मुंबई, 10 मई, बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर स्पाई थ्रिलर फिल्म उलझ में काम करती नजर आयेंगी। फिल्म उलझ में
जाह्नवी कपूर के साथ गुलशन देवैया और रोशन मैथ्यू लीड रोल में दिखाई देंगे। इंटरनेशनल स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘उलझ’ की
कास्ट और टाइटल हाल ही मेकर्स ने अनाउंस किया है। फिल्म उलझ की शूटिंग मई के आखिर से शुरू होने वाली है।
जाह्नवी कपूर, गुलशन देवैया और रोशन मैथ्यू के साथ इस फिल्म में राजेश ताइलांग, मैयांग चांग, सचिन खेदकर, राजेंद्र
गुप्ता और जितेंद्र जोशी जैसे कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आने वाले हैं। फिल्म उलझ का निर्देशन सुधांशु
सरिया करने वाले हैं। फिल्म का लेखन परवेज शेख और सुधांशु सरिया ने किया है। डायलॉग्स अतिका चोहान ने लिखे हैं।
बताया जा रहा है कि फिल्म उलझ की कहानी एक आईएफएस ऑफिसर की है। यह ऑफिसर एक रसूख रखने वाले
देशभक्तों के परिवार से है। उलझ की कहानी का ट्वीस्ट यह है कि यंग आईएफएस ऑफिसर एक खतरनाक पर्सनल
साजिश का शिकार हो जाता है और कई तरह की मुसाबितों में फंस जाता है।
स्पाई थ्रिलर फिल्म उलझ में काम करेंगी जाह्नवी कपूर
केएल राहुल की सर्जरी सफल रही
बेंगलुरु, 10 मई, भारत के वरिष्ठ बल्लेबाज केएल राहुल के चोटिल दाहिनी पैर की सर्जरी सफल रही है और वह जल्द से
जल्द राष्ट्रीय टीम में वापसी करना चाहते हैं। इस महीने की शुरुआत में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ इंडियन प्रीमियर
लीग (आईपीएल) मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए फील्डिंग करते हुए राहुल को जांघ में चोट लगी थी। इसके
बाद उन्हें आईपीएल और अगले महीने इंग्लैंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी)
फाइनल से बाहर कर दिया गया था।
चार-पांच दिन एनएबी की हिरासत में रह सकते है इमरान
इस्लामाबाद,10मई, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के चार से पांच दिनों तक राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी)
की हिरासत में रहने की संभावना है।श्री खान को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। डॉन समाचार पत्र ने एनएबी के
एक सूत्र के हवाले से बताया कि श्री खान को आज (बुधवार) जवाबदेही अदालत में पेश किया जाएगा। सूत्र ने कहा, “हम
उन्हें कम से कम चार से पांच दिनों तक हिरासत में रखने की पूरी कोशिश करेंगे।” उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय जवाबदेही
अध्यादेश, 1999 में नए संशोधनों के तहत, किसी भी अदालत द्वारा दी गई भौतिक हिरासत की अवधि 90 दिन से घटाकर 14 दिन कर दी गई है। उन्होंने कहा, “हम अदालत से 14 दिनों की अधिकतम अवधि का भौतिक रिमांड मांगेंगे,” उन्होंनेकहा कि अदालत से कम से कम चार से पांच दिनों की रिमांड देने की उम्मीद है। भ्रष्टाचार पर निगरानी रखने वाली इस संस्था ने रेंजर्स के माध्यम से पाकिस्तान तहरीके इंसाफ (पीटीआई) अध्यक्ष की गिरफ्तारी को न्यायाचित ठहराया। पीटीआई प्रमुख की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर, सूत्र ने कहा कि खान को एनएबी के रावलपिंडी/इस्लामाबाद क्षेत्रीय मुख्यालय में “आरामदायक माहौल” में हिरासत में लिया गया था। श्री खान के साथ “कठोर व्यवहार” नहीं किया जाएगा, बल्कि उनसे केवल मामले में उनकी कथित संलिप्तता और मौद्रिक लाभ मांगने के बारे में पूछताछ की जाएगी। एक आधिकारिक बयान में एनएबी ने खान के खिलाफ मामले के बारे में विवरण भी दिया है।
ट्विटर में जल्द मिलेगी वॉइस, वीडियो चैट सुविधा: मस्क
ट्विटर में जल्द मिलेगी वॉइस, वीडियो चैट सुविधा: मस्क
संयुक्त राष्ट्र, 10 मई, अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने बुधवार को घोषणा की कि ट्विटर एप पर जल्द ही वॉइस (आवाज) और वीडियो चैट की सुविधा मिलेगी। जिससे प्लेटफॉर्म के उपयोगकर्ता फोन नंबर प्रदान किए बिना कहीं भी लोगों से संपर्क कर सकेंगे। श्री मस्क ने ट्वीट किया, “जल्द ही आपके हैंडल से इस प्लेटफॉर्म पर किसी से भी वॉयस और वीडियो चैट होगी, ताकि आप दुनिया में कहीं भी लोगों से अपना फोन नंबर दिए बिना बात कर सकेंगे।”
राष्ट्रपति ने रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पुरस्कार प्रदान किए
दिल्ली 09 मई, तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मातृभूमि की रक्षा करने के लिए अदम्य साहस
और बहादुरी दिखाने वाले जांबाजों को मंगलवार को रक्षा अलंकरण समारोह में वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया। श्रीमती मुर्मू ने आज यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में आठ योद्धाओं को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया इनमें से पांच को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया है। राष्ट्रपति ने सशस्त्र सेनाओं , केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जांबाज सैनिकों तथा पुलिसकर्मियों को इस मौके पर 29 शौर्य चक्र भी प्रदान किए। इनमें से पांच रणबांकुरों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया है। इन पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की गई थी। वीरता पुरस्कार मातृभूमि की रक्षा में अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन करने वाले सैनिकों तथा पुलिसकर्मियों को प्रदान किए जाते हैं।
देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या कम हुई
दिल्ली, 10 मई, देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के सक्रिय मामले 1,336 घटकर 21,406 रह गए हैं और इसी
अवधि में आठ मरीजों की जान चली गयी है। इस बीच देश में कोरोना टीकाकरण जारी है और पिछले 24 घंटों में 2,055
लोगों को टीका लगाया गया है। अब तक देश में 2,20,66,84,570 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 4,49,74,909 हो गयी है। वहीं कोरोना महामारी से आठ मरीजों की मृत्यु होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,31,722 हो गयी है। इसी अवधि में कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वालों का आंकड़ा 3,430 बढ़कर 4,44,21,781 पर पहुंच गया है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र में सक्रिय मामलों की संख्या में सर्वाधिक 40 की वृद्धि हुई है। इसके अलावा, गोवा में 22, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम में तीन, नागालैंड में एक कोरोना मामले बढ़े हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 238 कोरोना मामलों में गिरावट दर्ज की गयी है। इसी अवधि में तमिलनाडु में 166 और हरियाणा में 147, केरल में 131, राजस्थान में 124, छत्तीसगढ़ में 103 तथा अन्य राज्य़ों आन्ध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, लद्दाख, मध्य प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, ओडिशा, पुड्डुचेरी, पंजाब, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामलों में कमी पायी गयी है।
सुप्रीम कोर्ट ‘द केरल स्टोरी’ पर बंगाल में प्रतिबंध के खिलाफ याचिका पर 12 मई को करेगा सुनवाई
दिल्ली, 10 मई, उच्चतम न्यायालय विवादास्पद फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ पर पश्चिम बंगाल में रोक लगाने के राज्य सरकार के फैसले के खिलाफ फिल्म निर्माताओं की ओर से दायर याचिका पर 12 मई को सुनवाई करेगा। मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा की पीठ ने बुधवार को याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे की गुहार स्वीकार करते हुए याचिका पर सुनवाई के लिए अपनी सहमति व्यक्त की। श्री साल्वे ने ‘विशेष उल्लेख’ के दौरान इस मामले पर शीघ्र सुनवाई का अनुरोध किया था। उन्होंने पीठ के समक्ष अनुरोध करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा 8 मई को फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई थी। दूसरी, ओर तमिलनाडु में प्रतिबंध का खतरा मंडरा रहा है। पीठ ने शुरुआत में कहा कि वह 15 मई को फिल्म से संबंधित अन्य याचिकाओं के साथ इस मामले की भी सुनवाई करेगी। इसके बाद श्री साल्वे ने दलील देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल के बाद तमिलनाडु में भी प्रतिबंध की आशंका के कारण रोजाना निर्माताओं को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। इस दलील के बाद पीठ ने शुक्रवार को सुनवाई करने पर अपनी सहमति व्यक्त की। इससे पहले शीर्ष अदालत ने मंगलवार को इसी फिल्म पर रोक लगाने पर केरल उच्च न्यायालय के इनकार के खिलाफ दायर याचिका पर 15 मई को सुनवाई की गुहार स्वीकार की थी। मुख्य न्यायाधीश चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल के अनुरोध को स्वीकार करते हुए सुनवाई करने पर अपनी सहमति जताई थी। श्री सिब्बल ने इस मामले को ‘विशेष उल्लेख’ के दौरान उठाते हुए तत्काल सुनवाई करने का अनुरोध किया था। शीर्ष अदालत के समक्ष पिछले कुछ दिनों में यह मामला यह पांचवीं बार आया है। इससे पहले फिल्म से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर सुनवाई करने से शीर्ष अदालत ने इनकार कर दिया था। सनशाइन पिक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित और सुदीप्तो सेन द्वारा निर्देशित यह फिल्म शुक्रवार 5 मई 2023 को देशभर में रिलीज की गई थी। हालांकि, पश्चिम बंगाल सरकार ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए 8 मई को इस के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद निर्माताओं ने सिर्फ अदालत का दरवाजा खटखटाया। शीर्ष अदालत के समक्ष दायर एक अन्य याचिका में केरल उच्च न्यायालय के 5 मई के आदेश की वैधता पर सवाल उठाया गया है, जिस में कहा गया है कि फिल्म में इस्लाम या मुसलमानों के खिलाफ कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है।
सलकनपुर धाम देवी लोक के लिए “एक ईंट आपके घर की अभियान”
सलकनपुर देवी लोक का भूमि-पूजन 31 मई को : क्षेत्र के सभी परिवार निर्माण में दें योगदान
भोपाल, मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बुधनी क्षेत्र में सिंचाई सुविधा, रोड नेटवर्क, शिक्षा सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति और औद्योगिक गतिविधियों का बहुत विस्तार हुआ है। इसी क्रम में सलकनपुर देवी लोक विकसित किया जा रहा है, जिसका भूमि-पूजन 31 मई को होगा। इससे पहले 16 से 28 मई तक गाँव-गाँव में यात्राएँ निकलेंगी। यात्राओं में “एक ईंट आपके घर की” अभियान में ईंट प्रदान कर क्षेत्र के सभी परिवार देवी लोक निर्माण में अपना योगदान दें। देवी माँ से यही प्रार्थना है कि सबका मंगल हो, सबका कल्याण हो, सब निरोगी रहे और सब पर आनंद की वर्षा हो।
अवैध परिवहन की रोकथाम में होगा आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का उपयोग मुख्यमंत्री चौहान की अध्यक्षता में हुई जिला खनिज प्रतिष्ठान की बैठक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जिला खनिज प्रतिष्ठान की राशि से कराए जाने वाले कार्यों की अनुमति और स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल रखा जाए। यह सुनिश्चित किया जाये कि जनहित और विकास के कार्य शीघ्र पूर्ण हो। मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में जिला खनिज प्रतिष्ठान की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला खनिज प्रतिष्ठान की निधि का उपयोग जिलों में खेल, पर्यटन संबंधी सुविधाएँ विकसित करने तथा सामुदायिक महत्व और अन्य जनोपयोगी अधो-संरचना के निर्माण में भी किया जाये। खनिज साधन मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव वित्त अजीत केसरी और प्रमुख सचिव खनिज साधन निकुंज श्रीवास्तव उपस्थित थे।
जानकारी दी गई कि प्रदेश में अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर आधारित मानवरहित चेक गेट स्थापित किये जायेंगे। एनजीटी ने इसकी स्वीकृति प्रदान की है। जिला खनिज प्रतिष्ठान में वर्ष 2015-16 से 2022-23 तक 05 हजार 657 करोड़ से अधिक की राशि संग्रहीत हुई है। इससे विभिन्न जिलों में परियोजना संचालित की जा रही हैं। बैठक में प्रतिष्ठान की राशि से जिलों में जारी कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई।
प्रदेशवासियों के जीवन को बेहतर बनाना ही मेरी जिंदगी का मकसद : मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेशवासियों के जीवन को बेहतर बनाना ही मेरी जिंदगी का मकसद है। समरस पंचायतों ने निर्विरोध पंच और सरपंच निर्वाचित कर श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत किया है। ये पंचायतें अद्भुत हैं, इन पंचायतों में आने वाले गाँव समरस ही रहे। किसी भी गाँव का कोई मामला थाने नहीं जाए, हम आपस में ही विवादों का निराकरण कर लें। पंचायतें सामाजिक समरसता के साथ स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी उदाहरण प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री चौहान मुख्यमंत्री निवास में हुए समरस पंचायत सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। बुधनी क्षेत्र की समरस पंचायतों को पुरस्कार के चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री चौहान ने पंचायत पुरस्कार योजना एवं मुख्यमंत्री जन आवास योजना के 7 करोड़ 39 लाख रूपए सिंगल क्लिक से अंतरित किए। मुख्यमंत्री ने कन्या-पूजन तथा दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। सांसद रमाकांत भार्गव, श्रीमती साधना सिंह और कार्तिकेय चौहान शामिल हुए।
बहन-बेटियों की पढ़ाई और महिला सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि समरस पंचायतों के लिये व्यवस्था की गई थी कि जिन पंचायतों में पंच-सरपंच निर्विरोध चुने जाएंगे वहाँ विकास और जन-कल्याण के लिए पुरस्कार स्वरूप अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी। ऐसी पंचायतों में जो गरीब बिना आवास के रह रहे हैं उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास भी स्वीकृत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बहनों की जिंदगी बदलने में मैंने अपनी जिंदगी लगा दी है। बेटा-बेटी में होते भेद को देख कर मेरे मन में पीड़ा और वेदना रहती थी। समाज बेटियों को बोझ नहीं वरदान समझे, इसके लिए मैंने सार्वजनिक जीवन में आते ही प्रयास शुरू किए। सामूहिक विवाह से शुरू हुए इन प्रयासों में मुख्यमंत्री बनने के बाद लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह जैसे कई योजनाएँ लागू की गई। बहन-बेटियों की पढ़ाई और महिला सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए। नगरीय निकायों और पंचायतों में महिला आरक्षण हो या अचल सम्पत्ति की रजिस्ट्री में महिलाओं को दी जा रही छूट का प्रावधान हो, राज्य शासन महिलाओं के कल्याण और उन्हें बराबरी का हक दिलवाने के लिए अनेक गतिविधियाँ संचालित कर रहा है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना भी इसी दिशा में एक अहम कदम है।
पुरस्कृत हुई समरस पंचायतें
मुख्यमंत्री चौहान ने पंचायत पुरस्कार योजना में समरस पंचायतों को पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए। सीहोर जिले की मढ़ावन, ससली, लावापानी, मोगराखेड़ा ग्राम पंचायतों को 15-15 लाख, बायां, बरखेड़ा, सियागहन, आमडोह, कुसुमखेड़ा ग्राम पंचायत को 12-12 लाख, तिलाड़िया, जैत, चीकली, खेरी सिलगेना, बनेटा, पीलीकलार, तालपुरा, बड़नगर, रिछाड़ियाकदीम, गिल्लौर और कोसमी को 7-7 लाख तथा ऊँचाखेड़ा, इटावाकलां, चोरसाखेड़ी, हाथीघाट, खातियाखेड़ी, पिपलानी, सीलकंठ, छापरी और बोरखेड़ी को 5-5 लाख रूपए राशि के चेक प्रदानकिए गए। पिपलानी ग्राम पंचायत में सभी महिला पंच-सरपंच निर्वाचित होने पर 15 लाख रूपए का चेक प्रदानकिया गया। मुख्यमंत्री जन आवास योजना के हितग्राहियों को भी प्रतीक स्वरूप चेक प्रदान किए।














