दिल्ली 29 जून/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज त्रिपुरा के कुमारघाट में उल्टा रथ यात्रा के दौरान हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “कुमारघाट में उल्टा रथ यात्रा के दौरान हुई दुर्घटना दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना। घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।” उन्होंने कहा, “प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। त्रिपुरा में हुई दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि त्रिपुरा के उनाकोटि जिले के कुमारघाट में बुधवार शाम रथयात्रा के दौरान एक रथ के हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने बाद आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 घायल हो गए थे।
देवशयनी एकादशी आज, इस बार 5 माह नहीं होंगे मांगलिक कार्य
भोपाल,29 जून/ आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी 29 जून को मनाई जाएगी। इसे देवशयनी या हरिशयनी एकादशी भी कहते हैं। ज्योतिषाचार्य सुनील चोपड़ा ने बताया की इस दिन श्रीहरि विष्णु की पूजा करने से कई गुना अधिक फल की प्राप्ति होती है। देवशयनी एकादशी के दिन से भगवान विष्णु का निद्राकाल शुरू हो जाता है, यानी इसी दिन से चतुर्मास की शुरुआत होती है। चतुर्मास शुरू होने के बाद से सारे शुभ और मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाती है।
चातुर्मास 30 जून से 23 नवंबर तक
चातुर्मास 30 जून से लगेगा और 23 नवंबर को खत्म हो जाएगा। इस बार श्रावण पुरुषोत्तम मास होने की वजह से दो माह
तक है, इसलिए चातुर्मास की अवधि पांच माह की होगी। इस दौरान सभी मांगलिक कार्य बंद रहेंगे। हिंदू धर्म में चातुर्मास
का बहुत अधिक महत्व माना जाता है। चातुर्मास की शुरुआत आषाढ़ माह से शुरू होती है और कार्तिक की एकादशी के
दिन खत्म होते हैं।
चातुर्मास में ये कार्य हैं वर्जित रहेंगे
इस दौरान मुंडन, उपनयन संस्कार, विवाह इत्यादि जैसे महत्वपूर्ण मांगलिक कार्य रोक दिए जाते हैं। मान्यता है कि भगवान विष्णु के शयनकाल में मांगलिक कार्य करने से व्यक्ति को उनका आशीर्वाद नहीं प्राप्त होता है, जिस वजह से विघ्न उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है। हर साल चातुर्मास सामान्य रूप से 4 महीने का होता है, लेकिन इस साल अधिक मास होने के कारण चातुर्मास 5 महीने का होगा। यानी कि इस दिन भगवान विष्णु पूरे 5 महीने के लिए योग निद्रा में चले जाएंगा और फिर इसके बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि यानी कि देवउठनी एकादशी के दिन योग निद्रा से जागेंगे।
देवशयनी एकादशी का पूजा मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि पंचांग के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि का शुभारंभ 29 जून 2023
सुबह 03:18 मिनट पर होगा और इस तिथि का समापन 30 जून सुबह 02:42 मिनट पर हो जाएगा। पूजा तिथि के अनुसार, देवशयनी एकादशी व्रत गुरुवार 29 जून 2023 को रखा जाएगा। इस विशेष दिन पर रवि योग का निर्माण हो रहा है, जो सुबह 05:26 मिनट से दोपहर 04:30 मिनट तक रहेगा।
मध्य प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
भोपाल/ कर्नाटक की सत्ता हाथ से फिसलने के बाद आशंकित भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार
को नए सिरे से जोश भरने की कोशिश की। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विस चुनावों से पहले भोपाल में
आयोजित प्रधानमंत्री मोदी के देशभर के बूथ प्रभारियों से संवाद कार्यक्रम और उनमें दिए गए टिप्स को लेकर कई मायने
निकाले जा रहे हैं।
माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यकर्ताओं से संवाद में ही इन चुनावों के मुद्दे भोपाल से तय कर दिए हैं।
उन्होंने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और भ्रम फैलाने वालों को देश भर में परास्त करने का मंत्र दिया। अलग-अलग राज्यों में क्षेत्रीय दलों और उनके पोषक परिवारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने भाजपा को ही विकास का पर्याय बताने की दिशा
कार्यकर्ताओं को दी। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्रीय दलों के साथ कांग्रेस पर भी हमले करते हुए विपक्ष की एकता को कठघरे में
खड़ा कर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार कांग्रेस के अस्त्र हैं, भाजपा इन पर किसी तरह का समझौता नहीं कर
सकती। उन्होंने अपनी सरकार की सफलताओं को आगे रखते हुए बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार घपले-घोटालों से देश
को खोखला कर रही थी, जबकि 2014 के बाद से देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
2024 में मुख्य लड़ाई लड़नी है
प्रधानमंत्री मोदी के संवाद कार्यक्रम में विपक्षी एकता के प्रयासों को देश की प्रगति और जनहित के खिलाफ बताया गया।
इसकी बड़ी वजह है कि देश में परि
वारवाद को बढ़ावा देने वाली अलग-अलग पार्टियों से भाजपा को वर्ष 2024 में मुख्य लड़ाई लड़नी है। जिन राज्यों में इन
पार्टियों की सत्ता है, वहां लोकसभा की 150 से ज्यादा सीटें हैं।
यदि विपक्ष अपने प्रयासों में सफलता प्राप्त करता है तो भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐसे में भाजपा किसी तरह की
चूक करने के मूड में नहीं है कि उस पर कोई आरोप लगे। जिन नेताओं पर भ्रष्टाचार के दाग हैं, उनसे भी पार्टी आने वाले
चुनाव में किनारा करेगी।
सामाजिक क्षेत्र में साफ छवि वाले लोगों को देंगे महत्व
पार्टी के बड़े नेताओं का यह भी मानना है कि मोदी ने जिस तरह कार्यकर्ताओं को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया, उससे भी स्पष्ट है कि राजनीति में भी भाजपा सामाजिक क्षेत्र के साफ-सुथरे लोगों को महत्व देगी।
भाजपा को परिवारवाद पर पिछले करीब एक दशक से सफलता मिलती रही है, इसके चलते भाजपा आने वाले विधानसभा
चुनावों में भी परिवारवाद से किनारा करेगी। समय-समय पर प्रधानमंत्री मोदी परिवारवाद पर संकेत करते रहे हैं कि ऐसे
नेता बहुत उम्मीद न रखें, जो अपनी राजनीतिक विरासत परिवार को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं।
ट्रैक पर मिट्टी खिसकने से रेल यात्रा प्रभावित
कटनी, 29 जून/ मध्यप्रदेश के कटनी जिले में रेल ट्रैक पर मिट्टी खिसकने से आज सुबह से रेल यात्रा प्रभावित हो रही है।
सूत्रों के अनुसार कटनी-बीना रेल खंड के सलैया यार्ड में आज सुबह लगभग पांच बजे से डाउन लाइन का रेल परिचालन
बंद है। इस क्षेत्र में कल शाम से भारी बारिश होने के कारण रेल ट्रैक की मिट्टी खिसक गई। जिसके चलते रेल परिचालन
ऐहतियातन रोका गया है।
सामाजिक न्याय और समानता के रहे ये नौ वर्ष : शिवराज
भोपाल, 29 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्ष सामाजिक न्याय,
समानता और सम्मान के रहे। श्री चौहान ने अपने ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों के उत्थान
और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है। विगत 9 वर्षों में आई अनंत जनकल्याणकारी योजनाएं प्रमाण हैं, सबका
साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास के संकल्पों का। उन्होंने कहा कि आज 23 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड, 74
नये हवाई अड्डों, 473 नये हवाई मार्गों का शुभारंभ, जन धन खाते एवं कई योजनाएं मध्यमवर्गीय परिवारों के सपनों को
साकार करने में सहायक रही हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरों टॉलरेंस नीति नये भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
फोन पे’ कंपनी के शिकायत करने की स्थिति में होगी कार्रवाई : गृह मंत्री
भोपाल, 29 जून/ मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि अगर ‘फोन पे’ कंपनी शिकायत करेगी तो
सरकार उस शिकायत पर निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी। डॉ मिश्रा ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि ये राजनीति का
विद्रूप चेहरा है। कांग्रेस के लोग सीसीटीवी फुटेज में ये पोस्टर लगाते दिखाई दे रहे हैं। छिंदवाड़ा, बुरहानपुर और ग्वालियर में फुटेज में कांग्रेस के कार्यकर्ता स्पष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब उस कंपनी से ही चेतावनी मिल रही हैं।
अगर ये कंपनी शिकायत करेगी तो निश्चित तौर पर सरकार उस पर कार्रवाई करेगी। दरअसल राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कुछ दिन पहले ‘फोन पे’ कंपनी से जुड़े कुछ पोस्टर लगे पाए गए थे, जिनके माध्यम से प्रदेश सरकार पर वार किया गया था। हालांकि ये अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं, लेकिन ‘फोन पे’ कंपनी ने इस मामले में ट्वीट करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस से कहा है कि वह इन पोस्टरों को फौरन हटाए क्योंकि इनमें उस कंपनी का नाम दर्ज है। कंपनी ने अपना लोगो इस्तेमाल किए जाने की स्थितियों में वैधानिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
शिवराज ने की इंदौर की कानून व्यवस्था की समीक्षा
भोपाल, 29 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह इंदौर की कानून व्यवस्था की स्थिति की
समीक्षा की। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गुंडे बदमाश और असामाजिक तत्वों पर
कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुंडे बदमाशों में पुलिस का खौफ रहे। आम जनता में पुलिस पर
विश्वास होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब और नशा जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया
जाएगा इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। सीएम हाउस समत्व कार्यालय में सुबह हुई इस बैठक में पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, गृह विभाग अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा, एडीजी इंटेलिजेंस आदर्श कटियार, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, ओएसडी अंशुमन सिंह सहित अन्य अधिकारी भोपाल से जुड़े। वहीं इंदौर से पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर, कमिश्नर पवन शर्मा, कलेक्टर इलैया राजा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे।
शिवराज ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-अज़हा की दी बधाई
भोपाल, 29 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ईद-उल-अज़हा पर प्रदेशवासियों को बधाई और
शुभकामनाएँ दीं हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ईद-उल-अज़हा का त्यौहार त्याग, बलिदान और आपसी विश्वास का
संदेश देता है। यह त्यौहार भाईचारे को सुदृढ़ बनाने की प्रेरणा देता है।
शिवराज ने बरगद, कचनार और मौलश्री के पौधे रोपे
भोपाल, 29 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में बरगद, कचनार और मौलश्री के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ न्यूज़-24 नई दिल्ली के एंकर शुभम सिंह ने अपने जन्म-दिवस पर अपनी मां श्रीमती मंजू राजपूत के साथ पौधे लगाए। श्री समीर प्रसाद तथा श्री संदीप ने भी अपने जन्म-दिवस पर पौधे रोपे।
रामानंद सागर का फेमस टीवी सीरियल ‘रामायण’ 3 जुलाई, शाम 7.30 बजे से
रामानंद सागर का फेमस टीवी सीरियल ‘रामायण’ फैंस के लिए एक बार फिर से टीवी पर लौट रहा है। शेमारू टीवी ने अनाउंस किया है कि पौराणिक शो 3 जुलाई 2023 से टेलिकास्ट होना शुरू होगा। 80 के दशक के टीवी शो में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ने राम और सीता का किरदार निभाकर जनता के दिलों पर राज किया था। सुनील लहरी ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था।
‘रामायण’ को दोबारा टेलिकास्ट करने की अनाउंसमेंट ऐसे समय में हुई है, जब रामानंद सागर की ‘रामायण’ की तुलना नई फिल्म ‘आदिपुरुष’ से की जा रही है। हिंदू महाकाव्य ‘रामायण’ पर आधारित बताई जाने वाली ‘आदिपुरुष’ की जमकर आलोचना हो रही है। कहा जा रहा है कि फिल्म में राम, सीता, हनुमान और रावण को गलत तरीके से चित्रित किया गया है। 16 जून को थिएटर्स में रिलीज हुई इस मूवी में प्रभास, कृति सेनन, देवदत्त नागे और सैफ अली खान हैं। इसे ओम राउत ने डायरेक्ट किया है।
टीवी शो से एक छोटी क्लिप शेयर करते हुए चैनल ने अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया, ‘विश्व प्रसिद्ध पौराणिक धारावाहिक रामायण सभी फैंस और हमारे दर्शकों के लिए वापस आ गया है। इसे 3 जुलाई, शाम 7.30 बजे से अपने पसंदीदा शेमारू टीवी चैनल (shemaroo tv channel) पर देखें।’














