बिपरजॉय तूफान ले चुका है विकराल रूप:मौसम विभाग

tufan

दिल्ली, पूर्वी मध्य अरब सागर के ऊपर बना शक्तिशाली चक्रवाती तूफान ‘बिपारजॉय ’ पिछले छह घंटों के दौरान नौ
किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तर के साथ उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ा है और बेहद विध्वंसक चक्रवात में बदल गया है।
भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने रविवार को जारी एक बुलेटिन में कहा, “शक्तिशाली चक्रवाती तूफान आज सुबह
05़ 30 घंटे पहले उसी क्षेत्र अक्षांश 17.9 ° उत्तर और देशांतर 67.4 ° पूर्व, मुंबई से लगभग 580 किमी पश्चिम-दक्षिण
पश्चिम, 480 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम , पोरबंदर के दक्षिण-पश्चिम में, देवभूमि द्वारका से 530 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में, नलिया से 610 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में और कराची (पाकिस्तान) से 780 किमी दक्षिण में था।
इसके 14 जून की सुबह तक लगभग उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है, फिर उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते हुए सौराष्ट्र
और कच्छ साथ ही लगते हुए पाकिस्तान के तटीय इलाकों मांडवी (गुजरात) तथा कराची (पाकिस्तान )से गुजरेगा। इसके
बाद 15 जून को 125 से 135 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार के 150 किलोमीटर प्रतिघंटा में बदल कर एक भीषण
चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इस जबरदस्त चक्रवाती तूफान के कारण गुजरात में भारी बारिश होने की
चेतावनी जारी की गयी है। इस क्रम में 14 जून को गुजरात के कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी है जबकि कच्छ, देवभूमि द्वारका, पोरबंदर साथ ही सौराष्ट्र और कच्छ के जामनगर,राजकोट, जूनागढ़ और मोरबी जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा के साथ अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर में कुछ स्थानों पर 15 जून को भारी से बहुत भारी वर्षा और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा साथ ही पोरबंदर, राजकोट, मोरबी और जूनागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। इतना ही नहीं 15 जून को सौराष्ट्र और उत्तर गुजरात क्षेत्र के शेष जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है। पूर्व मध्य और इससे सटे पश्चिम मध्य और पूर्वोत्तर अरब सागर में आज 160-175 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 195 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और कल 150-165 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 185 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। बुलेटिन मे कहा गया कि कच्छ , देवभूमि द्वारका, पाेरबंदर, जामनगर और मोरबी जिलों में चेतावनी है। जिस समय यह तूफान जमीन से टकरायेगा उस समय इन जिलों के निचले इलाकों में दो मीटर ऊंची ज्वारीय लहरें उठने की आशंका है।

जयशंकर ने जी 20 बैठक से इतर कॉनरॉय और शुल्ज से मुलाकात की

jay

वाराणसी, 12 जून/ विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को जी-20 देशों के विकास मंत्रियों की बैठक से इतर ऑस्ट्रेलिया
के विकास मंत्री पैट कॉनरॉय, जर्मनी के आर्थिक सहयोग और विकास मंत्री स्वेंजा शुल्ज़ के साथ बैठक की। ग्यारह से 13
जून तक चलने वाली यह बैठक वाराणसी में आयोजित की जा रही है। उन्होंने तीन दिवसीय जी20 विकास मंत्रियों की बैठक के मौके पर अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के लिए यूरोपीय संघ के आयुक्त जट्टा उरपिलेनन और संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन (यूएनसीटीएडी) के महासचिव रेबेका ग्रिन्सपैन से भी मुलाकात की। विदेश मंत्री ने ट्वीट किया ,“ 11 से 13 जून तक होने वाली जी20 विकास मंत्रियों की बैठक में लगभग 200 प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिए यूरोपीय संघ के आयुक्त जट्टा उरपिलेनन के साथ एक अच्छी बैठक।” डॉ.जयशंकर ने यूएनसीटीएडी के शीर्ष अधिकारी के साथ अपनी बैठक के बारे ट्वीट किया, “जी20 बैठक पर चर्चा की। भारत की विकास साझेदारी पहलों के साथ ग्लोबल गेटवे के तालमेल के बारे में हमारी बातचीत को भी आगे बढ़ाया।” उन्होंने कहा कि वाराणसी में ऑस्ट्रेलिया के विकास मंत्री पैट कॉनरॉय का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। डॉ. जयशंकर ने कहा, “स्वाभाविक रूप से, हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया ऑस्ट्रेलिया यात्रा के बारे में बात की। साथ ही इस बात पर भी चर्चा की कि कैसे हमारे दोनों देश प्रशांत क्षेत्र में विकास के मुद्दों पर सहयोग कर सकते हैं।” उन्होंने जर्मनी के मंत्री के साथ अपनी बैठक के बारे में ट्वीट किया, ‘आर्थिक सहयोग और विकास के लिए जर्मन मंत्री के साथ जी20 विकास मंत्रियों की बैठक शुरू करने की खुशी स्वेंजाशुल्ज़ 68।हमारी साझा प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई जिसे जी20 डीएमएम आगे ले जाना चाहता है। सतत विकास शिखर सम्मेलन और तीसरे देश की साझेदारी के बारे में भी बात की।” विदेश मंत्री जी 20 विकास मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक की शुरुआत में एक विशेष वीडियो संबोधन देंगे। एक बयान में कहा गया है कि वाराणसी में विकास मंत्रियों की बैठक विकास की बढ़ती चुनौतियों के बीच हो रही है। बैठक में बहुपक्षवाद: एसडीजी की ओर प्रगति में तेजी लाने के लिए सामूहिक कार्रवाई और हरित विकास: एक जीवन शैली (पर्यावरण के लिए जीवन शैली) दृष्टिकोण पर दो मुख्य सत्र होंगे। सम्मेलन के प्रतिनिधियों को दुनिया के सबसे पुराने शहरों में से एक, वाराणसी की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की एक झलक दिखने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां आदि आयोजित की गयी हैं।

मध्यप्रदेश ने 18 साल देख लीजिए, अब छह महीने बचे सोचने के लिए : प्रियंका

priyanka

जबलपुर, 12 जून/ मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी अभियान का शंखनाद करते हुए कांग्रेस
महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज बिना किसी का नाम लिए कहा कि प्रदेश ने 18 साल सब कुछ देख लिया, अब छह
महीने का समय है, इसमें यहां के लोग देखें कि दूसरे राज्यों में कांग्रेस की सरकारें कैसा काम कर रही हैं। श्रीमती वाड्रा ने
यहां आयाेजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे यहां कोई चुनाव प्रचार करने नहीं, बल्कि लोगों को जागरुक
करने आई हैं कि जो चीजें कांग्रेस पार्टी देख पा रही है, वो सभी लोग देखें और नेताओं को सच बोलने के लिए मजबूर करें।
इस दौरान उन्होंने भावुक अंदाज में ये भी कहा कि उनके परिवार के सदस्यों ने राष्ट्र निर्माण के लिए खून दिया है। उन्होंने
बिना किसी का नाम लिए केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि निर्माण करना
बहुत कठिन है, जबकि सत्ता को भोगना बहुत आसान है। उन्होंने कहा कि ये सच्चाई जनता को देखनी चाहिए और इसीलिए वे जागरुकता फैलाने आई हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण की बुनियाद पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने की। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी हरित क्रांति लेकर आईं, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश को आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभाई और इसी क्रम को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने बेहतर कार्यों से आगे बढ़ाया। इसके पहले श्रीमती वाड्रा ने
‘संस्कारधानी’ के नाम से मशहूर जबलपुर स्थित ग्वारी घाट पर मां नर्मदा की विधिवत पूजा-अर्चना और नर्मदा आरती भी
की। इस दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्रीमती वाड्रा ने चुनावों के पूर्व
मध्यप्रदेश में सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने, सौ यूनिट बिजली मुफ्त देने और दो सौ यूनिट
बिजली बिल आधे किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने 15 महीने की कमलनाथ सरकार के जनहित के कार्य गिनाए।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय 27 लाख किसानों के कर्ज माफ किए गए। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती वाड्रा ने प्रदेश सरकार पर लगातार हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार चुनाव के समय ही घोषणाएं क्यों कर रही है। घोषणा करने वाले चुनाव जीत भी जाते हैं, लेकिन वादे भुला दिए जाते हैं। जनता के जज्बातों के आधार पर वोट मांगना उचित नहीं है। ऐसे लोग काम की बात नहीं करते हुए सिर्फ इधर-उधर की बातें करते हैं। प्रदेश के मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने लगभग 220 महीने के कार्यकाल में लगभग 225 घोटाले किए। उन्होंने उज्जैन स्थित श्री महाकाल लोक में हाल ही में मूर्तियों के क्षतिग्रस्त होने के संदर्भ में कहा कि भाजपा ने मां नर्मदा से लेकर महाकाल लोक को भी नहीं छोड़ा। वहां भी घोटाला किया गया।

किसान-कल्याण महाकुंभ 13 जून को राजगढ़ में

kisan

भोपाल, 12 जून/ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने किसानों के ऋण पर ब्याज की राशि राज्य सरकार की ओर से भरवाने की बात कही थी। राजगढ़ में 13 जून को किसान- कल्याण महाकुंभ में किसानों के ब्याज की राशि उनके बैंक खातों में जमा की जाएगी, जिससे किसानों को कृषक सोसायटी से खाद-बीज मिल सकेगा। आधिकारिक जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी विशेष रूप से शामिल होंगे। किसान-कल्याण महाकुंभ में फसल बीमा योजना के 2900 करोड़ रूपए भी किसानों के खातों में डाले जाएंगे। मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के 2 हजार रूपए भी सभी पात्र किसानों के खातों में अंतरित होंगे। यह बात मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों से की अपील में कही।

कोलार सिक्स लेन की चर्चा घर घर, क्या बरसात में नही होगा रोड का निर्माण कार्य?

Kolar bhopal six lane road development
Kolar road bhopal

 

भोपाल, राजधानी में सबसे तेज विकसित होता कोलार उपनगर अपने विकास कार्यो के कारण अब राजनीतिक गलियारों से बाहर आकर जन जन की चर्चा में आ गया है।

क्षेत्र में होने वाली हर घटना हर कार्य अब जनता के बीच चर्चित होने लगा है।

आगामी चुनावों में राजधानी की विधानसभा सीटों दक्षिण-पश्चिम विधानसभा, मध्य विधानसभा सहित पड़ोसी जिले रायसेन की भोजपुर विधानसभा, सीहोर की इछावर विधानसभा में उपनगर का विकास प्रभाव डालेगा।

कोलार क्षेत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विधानसभा क्षेत्र बुधनी के रेहटी मार्ग से भेरुन्दा तक को प्रभावित करता है।

राजधानी में निवासरत बुधनी विधानसभा के नागरिकों के परिवार, मंडीदीप में काम करने वाले नौकरी पेश सहित माँ बीजासेन के दर्शन को जाने वाले राजधानी के हजारों श्रद्धालु कोलार क्षेत्र से सलकनपुर दरबार में दर्शन करने जाते है।

दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में रहने वाले सरकारी कर्मचारियों के मकान दुकान और व्यापार कोलार क्षेत्र में है। जिसमें अधिकतम किराए पर चलते है। विकास कार्यो से उनकी अतिरिक्त आमदनी पर प्रभाव पड़ता है।

वही मध्य विधानसभा और नरेला विधानसभा के लोग यहाँ दुकानों, गुमठियों और सब्जी बाजारों में काम करने रोजगार के लिए प्रति दिन आना जाना करते है।

 

दैनिक भास्कर में छापे पीडब्ल्यूडी के ईएनसी के निर्देश की जानकारी  “बरसात में कोलार क्षेत्र के विकास में सबसे अहम कार्य कोलार सिक्स लेन का कार्य रोक दिया जायेगा” पढ़ने के बाद जनता में रोष देखा गया है।

जनता का आरोप है की ठेकेदार द्वारा तय समय मे कार्य पूरा नही कर पा रहा है तो ठेकेदार को बचाने के लिए कार्य रोका जा रहा है।

विधायक रामेश्वर का कहना है बरसात मिलाकर कार्य 11 माह में पूरा होना है। बारिश में काम चलेगा, इसके लिए अधिकारियों को व्यवस्था करना होगी।

कनाडा में भारतीय छात्रों को मिलेगी राहत

canada

दिल्ली, 11 जून/ कनाडा की सरकार ने देश में रह रहे करीब 700 भारतीय छात्रों के आव्रजन दस्तावेजों में कमी होने के
मामले में व्यवहारिक दृष्टिकोण और मानवीय संवेदनशीलता के आधार पर बढ़ने का भरोसा दिया है। सूत्रों के अनुसार भारत इस मामले को कनाडा के अधिकारियों के साथ ओटावा में भारतीय उच्चायोग के माध्यम से और नयी दिल्ली में कनाडा उच्चायोग के जरिए लगातार उठाता रहा है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने कनाडाई समकक्ष से भी इस मामले पर बात की।
सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) सौरभ कुमार ने इस वर्ष अप्रैल में अपनी कनाडा यात्रा के दौरान इसे
उठाया था। टोरंटो में भारतीय वाणिज्य दूतावास में भारतीय छात्रों के एक समूह ने उनसे मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना
है कि कनाडाई अधिकारियों से बार-बार निष्पक्ष रहने और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया गया क्योंकि छात्रों
की गलती नहीं थी। यह भी बताया गया कि कनाडा शासनतंत्र में कुछ खामियों और असावधानी के कारण छात्रों को वीजा
मिल गया और उन्हें कनाडा में प्रवेश करने की अनुमति भी मिल गई। सूत्रों के अनुसार तब से, कनाडा के राजनीतिक दलों
एवं उनके सांसदों ने छात्रों के समर्थन में बात की है। देश में आप्रवासन मंत्री शॉन फ्रेज़ियर ने संकेत दिया है कि कनाडा
अनिश्चितता का सामना कर रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए सक्रिय रूप से एक समाधान का प्रयास कर रहा है। कनाडा के
प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी छात्रों के साथ उचित व्यवहार की आवश्यकता को स्वीकार किया है। हाल ही में कुछ छात्रों को उनके निर्वासन नोटिस पर स्थगन आदेश प्राप्त हुए हैं। सूत्रों ने कहा कि यह स्वागत योग्य है कि भारत सरकार के लगातार प्रयासों के फलस्वरूप कनाडा सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और छात्रों के दृष्टिकोण को स्वीकार करने का फैसला किया है।

रणबीर कपूर की फिल्म‘एनिमल’का प्री टीजर रिलीज

ran

मुंबई, 11 जून/बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म एनिमल का प्री टीजर रिलीज कर दिया गया है। संदीप रेड्डी वांगा निर्देशित एनिमल में रणबीर कपूर के साथ अनिल कपूर, रश्मिका मंदाना, बॉबी देओल और तृप्ति डिमरी जैसे कलाकार प्रमुख भूमिका में हैं। एनिमल का प्री टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म एनिमल के प्री-टीज़र में रणबीर कपूर एक्शन से भरपूर अवतार में नज़र आ रहे हैं। फिल्म एनिमल को 11 अगस्त 2023 को 5 भाषाओं हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम में वर्ल्डवाइड थिएटर रिलीज़ किया जाएगा। फिल्म एनिमल भूषण कुमार और कृष्ण कुमार की टी-सीरीज, मुराद खेतानी की सिने1 स्टूडियोज़ और प्रणय रेड्डी वांगा की भद्रकाली पिक्चर्स द्वारा निर्मित है।

सर्राफा बाजार: सोना‌ सस्ता चांदी में जोरदार तेजी

gold

इंदौर,11 जून/ सप्ताहांत सोना सस्ता तथा चांदी में तेजी दर्ज की गई। इस दौरान सोना 100 रुपये सस्ता तथा चांदी 1750 रुपये महंगी बिकी। कारोबार की शुरुआत में सोना 61300 रुपये पर खुलने के बाद शनिवार के दिन 61200 रुपये प्रति दस ग्राम होकर थमा। चांदी में व्यापार की शुरुआत 71450 रुपये पर हुई वहीं शनिवार के दिन 73200 रुपये बिकी।

पाकिस्तान में भारी बारिश के कारण 28 की मौत, 145 घायल

pak

इस्लामाबाद,11 जून/ पाकिस्तान में पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश और आंधी के कारण कम से कम 28 लोगों की मौत हो गयी और करीब 145 लोग घायल हो गये। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी बयान के मुताबिक खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू, डेरा इस्माइल खान, करक और लक्की मरवत में वर्षाजनित घटनाओं में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 145 लोग घायल हो गये। वहीं कम से कम 69 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है।
प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा में सभी 1122 केंद्रो को किसी भी अप्रिय घटना से निपटने
के लिए अलर्ट पर रखा गया है। खोज और बचाव अभियान जारी है और सभी घायलों को मौके पर चिकित्सा सहायता प्रदान करने के बाद अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बन्नू जिले के रहने वाले डिप्टी स्पीकर नेशनल असेंबली जाहिद अकरम दुर्रानी के साथ टेलीफोन पर बातचीत में बारिश से संबंधित घटनाओं में जानमाल के नुकसान पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा के मुख्य सचिव और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्काल उपाय करने का निर्देश दिया है। खैब्र पख्तूनख्वा के कार्यवाहक सूचना मंत्री बैरिस्टर फिरोज जमाल शाह ने अपने बयान में कहा कि प्रभावित जिलों के अस्पतालों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार प्रभावित क्षेत्रों के अधिकारियों के संपर्क में है।

मोदी ने रामाफोसा से की द्विपक्षीय संबंधों, यूक्रेन संकट पर चर्चा

modi

दिल्ली, 11 जून/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से बातचीत की और
इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की तथा यूक्रेन युद्ध सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी
चर्चा की। श्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बात की। द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा
की। ब्रिक्स और अफ्रीकी नेताओं की शांति पहल में सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।” देर रात जारी
बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने टेलीफोन पर बात की। बयान में कहा गया, “दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग में
प्रगति की समीक्षा की, जो ऐतिहासिक और मजबूत तथा लोगों से लोगों के बीच संबंधों पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने इस वर्ष की शुरुआत में 12 चीतों को भारत में स्थानांतरित करने के लिए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। “बयान में कहा गया, “उन्होंने इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता के संदर्भ में ब्रिक्स में सहयोग सहित आपसी हित के कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। राष्ट्रपति रामाफोसा ने अफ्रीकी नेताओं की शांति पहल पर प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी। भारत यूक्रेन में टिकाऊ शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी पहलों का समर्थन करता है। प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर आगे बढ़ने के तरीके के रूप में बातचीत और कूटनीति के लिए भारत की निरंतर प्रयास को दोहराया। “बयान में कहा गया, “राष्ट्रपति रामाफोसा ने भारत की मौजूदा जी20 अध्यक्षता के हिस्से के रूप में भारत की पहल के लिए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया और कहा कि वह भारत यात्रा के लिए उत्सुक हैं।” उल्लेखनीय है कि 16 मई को राष्ट्रपति रामफोसा ने अफ्रीकी शांति योजना की घोषणा की थी, जिसका ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है। शांति योजना को सेनेगल, युगांडा, मिस्र, कांगो गणराज्य और जाम्बिया के नेताओं का भी समर्थन प्राप्त है।

anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...