

भोपाल, 29 नवंबर। रवींद्र भवन में रविवार शाम राजस्थान की लोक एवं सूफी संगीत परंपरा का अनूठा नजारा देखने को मिला। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) द्वारा आयोजित विश्वरंग प्रवासी उत्सव 2026 के अंतर्गत ‘विश्वरंग एक्सपीरियंस’ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित संगीतमय प्रस्तुति ‘द मांगणियार सेडक्शन’ का मंचन किया गया। प्रसिद्ध नाट्य निर्देशक एवं लेखक रॉयस्टन एबेल के निर्देशन में हुई इस प्रस्तुति में 40 से अधिक मांगणियार कलाकारों ने अपनी गायकी और पारंपरिक वाद्ययंत्रों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
33 रोशन कम्पार्टमेंट्स में साकार हुआ संगीत का संसार
‘द मांगणियार सेडक्शन’ की सबसे खास बात मंच पर बनाए गए 33 जगमगाते कम्पार्टमेंट्स रहे। कलाकार जैसे-जैसे अपनी आवाज और वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुति में शामिल होते गए, वैसे-वैसे उनके कम्पार्टमेंट रोशनी से जगमगाने लगे। संगीत, प्रकाश और रंगमंच के इस संयोजन ने पूरे आयोजन को यादगार दृश्य-श्रव्य अनुभव में बदल दिया।
बुल्ले शाह की सूफियाना रचना और ‘केसरिया बालम’ ने बढ़ाया आकर्षण
प्रस्तुति में सूफी कवि बुल्ले शाह की प्रसिद्ध रचना ‘Alfat In Bin Un Bin’ को प्रमुख स्थान दिया गया। इसके साथ विभिन्न लोकधुनों को जोड़कर संगीत की भावनात्मक यात्रा प्रस्तुत की गई। राजस्थानी लोकगीत ‘केसरिया बालम’ की धुनों ने भी दर्शकों को राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
कमायचा, खड़ताल, ढोलक और मोरचंग जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की संगत ने मांगणियार गायकी को खास पहचान दी।
पेंटिंग प्रतियोगिता में 3,500 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
विश्वरंग प्रवासी उत्सव के तीसरे दिन स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी परिसर में 8वीं टैगोर चिल्ड्रन पेंटिंग प्रतियोगिता 2026 भी आयोजित हुई। इसमें कक्षा 3 से 12वीं तक के लगभग 3,500 बच्चों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने प्रकृति, देशप्रेम, पर्यावरण, संस्कृति और तकनीक जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कैनवास पर उकेरा।
प्रतियोगिता के शीर्ष 50 विद्यार्थियों को फाइन आर्ट्स का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ओपन माइक मंच पर लोकनृत्य, संगीत और अभिनय की प्रस्तुतियां
‘विश्वरंग कलाकार’ ओपन माइक मंच पर देश की विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। असम की बोड़ो जनजाति के लोकनृत्य और ओडिशा के मयूरभंज छऊ ने विशेष आकर्षण बटोरा।
एलएनसीटी कॉलेज के विद्यार्थियों ने मूक नाटक प्रस्तुत किया। रचित ने बीट बॉक्सिंग और टैगोर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के दुर्गेश कुमार ने बांसुरी वादन किया।
बाल कलाकार इशिका कौर सोढ़ी ने ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ भजन प्रस्तुत किया, जबकि लावण्या पाटणकर ने हनुमान चालीसा पर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। टैगोर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के विद्यार्थियों ने गीत, नाटक और नृत्य के माध्यम से दर्शकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष चैतन्य आठले ने किया।
















