बाल्टीमोर में चर्च के अधिकारियों पर 600 से अधिक बच्चों के यौन शोषण को छुपाने का आरोप

news-intarnational

 

वाशिंगटन। अमेरिका में मैरीलैंड के शीर्ष अभियोजक ने बुधवार को बाल्टीमोर में कैथोलिक चर्च के अधिकारियों पर 600 से अधिक बच्चों के यौन शोषण को छुपाने का आरोप लगाया है। एनबीसी न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि राज्य के अटॉर्नी जनरल एंथनी ब्राउन ने 463 पन्नों की एक रिपोर्ट में इस दुर्व्यवहार का उल्लेख किया है, जिसमें कई पादरियों का नाम लिया गया है और बताया है कि उन्होंने क्या किया है।

एनबीसी न्यूज ने रिपोर्ट का हवाला देते हुए गुरुवार को कहा,“बार-बार, चर्च के पदानुक्रम के सदस्यों ने यथासंभव लंबे समय तक बाल यौन शोषण के आरोपों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।” एनबीसी न्यूज के मुताबिक रिपोर्ट में कहा गया,“जब इनकार करना असंभव हो जाता है, तो चर्च नेतृत्व दुर्व्यवहार करने वालों को पैरिश या स्कूल से हटा देता है, कभी-कभी इस वादे के साथ कि उनका बच्चों के साथ कोई और संपर्क नहीं होगा।

चर्च के दस्तावेज़ परेशान करने वाली स्पष्टता से प्रकट करते हैं कि महाधर्मप्रांत बच्चों की रक्षा के साथ इससे अधिक घोटाले और नकारात्मक प्रचार से बचने के लिए चिंतित था।” एनबीसी न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि 600 से अधिक बच्चों की जानकारी है, जिनसे 156 लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया है, लेकिन यह संख्या कहीं अधिक होने की संभावना है।”

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से नौ मरीजों की मौत

covid19

 

दिल्ली,  देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से नौ मरीजों की मौत हुई है और सक्रिय मामलों में वृद्धि जारी रहने से इस दौरान संक्रमण के 2,891 सक्रिय मामले बढ़े हैं।इस बीच देश में कोरोना टीकाकरण जारी है और इसी क्रम में पिछले 24 घंटों में 1,963 लोगों को टीका लगाया गया है। अब तक देश में 2,20,66,22,663 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 31,194 हो गयी है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 4,47,51,259 हो गयी है। वहीं मृतकों की संख्या बढ़कर 5,30,954 हो गयी है। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 3,253 बढ़कर 4,41,89,111 पर पहुंच गया है।देश में पिछले 24 घंटों के दौरान केरल में सक्रिय मामलों की संख्या में सर्वाधिक 1,187 की वृद्धि हुई है। इसके अलावा, महाराष्ट्र में 500, दिल्ली में 271, हरियाणा में 215, तमिलनाडु में 164, उत्तर प्रदेश में 150, पंजाब में 98, राजस्थान में 88, कर्नाटक में 80, केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 71, छत्तीसगढ़ में 65, पुड्डुचेरी में 61, ओडिशा में 60, पश्चिम बंगाल में 30, आन्ध्र प्रदेश में 20, बिहार और मध्य प्रदेश में 15-15, चंडीगढ़ में 14, गुजरात में 13, तेलंगाना में आठ, सिक्किम में छह, मेघालय में तीन, अरुणाचल प्रदेश में कोरोना का एक मामला बढ़ा है। वहीं महाराष्ट्र में तीन, दिल्ली में दो, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में क्रमशः एक-एक व्यक्ति की इस बीमारी से मौत हो गयी।

मुद्रा योजना में आठ सालों में 23.2 लाख करोड़ के 40.81 करोड़ ऋण मंजूर

Smt._Nirmala_Sitharaman

दिल्ली, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के शुभारंभ से लेकर अब तक 23.2 लाख करोड़ रुपये के 40.82 करोड़ से भी अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं और इससे जमीनी स्तर पर बड़ी संख्या में रोजगार सृजित करने में मदद मिली है तथा यह भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ गेम चेंजर भी साबित हुई है।वित्त मंत्री ने इस योजना के आठ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना से सूक्ष्म उद्यमों तक ऋणों की आसान एवं परेशानी मुक्त पहुंच संभव हो पाई है और इससे बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों को अपना व्यवसाय शुरू करने में मदद मिली है।प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) का शुभारंभ 8 अप्रैल 2015 को प्रधानमंत्री द्वारा आय सृजित करने वाली गतिविधियों के लिए गैर-कॉरपोरेट, गैर-कृषि लघु और सूक्ष्म उद्यमियों को 10 लाख रुपये तक के गिरवी-मुक्त सूक्ष्म ऋण आसानी से मुहैया कराने के उद्देश्य से किया गया था। ‘पीएमएमवाई’ के तहत ऋण दरअसल सदस्य ऋणदाता संस्थाओं (एमएलआई) यथा बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी), सूक्ष्म वित्त संस्थानों (एमएफआई) और अन्य वित्तीय मध्यस्थों द्वारा प्रदान किए जाते हैं।पीएमएमवाई के आंकड़ों के संदर्भ में श्रीमती सीतारमण ने कहा कि इस योजना के शुभारंभ से लेकर 24 मार्च 2023 तक 40.82 करोड़ ऋण खातों में लगभग 23.2 लाख करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के तहत लगभग 68 प्रतिशत खाते महिला उद्यमियों के हैं और 51 प्रतिशत खाते एससी/एसटी और ओबीसी श्रेणियों के उद्यमियों के हैं। यह दर्शाता है कि देश के नवोदित उद्यमियों को आसानी से ऋण की उपलब्धता से नवाचार और प्रति व्यक्ति आय में सतत वृद्धि हुई है।एमएसएमई के माध्यम से विकास पर वित्त मंत्री ने कहा कि एमएसएमई के विकास ने ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम में व्‍यापक योगदान दिया है क्योंकि मजबूत घरेलू एमएसएमई की बदौलत घरेलू बाजारों के साथ-साथ निर्यात के लिए भी स्वदेश में उत्पादन काफी अधिक बढ़ गया है। पीएमएमवाई योजना से जमीनी स्तर पर बड़ी संख्‍या में रोजगार अवसर सृजित करने में मदद मिली है और यह भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ गेम चेंजर भी साबित हुई है।इस अवसर पर वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किसानराव कराड ने कहा कि पीएमएमवाई का उद्देश्य देश में सूक्ष्म उद्यमों तक गिरवी-मुक्त ऋणों की निर्बाध पहुंच सुनिश्‍चि‍त करना है। इसने समाज के ऋणों से वंचित और बेहद सीमित ऋण पाने वाले वर्गों को संस्थागत ऋण के ढांचे के भीतर ला दिया है। ‘मुद्रा’ को बढ़ावा देने की सरकारी नीति से लाखों एमएसएमई अब औपचारिक अर्थव्यवस्था का हिस्‍सा बन गए हैं और इससे उन्हें अनाप-शनाप ब्‍याज दरों पर ऋण देने वाले साहूकारों के चंगुल से बाहर निकलने में मदद मिली है।वित्तीय समावेश कार्यक्रम का कार्यान्वयन तीन स्तंभों बैंकिंग सेवाओं से वं‍चि‍तों को बैंकिंग सुविधाएं मुहैया कराने, असुरक्षित को सुरक्षित करने और वित्‍त से वं‍चि‍तों का वित्‍त पोषण करने पर आधारित है। इन तीनों उद्देश्यों को प्रौद्योगिकी का उपयोग करके और बहु-हितधारक सहयोगात्मक दृष्टिकोण को अपनाते हुए प्राप्त किया जा रहा है, जबकि ऋणों से वंचित और बेहद सीमित ऋण पाने वालों को ऋण मुहैया कराए जा रहे हैं।वित्तीय समावेश के तीन स्तंभों में से एक स्तंभ वित्‍त से वं‍चि‍तों का वित्‍त पोषण करना दरअसल ‘पीएमएमवाई’ के माध्यम से वित्तीय समावेश में परिलक्षित होता है जिसे छोटे उद्यमियों तक ऋणों की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यान्वित किया जा रहा है।वित्त की आवश्यकता और संबंधित व्‍यवसाय की परिपक्वता स्थिति के आधार पर ऋणों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। ये हैं ‘शिशु’ (50,000 रुपये तक के ऋण), ‘किशोर’ (50,000 रुपये से अधिक और 5 लाख रुपये तक के ऋण), और ‘तरुण’ (5 लाख रुपये से अधिक और 10 लाख रुपये तक के ऋण)। ‘पीएमएमवाई’ के तहत ऋण कृषि से संबद्ध गतिविधियों जैसे कि पोल्ट्री, डेयरी, मधुमक्खी पालन, इत्‍यादि सहित विनिर्माण, व्यापार और सेवा क्षेत्रों में आय सृजित करने वाली गतिविधियों के लिए वित्त पोषण के सावधि ऋण और कार्यशील पूंजी दोनों ही घटकों को पूरा करने के लिए प्रदान किए जाते हैं।ब्याज दर आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार ऋणदाता संस्थानों द्वारा तय की जाती है। कार्यशील पूंजी की सुविधा के मामले में ब्याज कर्जदार द्वारा केवल रात भर हेतु लिए गए धन पर ही लगाया जाता है।इस योजना के शुभारंभ से लेकर अब तक 23.2 लाख करोड़ रुपये की राशि के 40.82 करोड़ से भी अधिक ऋण स्वीकृत किए गए हैं। कुल ऋणों का लगभग 21 प्रतिशत नए उद्यमियों के लिए स्वीकृत किया गया है। कुल ऋणों में से लगभग 69 प्रतिशत ऋण महिला उद्यमियों के लिए स्वीकृत किए गए हैं और 51 प्रतिशत ऋण एससी/एसटी/ओबीसी श्रेणियों के कर्जदारों के लिए स्वीकृत किए गए हैं। पीएमएमवाई के तहत शिशु ऋणों के त्‍वरित पुनर्भुगतान पर 2 प्रतिशत की ब्याज सब्सिडी सभी पात्र कर्जदारों को 12 माह की अवधि के लिए दी गई। वित्त मंत्री द्वारा कोविड महामारी के दौरान 14 मई 2020 को ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के तहत यह घोषणा की गई। इस योजना को किसी अभूतपूर्व हालात से निपटने के लिए एक विशिष्ट उपाय के रूप में तैयार किया गया था और इसका उद्देश्य ऋण की लागत को कम करके ‘समाज के सबसे निचले तबके’ वाले कर्जदारों की वित्तीय मुश्किलों को कम करना था। यह योजना 31 मार्च 2021 तक चालू थी।कर्जदारों के खातों में सब्सिडी राशि डालने के लिए सिडबी द्वारा एमएलआई को 636.89 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।सूक्ष्म इकाइयों के लिए ऋण गारंटी फंड (सीजीएफएमयू) बनाया। सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी ‘नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (एनसीजीटीसी)’ के तत्वावधान में जनवरी 2016 में ‘सूक्ष्म इकाइयों के लिए क्रेडिट गारंटी फंड’ बनाया गया था, ताकि इन्‍हें गारंटी दी जा सके।

बलरामपुर: सड़क हादसे में छह लोगों की मौत

balampur

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश में बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पति -पत्नी सहित छह लोगों की मौत हो गयी।अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि बलरामपुर उतरौला मार्ग पर ग़ालिबपुर गांव के पास आज सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के कार में सवार सभी सदस्यों की मौत हो गयी। सोनू साहू अपने परिवार के अन्य पांच लोगों के साथ कार से नैनीताल से वापस देवरिया जिले में स्थित अपने घर जा रहे थे कि अचानक बलरामपुर उतरौला मार्ग पर ग़ालिबपुर गांव के पास सामने से आ रही अनियंत्रित ट्रक से कार की भिड़ंत हो गयी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार भी बहुत अधिक थी ।अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना में कार में सवार पति पत्नी व चार बच्चों की मृत्यु हो गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुटी है।अन्य मृतकों की पहचान करायी जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भरी लड़ाकू विमान सुखोई में उड़ान

Droupadi Murmu

दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को वायु सेना के तेजपुर बेस से लड़ाकू विमान सुखोई में उड़ान भरी।असम की यात्रा पर गई तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती मुर्मू सुबह तेजपुर वायु सैनिक अड्डे पहुंची और उन्होंने करीब आधे घंटे तक सुखोई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। उनका विमान ब्रह्मपुत्र नदी और तेजपुर घाटी के ऊपर से गुजरते हुए वापस तेजपुर वायु सैनिक अड्डे पहुंचा।इस विमान को 106 स्क्वाड्रन के कमांडिंग अफसर ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार ने उड़ाया। विमान समुद्र तल से करीब दो किलोमीटर की ऊंचाई पर रहा और इसकी गति 800 किलोमीटर प्रति घंटा रही। श्रीमती मुर्मू सुखोई में उड़ान भरने वाली देश की तीसरी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं।बाद में राष्ट्रपति ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा, “सुखोई लड़ाकू विमान में उड़ान भरना मेरे लिए रोमांचक अनुभव था । यह गर्व की बात है कि भारत की रक्षा क्षमता का विस्तार जल, थल और वायु सभी मोर्चों तक हुआ है। मैं वायु सेना और तेजपुर वायु सेना स्टेशन की समूची टीम को इस उड़ान के लिए बधाई देती हूं।”श्रीमती मुर्मू को सुखोई विमान और वायु सेना की संचालन क्षमताओं के बारे में भी जानकारी दी गई। राष्ट्रपति ने वायुसेना की संचालन तैयारियों की सराहना करते हुए उन पर संतोष व्यक्त किया।

मीना समाज की बैठक में फिजूल खर्ची रोकने पर विचार

Shaym singh meena

भोपाल। उपनगर कोलार के वैभव मैरिज गार्डन में आयोजित मीना समाज जागृत समिति की बैठक के दौरान वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सिंह मीना ने  संकल्प व्यक्त करते कहा मेरी मृत्यु के बाद मृत्यु भोज नही दिया जाएगा। इसका पालन मेरे उत्तराधिकारी करेंगे। कोई भी मेरे परिवार पर मृत्यु भोज के लिए दबाव नही बनाएगा। में अपनी इच्छा से यह संकल्प लेता हूँ।

बैठक में सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने और फिजूलखर्च रोकने पर विचार किया जा रहा था इस बीच वरिष्ठ समाजसेवी मीना ने यह कहते हुए कि मृत्यु भोज के बजाय किसी जरूरतमंद का सहयोग कर दिया जाए तो बेहतर होगा अपनी इच्छा से संकल्प ले डाला

जैसा सभी जानते है की श्याम सिंह मीना ने अपने दोनों बच्चों की सगाई के दौरान 11 रुपये से गोद भराई की रस्म अदा की थी साथ ही उन्होंने बिना दहेज के अपने पुत्रों का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में किया। श्याम सिंह मीना कोलार के वरिष्ठ और चर्चित समाजसेवी है इनकी धर्मपत्नी श्रीमती मनफूल मीना नगर निगम की जोन अध्यक्ष भी रह चुकी है

बैठक में मौजूद समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने श्याम सिंह मीना के इस संकल्प का तालियां बजा कर स्वागत किया

समिति प्रभारी मोहन सिंह मीना एवं अध्यक्ष विक्रम सिंह मीना ने कहा कि श्याम सिंह मीना द्वारा लिया गया संकल्प समाज के लिए एक मिसाल है सामाजिक कुर्तियों और फिजूलखर्ची रोकने के लिए समाज को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए

इस मौके पर मोहन सिंह मीना, विक्रम सिंह मीना, अजय मीना, कैलाश मीना, बागमल मीना, जसवंत मीना, महेश मीना, मंजीत मारन, रामसेवक मीना, चंपालाल मीना, ताराचंद्र मारन, कैलाश मीना, अशोक मीना, दिनेश मीना, विश्वनाथ मीना आदि मौजूद थे।

 

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भाजपा में शामिल

kiarn-redi

नयी दिल्ली, आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। रेड्डी यहां भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर जोशी ने कहा कि रेड्डी के शामिल होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई मजबूत होगी। भाजपा में शामिल होने के बाद रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि वह मोदी के नेतृत्व में काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “ कांग्रेस पार्टी के साथ मेरे परिवार का जुड़ाव लगभग 60 साल का था और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह कांग्रेस छोड़ देंगे।” उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान से बहुत प्रेरित हैं तथा उनके नेतृत्व में भाजपा सरकार के पास देश के विकास के लिए विशेष रूप से देश के युवाओं के लिए एक बहुत स्पष्ट दृष्टिकोण है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा, “ क्या हुआ है कि कांग्रेस आलाकमान के खराब फैसलों के कारण राज्य दर राज्य कांग्रेस को सभी राज्यों में नुकसान हो रहा है। वे लोगों से मेलजोल नहीं रखते। वे नेताओं की राय नहीं लेते। यह किसी एक राज्य की कहानी नहीं है। यह पूरे देश में एक कहानी है।” रेड्डी ने कहा , “ एक पुरानी कहावत है – मेरा राजा बहुत बुद्धिमान है। वह अपने बारे में नहीं सोचता और वह किसी की सलाह नहीं सुनता।” रेड्डी ने 2014 में तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के आंध्र प्रदेश को विभाजित करने और तेलंगाना को अलग करने के फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपनी पार्टी ‘जय समैक्य आंध्र’ बनायी थी और 2014 के चुनावों में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार भी उतारे थे।

मुरैना की गजक और रीवा के सुंदरजा आम को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

gajak

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुरैना की गजक और रीवा के सुंदरजा आम को अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी। मुरैना की गजक का स्वाद, देश ही नहीं दुनिया में सराहा जा रहा है। रीवा के सुंदरजा आम की मिठास अद्भुत है। प्रदेश का चंबल और विंध्य क्षेत्र निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुरैना की गजक और रीवा के सुंदरजा आम को जीआई टेग मिलने से इन क्षेत्रों की राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर एक अलग पहचान बनेगी। मुख्यमंत्री ने विंध्य और चंबलवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री चौहान श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।

पुराने कुएँ-बावड़ियों का जीर्णोद्धार कर जल-स्रोतों के रूप में उपयोग किया जाएगा : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

bawdi

भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सुरक्षा की सभी व्यवस्थाएँ करते हुए पुराने कुएँ-बावड़ियों का जीर्णोद्धार कर, उनका जल-स्रोतों के रूप में उपयोग किया जाएगा। इन्दौर में विगत दिनों हुई हृदय विदारक घटना के बाद प्रदेश में कुएँ-बावड़ियों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित बनाने के हर संभव उपाय करने के निर्देश दिए गए थे। इनको चिन्हित करने का कार्य जारी है। उन्हें भरने के बजाए, जल-स्रोतों के रूप में उपयोग करने के उद्देश्य से उन्हें सुरक्षित बनाते हुए जीर्णोद्धार करने से कुएँ-बावड़ियाँ समाज के लिए उपयोगी होंगी। इन्दौर में सामंजस्य और सद्भाव के साथ फिर से मंदिर स्थापित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु फिर से पूजा-अर्चना कर सकें। मुख्यमंत्री चौहान श्यामला हिल्स उद्यान में पौध-रोपण कर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे।

तीन किलो 718 ग्राम सोना व तीन किलो चांदी के बर्तन निलंबित जेल अधीक्षक के लाकर में मिले

ujjain

 

उज्जैन, केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से 13.50 करोड़ रुपये के गबन के मामले में पुलिस निलंबित जेल अधीक्षक उषा राज को लेकर बैंक पहुंची थी। यहां उसका लाकर खुलवाया गया था।

लाकर में तीन किलो 718 ग्राम सोना व तीन किलो चांदी के बर्तन मिले हैं। वहीं, चार प्लाट, भोपाल में फ्लैट सहित अन्य दस्तावेज मिले हैं। आरोपित जगदीश परमार व जेल में बंद कैदी को ब्लैकमेल करने के मामले में आरोपित जेल प्रहरी देवेंद्र चौहान को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के 68 कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से जेल के सहायक लेखा अधिकारी रिपुदमनसिंह, धर्मेंद्र लोधी, शैलेंद्रसिंह सिकरवार ने 13.50 करोड़ रुपये निकाल लिए थे। रिपुदमन ने जेल अधीक्षक उषा राज के आइडी व पासवर्ड का उपयोग कर गबन कांड को अंजाम दिया था।

भोपाल AIIMS में अंगदान से 3 लोगों को नई जिंदगी की उम्मीद, शिवानी को...

0
भोपाल/नर्मदापुरम। अपनों को खोने का दर्द कितना गहरा होता है, यह उस परिवार से बेहतर कौन समझ सकता है, जिसने सड़क हादसे में अपनी...
social welfare 2026

₹53,428 करोड़ की सामाजिक सहायता योजना मंजूर, दिव्यांग पेंशन के नियमों में बदलाव

0
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए ₹53,428 करोड़ की...
PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27

PM-USP CSSS Scholarship Renewal 2026-27: 31 अक्टूबर तक करें आवेदन, जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज...

0
भोपाल | KOLAR18.COM | Social Welfare & Education News कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने...
Women and Child Development;

महिला एवं बाल विकास पर केंद्र-राज्य मंथन, पोषण और महिला सुरक्षा पर फोकस

0
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का दो दिवसीय विभागीय सम्मेलन 8 और 9 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जा...
yogi modi modal

उत्तर प्रदेश Social Welfare योजनाएं 2026: पेंशन, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं की जानकारी

0
पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सहायता और गरीब परिवारों के लिए प्रमुख सरकारी योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी उत्तर प्रदेश में सामाजिक कल्याण योजनाओं का दायरा...