Kolar Congress: भोपाल महापौर और मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, थाली-चम्मच और बीन बजाकर जताया विरोध

भोपाल। कोलार में सीलिंग और मास्टर प्लान के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने रविवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। मंदाकिनी चौराहे पर कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाली-चम्मच, बीन और पुंगी बजाकर भोपाल की महापौर को ‘गुमशुदा’ बताते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कोलार के व्यापारी दुकानें बंद कर विरोध कर रहे हैं और आमजन व रहवासी भी परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित ध्यान नहीं है। महिलाओं ने थाली-चम्मच बजाकर भोपाल की महापौर को जगाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया, जबकि युवाओं ने बीन और पुंगी बजाकर जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल सिंह राठौर ने कहा कि कोलार में सीलिंग के मुद्दे और अन्य समस्याओं को लेकर व्यापारी और रहवासी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता महापौर, सांसद और हुजूर विधायक के घर के बाहर ढोल बजाकर प्रदर्शन करेंगे।
मास्टर प्लान लागू करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल का मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग की। उनका कहना है कि मास्टर प्लान लागू होने से कोलार के रहवासियों और व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान का रास्ता साफ हो सकता है।
प्रदर्शन में पूर्व सरपंच मंगल सिंह यादव, प्रशांत चौहान, ब्रज साहू, योगेश सराठे, महक राणा सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Previous articleदेश के अग्रणी राज्यों में होगी छत्तीसगढ़ की पहचान, विकास को मिलेगी नई रफ्तार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय