आंधी के साथ तेज बारिश से महाकाल लोक की कई मूर्तियां गिरी

आंधी के साथ तेज बारिश से महाकाल लोक की कई मूर्तियां गिरी

रविवार शाम अचानक आई तेज आंधी व वर्षा से शहर में जनजीवन अस्त व्यवस्त हो गया। महाकाल महालोक में सप्तऋषि की सात में से छह मूर्तियां गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। अन्य मूर्तियों को भी नुकसान पहुंचा है। श्रद्धालु समीप नहीं थे, इस कारण हादसा टल गया। महाकाल महालोक में कुल 127 मूर्तियां लगाई गई हैं।

 

महाकाल मंदिर के समीप ही बरगद का पेड़ गिरा

महाकाल मंदिर के समीप ही विशाल बरगद का पेड़ गिरने से दो मकान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दो घंटे बाद भी राहत बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा था। महाकाल मंदिर के अतिरिक्त शहर में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ गिरे। घरों की चद्दरें उड़ गई। सुबह सांदीपनि आश्रम के सामने पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हुई। अंचल के नागदा आदि क्षेत्रों में भी आंधी से खासा नुकसान हुआ है।

एनआइए ने शुक्रवार देर रात जबलपुर में छापा मारा

NIA Jabalpur Raid

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) की टीम ने शुक्रवार देर रात जबलपुर में छापा मारा था। टीम यहां Terror funding मामलों पर आरोपित अब्दुल रज्जाक के साथी मकसूद कबाड़ी और आहद उल्ला उस्मानी अधिवक्ता के घर पहुंची थी। NIA टीम के साथ स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम अब तक करीब 10 स्‍थानों पर एक साथ छापा मारकर कार्रवाई करने में जुटी रही। करीब 100 से ज्‍यादा लोग संदेह के घेरे में आए हैं। कई लोगों को उठाकर अज्ञात स्‍थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। कल देर रात शुरू हुई कार्रवाई करीब 12 घंटे तक चली। पूछताछ के बाद मोहम्‍मद शा‍हिद और मोहम्‍मद बिलाल को छोड़ दिया गया।
सिमी से जुड़े संदिग्‍धों का केस लड़ चुका नईम
एनआइए की टीम वरिष्ठ अधिवक्ता आहद उल्ला उस्मानी, उसके भाई अमान उल्ला उस्मानी और अमान के बेटे अरहम, सिविल लाइन निवासी शाहनवाज खान, नईम खान, कसूद कबाड़ी के परिवार के मामूर समेत एक अन्य को गिरफ्तार कर ले गई है। सुप्रीम प्लाजा अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया नईम खान सिमी संगठन से जुड़े संदिग्‍ध लोगों का केस लड़ चुका है।

जेल में बंद रज्जाक के करीब एडवोकेट ए उस्मानी, घंटाघर तैयबअली मार्ग स्थित डा. रजा कंपाउंड निवासी कासिम, सिविल लाइन स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले लकी के ठिकानों पर एनआइए के अधिकारी शुक्रवार रात से ही डटे रहे। शनिवार की सुबह भी बड़ी संख्या में पुलिस बल और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। घंटाघर से मार्ग को सील करके एनआइए की टीम कार्रवाई करती रही।
आतंकी फंडिंग व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले में जिला पुलिस बल के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं। इस मामले में हवाला कारोबार का भी पता चला है। आतंकी फंडिंग का पैसा हवाला के जरिए जबलपुर तक पहुंचता था।

बड़ी ओमती क्षेत्र को पुलिस ने सील कर दिया था। ओमती और गोहलपुर, सिविल लाइंस में केंद्रीय दल ने कार्रवाई की गई। प्रदेश में एनआइए की पूर्व में हुई कार्रवाइयों से मिले इनपुट के आधार पर दल ने छापे मारे थे। जांच दल को मौके से आपत्तिजनक साहित्य और हथियार मिले। भोपाल और दिल्ली से आई टीम न्यायालय से सर्च वारंट लेकर पहुंची थी।

छोटी ओमती निवासी अधिवक्ता आहद उल्ला उस्मानी के घर जब टीम पहुंची थी तो उस्मानी के बेटे ने केंद्रीय दल को देखकर दरवाजे बंद कर लिए। टीम ने दरवाजा तोड़ने, काटने की तैयारी कर ली थी। काफी मशक्कत के बाद भीतर से दरवाजा खोला। पुलिस टीम को शुक्रवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की सूचना प्राप्त हो गई थी। पुलिस टीम को सिर्फ यह बताया गया था कि कोई बड़ी कार्रवाई होने वाली है।

मुख्यमंत्री चौहान नई दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में हुए शामिल

cm

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित सम्मेलन केंद्र में ‘विकसित भारत @ 2047: टीम इंडिया की भूमिका’ पर नीति आयोग की शासी परिषद की 8वीं बैठक में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक की अध्यक्षता की। मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, पदेन सदस्य के रूप में केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष और अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

बैठक में विकसित भारत@2047, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, अधो-संरचना विकास और निवेश, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और पोषण, कौशल विकास तथा सामाजिक विकास के लिए गतिशक्ति जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री चौहान ने नई दिल्ली में नवीन म.प्र. भवन परिसर में रोपा चंपा का पौधा

मुख्यमंत्री चौहान ने नई दिल्ली में नवीन म.प्र. भवन परिसर में रोपा चंपा का पौधा

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान नवीन मध्यप्रदेश भवन परिसर में पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने चंपा का पौधा लगाया।

मुख्यमंत्री चौहान 29 मई को स्ट्रीट वेंडर्स से होंगे रू-ब-रू

Shivraj-singh-chouhan

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लघु व्यवसाय करने वाले लोगों (स्ट्रीट वेंडर्स) के कल्याण के लिए अनेक योजनाएँ संचालित हैं। इनका लाभ पात्र लोगों को सही ढंग से मिले, इसके लिए अभियान संचालित किया जाये। नगरीय विकास एवं आवास विभाग और स्थानीय प्रशासन हाथ ठेले और फेरी लगा कर छोटा-मोटा कारोबार करने वाले लोगों को लाभान्वित करने का कार्य करें। नगरीय क्षेत्र में व्यवसाय के लिए पर्याप्त स्थान की सुविधा देते हुए यह ध्यान रखें कि व्यवस्था बिगाड़े बिना इन व्यवसाइयों की रोजी-रोटी चलती रहे। मुख्यमंत्री चौहान आज समत्व भवन में 29 मई को भोपाल में होने वाली नगरीय क्षेत्र के हाथ ठेला चालकों, फेरी वालों, रेहड़ी वालों की होने वाली पंचायत की तैयारियों की जानकारी ले रहे थे। आयुक्त नगरीय प्रशासन भरत यादव, कलेक्टर भोपाल आशीष सिंह, नगर निगम आय़ुक्त वी.एस. चौधरी कोलसानी और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लघु व्यवसाय करने वाले लोगों के परिवारों को लाड़ली बहना योजना, आय़ुष्मान कार्ड और शिक्षण संबंधी सुविधाएँ प्राप्त होती रहे, इसके लिए समय-समय पर समीक्षा की जाए। पीएम स्वनिधि योजना में लाभान्वित होने वाले हितग्राही को डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर प्रावधानों का लाभ मिले यह भी सुनिश्चित किया जाए। मध्यप्रदेश पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में प्रथम रहा है। यह स्थिति आगे भी बनी रहे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स को बेहतर तरीके से विभिन्न योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए पंचायत में आवश्यक मंथन होगा। प्राप्त सुझावों और पूर्व में संचालित कार्यक्रमों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नवीन सुविधाएँ देने पर भी विचार किया जाएगा।

मध्यप्रदेश में पीएम स्वनिधि योजना : एक नजर में

देश में 14 मई 2020 को केन्द्र सरकार द्वारा पीएम स्वनिधि योजना घोषित की गई, जिसका क्रियान्वयन 1 जून 2020 से प्रारंभ हुआ। कोरोना काल में कारोबार की दिक्कतें झेलने वाले शहरी पथ विक्रेताओं के रोजगार और उनकी आजीविका को सुनिश्चित करना योजना का प्रमुख उद्देश्य था। योजना में एक वर्ष के लिए 10 हजार रूपये की ब्याज मुक्त कार्यशील पूंजी ऋण के रूप में उपलब्ध करवाई जाती है। समय से भुगतान करने पर दोबारा 20 हजार रुपये की राशि प्राप्त होती है, जिसका भुगतान समय पर करने पर 50 हजार रूपये की कार्यशील पूँजी ऋण और ब्याज अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। डिजिटल ट्रांजेक्शन पर वर्ष में अधिकतम 1200 रूपये का विशेष अनुदान दिया जाता है। हितग्राही को बिना गारंटी का ऋण मिलता है। देश में मध्यप्रदेश इस योजना के क्रियान्वयन में प्रथम स्थान पर है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शहरी असंगठित कामगार एकीकृत पोर्टल तैयार कर पंजीयन किए गए। प्रदेश में 9 लाख 17 हजार पहचान/विक्रय प्रमाण-पत्र जारी किए गए हैं। कुल 5 लाख 53 हजार 106 प्रकरण मंजूर कर हितग्राही लाभान्वित किए जा चुके हैं। प्रदेश की प्रगति 102.45 प्रतिशत है। पीएम स्वनिधि योजना में केन्द्र सरकार द्वारा 7 प्रतिशत के ब्याज अनुदान के प्रावधान के साथ मध्यप्रदेश सरकार 7 प्रतिशत से अधिक की ब्याज राशि अनुदान के रूप में दे रही है। योजना का 3 चरण में क्रियान्वयन हुआ है।

स्वनिधि से समृद्धि

प्रदेश के 335 नगरीय निकायों में स्वनिधि से समृद्धि योजना पर अमल हो रहा है। प्रथम चरण में 9 नगरीय निकाय भोपाल, इन्दौर, ग्वालियर, बुरहानपुर, खण्डवा, उज्जैन, सागर, गुना और छतरपुर शामिल हुए। द्वितीय चरण में 15 निकाय जबलपुर, छिंदवाड़ा, कटनी, रीवा, देवास, सिंगरौली, रतलाम, मुरैना, सतना, सिवनी, विदिशा, शिवपुरी, खरगोन, दमोह और धार का चयन किया गया है। तृतीय चरण में प्रदेश की 311 नगरीय निकायों का चयन स्वनिधि से समृद्धि योजना में किया गया। पीएम स्वनिधि के लाभार्थी और उनके परिजन को केन्द्र सरकार की जिन आठ जन-कल्याणकारी योजनाओं से जोड़े जाने का प्रयास किया जा रहा है, उनमें पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम श्रमयोगी मान धन योजना, वन नेशन-वन कार्ड, पीएम जन-धन योजना, पीएम मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना सहित भवन और अन्य निर्माण श्रमिक योजनाएँ शामिल हैं।

मानव जीवन का अंतिम लक्ष्य परमात्मा की प्राप्ति – मुख्यमंत्री चौहान

Shivraj singh Chouhan

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मानव जीवन में परमात्मा की प्राप्ति के लिए ऋषि मुनियों द्वारा तीन अलग-अलग मार्ग- ज्ञान मार्ग, भक्ति मार्ग और कर्म मार्ग बताए गए है। इन तीनों मार्ग पर चल कर भगवान को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संत ज्ञान मार्ग से ईश्वर को प्राप्त करते है, मीराबाई और हनुमान की तरह भक्ति मार्ग से भी भगवान की प्राप्ति की जा सकती है। साथ ही हम अपने जीवन में सही रास्ते पर चल कर कर्म करते हुए भी कर्म मार्ग से भी ईश्वर को प्राप्त कर सकते है। उन्होंने कहा कि हम सभी को कर्म मार्ग पर चलने की कोशिश करना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान बुधनी विकाखण्ड के ग्राम बकतरा में सीताराम महायज्ञ में शामिल हुए और संतों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने बकतरा में एक करोड़ रूपए की लागत से सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भगवान ने जो काम अपने लिए निश्चित कर दिया है, उसको मेहनत और ईमानदारी से करेंगे तो भगवान को प्राप्त करना आसान होगा। यदि किसान पूरी मेहनत और लगन से खेती कर फसल उगाए, डॉक्टर नि:स्वार्थ भाव से मरीजों का इलाज करें और शिक्षक ईमानदारी से बच्चों को शिक्षा प्रदान करेंगे तो कर्म के मार्ग पर चलते हुए ईश्वर की प्राप्ति की जा सकती है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बहनें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को खुद ही पूरा कर सके, इसके लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई गई है। सभी महिलाओं के पंजीयन का कार्य सुनिश्चित किया गया है और 10 जून से पात्र महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रूपए की राशि डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह ही इस वर्ष भी किसानों से मूंग की खरीदी सरकार द्वारा की जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने श्रीराम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने राम दिनेशाचार्य जी, राम कृपालु शास्त्री जी और राघव दिनकर महाराज से आशीर्वाद लिया। सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत, रामकिशन पटेल, वीर सिंह चौहान सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालू उपस्थित थे।

सोनाक्षी सिन्हा ने ‘पहाड़’ के निर्माताओं को तोहफे में दी टाइगर की पेंटिंग

sonakshi

 

दिल्ली, बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की आगामी फिल्म ‘दहाड़’ जहां वैश्विक स्तर पर दर्शकों और आलोचकों को समान रूप से आकर्षित कर रही है, वहीं अभिनेत्री ने अपनी प्रतिभा का एक और पहलू दिखाते हुए, निर्माता ज़ोया अख्तर और रीमा कागती के प्रोडक्शन हाउस ‘टाइगर बेबी’ को सम्मान देते हुए बाघ की एक लुभावनी पेटिंग भेंट की, जिसे अभिनेत्री ने खुद बनाया है।इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा को एक सीरियल किलर का पीछा करने के लिए मजबूत और दृढ़ पुलिस वाली की भूमिका में उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए व्यापक प्रशंसा मिली है। सोनाक्षी ने इसके बाद इस्टाग्राम पर एक पोस्ट में क्रिएटर्स का शुक्रिया अदा किया और कहा, “इस फिल्म में मेरी सर्वश्रेष्ठ भूमिका का सृजन करने वाली लड़कियों के लिए मेरी सर्वश्रेष्ठ रचना। मुझे अंजलि भाटी बनाने के रीमा कागती और जोया अख्तर का धन्यवाद।” रीमा कागती और रुचिका ओबेरॉय द्वारा निर्देशित, ‘दहाड़’ एक्सेल मीडिया एंड एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी द्वारा निर्मित है, जिसमें रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर, जोया अख्तर और रीमा कागती कार्यकारी निर्माता हैं। इसके अलावा, इस फिल्म में विजय वर्मा, गुलशन देवैया और सोहम शाह भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। आठ-एपिसोड की यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।

कांग्रेस ने मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर पूछे नौ सवाल

congress-media

 

दिल्ली, कांग्रेस ने सत्ता में नौ साल पूरा होने पर मोदी सरकार से शुक्रवार को नौ सवाल पूछे और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुप्पी तोड़ कर इन सवालों का जवाब देना चाहिए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश, विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा तथा प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आज यहां पार्टी मुख्यालय में नौ सवालों को लेकर एक पुस्तिका जारी की और कहा की कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान और बाद में लगातार ये नौ सवाल उठाए हैं लेकिन सरकार की तरफ से आज तक किसी भी सवाल का जवाब नहीं मिला।उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी आज प्रधानमंत्री मोदी से नौ सवाल पूछ रही है। हम चाहते हैं कि इन सभी सवालों पर मोदी चुप्पी तोड़ें और खुद देश को इन सवालों का जवाब दें।”कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने नौ साल में पुरानी योजनाओं को नया नाम देकर पेश किया और प्रधानमंत्री ने इसमें प्रचारक की भूमिका निभाई।”उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह से पहले की एलपीजी ग्रामीण वितरण योजना को उज्ज्वला नाम दिया गया उसी तरह अन्य कई पुरानी योजनाओं को नया नाम देने में पिछले नौ साल में बड़ी उपलब्धियां हासिल की गई हैं।उन्होंने सरकार से पहले सवाल महंगाई को लेकर किया और कहा कि देश में महंगाई और बेरोज़गारी आसमान क्यों छू रही है। अमीर और अमीर तथा ग़रीब और ग़रीब क्यों हुआ। सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी के मित्रों को क्यों बेचा जा रहा है और देश में आर्थिक विषमताएं लगातार बढ़ क्यों रही हैं?कृषि संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा, “ऐसा क्यों है कि काले कृषि कानूनों को रद्द करते समय किसान संगठनों के साथ हुए समझौतों को अभी तक लागू नहीं किया गया। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी क्यों नहीं दी गई। पिछले नौ सालों में भी किसानों की आय क्यों दोगुनी नहीं हुई?”

सेंसेक्स साढ़े पांच माह के उच्चतम स्तर पर

Business News

 

मुंबई, वैश्विक बाजार के मिले जुले रुख के बीच स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज सेंसेक्स करीब साढ़े पांच माह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 629.07 अंक अर्थात 1.02 प्रतिशत की उड़ान भरकर करीब साढ़े पांच माह के उच्चतम स्तर एवं 62 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 62501.69 अंक पर रहा। इससे पूर्व पिछले वर्ष 14 दिसंबर को यह 62677.91 अंक पर रहा था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 178.20 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की छलांग लगाकर 18499.35 अंक पर रहा।इस दौरान बीएसई की दिग्गज कंपनियों की तरह मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली हुई, जिससे मिडकैप 0.82 प्रतिशत की तेजी लेकर 26,803.15 अंक और स्मॉलकैप 0.49 प्रतिशत चढ़कर 30,162.66 अंक पर पहुंच गया। बीएसई में कुल 3630 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1969 में तेजी जबकि 1522 में गिरावट रही वहीं 139 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 43 कंपनियां हरे जबकि शेष सात लाल निशान पर रही।बीएसई में तेल एवं गैस, पावर और यूटिलिटीज समूह की 0.52 प्रतिशत तकी गिरावट को छोड़कर शेष 16 समूहाें में तेजी रही। इस दौरान कमोडिटीज 0.96, सीडी 0.70, ऊर्जा 0.59, एफएमसीजी 1.29, वित्तीय सेवाएं 0.66, हेल्थकेयर 0.96, इंडस्ट्रियल्स 0.64, आईटी 1.34, दूरसंचार 0.67, ऑटो 0.80, बैंकिंग 0.74, कैपिटल गुड्स 0.64, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.85, धातु 1.05, रियल्टी 1.31 और टेक समूह के शेयर 1.12 प्रतिशत चढ़ गए।विश्व बाजार में मिलाजुला रुख रहा। इस दौरान ब्रिटेन का एफटीएसई 0.10, जर्मनी का डैक्स 0.35 और हांगकांग का हैंगसेंग 1.93 प्रतिशत लुढ़क गया जबकि जापान का निक्केई 0.37, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.16 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.35 प्रतिशत चढ़ गया।

नये संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति से कराने की याचिका खारिज

new parliament building inauguration date

दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने भारत के राष्ट्रपति से यहां नवनिर्मित संसद भवन का उद्घाटन कराने के लिए लोकसभा सचिवालय को निर्देश देने की मांग वाली एक जनहित याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी।न्यायमूर्ति जे. के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति पी. एस. नरसिम्हा की अवकाशकालीन पीठ ने अधिवक्ता सी आर जया सुकिन की याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।शीर्ष अदालत के सुनवाई करने से इनकार के बाद याचिकाकर्ता ने पीठ की सहमति के बाद अपनी याचिका वापस ले ली।

पीठ ने हालांकि, याचिकाकर्ता से पूछा कि संसद की इमारत के उद्घाटन में उनकी भूमिका कैसी थी।याचिकाकर्ता ने राष्ट्रपति की भूमिका महत्वपूर्ण बताने वाली दलीलें देते हुए कहा कि वह (द्रौपदी द्रौपदी मुर्मू) संसद की प्रमुख हैं।याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में दावा किया है कि लोकसभा सचिवालय ने नए संसद भवन के उद्घाटन के लिए राष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं करके संविधान का उल्लंघन किया है।याचिका में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रपति भारत के पहले नागरिक और संसद की संस्था के प्रमुख हैं। संसद में भारत के राष्ट्रपति और सर्वोच्च विधायिका के दो सदन – राज्यसभा और लोकसभा शामिल हैं।याचिका में कहा गया है, “देश के बारे में सभी महत्वपूर्ण निर्णय भारतीय राष्ट्रपति के नाम पर लिए जाते हैं, हालांकि, इनमें से अधिकांश भारतीय संविधान के अनुच्छेद 74 के अनुसार मंत्रिपरिषद (सीओएम) द्वारा दी गई सलाह पर लिए हैं।”याचिकाकर्ता सुकिन ने कहा, “लोकसभा सचिवालय द्वारा 18 मई को जारी किया गया बयान और नए संसद भवन के उद्घाटन के बारे में लोकसभा महासचिवद्वारा जारी किया गया निमंत्रण रिकॉर्डों के उचित अध्ययन के बिना और बिना सोच विचार के मनमाने ढंग से जारी किया गया है।”गौरतलब है कि नवनिर्मित संसद भवन का उद्घाटन रविवार (28 मई ) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...