मोदी ने भक्तों से पूरे पुट्टापर्थी जिले को डिजिटल अर्थव्यवस्था में बदलने का किया आग्रह
दिल्ली, 04 जुलाई/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भक्तों से पूरे आंध्र प्रदेश के पुट्टापर्थी जिले को डिजिटल अर्थव्यवस्था में बदलने का आग्रह किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए पुट्टापर्थी में साईं हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर का आज उद्घाटन किया। श्री माेदी ने इस मौके पर अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि दुनिया में होने वाले वास्तविक समय(रियल टाइम) के 40 प्रतिशत ऑनलाइन लेनदेन भारत में हो रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि हर कोई इस संकल्प को पूरा करने के लिए एकजुट होते है तो पूरे पुट्टापर्थी जिले को श्री सत्य साईं बाबा की अगली जयंती तक डिजिटल बना दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा, “ देखा गया परिवर्तन प्रत्येक सामाजिक वर्ग के योगदान का परिणाम है। ग्लोबल काउंसिल जैसे संगठन भारत के बारे में अधिक जानने और दुनिया से जुड़ने का एक प्रभावी माध्यम हैं।” श्री मोदी ने खुशी जताई कि आज उनके मिशन का विस्तार हो रहा है और देश को साईं हीरा ग्लोबल कन्वेंशन सेंटर के नाम से एक नया प्रमुख कन्वेंशन सेंटर मिल रहा है। उन्होंने कहा, “श्री सत्य साईं का आशीर्वाद और प्रेरणा आज हमारे साथ है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि कि नया केंद्र आध्यात्मिकता और आधुनिकता के वैभव का अनुभव कराएगा। केंद्र में सांस्कृतिक विविधता और एक वैचारिक भव्यता शामिल है। यह आध्यात्मिकता और शैक्षणिक कार्यक्रमों पर चर्चा का केंद्र बिंदु बन जाएगा और विद्वानों और विशेषज्ञों का साथ मिलेगा।
एनएच पर असंतुलित हुए ट्रक की चपेट में आए नौ लोगों की मृत्यु, 27 घायल
बड़वानी, 04 जुलाई/ मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से लगभग चार किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के धूलिया जिले के सांगवी थाना क्षेत्र के पलासनेर में आज दोपहर असंतुलित हुए ट्रक की चपेट में आकर नौ लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर यातायात प्रभावित हुआ, जो कुछ समय बाद बहाल हो गया।
महाराष्ट्र के सांगवी पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक जयेश खलाने ने बताया कि मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की सीमा से सटे महाराष्ट्र सीमा से चार किलोमीटर दूर पलासनेर में सुबह लगभग 11 बजे गिट्टी से भरा ट्रक असंतुलित होकर बस स्टैंड और वहां स्थित एक ढाबे में घुस गया। ढाबे में जाकर पलटने के पहले इस ट्रक ने पांच दुपहिया वाहन और पांच चारपहिया वाहनों को टक्कर मारी। इसके अलावा वाहनों की प्रतीक्षा कर रहे छात्रों और ग्रामीणों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा कि घटना के चलते तीन छात्रों समेत नौ लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 27 अन्य घायल हो गए। घायलों को शिरपुर और धूलिया के अस्पतालों में भेजा गया है। घटना के चलते बस स्टैंड और साथ ही लगे ढाबे का भवन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने प्राथमिक जानकारी के हवाले से बताया कि मध्यप्रदेश से गिट्टी भरकर किसी सीमेंट फैक्ट्री में जा रहे ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा होना बताया जा रहा है। घटना के चलते कुछ देर के लिए बाधित हुए आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग को सुचारू कर दिया गया।
संकष्टी चतुर्थी 6 जुलाई को, सावन माह में इन मंत्रों का करें जाप
हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को संकष्टी चतुर्थी मनाई जाती है। हिंदू धर्म में इस व्रत का विशेष महत्व बताया गया है। सावन माह आने वाली संकष्टी चतुर्थी को भी विधि विधान के साथ पूजा करने से पुण्य फल मिलता है। सावन माह की संकष्टी चतुर्थी 6 जुलाई को है। इसे गजानन संकष्टी चतुर्थी भी कहा जाता है। इस दिन महादेव और माता पार्वती के पुत्र भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करने से भगवान भोलेनाथ भी प्रसन्न होते हैं।
संकष्टी चतुर्थी को लेकर धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत को करने से जातक के जीवन में समस्त प्रकार के दुख दूर हो जाते हैं। साथ ही घर में सुख, समृद्धि और धन का आगमन होता है। अगर आप भी भगवान गणेश को प्रसन्न कर उनकी कृपा-दृष्टि पाना चाहते हैं तो सावन संकष्टी चतुर्थी के दिन पूजा पाठ के दौरान इन मंत्रों का जाप अवश्य करें।
गणेश मंत्र
ऊँ वक्रतुण्ड महाकाय सूर्य कोटि समप्रभ ।
निर्विघ्नं कुरू मे देव, सर्व कार्येषु सर्वदा ॥
ऊँ एकदन्ताय विहे वक्रतुण्डाय धीमहि तन्नो दन्तिः प्रचोदयात् ॥
गणेश बीज मंत्र
ऊँ गं गणपतये नमो नमः ।
गणेश गायत्री मंत्र
ॐ एकदंताय विद्महे, वक्रतुण्डाय धीमहि, तन्नो दंती प्रचोदयात् ॥
ॐ महाकर्णाय विद्महे, वक्रतुण्डाय धीमहि, तन्नो दंती प्रचोदयात् ॥
ॐ गजाननाय विद्महे, वक्रतुण्डाय धीमहि, तन्नो दंती प्रचोदयात् ॥
संकट नाशक मंत्र
गणपतिर्विघ्नराजो लम्बतुण्डो गजाननः ।
द्वैमातुरश्च हेरम्ब एकदन्तो गणाधिपः ॥
विनायकश्चारुकर्णः पशुपालो भवात्मजः ।
द्वादशैतानि नामानि प्रातरुत्थाय यः पठेत् ॥
विश्वं तस्य भवेद्वश्यं न च विघ्नं भवेत् क्वचित् ।
नौकरी प्राप्ति हेतु मंत्र
ॐ श्रीं गं सौभ्याय गणपतये वर वरद सर्वजनं में वशमानय स्वाहा।
ऋण दूर करने हेतु मंत्र
“ॐ ह्रीं श्रीं क्लीं चिरचिर गणपतिवर
वर देयं मम वाँछितार्थ कुरु कुरु स्वाहा ।”
धन प्राप्ति हेतु मंत्र
गणपति मंत्र: श्रीं गं सौम्याय गणपतये
वर वरद सर्वजनं मे वशमानाय स्वाहा
लक्ष्मी गणेश ध्यान मंत्र
दन्ताभये चक्रवरौ दधानं, कराग्रगं स्वर्णघटं त्रिनेत्रम्।
धृताब्जयालिङ्गितमाब्धि पुत्र्या-लक्ष्मी गणेशं कनकाभमीडे॥
मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के साथ प्रदेश रचेगा इतिहास : शिवराज
चिड़िया अपने बच्चों को घोंसला नहीं, पंख देती है, जिससे वे ऊंचे आसमान में उड़ सकें। इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों के लिए मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना शुरू की है। श्री चौहान ने इस योजना की शुरुआत के पूर्व मंत्रिपरिषद् की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं के लिए आज बहुत महत्वपूर्ण दिन है। प्रदेश की मंत्रिपरिषद् टीम के लिए तो बहुत सुखद दिन है क्योंकि आज एक ऐसी योजना लांच कर रहे हैं, जो युवाओं में एक नयी उत्साह, आशा और विश्वास भरेगी। उन्होंने कहा कि ये योजना अपने आप में देश का एक अनूठा प्रयोग है, क्योंकि डेढ़ हजार रुपए के आसपास तो कहीं से भी कुछ सीख कर मिल जाते थे, लेकिन अब सरकार 8-10 हजार रुपया महीना देगी। उन्होंने कहा कि वे इसकी कल्पना नहीं कर सकते थे।
आज से प्रशिक्षणार्थी मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के पोर्टल पर पंजीकरण कर सकेंगे। मुख्यमंत्री आज भोपाल के रविंद्र भवन में इसका शुभारंभ करेंगे। योजना में युवाओं को प्रशिक्षण देने वाले प्रतिष्ठानों का पंजीयन 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है, जिसके तहत अब तक 10 हजार 608 प्रतिष्ठानों ने पंजीकरण करवाया है, जिससे 35 हजार 723 पद प्रकाशित हुए हैं।
प्रदेश में नए 22आइटीआइ व 10 कालेज खुलेंगे
भोपाल, 04 जुलाई/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 22 विकासखंडों में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) और 10 कालेज खोलने का निर्णय लिया गया। इनके लिए पद स्वीकृत किए गए। साथ में संत रविदास सांस्कृतिक एकता न्यास और मां अहिल्या कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना को लेकर जानकारी दी। साथ ही बताया कि आज संविदा कर्मचारियों की महापंचायत भी आयोजित की गई है, जिसमें अनेक निर्णय लिए जाएंगे। उधर, बैठक के निर्णय की जानकारी देते हुए गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि 22 विकासखंडों में आइटीआइ स्थापित किए जाएंगे। ये वे विकासखंड हैं, जहां शासकीय अथवा निजी आइटीआइ नहीं हैं। 10 नए कालेज खोलने के साथ चार कालेजों में नए संकाय भी प्रारंभ किए जाएंगे। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के मानदेय में वृद्धि के निर्णय का अनुमोदन किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब 13 हजार रुपये और सहायिकाओं को पांच हजार 750 रुपये मानदेय मिलेगा। सेवानिवृत्त होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक लाख 25 हजार रुपये और सहायिकाओं को एक लाख रुपये ग्रेच्युटी दी जाएगी।
शिवराज ने स्वामी विवेकानंद की पुण्य-तिथि पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए
भोपाल, 04 जुलाई/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वामी विवेकानंद की पुण्य-तिथि पर श्रद्धा- सुमन अर्पित किए। श्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। स्वामी विवेकानन्द, वेदान्त के विख्यात और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु थे। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी सन्1863 को कोलकाता में हुआ। भारत में स्वामी विवेकानन्द के जन्म-दिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वामी जी ने 25 वर्ष की आयु में ही वेद, पुराण, बाइबल, कुरआन, धम्मपद, गुरुग्रंथ साहिब, अर्थशास्त्र, राजनीति शास्त्र, साहित्य, संगीत और दर्शन की सभी विचारधाराओं को आत्मसात कर लिया था। उन्होंने अमेरिका स्थित शिकागो में सन् 1893 की विश्व धर्म महासभा में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया था। जीवन के अन्तिम दिन 4 जुलाई 1902 को भी उन्होंने अपनी ध्यान करने की दिनचर्या को नहीं बदला और प्रात: ध्यानावस्था में ही महासमाधि ले ली।
पूर्व विधायक डागा ने दी चेतावनी, 31 जुलाई तक रोड निर्माण यदि पूर्ण नही किया गया तो आंदोलन करेंगे
भोपाल। उपनगर में कोलार तिराहे से गोल जोड़ तक बनने वाली 15 किमी सिक्सलेन रोड पर निरीक्षण करने उतरे काँग्रेस कार्यकर्ता। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक जितेंद्र डागा के साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, वार्ड 30 के पार्षद प्रवीण सक्सैना, पूर्व पार्षद मंजीत मारण, राहुल सिंह राठौर रामराज तिवारी, श्याम सिंह मीणा, अभिषेक शर्मा, राजकुमार सिंह, नोमेश नंदमेहर, कला यादव, रश्मि, विनोद हाल्वे विजय, शंकर दीक्षित, बबलू खान, अजय कुमार, गोलू यादव, निखिल गौर, विरेन्द्र, नारायण गौर, महेन्द्र कुमार, सुरेश पारोचे मनोज जीतू बलुआ एवं अन्य बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे
डागा ने बताया कि बन रही सिक्सलेन पर विभिन्न स्थानो पर 7 से 8 फिट के गडडे है जिन पर किसी भी प्रकार को बोर्ड व सांकेतिक चिन्ह नहीं मिला हाल ही में सेमरी जोड़ पर हुई 3 युवकों की मृत्यु का कारण अनियमित ही थी जिसके लिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुःख व्यक्त करते हुये रोष जताया।
डागा ने बताया कि यह रोड जो बनायी जा रही, जहां पक्की सड़क है. वहा नाली नही हैं जहां नाली नहीं है वहा सड़क नही है, लगभग 80 अलग-अलग जगहों पर पूरी तरह अनियमितता पूर्ण सड़क पर खुदाई पडी है उक्त स्थानो पर कोई भी चेतावनी बोर्ड नही है।
डागा ने कहा की लापरवाही और अव्यवस्थित तरीक़े से हो रहे कार्य पर कोलार के लाखों रहवासी, दुकानदारों व राहगीरों ने रोष व्याप्त है जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन-प्रशासन की है डागा ने मांग कि गई कि शासन के निर्णय अनुसार 31 जुलाई तक रोड निर्माण यदि पूर्ण नही किया गया तो समस्त कांग्रेसी कार्यकर्ता कोलार के समस्त आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये रोड पर उतर कर धरना देंगे।
अमरकंटक एक्सप्रेस री-शेड्यूल होकर आज भोपाल से प्रस्थान करेगी
भोपाल, 03 जुलाई/ दुर्ग से चलकर भोपाल स्टेशन आने वाली अमरकंटक एक्सप्रेस आज पांच घंटे री-शेड्यूल होकर भोपाल से रात 9 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी। पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार दुर्ग से चलकर भोपाल स्टेशन आने वाली गाड़ी संख्या 12853 दुर्ग-भोपाल अमरकंटक एक्सप्रेस विलंबित होने के कारण आज गाड़ी संख्या 12854 भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 16.00 बजे से 05.00 घंटे री-शेड्यूल होकर भोपाल स्टेशन से 21.00 बजे गन्तव्य के लिए प्रस्थान करेगी।
प्रशासनिक कर्तव्य निर्वहन के लिए सेवा भाव व आध्यात्मिकता बहुत उपयोगी है-अवधेश
भोपाल, 03 जून/ मध्यप्रदेश विधान सभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि आज के वातावरण में प्रशासक वर्ग को कार्य क्षेत्र में अनेक दबाव एवम् प्रभावों का सामना करना होता है ऐसी स्थिति में संतुलन के साथ प्रशासनिक कर्तव्य निर्वहन के लिए सेवा भाव और आध्यात्मिकता बहुत उपयोगी है। श्री सिंह ने यह बात माउंट आबू के ज्ञान सरोवर सभागार में ब्रम्ह कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रशासक प्रभाग द्वारा अखिल भारतीय प्रशासकों, कार्पालिको व प्रबंधकों के लिये आयोजित आध्यात्मिक सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि अध्यात्म और सेवा भाव महत्वपूर्ण जीवन मूल्य भी हैं। अध्यात्म में अपनी आत्म चेतना को सर्वोच्च दैवीय श्रोत से जोड़कर आंतरिक सशक्तीकरण किया जा सकता है वहीं सेवा से संतुष्टि व दुआए मिलती है।
नाना पाटेकर ने गदर 2 के लिये किया वॉयस ओवर
मुंबई, 03 जुलाई/ बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर ने आने वाली फिल्म गदर 2 के लिये वॉयस ओवर किया है। अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ वर्ष 2001 में रिलीज हुयी थी। इस फिल्म में सनी देओल ,अमीष पटेल और अमरीश पुरी ने अहम भूमिका निभायी थी। 22 सालो के बाद गदर की सीक्वल ‘गदर 2’ , 11 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें नाना पाटेकर डबिंग करते नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही तरण आदर्श ने कैप्शन में लिखा, नाना पाटेकर ने ‘गदर 2’ के लिए वॉयस ओवर किया है… नाना पाटेकर ने गदर 2 के लिए अपनी आवाज दी है… नाना का वॉयस ओवर फिल्म की शुरुआत में ही दर्शकों को गदर 2 से परिचित कराएगा। वर्ष 2001 में आई गदर में ओम पुरी ने अपनी आवाज दी थी, वह आज इस दुनिया में नहीं है और उनकी जगह अब नाना पाटेकर अपनी दमदार आवाज से फिल्म को पावरफुल बनाएंगे। फिल्म गदर 2 में सनी देओल अमीषा पटेल , उत्कर्ष शर्मा, मनीष वाधवा, सिमरत कौर, लव सिन्हा नजर आएंगे।














