उज्जैन-भोपाल पैसेंजर, जीआरपी के तीन जवानों ने पश्चिम बंगाल के यात्रियों को लूटा, केस दर्ज

train

उज्जैन। जीआरपी थाने में पदस्थ तीन आरक्षकों ने बुधवार रात को पश्चिम बंगाल के चार यात्रियों से 37 हजार रुपये लूट लिए। मामले में कुछ लोगों ने थाने पर जमकर हंगामा मचाया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपित आरक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीनों को जीआरपी एसपी ने निलंबित कर दिया है। ये सभी फरार हैं।

जीआरपी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के रहने वाले शेख अम्मर, ग्यासउद्दीन, शेख वाजिद तथा उमर खान बांकुरा में ही मदरसे में पढ़ाते हैं। रमजान माह में मदरसे का अवकाश होने के कारण चारों मदरसे के लिए चंदा एकत्र करने उज्जैन आए थे। यहां दो दिन तक उन्होंने चंदा एकत्र किया था। बुधवार रात को चारों उज्जैन-भोपाल पैसेंजर से भोपाल जा रहे थे।

प्लेटफार्म पर इन यात्रियों को जीआरपी के तीन आरक्षक सत्येंद्र जाट, धर्मेंद्र तथा शांतिलाल ने जांच के नाम पर रोका और उनके सामान की तलाशी ली। चारों के पास कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। इसके बाद तीनों आरक्षकों ने चारों यात्रियों को धमकाया कि वह फर्जी रूप से चंदा एकत्र करने आए थे। चारों यात्रियों ने कहा कि वह फर्जी नहीं, उन्हें यहां के काजी ने अनुमति दी है कि वह चंदा एकत्र कर सकते हैं।

इसके बाद ही उन्होंने चंदा इकट्ठा किया था। चंदे की रसीदें भी लोगों को दी है। यात्रियों ने कहा कि उन्हें थाने ले जाकर इसकी पुष्टि कर सकते हैं। तीनों आरक्षक उन्हें थाने ले जाने लगे लेकिन बीच रास्ते में ही यह कहते हुए छोड़ दिया कि उनकी ट्रेन निकल रही है। वह जा सकते हैं।
आरक्षकों के जाने के बाद जब यात्रियों ने अपना सामान चेक किया तो पर्स में रखे रुपए गायब थे। इसके बाद वह जीआरपी थाने पहुंचे थे। जहां पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। जिस पर उन्होंने राजीव केंद्र के अध्यक्ष अब्दुल हाशमी निवासी विवेकानंद तथा अन्य लोगों को फोन कर घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी थी। सूचना मिलने के बाद समाजजन जीआरपी थाने पर एकत्र हो गए और जमकर हंगामा मचाया। इसके बाद जीआरपी के अन्य पुलिसकर्मी तीनों आरक्षकों को तलाश कर थाने लाए थे। तीनों के पास से यात्रियों के रुपये बरामद हो गए थे।

शराब दुकानें नीलामी में अधिकारियों को आया पसीना

भोपाल, जिले के आबकारी अधिकारियों को शराब दुकानें नीलाम करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही हैं। अब तक सिर्फ 15 समूह की 30 शराब दुकानें ही नीलाम हो सकी हैं, जबकि 18 समूह की 57 दुकानें अब भी नीलाम किया जाना बाकी है।इनमें से 10 समूह की 27 दुकानों के लिए बुधवार को 12 टेंडर आए थे। पांचवे चरण में अाए इन टेंडरों को खोला गया जो कि तय किए गए रिजर्व प्राइस से 35 प्रतिशत तक कम हैं।इधर आबकारी आयुक्त ने रिजर्व प्राइस से 18 प्रतिशत तक कम राशि के अाफर भी स्वीकार करने के आदेश दे दिए हैं। इससे स्पष्ट है कि अधिकारियों को शराब दुकानें नीलाम करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। बता दें कि इस बार नई आबकारी नीति में अहाते बंद करने से ठेकेदार नाराज हैं और शुरू से ही दुकानें लेने से बच रहे हैं। ऐसे में अब विभाग द्वारा निर्धारित प्राइस से कम प्राइस पर दुकानें नीलाम करने की तैयारी की जा रही है।

अवकाश के दिन भी परीक्षाएं, महावीर जयंती के दिन भी होगी 10वीं व 12वीं और पांचवीं व आठवीं की परीक्षाएं

board-exam

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल(माशिमं) की 10वीं व 12वीं की परीक्षा जारी है। अवकाश के दिन भी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।मप्र शासन द्वारा महावीर जयंती का अवकाश चार अप्रैल की जगह तीन अप्रैल को घोषित किया गया है।इसके कारण माशिमं की बोर्ड परीक्षा का तीन अप्रैल को होने वाला पेपर यथावत होगा।बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि तीन अप्रैल(सोमवार) को 12वीं कक्षा का समाजशास्त्र विषय का पेपर तय समय पर होगा।जब समय-सारिणी जारी किया था तब यह स्पष्ट कर दिया था कि अवकाशों की तारीख में होने वाले बदलाव से बोर्ड परीक्षा का शेड्यूल प्रभावित नहीं होगा।इस संबंध में माशिमं ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।इसमें लिखा है कि वर्तमान में 10वीं व 12वीं के साथ पांचवीं व आठवीं की बोर्ड परीक्षाएं संचालित की जा रही है।सभी परीक्षाएं अपने तय समय-सारिणी के अनुसार होंगी। पांचवीं व आठवीं की गणित व संगीत की परीक्षा समय-सारिणी के अनुसार निर्धारित तिथि तीन अप्रैल को आयोजित की जाएंगी।

सलैया आंगनवाड़ी में हुआ कन्या भोज

 

भोपाल, बुधवार को दुर्गा अष्टमी के दिन मन्नत सोशल वेलफेयर सोसाइटी की महिलाओं द्वारा सलैया आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 83 में सामूहिक कन्या भोज का कार्यक्रम करवाया गया। जिसमें 30 से अधिक संख्या में माता स्वरूप कन्याएं भोज में शामिल हुई। कन्याभोज में सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग में नहीं लाया गया, यह पूर्णतम जीरो वेस्ट भोज जिसमें स्टील की थाली, चम्मच एवं स्टील के ही ग्लास का उपयोग किया गया।

कन्याओं को पेंसिल, हेयर क्लिपस, इयरिगं आदि चीजें भेंट दी गई।

कूनो पालपुर में बढ़ा चीता परिवार : मुख्यमंत्री चौहान

kuno

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप अफ्रीका से भारत लाकर मध्यप्रदेश के कूनो पालपुर राष्ट्रीय उद्यान में चीतों को बसाने का प्रकल्प सफल हुआ है। कूनो में चीता परिवार बढ़ रहा है। कूनो नेशनल पार्क, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के सफल प्रबंधन से सुखद परिणाम मिल रहे हैं। चीता प्रोजेक्ट की सफलता के लिए वन विभाग की टीम बधाई की पात्र है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत में चीता की सुखद वापसी हुई है, मध्यप्रदेश चीता स्टेट बना है। कूनो पालपुर में चीता परिवार में चार शावकों के आगमन से प्रदेशवासी हर्षित हैं। उल्लेखनीय है कि प्रदेशवासियों और वन्य-प्राणी जगत के लिए 29 मार्च 2023 बुधवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ी गई 3 वर्ष की नामीबियाई मादा चीता ‘सियाया’ ने चार चीता शावकों को जन्म दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने 17 सितम्बर 2022 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में अफ्रीका से लाए गए चीते छोड़े थे। इन नर और मादा चीतों द्वारा पहली बार भारत भूमि पर वंश वृद्धि की गई है।

CM शिवराज का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, बोले- देश में अमृतकाल चल रहा, कांग्रेस में राहुकाल

shivraj

भोपाल : लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के बाद राहुल गांधी को लेकर देश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस सदस्यता समाप्त करने के विरोध में आंदोलन कर रही है तो विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर हमलावर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं पर बड़ा हमला बोला। सीएम ने कहा राहुल गांधी एक ऐसे नेता हैं, जिनको ना तो राष्ट्र की जानकारी है और ना राष्ट्रनीति की। राहुल गांधी जी देश संविधान से चलता है, जुबान से नहीं चलता। देश की जनता जानती है कि कांग्रेस देश के लिए समस्या है और कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं। राहुल गांधी कांग्रेस के लिए राहुल नहीं “राहु” बन गए हैं। इसलिए पूरे देश में तो अमृतकाल चल रहा है, लेकिन कांग्रेस में राहुकाल चल रहा है।
सीएम ने कहा अगर राहुल जी नेहरू गांधी परिवार से ना होते तो कहां होते यह सारा देश जानता है। यह बताने की जरूरत नहीं है, लेकिन गांधी नेहरू परिवार के गुलाम नेता उनको जबरदस्ती राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुले हुए हैं। सीएम ने कहा कि हकीकत और वास्तविकता यह है कि राहुल गांधी गांधी नेहरू परिवार के सबसे असफल सबसे कमजोर गैर जिम्मेदार, लापरवाह और अहंकारी नेता है।
सीएम ने कहा कि राहुल गांधी अलग-अलग धर्मो का अपमान करते हैं। जातियों का अपमान करते हैं। राहुल गांधी जानते हैं कि पिछड़ा वर्ग उन्हें चुनौती नहीं दे सकता तो कुछ भी बोल दो। अहंकार में आकर उन्होंने पिछड़े वर्ग को गाली दी और गाली भी ऐसी की पूरी की पूरी जाति को चोर बता दिया। यह अहंकार नहीं है तो क्या है? माफी भी नहीं मांग रहे। मैं आज कह रहा हूं पिछड़ा वर्ग कह रहा है कि हम ना कांग्रेस को माफ करेंगे ना राहुल गांधी को माफ करेंगे। अभी तो केवल सदस्यता ही गई है और बंगला गया है। कांग्रेस ने ओबीसी से टकराने की कोशिश की तो कांग्रेस नाम का शब्द ही चला जाएगा।

राहुल गांधी के मुद्दे पर सत्याग्रह की घोषणा करने वाली कांग्रेस को जवाब देना पड़ेगा कि वह राहुल गांधी के ओबीसी वर्ग के अपमान करने वाले बयान को संरक्षण क्यों दे रही है? कांग्रेस को तो अहंकार छोड़कर ओबीसी से माफी मांगनी चाहिए और सत्याग्रह नहीं राहुल गांधी को देशभर में माफी यात्रा निकाली जाए। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के सत्याग्रह के हाल यह है कि उन्हें लोग ही नहीं मिले। यहां तक की कमलनाथ जी गायब हो जाते हैं। सब को कहते हैं सत्याग्रह है पर खुद कहां हो कमल नाथ क्या आप भी बयान से सहमत नहीं हो। दिग्विजय जी के बारे में तो लोग ये कहते हैं कि जिसके कंधे पर हाथ रख दिया उसका भगवान ही मालिक है

वही चीतों पर कहा कि एक अच्छी खबर है हम 1 दिन पहले दुखी हुए थे की किडनी के संक्रमण के कारण सासा को बचा नहीं पाए लेकिन सिया या ने 4 बच्चो को को जन्म दिया है और सभी स्वस्थ हैं मैं प्रधानमंत्री के विजन को प्रणाम करता हूं और चीता पुनर्स्थापित करने का प्रोजेक्ट सफलता की दिशा में जा रहा है। सीएम ने किसानों को लेकर कहा कि किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। हमने यह निर्देश दिए हैं कि देरी के कारण खरीफ की फसलों का जो ऋण चुकाना था, उसकी तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दी है।

वंदे भारत एक्सप्रेस भी है महत्वपूर्ण सौगात

भोपाल, मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा “वंदे भारत एक्सप्रेस” भोपाल और मध्यप्रदेश को दी गई एक महत्वपूर्ण सौगात है। यह ट्रेन एक अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी भोपाल यात्रा के दौरान रानी कमलापति स्टेशन से फ्लेग ऑफ कर ट्रेन रवाना करेंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक अप्रैल को भोपाल आ रहे हैं। वे तीनों सेनाओं के कमांडर्स की कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीडीएस भी कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी का आगमन मध्यप्रदेश के नागरिकों के लिए हर्षदायी है। प्रधानमंत्री मोदी का भोपाल के नागरिक अभिवादन भोपाल कर स्वागत करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी एक अप्रैल को भोपाल आयेंगे

modi

 

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अप्रैल की भोपाल यात्रा की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कार्यक्रमों के समय और स्वरूप से संबंधित चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।मुख्यमंत्री निवास पर हुई बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और सेना एवं रेलवे के अधिकारी भी उपस्थित थे।

 

बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी एक अप्रैल को प्रातः भोपाल विमानतल पर पहुँचने के बाद हेलीकाप्टर से लाल परेड ग्राउंड पहुँचेंगे, जहाँ से वे कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह जाकर भारतीय सेना की कमांडर कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर बाद रानी कमलापति स्टेशन से नई दिल्ली के लिए प्रारंभ हो रही नवीन वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। भोपाल के नागरिक प्रधानमंत्री मोदी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह से रानी कमलापति स्टेशन जाने के यात्रा मार्ग में शिवाजी नगर में उपस्थित होकर उनका अभिवादन और स्वागत करेंगे।

 

मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के संदर्भ में रानी कमलापति स्टेशन पर आवश्यक स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की भोपाल प्रवास अवधि में आवश्यक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं संबंधी निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री चौहान ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कमांडर कॉन्फ्रेंस के सिलसिले में 30 मार्च को भोपाल आगमन संबंधी चर्चा भी अधिकारियों से की।

सूक्ष्म, लघु और मध्यम स्तर की औद्योगिक इकाइयाँ ही मध्यप्रदेश की अर्थ-व्यवस्था की आत्मा : मुख्यमंत्री शिवराज

cm-madhya-pradesh

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम स्तर की औद्योगिक इकाइयाँ ही मध्यप्रदेश की अर्थ-व्यवस्था की आत्मा हैं। यह इकाइयाँ स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादों तथा अन्य सामग्री का वैल्यू एडिशन करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन करती हैं। अर्थ-व्यवस्था को गति देने में इन इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उद्यमी हमारे विकास के पार्टनर हैं। राज्य सरकार सूक्ष्म, लघु और मध्यम स्तर की इकाइयों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। हम प्रदेश में इन इकाइयों का जाल बिछाना चाहते हैं। इस दिशा में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान 1450 एमएसएमई औद्योगिक इकाइयों को सिंगल क्लिक से 400 करोड़ रूपये की सब्सिडी अंतरित कर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री निवास स्थित कार्यालय भवन समत्व में हुए कार्यक्रम में सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, सचिव पी. नरहरि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जिलों के उद्यमी, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि वर्चुअली सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों से वर्चुअली संवाद भी किया।

मध्यप्रदेश, भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थ-व्यवस्था

 

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थ-व्यवस्था आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री के आत्म-निर्भर भारत के निर्माण के संकल्प के क्रम में ही आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का रोड मेप विकसित कर गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश, भारत की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थ-व्यवस्था है। प्रदेश की जीएसडीपी 13 लाख करोड़ हो गई है। पर केपिटा इनकम एक लाख 40 हजार रूपए है। सिंचाई क्षमता में भी हमने बहुत वृद्धि की है। कृषि हमारी अर्थ-व्यवस्था की रीढ़ है। कृषि उत्पादों के वैल्यू एडिशन में कौशल उन्नयन से युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर निर्मित किए जा रहे हैं।

 

उद्यमियों की कठिनाइयों को दूर करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

 

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती से सफल उद्यमियों को विकसित करने के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उद्यमियों की कठिनाइयों को दूर करने में क्लस्टर एप्रोच की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार छोटे उद्योगों को निर्मित अधो-संरचना उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास कर रही है। उद्यमियों को दी जाने वाली सब्सिडी उन्हें बिना कठिनाई के उपलब्ध हो और इसमें होने वाले लेन-देन की संभावनाओं को शून्य करने के उद्देश्य से ही सब्सिडी दी गई है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना में युवाओं को काम सीखने के बदले प्रतिमाह 8 हजार रूपए का स्टाइफंड उपलब्ध कराया जाएगा। काम सीखने से हुए कौशल उन्नयन से युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना बढ़ेगी।

 

मुख्यमंत्री चौहान ने उद्यमियों से की चर्चा

 

मुख्यमंत्री चौहान से लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष महेश गुप्ता, मंडीदीप इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल, ग्वालियर की उद्यमीमती अंजू भदौरिया तथा शहडोल के राइस मिल संचालक नवनीत सिंघानिया ने वर्चुअली संवाद किया। महेश गुप्ता ने क्लस्टर प्रणाली में जमीन के साथ अधो-संरचना और मशीनरी के लिए भी राज्य की ओर से सहयोग उपलब्ध कराने का सुझाव रखा। डॉ. राजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में एमएसएमई नीति तथा स्टार्टअप नीति लागू होने से अन्य राज्यों से उद्यमी अपनी इकाई स्थापित करने के लिए मध्यप्रदेश आ रहे हैं।मती अंजू भदौरिया ने महिला उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन व्यवस्था स्थापित करने का निवेदन किया। नवनीत सिंघानिया ने कहा कि अधिकारियों के सहयोग और प्रोत्साहन से ही वे औद्योगिक इकाई की स्थापना और उसका सफल संचालन कर पाए हैं।

 

वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में सब्सिडी मिलना उद्यमियों के लिए संजीवनी के समान

 

सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से औद्योगिक इकाइयाँ विकसित हुई हैं। प्रदेश में 70 से अधिक क्लस्टर बन चुके हैं। मुख्यमंत्री चौहान के प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत सरकार ने 13 क्लस्टर स्वीकृत किए हैं। प्रत्येक जिले में युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सब्सिडी के अंतरण से उद्यमियों के लिए कार्य करना आसान हुआ है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में सब्सिडी की राशि जारी करना उद्यमियों के लिए संजीवनी के समान है। मंत्री सखलेचा ने उद्यमियों की ओर से मुख्यमंत्री चौहान का आभार माना।

 

क्या ऐसा सच में हो सकता है? रुपये 2000 से ज्यादा डिजिटल पमेंट पर लग सकता है 1 अप्रैल से एक्सट्रा चार्ज

एक अप्रैल से UPI से लेन-देन पड़ेगा महंगा… 2000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट पर एक्स्ट्रा चार्ज लगाने की तैयारी!

NPCI ने मंगलवार को एक सर्कुलर जारी कर एक्स्ट्रा चार्ज लगाने के संकेत दिए हैं. ये चार्ज 0.5-1.1 फीसदी लगाया जा सकता है. सर्कुलर में UPI के जरिए 2,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांजेक्शन पर 1.1 फीसदी प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट यानि PPI लगाने की सिफारिश की गई है.

दो दिन बाद यानी 1 अप्रैल 2023 से नया वित्त वर्ष (New Financial Year) शुरू होने जा रहा है. इसकी शुरुआत के साथ ही यूपीआई से लेन-देन (UPI Transaction) भी महंगा होने वाला है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) पेमेंट को लेकर एक सर्कुलर जारी किया है, जिसमें अप्रैल की पहली तारीख से यूपीआई से होने वाले मर्चेंट पेमेंट पर PPI चार्ज लगाने की सिफारिश की गई है.

लगाया जा सकता है इतना एक्स्ट्रा चार्ज

बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक, मंगलवार को जारी किए गए इस सर्कुलर के मुताबिक, NPCI ने प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट यानि PPI लगाने की तैयारी की है. ये चार्ज 0.5-1.1 फीसदी लगाए जाने की सिफारिश की गई है. सर्कुलर में UPI के जरिए 2,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांजेक्शन पर 1.1 फीसदी प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट यानि PPI लगाने का सुझाव दिया गया है. यह चार्ज मर्चेंट ट्रांजैक्शंस यानी व्यापारियों को पेमेंट करने वाले यूजर्स को देना पडे़गा.

करीब 70% ट्रांजैक्शन 2000 रुपये से ज्यादा
NPCI के सर्कुलर से संकेत मिल रहे हैं कि 1 अप्रैल से UPI पेमेंट यानी गूगल पे (Google Pay), फोन पे (Phone Pay) और पेटीएम (Paytm) जैसे डिजिटल माध्यम से अगर आप 2,000 रुपये से ज्यादा का पेमेंट करेंगे, तो फिर आपको इसके लिए ज्यादा जेब ढीली करनी होगी. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 70 फीसदी UPI P2M लेन-देन 2,000 रुपये से अधिक के मूल्य होते हैं, ऐसे में इन पर 0.5 से लगभग 1.1 फीसदी का इंटरचेंज लगाने की तैयारी है.

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...
Women and Child Development;

महिला एवं बाल विकास पर केंद्र-राज्य मंथन, पोषण और महिला सुरक्षा पर फोकस

0
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जा...
yogi modi modal

उत्तर प्रदेश Social Welfare योजनाएं 2026: पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की जानकारी

0
पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सहायता और गरीब परिवारों के लिए प्रमुख सरकारी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी उत्तर प्रदेश में सामाजिक कल्याण योजनाओं का दायरा...