सिम पोर्ट कराना पड़ा महंगा, कोलार की महिला के बैंक खाते से 2.10 लाख रुपये गायब

भोपाल। कोलार इलाके में मोबाइल सिम पोर्ट कराने के बाद एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने बैंक कस्टमर केयर के नाम पर महिला से संपर्क किया और उसकी निजी जानकारी हासिल करने के बाद खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर करीब 2.10 लाख रुपये निकाल लिए।
बताया जा रहा है कि महिला ने 24 अगस्त को कोलार रोड स्थित डी-मार्ट चौराहे के पास एक मोबाइल दुकान से अपनी सिम को दूसरे नेटवर्क में पोर्ट कराने की प्रक्रिया पूरी की थी। 26 अगस्त को नई सिम चालू हो गई। इसके अगले दिन रात करीब 9:30 बजे महिला के मोबाइल पर बैंक खाते से 70,050 रुपये निकलने का मैसेज आया।
अचानक रकम निकलने से परेशान महिला ने इंटरनेट पर बैंक का कस्टमर केयर नंबर तलाशा। जिस नंबर पर उसने फोन किया, वहां मौजूद व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। बातचीत के दौरान उसने महिला से मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और जन्मतिथि सहित कई जानकारियां ले लीं।
इसके बाद खाते से लगातार रकम निकलती रही। बैंक से मिली जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को 9,890, 9,972, 9,980 और 70,050 रुपये, जबकि 1 सितंबर को 1,09,694.25 रुपये खाते से निकाले गए।
बैंक पहुंचने पर महिला को पूरे मामले की जानकारी हुई। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस सिम पोर्टिंग और फर्जी कस्टमर केयर नंबर के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है।

Previous articleजन्माष्टमी पर अष्टमी और रोहिणी नक्षत्र का विशेष संयोग, आधी रात होगा कान्हा का जन्मोत्सव