
भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में ग्राम टीला खेड़ी निवासी सुरेश मेवाड़ा को स्कूटी से देशी और विदेशी शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 11.22 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। वहीं, ग्राम ईटखेड़ी छाप निवासी लक्ष्मण मेवाड़ा के घर से 221 पाव देशी और 45 बोतल विदेशी शराब, कुल 59.63 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई। दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
दोनों कार्रवाई में कुल 70.85 बल्क लीटर शराब और स्कूटी सहित एक लाख 36 हजार 400 रुपये की सामग्री जब्त की गई। आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
















