ने किया है। वहीं, इस फिल्म को सलमान खान ने खुद प्रोड्यूस किया है। फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में सलमान खान के अलावा पूजा हेगड़े, दग्गुबाती वेंकटेश, शहनाज गिल, सिद्धार्थ निगम, राघव जुयाल और पलक तिवारी भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।
चीन में रासायनिक संयंत्र में विस्फोट, पांच की मौत
जिनान, 02 मई (वार्ता) चीन के पूर्वी प्रांत शानडोंग के लियाओचेंग शहर में एक रासायनिक संयंत्र में हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह लक्सि केमिकल ग्रुप के हाइड्रोजन पेक्साइड उत्पादन क्षेत्र में हुई। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एक व्यक्ति अब भी लापता है और खोज एवं बचाव के प्रयास जारी हैं। घटनास्थल पर लगी आग पर काबू पा लिया गया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
गाजा से इजरायल की ओर तीन रॉकेट दागे गए: आईडीएफ
येरुशलम, 02 मई (वार्ता) गाजा पट्टी से इजरायल की ओर तीन रॉकेट दागे गए हैं। इजरायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने ट्विटर पर यह जानकारी दी। इससे पहले की खबरों में कहा गया था कि दक्षिणी इजरायल में हवाई हमले के सायरन बज रहे थे। आईडीएफ ने बताया कि गाजा से इजरायली क्षेत्र की ओर तीन रॉकेट दागे गए, लेकिन नीति के अनुसार कोई इंटरसेप्टर लॉन्च नहीं किया गया। रॉकेट हमले में किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है।
गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या
दिल्ली, 02 मई (वार्ता) दिल्ली की तिहाड़ जेल में मंगलवार सुबह गैंगस्टर सुनील मान उर्फ टिल्लू ताजपुरिया की प्रतिद्वंद्वी गिरोह के चार कैदियों ने कथित रूप से हमला कर हत्या कर दी। तिहाड़ जेल अधिकारी ने यह जानकारी दी। जेल अधिकारियों के अनुसार टिल्लू (33) को डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि रोहिणी कोर्ट शूटआउट मामले का आरोपी टिल्लू जेल में उच्च सुरक्षा वार्ड के भूतल में बंद था। बताया जा रहा है कि उस पर प्रतिद्वंद्वी गोगी गिरोह से जुड़े चार कैदियों, दीपक (31), योगेश (30), राजेश (42) और रियाज खान (39) ने हमला कर दिया। ये कैदी उसी वार्ड की पहली मंजिल पर बंद थे। इन कैदियों वहां सुरक्षा ग्रिल को तोड़ा और चादर का इस्तेमाल कर नीचे आ गए। उन्होंने टिल्लू के वार्ड में घुस कर उस पर सुआ जैसे नुकीले हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि घायल टिल्लू को केंद्रीय जेल ओपीडी में सुबह करीब छह बजकर 45 मिनट पर आवश्यक चिकित्सा देने के बाद डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
देश में कोरोना के तीन हजार से अधिक नये मामले
दिल्ली, 02 मई (वार्ता) देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के तीन हजार से अधिक नये मामले दर्ज किए गए हैं, हालांकि एक दिन पहले की तुलना में इसमें करीब एक हजार की कमी दर्ज की गयी है। इसी अवधि में 10 मरीजों की मौत हुई है। इस बीच देश में कोरोना टीकाकरण भी जारी है और इसी क्रम में पिछले 24 घंटों में 2,180 लोगों को टीका लगाया गया है और अब तक देश में 2,20,66,68,613 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,49,52,996 हो गयी है। सक्रिय मामलों की संख्या 3,071 घटकर 44,175 रह गयी है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 5,31,564 हो गयी है। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 6,379 बढ़कर 4,43,77,257 पर पहुंच गया है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान ओडिशा में सक्रिय मामलों की संख्या में सर्वाधिक 164 की वृद्धि हुई है। इसके अलावा, बिहार में 13, अरुणाचल प्रदेश में 10 और पश्चिम बंगाल में सात मामले बढ़े हैं। इसके अलावा, पिछले 24 घंटे में केरल में सबसे ज्यादा 608 कोरोना मामलों में गिरावट दर्ज की गयी है। इसी अवधि में हरियाणा में 479, कर्नाटक में 334, दिल्ली और राजस्थान में 322, छत्तीसगढ़ में 264, तमिलनाडु में 217, गुजरात में 125, उत्तर प्रदेश में 121 और अंडमान एवं निकोबार द्वीप, आन्ध्र प्रदेश, चंडीगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, पुड्डुचेरी, पंजाब, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा और उत्तराखंड में भी कोरोना के मामलों में कमी पायी गयी है।
कांग्रेस पॉवर प्ले से वापसी के रास्ते पर, भाजपा में बागियों की संख्या बढ़ने का अनुमान
Bhopal; सोशल मीडिया में आग की तरह फैली खबर मध्य प्रदेश में भाजपा के कद्दावर नेता व पूर्व मुख्यमंत्री स्व कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी भाजपा छोड़ेंगे। दीपक जोशी शिवराज सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रहे हैं। उनके पिता मप्र के मुख्यमंत्री पद पर रहे और बागली विधानसभा क्षेत्र से नौ बार विधायक रहने का रिकार्ड भी उन्हीं के नाम है। जोशी भाजपा के टिकट पर वर्ष 2018 में हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। वर्ष 2020 में कमल नाथ सरकार गिरने के दौरान हाटपिपल्या से कांग्रेस विधायक मनोज चौधरी भाजपा में आ गए और भाजपा के टिकट पर विधायक बन गए। तब से जोशी नाराज चल रहे थे। दीपक जोशी मेरे पिताजी स्व कैलाश जोशी की ईमानदारी की विरासत को भाजपा सहेजना नहीं चाहती है इसलिए मैंने भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया है। कांग्रेस में शामिल होने की तिथि अभी तय नहीं है। भाजपा नेताओं को भी अपने निर्णय से अवगत करा दिया है।
मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि ये तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। दीपक जोशी के कांग्रेस में आने के सवाल पर कहा कि हमारे दरवाजे खुले हुए हैं।
सिंधिया और उनके समर्थकों के भाजपा में आने के बाद जिन सीटों पर उपचुनाव हुए, वहां भाजपा के पुराने चेहरों को मौका न मिलना, भाजपा संगठन में रोटेशन की धीमी रफ़्तार, एवीवीपी कार्यकर्ताओं को वरिष्ठ भाजपा नेताओं से पहले वरीयता भाजपा के कद्दावर नेताओं के लिए चुनौती बन गया है. मंत्री रहे डा गौरीशंकर शेजवार, रामकृष्ण कुसमरिया जैसे पूर्व मंत्री आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं.
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के भतीजे मोनू पटेल का निधन
मध्य प्रदेश में बीजेपी विधायक के बेटे की मौत हो गई है. मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है. जवान बेटे की मौत से परिजनों में मातम पसरा है. विधायक के घर पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है.
केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह के भतीजे और नरसिंहपुर जिले के विधायक जालम पटेल के बेटे मणि नागेंद्र उर्फ मोनू पटेल का निधन हो गया है। रविवार को मोनू पटेल 34 साल की उम्र में अपनी अंतिम साँसे ली। डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज से उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक आज दोपहर 1 बजे मोनू अपने कमरे में गए थे। जब 6 बजे तक वह रूम से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता होने लगी। कमरे में जाकर देखा तो मोनू बेड पर उल्टा पड़ा हुआ था। जिसके बाद उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। मृत्यु का कारण ब्रेन हेमरेज बताया जा रहा है।














