देश भर में साइबर ठगी, खासकर डिजिटल अरेस्ट के जरिये लाखों-करोड़ों रुपये शातिर लोग ठग रहे हैं। ठग पुलिस से बचने के लिए निजी बैंकों में फर्जी फर्मों के नाम पर खोले गए करंट अकाउंट (चालू खाता) में रुपये जमा करवाते हैं। वे ऐसी बैंकें चुन रहे हैं, जिन्हें शुरू हुए अधिक समय नहीं हुआ है। करंट अकाउंट से आगे जिन खातों में रुपये भेजे जा रहे हैं, वे खाते ठगों ने किराये पर ले रखे होते हैं। ठगी का धन हड़पने और पुलिस को उलझाने के लिए एक बड़ा नेटवर्क देश में काम कर रहा है।
अब पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक करने जा रही है। हाल ही में ठगी की बड़ी घटनाओं को लेकर साइबर क्राइम विंग ने अध्ययन किया है। इसमें यही स्थापित हुआ है कि ठगी का बहुत बड़ा हिस्सा निजी बैंकों के खातों में जमा हुआ है।
इस तरह होती है रुपयों की हेराफेरी
साइबर क्राइम विंग ने ठगी के मामलों में अब तक कई आरोपियों को पकड़ा है। पड़ताल में सामने आया कि रुपये पीडि़त से ही निजी बैंकों के करंट अकाउंट में जमा करवाए गए। ये खाते अलग-अलग राज्यों में थे। जिन फर्मों के नाम पर खाते थे, वे जांच में फर्जी पाई गईं। पीडि़त ने एक या दो खातों में रुपये जमा करवाए। आगे जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई, वे मजदूरों, नौकरीपेशा, छात्रों, सामान्य दुकानदारों और ग्रामीणों के नाम पर निकले। इनके खाते भी निजी बैंकों में ही ठगी के नेटवर्क में शामिल आरोपियों ने खुलवाए थे। हर लेनदेन पर कमीशन तय किया और खातों में ठगी की रकम मंगाई। इन खातों को ऑपरेट ठगी के नेटवर्क में शामिल आरोपी ही करते हैं।
निजी बैंकों पर नजर इसलिए
साइबर क्राइम विंग ने इस साल डिजिटल अरेस्ट सहित अन्य साइबर ठगी के मामलों में कई आरोपियों को पकड़ा गया। इसमें सरगना, एजेंट और किराये पर खाते उपलब्ध कराने वाले भी शामिल हैं। आरोपियों ने बताया कि निजी बैंकों के कर्मचारियों को लक्ष्य मिलते हैं। यहां अधिक संख्या में खाते नहीं होते, कई बैंकों की तो पूरे शहर में ही एक या दो शाखाएं होती हैं। इनमें खाता खुलवाने में अधिक औपचारिकताएं नहीं हैं। ऑनलाइन खाता भी अपेक्षाकृत आसानी से खुल जाता है। कई ऐसी औपचारिकताएं हैं, जिनसे ठग बचते हैं।
डी. गुकेश कम उम्र में विश्व शतरंज चैंपियन
18 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश ने कल गुरुवार को सिंगापुर में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने चीन के मौजूदा चैंपियन डिंग लिरेन को 7.5-6.5 के अंतर से हराया और इसी के साथ ही गुकेश विश्व के सबसे युवा शतरंज चैंपियन बन गए। इससे पहले 1985 में रूस के गैरी कैस्परोव ने 22 साल की उम्र में यह खिताब जीता था। गुकेश ने 14वें और निर्णायक गेम में जीत दर्ज कर यह खिताब अपने नाम कर लिया। 25 नवंबर को शुरू हुए फाइनल में दोनों खिलाड़ियों ने 13 गेम खेले, जिनमें स्कोर 6.5-6.5 की बराबरी पर था। 14वें गेम में गुकेश ने शानदार खेल दिखाया और 1 पॉइंट की बढ़त के साथ जीत हासिल की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जनदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डी. गुकेश को सबसे कम उम्र में विश्व शतरंज चैंपियन बनने पर शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि गुकेश की जीत भारत को शतरंज की महाशक्ति के रूप में प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि गुकेश ने पूरे देश को इस जीत से गौरान्वित किया है। राष्ट्रपति ने गुकेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह असाधारण उपलब्धि विश्व शतरंज में भारत के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने गुकेश को भविष्य में और सफलताएं प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व शतरंज चैंपियनशिप का खिताब जीतने पर डी. गुकेश को बधाई देते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी अद्वितीय प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी जीत ने न केवल शतरंज के इतिहास में उनका नाम दर्ज कर दिया है, बल्कि लाखों युवाओं को बड़े सपने देखने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया है।
भारत के दूसरे वर्ल्ड चेस चैंपियन बने हैं। उनसे पहले 2012 में विश्वनाथन आनंद ने यह खिताब जीता था। 17 साल की उम्र में गुकेश ने FIDE कैंडिडेट्स चेस टूर्नामेंट भी जीता था, जिससे उन्हें इस चैंपियनशिप में जगह मिली। फाइनल के 11वें गेम के बाद गुकेश 6-5 से आगे थे। हालांकि, डिंग लिरेन ने 12वें गेम में वापसी की और स्कोर बराबर कर दिया। 13वें गेम में मुकाबला ड्रॉ रहा। आखिरी गेम में गुकेश ने डिंग को मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि इंटरनेशनल चेस फेडरेशन (FIDE) के 138 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में दो एशियाई खिलाड़ी आमने-सामने थे। खिताब जीतने पर गुकेश को 20.86 करोड़ रुपये (2.5 मिलियन यूएस डॉलर) का इनाम मिलेगा।
चेन्नई के रहने वाले गुकेश डी का पूरा नाम डोम्माराजू गुकेश है। उनका जन्म 7 मई 2006 को हुआ था। गुकेश ने 7 साल की उम्र में ही शतरंज खेलना शुरू क दिया था। उनके पहले कोच भास्कर नागैया रहे, जो खुद एक इंटरनेशनल चेस खिलाड़ी हैं। बाद में विश्वनाथन आनंद ने भी उनकी कोचिंग दी। गुकेश के पिता डॉक्टर और मां माइक्रोबायोलॉजिस्ट हैं।
अब ऑनलाइन ले सकेंगे नोड्यूज सर्टिफिकेट
भोपाल समेत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी में आने वाले 16 जिलों के बिजली कंज्यूमर्स को अब नोड्यूज प्रमाण पत्र लेने के लिए बिजली कम्पनी के दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन कर नोड्यूज प्रमाण पत्र हासिल किए जा सकेंगे। इसके लिए उपभोक्ताओं को अपनी बिजली कनेक्शान की संपूर्ण बकाया राशि जमा करके ई-केवायसी की प्रक्रिया को पूरा करना होगा।
वितरण कम्पनी द्वारा उपभोक्ताओं को ऑनलाइन नोड्यूज प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन की सुविधा शुरू की गई हैं। इसके लिए कंज्यूमर कंपनी की वेबसाइट पोर्टलडॉटएमपीसीजेडडॉटइन पर जाकर कंज्यूमर लॉगिन सेक्शन में मोबाइल नंबर एवं ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर उपभोक्ता नोड्यूज प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिये आवेदन कर सकते हैं। उपभोक्ता द्वारा उसके मोबाइल नंबर से लिंक कनेक्शनों का ई-केवायसी पूर्ण होने, मीटर की कार्य प्रणाली सही पाए जाने पर एवं किसी भी प्रकार का कोई बकाया नहीं होने पर प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। कंपनी ने कहा है कि नोड्यूज प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर उपलब्ध विकल्प का चयन कर ओटीपी के माध्यम से आवेदन करना होगा। अधिकारियों द्वारा कार्यवाही पूर्ण किए जाने पर प्रमाण पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा।
ऐसे पूरी होगी प्रक्रिया
उपभोक्ता द्वारा दी गई जानकारी का सत्यापन कर आवेदन निरस्त या फॉरवर्ड किया जाएगा। फॉरवर्ड किए गए लंबित आवेदन पर संबंधित उप महाप्रबंधक शहर संभाग द्वारा जानकारी का सत्यापन करने ओटीपी के माध्यम से आवेदन निरस्त या स्वीकृत किया जा सकता हैं। आवेदन स्वीकृत होने के बाद सिस्टम पर प्रमाण-पत्र अपलोड होने के के बाद उपभोक्ता को एक एसएमएस के माध्यम से प्रमाण पत्र डाउनलोड करने की जानकारी दी जाएगी।
चुनाव में लगता है नोड्यूज
यह नोड्यूज खासतौर पर ग्राम पंचायत, जिला पंचायत या फिर नगर पालिका, नगर निगम के चुनाव या विभिन्न सहकारी संस्थाओं की सोसायटी के चुनाव में लगते हैं। इसके लिए चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों को बिजली कंपनी से नोड्यूज लेना आवश्यक होता है। इसके लिए अब उन्हें बिजली कंपनी के दफ्तर में जाने की आवश्यकता नहीं हैं।
कूनो में चीतों को तेंदुआ के बाद शिकारियों से खतरा, जंगल में मुठभेड़ हुई, चकरघिन्नी हुआ वन अमला, निगरानी और बढ़ी
श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में छोड़े गए चीतों को तेंदुओं के बाद अब शिकारी का भी खतरा बढ़ गया है। दरअसल, मंगलवार को कूनो के मोरावन पश्चिम रेंज में वन विभाग के अमले और शिकारियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसके बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की निगरानी और बढ़ा दी गई है, लेकिन शिकारी कूनो के जंगल से अच्छी तरह से परिचित हैं। इस वजह से वह कब, किस रास्ते से नेशनल पार्क के अंदर पहुंच जाएं और कहां जानवरों का शिकार कर लें, किसी को जानकारी नहीं होती।
कूनो के अंदर जानवरों के शिकार के कई मामले पूर्व में भी आ चुके हैं। कई शिकारियों को जाल और हथियारों के अलावा जानवरों की खाल और मांस के साथ गिरफ्तार भी किया जा चुका है, लेकिन शिकारियों का नेटवर्क इतना ज्यादा बड़ा है कि वन विभाग की छोटी-छोटी कार्रवाई से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ रहा। ऐसे हालात में दूसरे जानवरों के साथ-साथ अब चीतों की जान को भी शिकारियों से खतरा हो सकता है।
कूनो में 200 तेंदुआ
शिकारी के अलावा कूनो नेशनल पार्क के अंदर 200 के करीब तेंदुआ हैं जो टकराव होने की स्थिति में चीतों के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। इन दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर वन अमला चीतों की कड़ी निगरानी कर रहा है। खास तौर पर उन अग्नि और वायु चीतों की जो खुले जंगल में हैं।
अभी 22 चीते बाड़े में
अभी 22 चीते बाड़े में हैं, जिन्हें क्रमबद्ध तरीके से खुले जंगल में छोड़ा जाएगा। फिलहाल, वन अमला खुले जंगल में छोड़े गए अग्नि और वायु चीते पर ही नजर बनाए हुए है, ताकि अन्य चीतों को भी खुले जंगल में छोड़े जाने का निर्णय लिया जा सके। मामले में कूनो नेशनल पार्क के डीएफओ उत्तम कुमार शर्मा का कहना है कि फिलहाल अन्य चीतों को खुले जंगल में छोड़े जाने का निर्णय नहीं हुआ है। सभी चीते पूरी तरह से स्वस्थ हैं। बता दें कूनो नेशनल पार्क में 12 वयस्क और 12 शावक यानी कुल 24 चीते मौजूद हैं। इनमें से अग्नि और वायु नाम के दो चीते ही खुले जंगल में हैं। बाकी बाड़े में रखे गए हैं।
नए साल में दौड़ेंगी सरकारी यात्री बसें
प्रदेश में 19 साल से बंद सडक़ परिवहन निगम के स्थान पर अब राज्य सरकार नए सिरे से यात्री परिवहन सेवा शुरू करने जा रही है। इसको लेकर बुधवार को सीएम डॉ मोहन यादव ने समत्व भवन में मुख्य सचिव अनुराग जैन, परिवहन विभाग के एसीएस एसएनस मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों की बैठक ली। सीएम ने इस मुद्दे को अगली कैबिनेट बैठक में लाने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लगन के बाद जनवरी 2025 में इसकी शुरुआत हो जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में नवीन यात्री बस सेवा के संचालन में यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की आवश्यकता और इंटर सिटी मार्गों के महत्व को ध्यान में रखते हुए बसों का संचालन किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट बुकिंग, बस ट्रैकिंग जैसे टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के सभी लाभ यात्रियों को सरलता से प्राप्त हों, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि जो बस ऑपरेटर परमिट में तय नियम शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। सीएम ने कहा कि यात्री सुविधा पर पूरी तरह से फोकस किया जाए। बसों की ट्रैकिंग करने का काम भी किया जाए ताकि लोगों को दिक्कत न हो।
शुरुआत आदिवासी अंचल से
बताया जाता है कि परिवहन विभाग द्वारा शुरू की जा रही नवीन यात्री बस सेवा सबसे पहले प्रदेश के आदिवासी अंचल से शुरू हो सकती है। इससे इन क्षेत्रों को शहरों से जोडऩे में आसानी होगी। इसके बाद प्रदेश भर के दूसरे क्षेत्रों में भी सरकारी बसों को शुरू किया जाएगा। पहले राज्य परिवहन की बस डीजल से चलती थी। अब इलेक्ट्रिक से चलने वाली नई बसें सडक़ों पर उतारने की तैयारी है। ये ईको फ्रैंडली बसें ध्वनि के साथ-साथ वायु प्रदूषण को भी रोकेंगी।
छह माह पहले सीएम ने दिए थे तैयारी के निर्देश
जून में कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव ने इसे दोबारा शुरू करने को लेकर एक बैठक ली थी। इसमें उन्होंने रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए थे। गौरतलब है कि वर्ष 2005 में सरकार ने सडक़ परिवहन निगम बंद कर दिया था। लेकिन तकनीकी रूप से इसे बंद करने का गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया था।
26 जनवरी 2025 परेड में भाग लेने वाली भूतपूर्व सैनिकों की टुकड़ी का चयन
भारतीय सेनाओं के शौर्य और पराक्रम की वीरगाथा को कायम रखने के लिए 26 जनवरी 2025 को लाल परेड ग्राउण्ड में राज्य स्तरीय परेड में भूतपूर्व सैनिकों की एक टुकडी विगत कई वर्षों से भाग ले रही है जिसमें 51 भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया जाना है।
ग्रुप केप्टन (से.नि.) अभिताभ रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, भोपाल जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा भूतपूर्व सैनिकों की टुकड़ी का चयन सैनिक विश्रामगृह, भोपाल में 17 दिसम्बर 2024 प्रातः 11.00 बजे से किया जाएगा ।
परेड में भाग लेने वाले इच्छुक भूतपूर्व सैनिक अपने पंजीयन के लिए डिस्जार्च बुक एवं पहचान पत्र के साथ जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, भोपाल में उपस्थित होकर पंजीयन कराये।
ओशो का वक्तृत्व, भाषा पर असाधारण प्रभुत्व
कुछ 2000-2001 की बात होगी। ट्रेन से भोपाल से शहडोल जा रहा था। जबलपुर स्टेशन पर गाड़ी रुकी तो बाहर प्लेटफॉर्म पर हाथ गाड़ी पर एक किताबों की दुकान नजर आ गई। तब तक मैं ओशो की दो चार पुस्तकें पढ़ चुका था। उनकी शैली, भाषा और उनके निरालेपन ने आकर्षित किया था। यहां हाथ गाड़ी पर उनकी कुछ पुस्तके रखी थीं। मैने एक छोटी पुस्तक उठा ली। कवर देख लगा था कि भगवान कृष्ण पर कहे गए प्रवचन है। पुस्तक पढ़ना शुरू की तो पता चला भगवत गीता के कुछ श्लोकों पर भाष्य था। अत्यन्त प्रभावशाली। अब तक गीता पढ़ने के कुछ प्रयास कर चुका था, परन्तु कईं विरोधाभास से नजर आते थे और कोई समझाने वाला था नहीं। ओशो ने जिस तरह ये श्लोक समझाए थे, वह बिलकुल ही भिन्न कोण थे। पहली बार ऐसा लगा कि गीता जी का आशय समझ आ रहा था।
कुछ वर्षों बाद इंदौर में लगे एक पुस्तक मेले में जाना हुआ। वहां गीता दर्शन के आठ भाग, लगभग सभी 450 पृष्ठों के, उपलब्ध थे! तब पता चला कि ओशो ने, सम्भवतः 1969 में, अहमदाबाद में गीता जी पर लगभग 300 घंटों के प्रवचन दिए थे जिनमें उन्होंने गीता जी के अठारह अध्यायों की श्लोक दर श्लोक व्याख्या की थी। इस व्याख्यान माला का शीर्षक गीता दर्शन दिया गया था। अद्भुत साहित्य है। ओशो का वक्तृत्व, भाषा पर असाधारण प्रभुत्व, शब्दों के परे और पंक्तियों के बीच छुपे इशारों को खोजती उनकी विलक्षण मेधा, गीता जी के सूत्रों के पीछे का परिपेक्ष सब कुछ चमत्कृत कर देने वाला था। अब तो जो पढ़ा वह सब अत्यन्त सतही नजर आने लगा। यह समझ आ गया कि इस साहित्य से परे कुछ नहीं है।
और कुछ समय बाद इन प्रवचनों की CD भी प्राप्त हो गई। और अब करीब 16 GB के डाटा के रूप में पेन ड्राइव भी! जैसा समय मिला पढ़ना, सुनना, उस पर चिंतन करना जारी रहा। आज मैं निसंकोच कह सकता हूं कि इन प्रवचनों को पढ़ने, सुनने से पूर्व मैं एक अलग व्यक्ति था। आज अलग हूं। इन प्रवचनों ने चेतना के स्तर पर तो प्रभावित किया ही, मानसिक रूप से कहीं अधिक दृढ़ भी बना दिया। आज लगभग 15 वर्षों के बाद भी ये प्रवचन उतने ही प्रेरक, रोचक और पाथेय बने हुए हैं। निश्चय ही मूल सन्देश तो स्वयं भगवान का है। परन्तु अपनी साधारण समझ से भगवान द्वारा प्रेषित जटिलताओं को समझना इस जन्म में तो संभवतः हो नहीं पाता। ओशो ने जिस प्रकार उन जटिलताओं को खोल कर समझाया है वह उनका हम सब पर उपकार ही कहलाएगा।
इसमें कोई सन्देह नहीं है कि विगत शताब्दी ने जिन श्रेष्ठतम प्रतिभाओं को जन्म दिया, ओशो उनमें से एक थे। यह दुखद है कि सामान्यतः उनका नाम सेक्स गुरु के रूप में ही लिया जाता है और उनकी यही छवि जन मानस में बना दी गई है। मैंने उनका काफी साहित्य पढ़ा है। मैं इसे तीन भागों में देखता हूं। शुरुआती वर्षों के उनके प्रवचन जिसमें गीता दर्शन, अष्टावक्र महा गीता, महावीर वाणी आदि प्रमुख हैं। यह अदभुत साहित्य है। मुझे लगता है यही उनकी पहचान होना चाहिए। दूसरे भाग में उनके कईं प्रवचन भारत के साधु सन्त, फकीर आदि पर है। इनमें से भी अधिकांश संग्रहणीय है। गोरख नाथ, कबीर, मीरा आदि के साहित्य को वे जिस दृष्टि से देखते है, उससे हमें इन सिद्ध व्यक्तियों को समझने में सहायता तो मिलती ही है साथ ही भारतीय मनीषा की गहराई और विलक्षणता भी स्पष्ट होती है।
अंतिम वर्षों के उनके प्रवचनों से ऐसा लगता है कि वे थोड़ा carried away हो गए थे, बहक गए थे। सम्भवतः दशकों तक स्वयं से कम प्रतिभा के लोगों से घिरे रहने प्रभाव रहा हो। स्वयं को भगवान घोषित करने और भक्तों द्वारा स्वयं को भगवान संबोधित करवा लेने में यह बहक जाना दृष्टि में आता ही है। इस दौर के उनके प्रवचनों में भी विद्वत्ता की जगह नाटकीयता ने ले ली थी। सम्भवतः वे अपना श्रेष्ठतम दे चुके थे और अब उनके पास नया कुछ देने के लिए बचा नहीं था।
मैने उन्हें कभी देखा नहीं, आमने सामने बैठ कर सुना नहीं, उनके किसी ध्यान केन्द्र पर गया नहीं हूं और न ही पुणे के उनके आश्रम में जाना हुआ है। ओशो से मेरा परिचय सिर्फ और सिर्फ उनके प्रवचनों के माध्यम से ही है और इसलिए अधूरा ही है। इसलिए उनके व्यक्तित्व के सम्बन्ध में ज्यादा कुछ कहना उचित नहीं होगा। पर एक बात निश्चित है, अपने सैकड़ों प्रवचनों के माध्यम से उन्होंने जो अद्वितीय साहित्य रचा है, वह अनमोल है। उन प्रवचनों को पढ़ना या सुनना आपको एक बेहतर मनुष्य बना सकता है!
आज 11 दिसम्बर को ओशो की जन्म तिथि पर सादर स्मरण, नमन और हृदय से आभार।
श्रीरंग वासुदेव पेंढारकर
शीतलहर के कारण कई शहरों का गिरेगा तापमान, मप्र में ठंड का असर बढ़ा, 24 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। बर्फीली हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में ठंड ने वापसी की है। नतीजतन, 24 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। रायसेन में तो मंगलवार को पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
रायसेन, राजगढ़, धार, जबलपुर, सिवनी, सागर, पचमढ़ी, नीमच में शीतलहर चली। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, धार, रतलाम, उज्जैन एवं टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को न्यूनतम तापमान में कुछ और गिरावट भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर पश्चिमी बना हुआ है।
2-3 दिन और गिर सकता है तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने से हवाओं का रुख भी उत्तरी हो गया है। लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। इससे कई शहर शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। इस तरह की स्थिति अभी दो-तीन दिन तक बनी रह सकती है।
विधानसभा के 5 किलोमीटर दायरे में धरना प्रदर्शन प्रतिबंध
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित विधानसभा भवन के 5 किलोमीटर के दायरे में 16 से 20 दिसंबर धारा 163 लागू रहेगी। भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्रा ने मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र को लेकर यह आदेश जारी किया है। इस दौरान किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पांच या इससे अधिक व्यक्ति एकत्रित नहीं होंगे। इस प्रकार एकत्रित भीड़ गैर कानूनी भीड़ समझी जाएगी।
इसके अलावा कोई व्यक्ति किसी जुलूस/प्रदर्शन का न तो निर्देशन करेगा और न उसमें भाग लेगा और न ही कोई सभा आयोजित करेगा। कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शस्त्र, लाठी, डंडा, पत्थर, चाकू अन्य धारदार हथियार या आग्नेय शस्त्र साथ लेकर नहीं चलेगा। विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा परिसर के 5 किलोमीटर की परिधि में भारी वाहन जैसे ट्रक, ट्रैक्टर-ट्राली, डंपर और धीमी गति से चल यातायात बाधित करने वाले तांगा, बैल-गाड़ी इत्यादि के आवागमन पर भी पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। दरअसल 16 दिसंबर को कांग्रेस ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है, इसको देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर ने धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है।
दो दिन में आधे हुए सब्जियों के दाम, थोक बाजार में 5 से 10 रुपये किलो
सेहत और खान-पान पर ध्यान देन के मौसम में हरी सब्जियां अब लोगों को खुश करेंगी। दो दिन से थोक मंडी में सब्जियों के दाम बीते सप्ताह के मुकाबले आधे हो गए हैं। थोक मंडी में ज्यादातर सब्जियां 5 से 15 रुपये किलो के दाम में बिकने लगी है। बीते दिनों सब्जियों की महंगाई से परेशान लोग अब राहत ले सकते हैं। आवक बढऩे से दाम लगातार टूट रहे हैं।
थोक मंडी मेें मैथी और पालक 6 से 7 रुपये किलो बिका। बैंगन के दाम 5 रुपये किलो तक आ गए। सिर्फ दो सब्जियां है जो अब भी महंगी हैं। इसमें एक सूरजना फली जो 150 से 200 रुपये किलो और दूसरा मटर जो थोक में 60-65 रुपये किलो बिक रहा है। थोक मंडी के कारोबारी सलीम चौधरी के अनुसार आसपास के क्षेत्रों में सब्जियों की आवक बढ़ रही है। खास बात है कि सब्जियां और सस्ती होने वाली है। सूरजना फली गुजरात से सीमित मात्रा में आ रही है इसलिए सूरजना फली महंगी है।
रिटेल में तीन-चार गुना दाम
थोक बाजार के मुकाबले रिटेल दुकानों पर सब्जियों के दामों में राहत कम मिली है। दरअसल सब्जियां सस्ती होने के बाद भी रिटेल दुकानों से उपभोक्ताओं को ज्यादातर सब्जियां तीन से चार गुना दामों पर बेची जा रही है। रिटेल बाजार में पालक-मैथी, बैंगन अब भी 40 रुपये किलो। गोभी 20-30 रुपये किलो बिक रही है। कारोबारियों के अनुसार आवक लगातार बढ़ेगी ऐसे में आगे रिटेल वालों को भी माल खपाने के लिए दाम और घटाना पड़ेंगे।
थोक बाजार में भाव
हरी मिर्च 10 से 30 रुपये किलो
बैंगन 5-10 रुपये किलो
मैथी-पालक 7-10 रुपये
पत्ता गोभी 10 रुपये किलो
करेला 12-20 रुपये किलो
लौकी-5 रुपये किलो
कद्दू 10-15 रुपये किलो
फूल गोभी 10 रुपये नग
गिलकी 10 से 15 रुपये किलो
हरा धनिया 20 रुपये किलो
खीरा ककड़ी 15 रुपये किलो
टमाटर 500-600 रुपये क्रेट














