मंत्रियों के प्रभार बजट सत्र के बाद बदले जाएंगे

मंत्रियों के प्रभार बजट सत्र के बाद बदले जाएंगे विधानसभा के बजट सत्र के बाद मंत्रियों के प्रभार के जिले बदले जाएंगे। प्रभार के जिलों में मंत्रियों के दौरा न करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सत्ता और संगठन स्तर पर यह निर्णय लिया गया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार को मंत्रियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्रियों के परफार्मेंस पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड हाथ में लेकर बैठे थे।

 

उन्होंने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनावी वर्ष है, ऐसे में अभी से जुट जाएं और प्रभार के जिलों में सक्रियता बढ़ाएं, रात्रि विश्राम करें, लोगों से मिलें और उनकी समस्याएं सुनें। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मंत्रियों को प्रभार के जिलों में सक्रियता बढ़ानी होगी। मंत्रियों से कहा कि प्रभार के जिलों में राजनीतिक स्थिति का मूल्यांकन करें और प्रवास बढ़ाएं। हमें टीम वर्क से काम करके 200 पार सीटें लाना है। मिलकर काम करो, कार्यकर्ताओं की सुनो, आप सरकार में मंत्री हो, इसलिए आपकी जिम्मेदारी ज्यादा है।

सोमवार से कुंभ राशि में उदय होंगे कर्मफलदाता शनि

सोमवार से कुंभ राशि में उदय होंगे कर्मफलदाता शनि

कर्मफल दाता शनिदेव अपनी ही मूलत्रिकोण राशि कुंभ में फिर से उदय होनेवाले हैं। इनके उदय से सभी राशियों पर प्रभाव पड़नेवाला है। ज्योतिषशास्त्र में शनिदेव को विशेष स्थान प्राप्त है। शनिदेव को पापी और क्रूर ग्रह कहा जाता है। शनि के अशुभ होने पर व्यक्ति को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लेकिन शनिदेव शुभ फल भी देते हैं। शनि के शुभ होने पर व्यक्ति का सोया हुआ भाग्य जाग उठता है। दरअसल शनिदेव कर्म, अनुशासन और दीर्घायु के कारक हैं। इनके उदय के आपको कर्मों के फल में वृद्धि होगी। यानी अच्छे कर्मों का शुभ फल और बुरे कर्मों का बुरा फल। ऐसे में शनि के उदय होने से कुछ राशि के जातकों की परेशानी बढ़ेगी, तो कुछ जातकों का भाग्योदय होना भी तय है। तो आईये जानते हैं कि शनि का उदय कब हो रहा है और किन राशियों के लिए शनिदेव शुभ फलों में वृद्धि करेंगे।

 

इन राशियों को मिलेगा लाभ

मेष राशि

 

इस राशि के लिए शनि दसवें और ग्यारहवें भाव के स्वामी होते हैं। शनि अभी आपके ग्यारहवें स्थान में ही उदय होंगे। आपके लिए ये भाग्योदय का समय है। नौकरी या व्यवसाय के क्षेत्र में जबरदस्त सफलता के योग हैं। इस दौरान आय में भी वृद्धि होगी। अगर प्रतियोगिता परीक्षा में बैठ रहे हैं तो सरकारी नौकरी मिलेगी। राजनीति के जुड़े लोगों को पद मिल सकता है। कारोबार से जुड़े लोगों को अपने व्यवसाय में किये गये प्रयासों का फल मिलेगा और बंपर मुनाफा मिलेगा। शनि का उदय आपके लिए सभी प्रकार से शुभ फल देनेवाला है।

वृषभ राशि

 

इस राशि के लिए शनि भाग्येश और कर्मेश होते हैं। ऐसे में कर्म भाव में शनि के उदय से नौकरी और कारोबार में विशेष उन्नति के योग बन रहे हैं। नई नौकरी मिल सकती है या सैलरी में बढ़ोतरी हो सकती है। बिजनेस में भी अच्छा मुनाफ़ा होने की संभावना है। नये निवेश के अवसर मिलेंगे और आपका कारोबार खूब फैलेगा। कर्मक्षेत्र में किसी भी नये कार्य में भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। पारिवारिक सुख में कमी आ सकती है और काम के सिलसिले में घर से दूर जाना पड़ सकता है |

सिंह राशि

 

आप की राशि में शनिदेव षष्ठम एवं सप्तम भाव के स्वामी हैं। सप्तम भाव में शनि के उदय से कारोबार में लाभ मिलने के योग बन रहे हैं। पत्नी या ससुराल पक्ष से आर्थिक लाभ हो सकता है। आपके पारिवारिक जीवन में भी इस दौरान सुधार आने की उम्मीद है। कारोबारियों को विशेष लाभ होने की संभावना है। नये कारोबार के शुरु होने या तरक्की के मौके मिलेंगे।

 

कुंभ राशि

शनि कुम्भ राशि में गोचर कर रहे हैं और अब कुंभ राशि में ही उदय होने जा रहे हैं। इसलिए इस ग्रह स्थिति का सबसे अधिक लाभ कुंभ राशि के जातकों को मिलेगा। इस राशि के जातकों को इस अवधि के दौरान नौकरी के नए अवसर मिलेंगे और जीनवसाथी या पार्टनर का पूरा सहयोग मिलेगा। अविवाहित व्यक्तियों के लिए विवाह का संयोग बन रहा है।

जनता को भाजपा एक हजार देती है तो पांच हजार जेब से निकाल लेती है-दिग्विजय सिंह

जनता को भाजपा एक हजार देती है तो पांच हजार जेब से निकाल लेती है-दिग्विजय सिंह

आदिवासी सम्मेलन एवं आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन रविवार को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय प्रांगण में हुआ। इस मौके पर मुख्यअतिथि के तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह मौजूद रहें। उन्होंने प्रदेश में शुरू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा, जनता को कुछ देती है तो उसके बदले में कई गुना वसूल भी लेती है। आज बहना को एक हजार रुपये प्रति माह दिया जा रहा है, कल पांच हजार वसूल लिए जाएंगेा भाजपा सरकार ने गैस के दाम चार सौ रुपये से 11 सौ रुपये कर दिए, पेट्राेल के दाम 55 रुपये से 110 रुपये प्रति लीटर कर दिए हैं। इतना ही नहीं आटा, दाल, चावल से लेकर खाने-पीने के सामान के दाम आसमान छू रहे हैं।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि नौ माह बाद प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है। सरकार आते ही गरीब महिलाओं काे 15 सौ रुपये प्रति माह दिए जाएंगे और केंद्र में सरकार आइ तो छह हजार रुपये प्रति माह देंगे। उन्होंने सीधी में बस दुर्घटनाओं में आदिवासी लोगों की मौत का दोषी प्रदेश सरकार को दोषी ठहराया और कहा कि भाजपा आंदोलन में भीड़ जुटाने के लिए बस भर-भर के लोगों को आयोजन स्थल पर लााती है, लेकिन उनकी सुरक्षा के नाम पर सिर्फ खाना पूर्ति होती है।

दलालों से रहे सावधान, लाड़ली बहना योजना: आवेदन 25 मार्च 2023 से भरे जायेंगे

MP Ladli Bahana Yojana

“लाड़ली बहना योजना” का लाभ लेने के लिए मूलनिवासी और आय प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।

#LadliBahnaYojna

भोपाल, लाड़ली बहना योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। आवेदन पत्र कैम्प के माध्यम से 25 मार्च 2023 से भरे जायेंगे | आवेदन कैम्प स्थल पर निशुल्क उपलब्ध होंगे

 

• आवेदक महिला को स्वयं कैम्प स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा, जिससे लाइव फोटो ली जा सके।

महिला को निम्नानुसार जानकारी के साथ केम्प में उपस्थित होना होगा |

• परिवार की समग्र आई डी

• स्वयं की समग्र आई डी

• स्वयं का आधार कार्ड (बैंक खाते से लिंक)

• समग्र में e-KYC होना अनिवार्य है।

• समग्र एवं आधार में हितग्राही की जानकारी समान होना चाहिए |

• यह अपडेट कार्य (आधार / समग्र / e-kyc ) 25 मार्च 2023 के पूर्व करा

• इस योजना के लिए आय प्रमाण पत्र एवं मूल निवासी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है।

• लाडली बहना योजना के लिए किसी निजी एजेंसी / दलाल को फ़ार्म भरने हेतु कोई राशि नहीं दे । यह प्रक्रिया पूर्ण रूप से निशुल्क है ।

कोलार में 30 मार्च को श्रीराम नवमी पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन

भोपाल, उपनगर कोलार में 30 मार्च श्रीराम नवमी पर अखंड विशाल रामायण पाठ और 1 अप्रैल को विशाल महाआरती एवं भंडारे का आयोजन किया जायेगा। जानकारी देते हुए आयोजनकर्ता मां वैष्णोदेवी उत्सव एवं जनकल्याण समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने बताया श्रीरामनवमी पर आयोजित होने वाले अखंड श्रीरामचरित मानस पाठ के आयोजन के लिए आज सुबह बैठक का आयोजन हनुमान मंदिर पर किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 30 मार्च 2023 श्रीरामनवमी पर श्रीराम जन्म उत्सव, अखंड रामायण पाठ, 1 अप्रैल को विशाल महाआरती एवं भंडारे का आयोजन समिति द्वारा किया जाएगा। समिति ने संकल्प लिया है कार्यक्रम पूर्णतः गैर राजनीतिक रहेगा। रामनवमी पर होने वाले श्रीरामचरित मानस का पाठ का वाचन चित्रकूट के गुरुजी और उनकी मंडली द्वारा 24 घंटे तक किया जाएगा। आज बैठक में मुख्य रूप से वरिष्ठ समाजसेवी एवं कार्यक्रम के मुख्य सलाहकार शिशिर उपाध्याय, मंदिर के पंडित सुनील त्रिपाठी, पंडित मनोज मिश्रा, पुष्पेंद्र सिंह, सुबोध अग्रवाल, सुरेश रावत, पंकज राठौर, महेंद्र तिवारी, निलेश जायसवाल, जितेंद्र सूर्यवंशी, योगेश पसरटे, महेंद्र तिवारी, अशोक कुमार, आयुष सिंह, भगवान रजक आदि उपस्थित थे।

मध्य विधानसभा में कन्या पादूका पूजन कर मनाया मुख्यमंत्री का जन्मदिन

 

5 मार्च रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन पर बैनर पोस्टर होर्डिंग्स न लगाने की अपील करते हुए सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की थी । जिसके बाद मध्य विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता ध्रुव नारायण सिंह द्वारा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन पर वृक्षारोपण और कन्या पादूका पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया यह कार्यक्रम मध्य विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 49 स्थित 12 नंबर स्थित मल्टी में आयोजित हुआ,जहां एक साथ 1100 कन्याओं का पादूका पूजन किया गया और उन्हें मिष्ठान वितरित किए गए, कार्यक्रम की शुरुआत पंडितों के मंत्र उच्चारण के साथ हुई । कन्या पूजन के बाद पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह ने वृक्षारोपण भी किया इतना ही नहीं उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि मध्य विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में 64 पौधों का पौधारोपण किया जाएगा और उनके पालन पोषण का काम भी वार्ड के नागरिक ही करेंगे । कार्यक्रम मुख्य रूप से महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया जी ,वरिष्ठ नेता श्री अशोक सैनी जी ,भाजपा जिला मंत्री श्रीमती शक्ति दूबे जी,महाराणा प्रताप मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह,उत्कर्ष नायक,मुकुल लोखंडे सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं मंडलों के नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दुष्कर्म और हत्या के वक्त दोषी नाबालिग था, तुरंत रिहा करें-सुप्रीम कोर्ट

दुष्कर्म और हत्या के वक्त दोषी नाबालिग था, तुरंत रिहा करें-सुप्रीम कोर्ट

मनावर में सवा पांच वर्ष पहले दुष्कर्म के बाद एक बच्ची की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अपराध किए जाने की तारीख पर नाबालिग होने की बात साबित होने पर दोषी की मौत की सजा रद कर दी और उसे तुरंत रिहा करने के आदेश दिए। कोर्ट ने माना कि आरोपित ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की थी, लेकिन घटना के वक्त वह नाबालिग था।

किशोर न्याय अधिनियम के तहत उसे अधिकतम तीन वर्ष की सजा दी जा सकती है। वह पांच वर्ष से जेल में है। उसे रिहा किया जाना चाहिए। 36 पेज के फैसले में कोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए कि उसने आरोपित की उम्र की पुष्टि किए बिना ही आम आरोपितों की तरह उसे पेश कर दिया।

जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संजय करोल की शीर्ष अदालत की पीठ ने कहा, अपीलकर्ता की दोषसिद्धि को बरकरार रखा गया है, हालांकि, सजा को रद कर दिया गया है। इसके अलावा, चूंकि वर्तमान में अपीलकर्ता की आयु 20 वर्ष से अधिक होगी, इसलिए उसे किशोर न्याय बोर्ड या किसी अन्य बाल देखभाल सुविधा या संस्थान में भेजने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। अपीलकर्ता न्यायिक हिरासत में है। उसे अविलंब रिहा किया जाए।

होली पर करें इन चीजों का दान, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा

होली पर करें इन चीजों का दान, मां लक्ष्मी की बरसेगी कृपा

फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को होलिका दहन किया जाता है जो कि इस साल 7 मार्च को किया जाएगा और उसके अगले दिन यानी चैत्र प्रतिपदा के दिन रंगों वाली होली खेली जाती है जो कि इस साल 8 मार्च को पड़ रही है। इस बार होलिका दहन पर चार खास योग बन रहे हैं। इन योगों में पूजा-पाठ व दान करने से व्यक्ति के पास स्थाई लक्ष्मी का वास होता है।

इस बार होलिका दहन के दिन वाशी योग, सुनफा योग, शंख योग और सुकर्मा योग जैसे शुभ योगों का निर्माण हो रहा है। इसलिए इस दौरान किया गया दान-पुण्य बहुत फलदायी माना जाएगा। इसके साथ ही होली के दिन लक्ष्मी जी की कृपा पाने के लिए 3 चीजों के दान का विशेष महत्व है। तो आइए जानते हैं इस दिन किन चीजों का दान शुभ माना गया है।

धन दान

ज्योतिषाचार्य के अनुसार, होली के दिन किसी मंदिर में, ब्राह्मण को या फिर किसी गरीब व्यक्ति को धन का दान करने से घर में बरकत आती है और व्यक्ति को इसके परिणाम स्वरूप शुभ फलों की प्राप्ति होती है। इसलिए अपने सामर्थ्य अनुसार इस दिन कुछ धनदान जरूर दें।

वस्त्रों का करें दान

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार होली के शुभ मुहूर्त में किसी जरूरतमंद व्यक्ति को वस्त्र दान करना बेहद शुभ माना जाता है। होली की शुभ तिथि के दिन वस्त्र दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही ऐसा करने से मां लक्ष्मी की कृपा मिलती है और वो काफी प्रसन्न होती हैं।

अन्नदान या भूखों को खिलाएं खाना

होली के त्योहार पर गरीबों को खाना खिलाने से बहुत पुण्य मिलता है और अगर आप घर पर बने पकवान का कुछ हिस्सा गरीबों में दान करें तो बहुत शुभ है। इसके अलावा अगर आप में सामर्थ्य है तो आप भूखों को खाना खिला सकते हैं या फिर अन्न दान कर सकते हैं। ऐसा करने से व्यक्ति के घर कभी अन्न-धन की कमी नहीं आती।

छतरपुर की गंगा राजपूत को राष्ट्रपति ने दिल्ली में दिया स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान दिया

छतरपुर की गंगा राजपूत को राष्ट्रपति ने दिल्ली में दिया स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान दिया

छतरपुर में बड़ामलहरा के भोयरा गांव निवासी जल सहेली गंगा राजपूत को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान प्रदान किया है। गंगा राजपूत ने गांव के 12 एकड़ के तालाब को पुनर्जीवित कर जल संरक्षण के लिए काम किया है। उत्तरप्रदेश में ललितपुर की जल सहेली शारदा देवी, झांसी बबीना के मानपुर की गीता देवी को भी यह सम्मान मिला है।

सम्मान समारोह लेने परिवार सहित दिल्ली गईं गंगा राजपूत ने बताया कि उन्होंने गांव में जब अंधविश्वास से सूख चुके तालाब को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठाया था तो कभी यह नहीं सोचा था कि इतना बड़ा सम्मान मिलेगा। सम्मान मिलने से उनका उत्साह कई गुना बढ़ा है। अब जल संरक्षण के लिए अलख जगाने में और तेजी लाएंगीं। गांव में लोग कहते थे कि तालाब में पानी लाने की जो कोशिश करेगा उसका वंश नष्ट हो जाएगा पर उन्होंने सोचा कि पानी न होने से बेहतर है कि मर ही जाएं। लोगों की बातों की परवाह किए बिना गांव की दो दर्जन महिलाओं के साथ मिलकर जर्जर तालाब की खुदाई की। बारिश के बाद अब तालाब लबालब भरा है। जल जन जोड़ा अभियान के राष्ट्रीय संयोजक संजय सिंह कहते हैं बुंदेलखंड को पानीदार बनाने में परमार्थ समाजसेवी संस्था की जल सहेलियों से प्रेरित होकर देश में महिलाएं जल संरक्षण के लिए आगे आई हैं। एक दशक में देश की 7 जनपदों में 1100 से अधिक जल सहेलियां जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रयासरत हैं।

BBC का पक्ष रखा राहुल गांधी ने लंदन में

BBC का पक्ष रखा राहुल गांधी ने लंदन में

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर हैं और यहां भारत विरोध बातों का सिलसिला जारी है। अब राहुल गांधी ने लंदन में भारत सरकार और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

राहुल ने कहा कि भारत में सरकार से सवाल करने वालों पर उसी तरह हमला किया जाता है, जैसे बीबीसी के साथ किया गया। बता दें, बीबीसी ने 2002 के गुजरात दंगों को लेकर डाक्यूमेंट्री जारी की थी, जिसमें नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाए गए थे। डाक्यूमेंट्री पर भारी बवाल हुआ।

लंदन में इंडियन जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (आइजेए) द्वारा आयोजित कार्यक्रम इंडिया इनसाइट्स में राहुल ने कहा, भारतीय लोकतांत्रिक ढांचों पर बर्बर हमले हो रहे हैं। देश के लिए एक वैकल्पिक नजरिये के इर्द गिर्द एकजुट होने के लिए विपक्षी दलों में बातचीत चल रही है।

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...
Women and Child Development;

महिला एवं बाल विकास पर केंद्र-राज्य मंथन, पोषण और महिला सुरक्षा पर फोकस

0
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जा...
yogi modi modal

उत्तर प्रदेश Social Welfare योजनाएं 2026: पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की जानकारी

0
पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सहायता और गरीब परिवारों के लिए प्रमुख सरकारी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी उत्तर प्रदेश में सामाजिक कल्याण योजनाओं का दायरा...