
भोपाल। भोपाल मास्टर प्लान 2047 को लेकर आयोजित सुनवाई में हॉस्टल एसोसिएशन ने छात्र-छात्राओं के हितों और शहर की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। एसोसिएशन की ओर से हॉस्टल संचालन के लिए व्यावहारिक नियम बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
सुनवाई के दौरान हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक चंद्र ने कहा कि भोपाल की अर्थव्यवस्था में हॉस्टल क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। हॉस्टलों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को रहने की सुविधा मिलती है। उन्होंने दावा किया कि यह क्षेत्र शहर की अर्थव्यवस्था में सालाना करीब 3000 करोड़ रुपये का सहयोग करता है।
हॉस्टल संचालन के नियम व्यावहारिक बनाने की मांग
एसोसिएशन ने मास्टर प्लान में हॉस्टल संचालन से जुड़े प्रावधानों को व्यावहारिक बनाने पर जोर दिया। इसमें छात्रावासों के लिए उपयुक्त मार्ग चौड़ाई, आवासीय सुविधाओं और संचालन संबंधी नियमों को स्पष्ट करने की मांग की गई।
हॉस्टल संचालकों का कहना है कि नियम बनाते समय छात्र-छात्राओं की जरूरतों और आवासीय व्यवस्था को ध्यान में रखा जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रहने का माहौल मिल सके।
एसोसिएशन ने मास्टर प्लान 2047 में हॉस्टल क्षेत्र के हितों को शामिल करने और ऐसे प्रावधान बनाने की मांग की, जिससे भोपाल की शैक्षणिक पहचान और छात्र आवास व्यवस्था प्रभावित न हो।
















