ग्वालियर, 24 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को निशाने पर लेते हुए
कहा कि उनकी चक्की ने इतना बारीक पीसा कि उनकी स्वयं की सरकार ही पिस गई। श्री चौहान ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि श्री कमलनाथ आजकल बौखलाहट में कभी कर्मचारियों, कभी अधिकारियों को पीसते हैं। कई बार वे कहते हैं कि उनकी चक्की बड़ा बारीक पीसती है। उनकी चक्की ऐसी चली कि उनकी खुद की सरकार को ही पीस दिया।
कमलनाथ की सरकार ही पिस गई उनकी बारीक चक्की में : शिवराज
अतुल कुमार राय को युवा पुरस्कार एवं सूर्यनाथ सिंह को बाल साहित्य पुरस्कार
दिल्ली 24 जून/ साहित्य अकादेमी ने शनिवार को हिन्दी के लिए अतुल कुमार राय को युवा पुरस्कार एवं सूर्यनाथ सिंह को
बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। आज यहां जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि अकादमी के अध्यक्ष माधव
कौशिक की अध्यक्षता में अकादमी के कार्यकारी मंडल ने युवा एवं बाल साहित्य पुरस्कार 2023 की घोषणा की। बैठक में
20 युवा लेखकों की पुस्तकों एवं 22 बाल साहित्यकारों के लिए इस वर्ष के पुरस्कार अनुमोदित किए गए। मैथिली, मणिपुरी और संस्कृत भाषा के युवा पुरस्कार बाद में घोषित किए जाएँगे। इस वर्ष उड़िया भाषा में पुरस्कार की घोषणा नहीं की गई है। मणिपुरी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी तथा इस वर्ष कश्मीरी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कार प्रदान नहीं किया गया है।
दीपक जोशी के बाद भाजपा के पूर्व विधायक ध्रुवप्रताप सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री भाजपा नेता दीपक जोशी के बाद कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक ध्रुवप्रताप सिंह सहित पार्टी पदाधिकारियों ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने शुक्रवार को पूर्व जनपद अध्यक्ष शंकर महतो, पूर्व संगठन पदाधिकारी भूपेन्द्र सिंह, रोहित शर्मा सहित अन्य को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आने वालों की तो बुलेट ट्रेन चल रही है। भाजपा के कई नेता अब हमारे साथ आना चाहते हैं।
भाजपा से लोग प्रताड़ित हैं कमल नाथ
कमल नाथ ने कहा कि पूर्व विधायक ध्रुवप्रताप सिंह, शंकर महतो के साथ अन्य ने जो निर्णय लिया है, वो कांग्रेस, जनता के हित और प्रदेश के भविष्य के लिए है। आज भाजपा से लोग प्रताड़ित हैं। प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार को विदा करने के लिए तैयार बैठी है। मैं भी प्यार से विदा करूंगा क्योंकि उनका समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में अब जब पांच माह बचे हैं तो शिवराज जी को बहनें और कर्मचारी याद आने लगे हैं पर 18 साल क्या किया, इसका कोई उत्तर नहीं है।
वहीं, पूर्व विधायक ध्रुवप्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा अपनी मूल भावना से भटक गई है। भ्रष्टाचार चरम पर है। पार्टी में वरिष्ठ नेताओं से बात करो तो सुन तो सब लेते हैं लेकिन उस दिशा में काम नहीं होता।
उन्हाेंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को लेकर कहा कि वे कार्यकर्ताओं को पहचानते तक नहीं है। शंकर महतो ने सरकार पर आरोप लगाया कि गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला चिकित्सालयों में 333 स्नातकोत्तर छात्र-चिकित्सक पदस्थ
स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश के जिला चिकित्सालयों में विभिन्न विषयों के 333 स्नातकोत्तर छात्र-चिकित्सकों की पद-स्थापना की गई है। “स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा नियमावली-2000” में किये गये प्रावधान अनुसार जिला रेसीडेंसी कार्यक्रम में छात्र-चिकित्सकों की पद-स्थापना की गई है। इससे अध्ययनरत स्नातकोत्तर चिकित्सकों को शासकीय चिकित्सालयों में कार्य करते हुए राष्ट्रीय कार्यक्रमों के संचालन से अवगत होने का अवसर प्राप्त होगा और शासकीय चिकित्सालयों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएँ आम नागरिकों को मिल सकेंगी।
प्रदेश में संचालित 20 शासकीय एवं निजी चिकित्सा महाविद्यालयों में एमडी और एमएस में अध्ययनरत और वर्ष 2021 में प्रवेश प्राप्त 1284 स्नातकोत्तर छात्र-चिकित्सकों के लिये लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संयुक्त नियोजन किया है।
पदस्थ किये गये 333 चिकित्सकों में आब्सट्रेटिक्स एण्ड गायनोक्लोजी के 38, पीडियाट्रिक्स के 27, एनीस्थिसियोलॉजी के 35, जनरल मेडिसिन के 40, जनरल सर्जरी के 36, ऑर्थोपेडिक्स के 28, पैथालॉजी के 21, आप्थलमोलॉजी के 16, ईएनटी के 16, रेस्प्रिरेटरी मेडिसिन के 7, डर्माटोलॉजी के 8, माइक्रोबॉयोलॉजी के 7, रेडियोडायग्नोसिस के 15, रेडियोलॉजी के 3, साइकेट्री के 10, रेडियो थैरेपी के 5, रेडिएशन आंकोलॉजी का एक, कम्युनिटी मेडिसिन के 6, फार्माकोलॉजी के 7, बॉयोकेमेस्ट्री के 3, फॉरेंसिंग मेडिसिन का एक, आईएचबीटी का एक और फिजियोलॉजी के 2 छात्र चिकित्सक शामिल हैं।
Goverment job in Madhay Pradesh: एक लाख रिक्त पदों पर भर्ती, निर्धारित प्रपत्र में भेजें भर्ती की जानकारी
सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य शासन के विभिन्न विभाग में चल रही एक लाख रिक्त पदों पर भर्ती संबंधी जानकारी निर्धारित प्रपत्र में पोर्टल पर देने के लिये विभाग प्रमुखों को कहा है। साथ ही जानकारी संबंधी प्रपत्रों को समय-समय पर अद्यतन करने के भी निर्देश दिये गये हैं।
विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव को अपने विभाग से संबंधित प्रपत्रों को 27 जून 2023 तक अनिवार्यत: अद्यतन करने के लिये कहा गया है।
मामा की दुआएँ लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले”: मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गरीब अभिभावकों को अब अपनी बेटियों के विवाह की चिंता नहीं करनी चाहिए। उनका मामा बेटियों की शादी करवा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में सरकार द्वारा सामूहिक विवाह कराए जाते हैं और वर-वधू को 49-49 हजार रुपए के चेक गृहस्थी की सामग्री खरीदने के लिए प्रदाय किए जाते हैं। इस योजना का प्रारंभ वर्ष 2006 में किया गया था, तब से आज तक मध्य प्रदेश की लाखों गरीब बेटियों के विवाह/ निकाह हमारी सरकार ने करवाए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ आज सीहोर जिले के गिल्लौर, तहसील भैरुंदा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह /निकाह आयोजन में सम्मिलित हुए। उन्होंने विवाह /निकाह कर रहे 470 जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “मामा की दुआएँ लेती जा, जा तुझको सुखी संसार मिले”।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के बाद अब लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की गई है, जिसमें बहनों को 1000 रूपये की राशि प्रतिमाह दी जाती है। अब इस योजना में न्यूनतम आयु की सीमा को घटाकर 21 वर्ष कर दिया गया है। योजना में धीरे-धीरे राशि बढ़ाई जाएगी और 3000 रूपये तक प्रतिमाह बहनों को दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आजीविका मिशन में बहनों को जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाई जाएगी। हमारा लक्ष्य है, हर बहन की माह में कम से कम 10 हजार रूपये आमदनी हो। मेरी हर बहन लखपति हो। हमें बहनों को मजबूर नहीं रहने देना है, मजबूत बनाना है। प्रदेश में कोई गरीबी में नहीं रहेगा, सरकार आपके साथ है, मामा आपके साथ है।
मुख्यमंत्री चौहान ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विवाह एक पवित्र संस्कार है, पवित्र बंधन है। आपस में मिल-जुल कर साथ रहें। पति पत्नी के बीच का विश्वास नहीं तोड़ना चाहिए। विवाह से दो शरीर एक आत्मा हो जाते हैं। दोनों परिवारों का नाम रोशन करें। सुख और शांति पूर्वक रहें।
विवाह संस्कार पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ। सम्मेलन में 430 विवाह और 40 निकाह संपन्न हुए। आयोजन में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, सांसद रमाकांत भार्गव, विधायक करण सिंह आदि उपस्थित थे।
भारतीय रेलवे, यूएसएआईडी ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किये
नयी दिल्ली/वाशिंगटन, भारतीय रेलवे और यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएआईडी) ने जलवायु परिवर्तन से निपटने और 2030 तक भारतीय रेलवे के शुद्ध-शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं। यूएसएआईडी की ओर से जारी बयान के मुताबिक इस एमओयू के तहत, नेट-शून्य लक्ष्य के अनुरूप, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता और ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकियों की तैनाती में तेजी लाने के लिए दोनों भागीदारों की सामूहिक विशेषज्ञता, संसाधनों और नवाचार का लाभ उठाया जायेगा। यूएसएआईडी और भारतीय रेलवे का लक्ष्य मिलकर ऐसे टिकाऊ समाधान विकसित करना है जो ऊर्जा दक्षता को बढ़ाएं, कार्बन फुटप्रिंट को कम करें और रेलवे परिचालन के लिए एक हरित भविष्य सुनिश्चित करें।बयान में कहा गया है कि यूएसएआईडी और भारतीय रेलवे के बीच दीर्घकालिक साझेदारी है जो ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने, ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देने और टिकाऊ प्रथाओं को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है। इस साझेदारी में पूरे भारत में लगभग 1,000 रेलवे स्टेशनों पर सौर पैनल और ऊर्जा-कुशल प्रकाश व्यवस्था और उपकरणों की स्थापना शामिल है। अमेरिका और भारत किफायती और टिकाऊ ऊर्जा स्रोतों की ओर बदलाव कर रहे हैं जो आर्थिक विकास और जलवायु-लचीले निवेश को बढ़ावा देने के साथ ही स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों के हिमायती हैं। एमओयू इस मजबूत जलवायु परिवर्तन और स्वच्छ ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत करता है, जो राष्ट्रीय और वैश्विक जलवायु लक्ष्यों में योगदान देता है।
MP Elections 2023: मध्य प्रदेश में आ गया चुनाव, बीजेपी और कांग्रेस में मीम वॉर शुरू हो गया है
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव (Assembly Election) होने वाले हैं. इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. जिसे लेकर दोनों ही पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. प्रचार के लिए दोनों दी दल नए-नए तरीके अपना रहे हैं.
कांग्रेस इस बार सोशल मीडिया की मदद से शिवराज सरकार को लेकर ज्यादा आक्रामक है. शिवराज सरकार के फैसलों को लेकर मीम्स भी बनाए जा रहे हैं. ये मीम्स पौराणिक प्रतीकों को लेकर तैयार किए गए हैं. इस पर बीजेपी ने सख्त आपत्ति जताई है. बीजेपी ने अब कांग्रेस से इन सभी मीम्स को वापस लेने को कहा है.
राम और रावण मीम
वहीं, कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी के खिलाफ ये मीम्स उनकी तरफ से नहीं बनाए गए हैं, लेकिन जिसने भी इन्हें बनाया है पार्टी उनके साथ है. इसमें एक मीम ऐसा है जिसमें राम और रावण का युद्ध दिखाया गया है और शिवराज को रावण और कमलनाथ को राम बनाया गया है.
कुछ सेकेंड के इस मीम में ये बताया गया है कि रावण बने शिवराज ने महंगाई का तीर चलाया और उसे राम बने कमलनाथ ने पांच सौ रुपये के गैस सिलेंडर से नष्ट कर दिया. महंगाई के खिलाफ ये मीम काफी लोकप्रिय हो रहा है. बीजेपी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है.
बीजेपी ने क्या कहा?
बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा ये पौराणिक पात्रों की हंसी उड़ाना है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा. ऐसा ही दूसरा मीम है जिसमें शिवराज की घोषणाओं का मजाक उड़ाया गया है. पिछले विधानसभा चुनावों में भी ऐसे मीम्स बहुत चर्चित हुए थे.
बोले मोहन भागवत जब तक देश के हिंदू-मुसलमान एक हैं, कोई बाहरी ताकत हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि जब तक भारत में हिंदू-मुसलमान एक हैं, बाहर की कोई भी ताकतें हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती. साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे तत्व भी हैं जो देश आगे बढ़ता नहीं देखना चाहते, बार-बार भारतीय समाज को निशाना बनाते हैं ताकि इसे बांटा जा सके. उनकी ये कोशिश लगातार चलती रहती है.
नागपुर के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन के बाद मोहन भागवत ने कहा, ‘राक्षसी ताकतें भारत के विकास में बाधा डालती हैं और आंतरिक कलह पैदा कर परेशान करने की कोशिश करती हैं.’
उन्होंने कहा कि कुछ देशों द्वारा अपने मतलब को सीधा करने के लिए अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ वाली नीति को लागू किया जा रहा है, लेकिन ये बाहरी ताकतें एकजुट भारत को हरा नहीं सकती हैं. आरएसएस प्रमुख ने कहा कि बंगाल विभाजन के दौरान अंग्रेजों ने भी यही नीति अपनाई थी लेकिन वो पूर्ण रूप से विफल साबित हुए थे क्योंकि पूरा देश एक था. हालांकि, 1947 में उन्हें इस मनसूबे को पूरा करने में काबयाबी मिल गई.
उन्होंने कहा, ‘जब तक हम एक हैं, तब तक दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो हमें पराजित कर सके. यही वजह है कि हमेशा बाहरी शक्तियां इस कोशिश में लगी रहती हैं.’ उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमान वर्षों से यहां सुरक्षित रहे हैं. हम एक हैं. बंटवारा अंग्रेजों ने करवाया. उन्होंने ही देश में सांप्रदायिकता के बीज बोए.
संघ प्रमुख ने कहा कि अंग्रेजों ने मुसलमानों और हिंदुओं को एक दूसरे के खिलाफ भड़काया और कहा कि उन्हें एक दूसरे के साथ रहने पर कोई अधिकार नहीं मिलेंगे. इस तरह उन्होंने दोनों धर्मों के लोगों के मन में एक दूसरे के प्रति खतरा पैदा किया. उन्होंने कहा कि जब तक हम एकजुट हैं, दुनिया की कोई ताकत हमें हरा नहीं सकती.
खराब मौसम के कारण रानी दुर्गावती गौरव यात्रा में शामिल नहीं हुए गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री ने की शुरुआत
केंद्रीय गृहमंत्री व सहकारिता मंत्री अमित शाह आज गुरुवार को बालाघाट में ‘रानी दुर्गावती गौरव यात्रा’ का शुभारंभ करेंगे के लिए आने वाले थे लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकाप्टर नहीं उतर सका। इस दौरान वह शहर के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले थे। शाम 4 बजे उन्हें बालाघाट पहुंचना था लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकाप्टर बालाघाट में नहीं उतर सका है। इसकी पुष्टि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से की जिसके बाद मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम शुरू हुआ।
बालाघाट में तूफान आ गया अमित भाई को लौटना पड़ाः मुख्यमंत्री
बालाघाट, रानी दुर्गावती गौरव यात्रा की शुरुआत की दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि युद्ध के नगाड़े बज गए हैं। उन्होंने जनता से पूछा कि बीजेपी को जीतना है या नहीं उन्होंने कहा कि आज बालाघाट में तूफान आ गया, अमित भाई को लौटना पड़ा। मोदी जी दुनिया में धूम मचा रहे हैं। देश-दुनिया ने योग किया, नहीं किया तो कांग्रेसियों ने नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्तिशाली भारत मोदी जी के नेतृत्व में बन रहा है। मोदी जी कहते हैं कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं अगर किसी ने हमें छेड़ा तो हम छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि पहले चीन आंखें दिखाता था लेकिन भारत की सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध में मोदी जी ने दोनों देश को कहा था कि हमारे देश के बच्चे जब भारत आने निकले तो युद्ध नहीं होना चाहिए।
भांजे-भांजियों को ई स्कूटी दी जाएगी
मुख्यमंत्री ने संबोधन के दौरान कहा कि लाडली बहनों के खाते में अभी एक हजार आ रहे हैं। बाद में इसे बढ़ाकर 1250, 1500, 1750, 2000, 2250, 2500, 2750 और आखिर में 3000 रुपये डाले जाएंगे। 12वीं के उत्कृष्ट बच्चों को लैपटॉप के लिए पैसे दिए जाएंगे। भांजे-भांजियों को ई स्कूटी दी जाएगी।
वो सरकार बंटाधार करने वाली सरकार थीः वीडी शर्मा
आयोजन की शुरुआत के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने संबोधित किया। जिसमें उन्होंने कहा कि 2003 में कांग्रेस की सरकार ने मप्र में प्रदेश को आतंक और भ्रष्टाचार में डुबो दिया था। सड़क, बिजली पानी के लिए लोग लालायित थे। उन्होंने कहा कि 15 महीने में कमल नाथ की सरकार ने भाजपा की कई कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था। वो सरकार बंटाधार करने वाली सरकार थी।
होना था रोड शो
बताया जा रहा है कि दुर्ग से बालाघाट आते समय खराब मौसम के कारण उनके हेलीकाप्टर को वापस रायपुर लौटना पड़ा। जहां से वे विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए। ज्ञात हो कि गृहमंत्री बालाघाट में डेढ़ किमी के रोड-शो में हिस्सा लेंने वाले थे। रोड-शो बालाघाट के जयस्तंभ चौक से डा. आंबेडकर चौक और सीएम राइज स्कूल तक डेढ़ किलोमीटर मार्ग में होता। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम में वे शामिल होते। कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे भी पहुंचे। जब मौसम साफ था तब तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व अन्य अतिथि बालाघाट पहुंच चुके जिनकी उपस्थित में रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का आगाज हुआ है।
गृहमंत्री के कार्यक्रम से पहले तेज हवाओं के साथ छाए काले बादल
गुरुवार शाम 4:00 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बालाघाट पहुंचने वाले थे लेकिन कार्यक्रम के शुरू होने से पहले बालाघाट में मौसम का मिजाज बदल गया। करीब 1 घंटे से तेज हवाएं चलीं साथ ही काले बादल छा गए। ऐसे में गृहमंत्री के कार्यक्रम के बीच तेज वर्षा की संभावना जताई जा रही थी। कुछ देर बाद वर्षा भी शुरू हो गई। जिला मुख्यालय में तेज रफ्तार में चल रही हवाओं के कारण गोंदिया रोड पर लगे पुलिस की बेरिगेटिंग गिर गई।
शहडाेल में 27 जून को पीएम करेंगे रानी दुर्गावती की गौरव यात्रा का समापन
रानी दुर्गावती की गौरव यात्रा बालाघाट, छिंदवाड़ा, दमोह के सिंग्रामपुर, उप्र के कलिंजर फोर्ट, सीधी के धौहनी से 22 जून को प्रारंभ हो रही है, जिसका 27 जून को शहडोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन करेंगे। बालाघाट से यह यात्रा बैहर, बिछिया, डिंडोरी, पुष्पराजगढ़, अनूपपुर, जैतपुर होते हुए 27 जून को शहडोल पहुंचेगी। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंंह चौहान ने अपने निवास कार्यालय में 22 जून को बालाघाट में होने वाले गौरव यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा की थी।














