उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को जम्मू से किया रवाना

जम्मू : शुक्रवार, जून 28, 2024/ जम्‍मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज सुबह जम्‍मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्‍थे को अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना किया। अमरनाथ पवित्र गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा कल कश्मीर घाटी के पहलगाम और बालटाल मार्ग से शुरू हो रही है।

इस मौके पर मनोज सिन्हा ने मीडिया को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों का पहला जत्था जम्मू से रवाना हो गया है। पिछले 3-4 साल में यात्रा के लिए काफी इंतजाम किए गए हैं और इस बार भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। सुरक्षा बढ़ाई गई है। अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले हजारों लोग जम्मू पहुंच चुके हैं। पहला जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच काफिले में यात्रा करेगा और पहलगाम और बालटाल बेस कैंप पहुंचेगा। वहां से वे अपनी अमरनाथ यात्रा शुरू करेंगे।

इस अवसर पर प्रमुख आध्यात्मिक नेता, धार्मिक संगठनों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि, नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षाबलों और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि हमें उम्मीद है कि भोले शंकर की कृपा से इस साल भी यात्रा खुशियां लेकर आएगी और हर साल की तरह सभी के लिए एक अच्छा अनुभव होगा। लोगों को जम्मू-कश्मीर वासियों का प्यार, स्नेह और दुलार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोगों को भगवान शिव का आशीर्वाद मिलेगा। पूरा भारत और जम्मू-कश्मीर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा। हर साल की तरह इस साल भी सभी इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शुक्रवार, जून 28, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अनुसूचित जाति -जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग की छात्रवृत्ति से संबंधित विगत वर्ष के लंबित प्रकरणों का कार्य योजना बनाकर तत्काल निराकरण किया जाए। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए छात्रवृत्ति में आवेदन के सत्यपान, पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और छात्रवृत्ति वितरण की समय सीमा निर्धारित की जाए। जिला शिक्षा अधिकारी, जिला लोक सेवा प्रबंधक और लीड बैंक मैनेजर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित कर जिला स्तर पर अभियान चलाए जिससे छात्रों को आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में समस्या न हो। इसके साथ ही छात्रवृत्ति प्राप्त कर रहे अपात्र विद्यार्थियों का परीक्षण शिक्षण संस्थावार किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव महाविद्यालय और शाला स्तर पर विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, मुख्य सचिव वीरा राणा उपस्थित थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण आवश्यक है। अन्य राज्यों में जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए बनाई जा रही प्रक्रिया का अध्ययन कर सामान्य प्रशासन विभाग अन्य संबंधित विभागों की टॉस्क फोर्स बनाकर कर प्रकिया के सरलीकरण के लिए तत्काल कार्रवाई करें। इसके साथ ही सभी व्यवसायिक व प्रतियोगी परीक्षाओं में अनुसूचित जाति जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी उपलब्धियाँ अर्जित करें, इस उद्देश्य से प्रभावी कार्य योजना बनाई बनाई जाए। बैगा, भारिया और सहरिया जनजाति के युवाओं की होमगार्ड तथा पुलिस में भर्ती को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।

शिक्षा पोर्टल से 6 विभागों की 20 प्रकार की छात्रवृत्ति की स्वीकृति प्रदान की जाकर वितरण किया जा रहा है। वर्ष 2023-24 में 64 लाख विद्यार्थियों को लगभग 330 करोड़ की छात्रवृत्ति का वितरण किया गया। वर्ष 2024-25 में अब तक 92 लाख नामंकन हो चुके हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव मो.सुलेमान, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, अजीत केसरी, केसी गुप्ता, प्रमुख सचिव रश्मि अरूण शमी, डॉ. ई रमेश कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

प्रदेश में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में लगेंगे साढ़े पांच करोड़ पौधे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : शुक्रवार, जून 28, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जन सहयोग से सफल होगा। अभियान के लिए अधिकतम जन सहभागिता के प्रयास किये जा रहे है। प्रदेश के दो बड़े नगरों में अनेक संगठन अभियान से जुड़ रहे हैं। इंदौर जिले में जहां 51 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है, वहीं राजधानी भोपाल सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर एक दिन में ही 12 लाख पौधे रोपे जाएंगे। भोपाल जिले में 12 हजार पौधे “माँ” के सम्मान में लगाए जाएंगे। शेष पौधे भी विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगेंगे। भोपाल में राष्ट्रवादी विचारक, शिक्षाविद और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती 6 जुलाई को अभियान के अंतर्गत पौधे लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय में गुरूवार को एक विशेष बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों से अभियान की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पौध-रोपण के अभियान के साथ युवाओं को जोड़ कर उन्हें पर्यावरण का महत्व बताना प्रशंसनीय है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को विरासत से जोड़ने का कार्य भी किया जाए। भोपाल जिला पर्यटन परिषद और अन्य संस्थाएं विद्यार्थियों को पुरातात्विक महत्व के स्थानों, विज्ञान संग्रहालय और अन्य संग्रहालयों की सैर करवाएं। भोपाल में ऐसे जीवंत प्रयास होने चाहिए जिससे राजधानी एक मॉडल बने और अन्य स्थानों पर उसकी चर्चा हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के विकास के लिए रोड मैप तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के लिए जन अभियान परिषद, अखिल विश्व गायत्री परिवार और अन्य संस्थाओं का पूरा सहयोग लिया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक स्थान पर विशाल जन भागीदारी वाला कार्यक्रम भी आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौध-रोपण के लिए तकनीकी रूप से आवश्यक सभी तैयारियां पूरी की जाएं।

भोपाल में करीब 350 स्थल पौध-रोपण के लिए चयनित किए गए हैं। इनमें मुख्य रूप से कलियासोत डेम, आदमपुर खंती, कीरत नगर, केम्पा वृक्षारोपण मुगालिया कोट, समरधा जंगल रेंज तथा कलारा बैरसिया भी शामिल हैं। कुल 480 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाने का लक्ष्य है। “एक पेड़ मां के नाम” एवं “हरित महोत्सव” अभियान को भोपाल में “एक वृक्ष भोपाल के नाम” से भी प्रचारित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत व्यापक पौध-रोपण होगा। राजधानी हरे भरे पौधों से सजेगी। भोपाल में 6 जुलाई को व्यापक पौध-रोपण के अंर्तगत एक दिन में 12 लाख पौधे लगेंगे। जन-जन को पौध-रोपण से जोड़ा जाएगा। भोपाल नगर के साथ ही संपूर्ण भोपाल जिले में भी पौधे लगाए जाएंगे। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का पूरे प्रदेश में क्रियान्वयन हो रहा है।

बैठक में खेल, युवक कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त-घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल की महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी और विधायक विष्णु खत्री एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

शब्दों का असीमित भंडार है भारत में, यहाँ हुआ है शब्दों पर गम्भीर चिंतन – प्रो. सलूजा

उज्जैन : शुक्रवार, जून 28, 2024/ विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के स्वर्ण जयंती सभागार में भारतीय ज्ञान प्रणाली और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में शब्दावली में परिवर्तन पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन हुआ। मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञ विद्वान और शिक्षाविद् भाग लेने के लिए उज्जैन आए हैं। कार्यशाला का उद्घाटन समारोह 27 जून को हुआ।

मुख्य अतिथि वक्ता प्रो. चाँदकिरण सलूजा, वरिष्ठ शिक्षाविद्, नई दिल्ली थे। अध्यक्षता प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय, कुलगुरु, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन ने की। विशिष्ट अतिथि मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी भोपाल के निदेशक अशोक कड़ेल एवं कार्यपरिषद सदस्य राजेशसिंह कुशवाह थे। सारस्वत अतिथि प्रो. सी.जी. विजयकुमार मेनन, कुलगुरु, महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय, उज्जैन, प्रो. खेमसिंह डहेरिया, कुलगुरु, अटलबिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, भोपाल, प्रो. गिरीशनाथ झा, चेयरमैन, वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग, नई दिल्ली थे। कुलानुशासक एवं मुख्य समन्वयक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा ने संगोष्ठी की पीठिका प्रस्तुत की। तकनीकी सत्र की अध्यक्षता पूर्व कुलगुरु प्रो. बालकृष्ण शर्मा एवं पूर्व डीएसडब्ल्यू प्रो. राकेश ढंड ने की।

वरिष्ठ शिक्षाविद प्रो. चाँदकिरण सलूजा, नई दिल्ली ने अपने बीज व्याख्यान में कहा कि भारत में शब्दों का असीमित भंडार है और यहाँ शब्दों पर गम्भीर विमर्श हुआ है। जीवन के प्रत्येक व्यवहार और ज्ञान के सभी क्षेत्रों का समावेश वेदों में है। भारतीय शास्त्र परंपरा में शब्द, अक्षर, छंद आदि की व्यापक पहचान की गई है। किसी ग्रंथ का अर्थ कैसे किया जाए, इसके लिए विभिन्न प्रकार की युक्तियों का समावेश किया गया है। मूल ग्रंथ और उनमें निहित असंख्य शब्दों को पहचानें, यह जरूरी है।

मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ के संचालक अशोक कड़ेल ने कहा कि सुसंस्कृत मानव का निर्माण भारतीय चिंतन का उद्देश्य है। संपूर्ण देश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश और विक्रम विश्वविद्यालय अग्रणी रहे हैं। शब्दावली परिवर्तन को लेकर कार्यशाला आयोजित करने की दृष्टि से विक्रम विश्वविद्यालय देश का प्रथम विश्वविद्यालय बन गया है। शिक्षा में भारतीयता आए, यह जरूरी है। इस दिशा में हिंदी ग्रंथ अकादमी अपने प्रकाशनों के माध्यम से निरंतर महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

प्रो. गिरीशनाथ झा नई दिल्ली ने कहा कि भारत में शब्दकोशों की समृद्ध परंपरा है। भारतीय भाषाओं के शब्दों के निर्माण के पहले संस्कृत का कोश बनाया जाना आवश्यक है, तभी उसे समस्त भारतीय भाषाओं तक पहुंचाया जा सकेगा।

कुलगुरु प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा के नीति के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भाषा और शब्दकोश की दृष्टि से वर्तमान में व्यापक प्रयास जरूरी है। ग्रंथों में वर्णित शब्दों को देखते हुए उन्हें सर्वसामान्य तक पहुंचाने की आवश्यकता है।

कुलगुरु प्रो. सी.जी. विजय कुमार मेनन ने कहा कि शब्दावली के निर्माण के साथ उसका प्रयोग भी आवश्यक है। वर्तमान दौर में असाधु के स्थान पर साधु शब्दों का प्रयोग बढ़ाया जाना आवश्यक है। व्याकरण, लौकिक और वैदिक सभी प्रकार के शब्दों का अनुशासन करता है।

बीज भाषण में कुलगुरु डॉक्टर खेमसिंह डहेरिया भोपाल ने कहा कि विभिन्न अध्ययन क्षेत्रों में प्रयोग में लाए जाने वाले शब्द सरल हों यह जरूरी है। भाषा को सर्वव्यापी बनाने के लिए सरलता की ओर ले जाना जरूरी है। ज्ञान की विस्तार के साथ शब्दों के विकास और परिवर्तन पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

तकनीकी सत्र में प्रो. बालकृष्ण शर्मा ने भारतीय संदर्भ में शब्द की व्यापक अवधारणा को अपने व्याख्यान की माध्यम से प्रस्तुत किया। डॉ. पूरन सहगल ने लोक शब्दावली के प्रयोग और महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्र की उपलब्धियों का लाभ तभी लिया जा सकता है, जब भारतीय भाषाओं को सम्पूर्ण रूप से ज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के शिक्षण, अनुसंधान एवं संचार का माध्यम बनाया जाएगा। इस दिशा में शब्दावली के विकास और प्रयोग – प्रसार की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

अतिथियों को अंग वस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं तुलसी का पौधा अर्पित कर उनका सम्मान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा, कार्यशाला के मुख्य समन्वयक प्रो. शैलेंद्रकुमार शर्मा, समन्वयक डीएसडब्ल्यू प्रो. सत्येंद्र किशोर मिश्रा, प्रो. संदीप कुमार तिवारी, प्रो. डी.डी. बेदिया, प्रो. जगदीश चंद्र शर्मा आदि ने किया।

इस अवसर पर विक्रम विश्वविद्यालय की शोध पत्रिका विक्रम के कालिदास विशेषांक का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया। वरिष्ठ कलागुरु श्री लक्ष्मीनारायण सिंहरोडिया द्वारा उज्जयिनी: पुरातन और अर्वाचीन चित्रकृति विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पांडेय को अर्पित की गई। स्वागत भाषण समन्वयक प्रो. सत्येंद्र किशोर मिश्रा ने दिया।

कार्यशाला के तकनीकी सत्र में देश के विभिन्न भागों के अध्येताओं ने व्याख्यान एवं शोध पत्रों का वाचन किया। इनमें प्रमुख थे डॉ. पूरन सहगल, मनासा, प्रो. एन. लक्ष्मी अय्यर, किशनगढ़, राजस्थान, डॉक्टर रेखा भालेराव, डॉ. सोनल सिंह, डॉ. गीता नायक, राजलक्ष्मी गर्ग, डॉ. डी.डी. बेदिया गोर्की दुबे आदि।

उद्घाटन समारोह का संचालन प्रो. जगदीश चंद्र शर्मा ने किया एवं आभार प्रदर्शन कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने किया। शोध पत्र प्रस्तुति सत्र का संचालन डॉ. प्रीति पांडे ने किया। आभार प्रदर्शन समन्वयक प्रो. संदीप तिवारी ने किया।

कार्यशाला के समापन दिवस पर प्रातः 10:30 बजे से दोपहर तक तीन तकनीकी सत्र होंगे। कार्यशाला का समापन 28 जून 2024, शुक्रवार को अपराह्न 4:00 होगा। समारोह के मुख्य अतिथि अशोक कड़ेल, संचालक, मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी, भोपाल होंगे। अध्यक्षता प्रो. अखिलेश कुमार पांडेय, कुलगुरु, विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन होंगे। विशिष्ट अतिथि प्रो. विरुपाक्ष जड्डीपाल, सचिव, महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद-विद्या प्रतिष्ठान, उज्जैन होंगे।

 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी-112 द्वितीय चरण के तहत उच्चीकृत पीआरवी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया

लखनऊ : शुक्रवार, जून 28, 2024/ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर यूपी-112 द्वितीय चरण के तहत उच्चीकृत पीआरवी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने वातानुकूलित हेलमेट का वितरण भी किया। इस अवसर पर योगी ने कहा कि यह कार्यक्रम स्मार्ट पुलिसिंग की सात वर्ष की प्रक्रिया को नई ऊंचाई की ओर पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि कानून का राज सुशासन की पहली शर्त है। इसके लिए सुरक्षा और संरक्षा का बेहतर वातावरण होना चाहिए। सुरक्षा का वातावरण राज्य का दायित्व है। हमारी पुलिस इसका बखूबी निर्वहन करती है।

योगी ने कहा कि पिछले सात वर्ष में यूपी पुलिस ने देश के अंदर न केवल अपनी नई पहचान बनाई है, बल्कि यूपी को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका भी। दो हजार सत्रह में यूपी, आबादी में देश का सबसे बड़ा राज्य और छठवीं अर्थव्यवस्था था। जैसे-जैसे प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ तो यूपी देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा और अब तेजी के साथ देश की बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि समाज की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आधुनिकीकरण पर ध्यान नहीं देंगे तो पुलिस बल पिछड़ जाएगा। ऐसा होने से सबसे खतरनाक असर सामान्य नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ेगा। जनता का विश्वास एक बार व्यवस्था से हटा तो उसे बहाल करने में लंबे समय तक कवायद करनी पड़ेगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश नेआधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के नए युग में प्रवेश किया है। यूपी ने यह उदाहरण प्रस्तुत किया है कि निवेश, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी कैसी होनी चाहिए। प्रदेश सरकार ने बिना भेदभाव पारदर्शी प्रक्रिया से पुलिस बल में पुलिस भर्ती की तो समुचित प्रशिक्षण भी कराया। पुलिस बल के आधुनिकीकरण के अनेक प्रयास हुए हैं। पहली बार यूपी पुलिस बल के लिए फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट का गठन किया गया है। जहां पाठ्यक्रम भी शुरू कर दिये गये हैं। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

आपात‍काल के दौर में आम जन, प्रेस और मीडिया पर हुई ज्यादतियों से नई पीढ़ी से परिचित करवाना सराहनीय

भोपाल : गुरूवार, जून 27, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओम बिरला को लगातार दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष (स्पीकर) निर्वाचित होने पर बधाई और मंगल कामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने दायित्व संभालते ही बुधवार को पहले दिन लोकसभा में, आपातकाल की ज्यादतियों को याद किया और विस्तार से जानकारी दी। निश्चित ही यह सराहनीय है और नई पीढ़ी को इससे परिचित करवाना प्रासंगिक भी है। लोकसभा अध्यक्ष बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिरला ने लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर में अपनी भावना व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में हुई आपातकाल की महत्वपूर्ण घटना के बारे में बताया, जो मीसाबंदियों के जीवन का सबसे खराब दौर था। तत्कालीन प्रधानमंत्री ने प्रेस, आम जनता और विपक्षी दलों के लोगों को कारावास में डाल दिया था। उन्होंने ज्यादतियों का पूरा दौर चलाया। लोकतंत्र सेनानियों द्वारा इसका विरोध कर संघर्ष किया गया। इन सेनानियों में सच्चे अर्थों में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को स्थापित किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी को एम्स में भर्ती कराया गया

नई दिल्ली : गुरूवार, जून 27, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के वयोवृद्ध नेता लाल कृष्ण आडवाणी को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। बढ़ती उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्या के कारण उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। 96 वर्षीय आडवाणी को एम्स के जराचिकित्सा विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। एम्स के एक अधिकारी ने बताया कि आडवाणी की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।

लोकतंत्र सेनानियों के त्याग और संघर्ष को सम्मान देती है भाजपा सरकार – यशपालसिंह सिसौदिया

भोपाल : बुधवार, जून 26, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक व प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसौदिया ने लोकतंत्र सेनानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए की गई घोषणाओं पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ये भाजपा की सरकार है, जो देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए लोकतंत्र सेनानियों द्वारा किए गए संघर्ष और उनके द्वारा सहन किए गए कष्टों को भलीभांति जानती है, सम्मान देती है।

प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित लोकतंत्र सेनानियों के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकतंत्र सेनानियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने तथा एयर टैक्सी के किराए में 25 प्रतिशत की छूट दिए जाने की घोषणा की है। इसी के साथ उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों तथा स्वतंत्रता सेनानियों का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने एवं अंत्येष्टि के लिए दी जाने वाली राशि 8 हजार से बढ़ाकर 10 हजार किए जाने की घोषणा भी की है, जो स्वागतयोग्य है।

पूर्व विधायक व प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक काले धब्बे की तरह है। आपातकाल के दौरान हजारों लोकतंत्र सेनानियों ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और यातनाएं भी सहन की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आपातकाल के संघर्ष को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने की घोषणा की है, जिससे स्कूली बच्चे भी लोकतंत्र के इस काले अध्याय के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के संसदीय दल की बैठक दिल्ली में संपन्न

नई दिल्ली : बुधवार, जून 26, 2024/ भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश संसदीय दल की बैठक दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन में संपन्न हुई। बैठक में मध्यप्रदेश की सभी 29 लोकसभा विजयी होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश , मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉक्टर महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद , उप मुख्यमंत्री द्वय जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

बैठक में भारत सरकार के नवागत केंद्रीय मंत्रियों और राज्य मंत्रियों का भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा स्वागत किया गया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मध्यप्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से केंद्रीय मंत्री द्वय शिवराज सिंह चौहान, डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक, राज्यमंत्री द्वय सावित्री ठाकुर, दुर्गादास उईके को अंगवस्त्र पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर पार्टी के समस्त सांसद गण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पेट्रोलियम बोर्ड के अध्यक्ष

भोपाल : बुधवार, जून 26, 2024/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आज निवास पर पेट्रोलियम एण्ड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार जैन ने भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को डॉ जैन ने बोर्ड की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

असंगठित और गिग वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 40 और 22...

0
नई दिल्ली | 4 नवंबर 2026 देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, डिलीवरी पार्टनर्स, ऐप आधारित टैक्सी चालकों और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा...
nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...